लीजिए हाजिर है RT हिंदी, भारत और रूस के रिश्ते में सज गई एक और बिंदी
भारत और रूस दोस्ती की गर्माहट लिए हिंदी भाषी पाठकों के लिए सरल और सहज भाषा में निष्पक्ष खबरें और विश्लेषण का नया नजरिया लेकर आरटी हिंदी की वेबसाइट लॉन्च हो गई है।
भारत
लीजिए हाजिर है RT हिंदी, भारत और रूस के रिश्ते में सज गई एक और बिंदी
आरटी हिंदी लाइव है।RT© RT

भारत और रूस के रिश्तों में हिंदी की एक और बिंदी सज चुकी है। आरटी हिंदी की वेबसाइट RThindi.com 7 सितंबर को लॉन्च हो गई है। दिसंबर 2025 में RT इंडिया शुरू होने के 9 महीने बाद यह ग्लोबल टीवी नेटवर्क अब भारतीयों के लिए अपनी मातृभाषा हिंदी में खबरों का नया डिजिटल मंच लेकर आया है। RT हिंदी के लॉन्च पर नई दिल्ली स्थित रूसी दूतावास के चार्ज डी अफेयर्स रोमन बाबुश्किन ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह एक शानदार और जरूरी पहल है। रूस में रह रहे हिंदी भाषियों ने भी कहा है कि RT हिंदी की शुरुआत सिर्फ एक नए न्यूज प्लेटफॉर्म का आना नहीं है, बल्कि अपनी पसंद की भाषा में भारत-रूस से जुड़ी खबरों तक पहुंच है।

आरटी इंडिया की हेड ऑफ न्यूज रुनझुन शर्मा को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि अब भारतीयों को अपनी भाषा में रूस और पूरी दुनिया के बारे में निष्पक्ष और सही जानकारी मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि भारत-रूस के रिश्ते भारत के स्वतंत्र होने से भी पुराने हैं। कई भाषाओं को संस्कृतियों को समेटे भारत को एक पूरा ग्रह मानने वाले बाबुश्किन का हिंदी में दिया यह इंटरव्यू आप वेबसाइट पर देख और पढ़ पाएंगे।

बहुत शुभकामनाएं... सही जानकारी मिलेगी
आज के समय सूचना के क्षेत्र में रूस के खिलाफ पश्चिमी देशों की तरफ से अभियान चलाया जाता है। भारत के इस्तेमाल की भी कोशिश होती है। ऐसे माहौल में हिंदी भाषी लोगों तक रूस के बारे में निष्पक्ष और सही जानकारी RT हिंदी उपलब्ध कराएगा।
रोमन बाबुश्किन, रूसी दूतावास के चार्ज डी अफेयर्स
रोमन बाबुश्किन, रूसी दूतावास के चार्ज डी अफेयर्स

भारत में रूस की खिड़की भी है RT हिंदी

हां, मॉस्को से भी संदेशा आया है। वरिष्ठ पत्रकार विनय शुक्ला जब मॉस्को यूनिवर्सिटी में पढ़ते थे और रेडियो मॉस्को के हिंदी विभाग से जुड़े थे, तब भारत से श्रोताओं के पत्र आया करते थे। एक श्रोता की इच्छा थी कि वह दिन आए जब रूस की खबरें सिर्फ रेडियो पर सुनी न जाएं, बल्कि देखी और पढ़ी भी जा सकें। RT हिंदी की शुरुआत को वह उसी पुराने सपने के पूरा होने से जोड़ते हैं।

रूसी राज्य मानविकी विश्वविद्यालय में 26 साल से हिंदी पढ़ा रहीं प्रोफेसर इंदिरा गज़िएवा के मार्गदर्शन में 200 से ज्यादा छात्र हिंदी की पढ़ाई पूरी कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि आरटी हिंदी उन छात्रों के लिए खास होगी, जो हिंदी जानते हैं और अब इसी भाषा में खबरों को सुनने, पढ़ने और समझने का नया माध्यम पा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- अमेरिकी दबाव के बावजूद रूस से तेल क्यों खरीदता है भारत? डिप्टी एंबेसडर बाबुश्किन ने बताया मॉस्को एंगल

प्रेमचंद और निराला को पढ़ चुकी इलेना आगे भारत आकर हिंदी की पढ़ाई जारी रखना चाहती हैं। RT हिंदी को लेकर उन्होंने कहा कि मैं रोजाना पढूंगी। मॉस्को में दिशा सोसाइटी के प्रेसिडेंट डॉ. रामेश्वर सिंह कहते हैं कि किसी देश की भाषा को अनुवाद के जरिए समझने और उसे सीधे महसूस करने में फर्क होता है। हिंदी में रूस की खबरें, संस्कृति, वैज्ञानिक सहयोग और पर्यटन से जुड़ी जानकारी ज्यादा लोगों तक पहुंच सकती है।

मॉस्को में पढ़ाई कर रहीं भारतीय छात्रा किंजल पंचाल ने कहा कि रूस में रहने वाले बहुत से भारतीय रूसी भाषा नहीं जानते। ऐसे में हिंदी में खबरें मिलने से वे रूस और भारत की खबरों को ज्यादा आसानी से समझ सकेंगे। जानवी शर्मा भी इसी जरूरत की ओर इशारा करती हैं।

क्योंकि बात नजरिए की है

हिंदी भाषी पाठकों के सामने इंटरनेशनल कलेवर के साथ देश की खबरों का संगम होगा। भारत-रूस दोस्ती की गर्माहट से भरा 'आरटी हिंदी' हिंदी भाषी पाठकों की प्राथमिकताओं को ध्यान में रखकर सरल, सहज भाषा में निष्पक्ष खबरें और विश्लेषण के ज़रिए एक नया नजरिया देगा। क्योंकि खबरें तो सब देते हैं, असल बात सही नज़रिए की है। और यही आरटी हिंदी की टैगलाइन भी है।

आरटी हिंदी पाठकों को जियोपॉलिटिक्स के साथ ही देश की बड़ी खबरों को आसान भाषा में समझाएगा। भारतीयों पर असर डालने वाली हर घटना की बारीक पड़ताल होगी। एकतरफा समाचार नहीं, दोनों पक्ष आपके सामने आएंगे। न कोई नैरेटिव होगा और न एजेंडा, तो तैयार हो जाइए अलग नजरिए के लिए।

यह भी पढ़ें- मोदी-पुतिन की केमिस्ट्री से पश्चिम को इतनी चिढ़ क्यों? रूसी राजनयिक बाबुश्किन ने बताया

हिंदी भारत ही नहीं, रूस के दिल में भी बसती है। भारत में क़रीब 60 करोड़ लोगों की मातृभाषा हिंदी है। आरटी इंडिया के लॉन्च के सालभर के भीतर ही RT अब हिंदी भाषियों तक सीधे पहुंच रहा है. सूचनाओं के पश्चिम शोर के बीच आरटी हिंदी अपने पाठकों तक सही नज़रिए के साथ संतुलित खबरें पहुंचाएगा।

आरटी के बारे में जानिए

2005 में पहला इंटरनैशनल चैनल लॉन्च करने के बाद RT आज एक ग्लोबल टीवी न्यूज नेटवर्क बन चुका है। इस समय यह दुनिया की 9 भाषाओं- रूसी, अंग्रेजी, अरबी, स्पैनिश, फ़्रेंच, जर्मन, सर्बियन, चीनी और पुर्तगाली में उपलब्ध है। अब हिंदी के रूप में इसमें 10वीं भाषा भी जुड़ रही है. दिसंबर 2025 में भारत से RT इंडिया का प्रसारण शुरू था। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और RT की एडिटर-इन-चीफ मार्गरीटा सिमोन्यान ने संयुक्त रूप से आरटी इंडिया को लॉन्च किया था।

ताज़ा ख़बरें