
1. 13 साल बाद ईस्ट जोन ने जीती दिलीप ट्रॉफी
ईशान किशन की कप्तानी में गुरुवार को ईस्ट जोन ने दिलीप ट्रॉफी जीत ली। हालांकि इस मैच का कोई नतीजा नहीं निकला, लेकिन पहली पारी में बढ़त के आधार पर किशन की टीम को विजेता घोषित कर दिया गया।
दिलीप ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ईस्ट जोन ने कप्तान ईशान किशन के शानदार 270, कुमार कुशाग्र के 101 और अभिमन्यू ईश्वरन के 72 रनों की बदौलत 708 का पहाड़ सा स्कोर खड़ा किया था।
साउथ जोन की पारी पूरे मैच के दौरान लड़खड़ाती रही और पूरी टीम 336 रनों पर ऑलआउट हो गई। कप्तान तिलक वर्मा के 99, देवदत्त पड्डिकल के 62 रनों को छोड़ दें तो किसी बल्लेबाज ने बड़ी पारी नहीं खेली।
ईस्ट जोन ने दूसरी पारी में 7 विकेट के नुकसान पर 388 रन बनाए। स्पिन गेंदबाज मोहम्मद कुनैन कुरैशी ने नाबाद 116, ईशान किशन ने 80 और शिखर मोहन ने 52 रनों की पारी खेली। मैच का कोई नतीजा निकलता न देख इसे ड्रॉ घोषित कर दिया गया। साउथ जोन ने दूसरी पारी में बल्लेबाजी नहीं की।
बता दें कि कप्तान ईशान किशन की बतौर कप्तान ये 8वीं जीत है। इसी के साथ फर्स्ट क्लास क्रिकेट में ईशान कप्तान के तौर पर अब तक अजेय हैं। उन्होंने कुल 16 मैचों में कप्तानी की जिसमें 8 जीते और 8 ड्रॉ रहे।
𝙏𝙝𝙖𝙩 𝙒𝙞𝙣𝙣𝙞𝙣𝙜 𝙁𝙚𝙚𝙡𝙞𝙣𝙜 🏆
— BCCI Domestic (@BCCIdomestic) September 10, 2026
Congratulations to the Ishan Kishan-led East Zone on winning their third #DuleepTrophy title 👏👏#EZvSZ | @ishankishan51pic.twitter.com/u6D4UvOTEp
2. बुमराह फिट, हर्षित बाहर, स्क्वॉड में बदलाव
दिलीप ट्रॉफी की जीत से पहले बीसीसीआई ने अफगानिस्तान के खिलाफ टी-20 सीरीज और एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। जसप्रीत बुमराह फिट हो गए हैं और आगामी दोनों इवेंट्स में टीम का हिस्सा होंगे। हर्षित राणा चोट से न उबर पाने के चलते टीम से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह यंग गेंदबाज यश ठाकुर को शामिल किया गया है।
तेज गेंदबाज हर्षित राणा बीसीसीआई के 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' (CoE) में अपने रिहैब के दौरान तेजी से रिकवर कर रहे थे, लेकिन 7 सितंबर को एक मैच सिमुलेशन के दौरान गेंदबाजी करते हुए उनकी जांघ की मांसपेशी (रेक्टस फेमोरिस) में खिंचाव आ गया, जिसके चलते वह आगामी दौरों से बाहर हो गए हैं।
विदर्भ के 27 वर्षीय तेज गेंदबाज यश ठाकुर ने हाल ही में जुलाई में जिम्बाब्वे दौरे पर अपना टी20 डेब्यू किया था, जहां उन्होंने दो मैचों में चार विकेट झटके थे। घरेलू टी20 टूर्नामेंट 'सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी' में भी उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है, जहां उन्होंने 50 मैचों में 7.04 की किफायती इकॉनमी रेट से 81 विकेट अपने नाम किए हैं।
अफगानिस्तान टी20 सीरीज के लिए अपडेटेड भारतीय टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, यश ठाकुर।
2026 एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वैभव सूर्यवंशी, यश ठाकुर।

3. शीतल देवी ने रच दिया इतिहास, भारत को तीरंदाजी में 15 मेडल
अहमदाबाद में भारत ने विश्व तीरंदाजी पैरा सीरीज (World Archery Para Series) में अपना खूब डंका बजवाया। सीरीज के समापन के साथ भारत की झोली में कुल 15 मेडल आए। इनमें चार गोल्ड, तीन सिल्वर और आठ ब्रॉन्ज मेडल हैं। इस सीरीज में शीतल देवी की खूब चर्चा है। शीतल देवी ने पैरा कंपाउंड महिला वर्ग में गोल्ड हासिल किया है।
शीतल देवी के अलावा श्याम सुंदर स्वामी और तोमन कुमार ने भी गोल्ड जीता है। इस सीरीज से पैरा तीरंदाजों को 18 से 24 अक्टूबर तक आइची-नागोया में होने वाले एशियाई पैरा खेलों से पहले अच्छे अभ्यास के तौर पर भी देखा जा रहा है।
शीतल ने राउंड ऑफ 16 में स्लोवाकिया की लिलियाना लाकोवा को 147-142 से और क्वार्टर-फाइनल में ग्रेट ब्रिटेन की जेसिका स्ट्रेटन को 145-142 से हराया है। इसके बाद उन्होंने सेमीफाइनल में अपनी ही देश की खिलाड़ी सरिता को 145-143 से हराया।
19 साल की वर्ल्ड चैंपियन शीतल ने शूट-ऑफ में कजाकिस्तान की आइजादा सेइडन को हराया है। साबरमती रिवरफ्रंट पर हुए शूट-ऑफ में शीतल ने अपने तीर से 10 का स्कोर किया, जबकि सेइडन 9 ही स्कोर कर पाईं, जिससे शीतल ने यह खिताब अपने नाम कर लिया।

4. महिला एशिया कप का सेमीफाइनल आज, भारत का बांग्लादेश से मुकाबला
आज दुबई के इंटरनैशनल स्टेडियम में भारतीय महिला टीम की भिड़ंत बांग्लादेश से होगी। इस सेमीफाइनल मुकाबले में भारत का पलड़ा भारी है। मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 8 बजे से शुरू होगा।
एशिया कप की बात करें तो हरमनप्रीत कौर की टीम अब तक टूर्नामेंट में अजेय है। बांग्लादेश ने अपने तीन मुकाबलों में 2 जीते तो एक में उसे हार का स्वाद चखना पड़ा है।
भारतीय वुमेन टीम थाईलैंड, हॉन्गकॉन्ग और पाकिस्तान को हराकर पहुंची है तो वहीं बांग्लादेश ने इंडोनेशिया और यूएई को हराया पर श्रीलंका से हार गई थी।
टूर्नामेंट में स्मृति मंधाना टॉप स्कोरर हैं। स्मृति ने 124 रनों की सर्वाधिक पारी की बदौलत 152 रन बनाए हैं। दूसरे नंबर पर 104 रन के साथ शेफाली वर्मा हैं।

5. भारतीय महिला टीम ने पाकिस्तान को चटाई धूल, सेमीफाइनल में एंट्री
क्रिकेट में धमाल मचाने के बाद हॉकी में भी भारतीय महिला टीम ने आज कमाल कर दिया। महिला ब्रिगेड ने जूनियर एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट में पाकिस्तान को 19-0 से हराकर सीधे सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। भारतीय धुरंधरों के आगे पाकिस्तानी खिलाड़ी पिछड़ती दिखीं और पूरे गेम में बैकफुट पर रहीं।
भारत को 18 पेनल्टी कॉर्नर और एक पेनल्टी स्ट्रोक हासिल हुए तो पाकिस्तान हर तरफ से चूक गया। अब भारत की नजरें शनिवार को कोरिया और मलेशिया के बीच होने वाले मुकाबले पर होंगी। इसे जीतने वाली टीम भारत से खेलेगी।





