
141 मिलियन व्यूज, 7.15 लाख लाइक्स…. ये स्टैट्स हैं एक X पोस्ट के…
पोस्ट किसकी? जेकब कॉक्सन (Jacob Coxon)
जेकब के X पोस्ट की रीच जिस तेजी से बढ़ी उसने दुनियाभर में उस डर को सार्वजनिक बहस के केंद्र में ला दिया, जो अब तक AI लैब्स की बंद बैठकों, रिसर्च पेपर्स और एक्सपर्ट चर्चाओं तक सीमित था।
AI सेफ्टी और रिसर्च कंपनी एंथ्रोपिक (Anthropic) के रिसर्चर रहे जेकब ने सीधे शब्दों में आरोप लगाया कि दुनिया की दो बड़ी AI कंपनियां- OpenAI और एंथ्रोपिक- सेल्फ-इम्प्रोविंग सुपरिंटेलीजेंस (बिना इंसानी मदद के खुद को लगातार और बेहतर बनाने की क्षमता) की दौड़ में आगे निकलने की कोशिश कर रही हैं और इस प्रक्रिया में इंसानों की सुरक्षा को दांव पर लगा रही हैं। इस पोस्ट के एक हिस्से में ये तक कहा गया कि ये कंपनियां अपनी इस होड़ में हमारी जिंदगियों को दांव पर लगा रही हैं।
I resigned from Anthropic today. I spent the last three years doing pretraining research at both OpenAI and Anthropic. Neither company is acting responsibly. They are racing straight to self-improving superintelligence and gambling with our lives. More thoughts below.
— Jacob Coxon (@hilbertspaess) September 9, 2026
यह पोस्ट इसलिए भी असामान्य है क्योंकि इसे कोई बाहरी आलोचक नहीं, बल्कि उन लैब्स के भीतर काम कर चुका रिसर्चर लिख रहा है। यानी जिस तकनीक के भविष्य को लेकर वह चेतावनी दे रहे हैं, उसे उन्होंने बाहर से नहीं बल्कि अंदर से काम करते हुए देखा है। तो जेकब के इस पोस्ट को डीकोड करते हैं और समझते हैं कि ये कैसे AI की उस डार्क साइड की ओर लेकर जा रहा है जिसके रास्ते पर चलने के लिए अमेरिकी कंपनियां पागल हैं।
जेकब का इस्तीफा इतना बड़ा क्यों है?
जेकब के मुताबिक उन्होंने करीब तीन साल तक OpenAI और एंथ्रोपिक में काम किया है। AI मॉडल्स की प्री ट्रेंनिग रीसर्च से जुड़े रहे हैं। 8 सितंबर को एंथ्रोपिक से इस्तीफे का ऐलान करते हुए उन्होंने लिखा कि दोनों कंपनियां जिम्मेदारी से काम नहीं कर रहीं और “self-improving superintelligence” की ओर तेजी से बढ़ रही हैं।
यहां सबसे महत्वपूर्ण बात सिर्फ उनका इस्तीफा नहीं, बल्कि उनका अंदरूनी अनुभव है।
एंथ्रोपिक और OpenAI आखिर कितनी बड़ी कंपनियां हैं?
जिस खतरे की बात जेकब कर रहे हैं, वह किसी छोटी टेक कंपनी का प्रयोग नहीं है।
OpenAI ChatGPT बनाने वाली अमेरिकी कंपनी है और दुनिया की सबसे प्रभावशाली AI लैब्स में से एक बन चुकी है। दूसरी तरफ अमेरिका की ही Anthropic, Claude AI की निर्माता कंपनी है, जिसने खुद को AI सेफ्टी और रिस्पॉन्सिबल डेवलपमेंट पर जोर देने वाली लैब के रूप में पेश किया है।
ये वही कंपनियां हैं, जिनका इस्तेमाल आपके और हमारे आसपास धड़ल्ले से हो रहा है। ताजा मामला वायरल AI 80s ट्रेंड का ही ले लीजिए। भारत में 24 घंटे के ही अंदर लोगों ने इस AI ट्रेंड को ऐसे फॉलो किया कि सोशल मीडिया फीड पर हर दूसरे पोस्ट में आपको ये 80s वाला AI ट्रेंड नजर आएगा। सोचिए लोग बिना किसी जरूरत के भी मात्र ट्रेंड के लिए किस हद तक AI से ऑब्सेस्सेड होते जा रहे हैं।
एंथ्रोपिक ने मई 2026 में 65 अरब डॉलर की फंडिंग जुटाई थी और उसकी post-money valuation करीब 965 अरब डॉलर पहुंच गई थी। यानी जेकब जिस रेस की बात कर रहे हैं, उसके पीछे सिर्फ तकनीकी महत्वाकांक्षा नहीं, बल्कि सैकड़ों अरब डॉलर का निवेश, हेवी कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और बाजार की जबरदस्त प्रतिस्पर्धा भी है।

कॉक्सन के पोस्ट में आखिर लिखा क्या है?
कॉक्सन का पोस्ट चार बड़े दावों के आसपास घूमता है।
पहला-AI सिर्फ ज्यादा स्मार्ट नहीं होगा, खुद को बेहतर बनाने लगेगा
उनका डर आज के ChatGPT या Claude से ज्यादा उस अगले चरण को लेकर है, जहां AI सिस्टम खुद को सुधारने, नए सिस्टम बनाने और अपनी क्षमता बढ़ाने में सक्षम हो सकते हैं।
उनके मुताबिक ऐसे सिस्टम “superhuman” हो सकते है- जो हैकिंग कर सकें, अलग-अलग क्षेत्रों में बेहद तेजी से ब्रेकथ्रू ला सकें और वास्तविक रिसोर्स और पॉवर हासिल करने की क्षमता विकसित कर सकें।
दूसरा-AI बनाने वाले लोग खुद खतरे को समझते हैं
कॉक्सन का सबसे गंभीर दावा यही है। उन्होंने लिखा कि AI बनाने वाले लोग वास्तव में मानते हैं कि यह तकनीक दशक खत्म होने से पहले इंसानों को खत्म कर सकती है।
यह दावा अकेला नहीं है। एंथ्रोपिक के ही सीनियर रीसर्चर Evan Hubinger ने कॉक्सन के बाद सार्वजनिक रूप से कहा कि वह व्यक्तिगत तौर पर अगले दशक में AI द्वारा सभी इंसानों की मौत की संभावना 10 फीसदी से ज्यादा मानते हैं और एंथ्रोपिक के पास सुपरिंटेलीजेंस एलाइनमेंट की समस्या हल करने की स्पष्ट योजना अभी नहीं है।

फिर अगर खतरा इतना बड़ा है तो AI बनाया ही क्यों जा रहा है?
यही कॉक्सन के पोस्ट का सबसे दिलचस्प हिस्सा है।
उनके मुताबिक OpenAI में समस्या यह है कि बहुत से लोग अभी इस खतरे की “civilizational stakes” (मानव सभ्यता पर खतरे) को पूरी तरह महसूस नहीं कर पाए हैं।
एंथ्रोपिक के बारे में उनका दावा अलग है। उनका कहना है कि वहां खतरा ज्यादा समझा जाता है, लेकिन कंपनी एक ऐसी दौड़ में फंस गई है जिसमें उसका मानना है कि अगर वह नहीं करेगी तो कोई दूसरी कंपनी करेगी- और शायद वह कम जिम्मेदारी से करेगी।
यानी तर्क कुछ ऐसा है- अगर हम नहीं बनाएंगे, तो कोई और बनाएगा। इसलिए हमें ही इसे बनाना होगा।
कॉक्सन इसी सोच को खतरनाक बताते हैं। उनके मुताबिक इतनी बड़ी तकनीकी छलांग का फैसला किसी प्राइवेट कंपनी में चल रही रेस के आधार पर नहीं होना चाहिए।
और यही डर अब सिर्फ कल्पना नहीं रह गया?
AI सेफ्टी की बहस को गंभीर बनाने वाली बात यह है कि पिछले कुछ महीनों में AI models से जुड़े कई वास्तविक किस्से सामने आए हैं।
जुलाई में OpenAI ने बताया कि उसके कुछ models ने टेस्टिंग एनवायरनमेंट की सीमाएं पार कर इंटरनेट तक पहुंच बनाई और Hugging Face (एक AI प्लेटफॉर्म) के सिस्टम में अनऑथराइज्ड एक्सेस किया। कंपनी ने बाद में इसे लेकर विस्तृत जांच की।
एंथ्रोपिक ने भी जुलाई में बताया कि उसके Claude models ने साइबर सिक्योरिटी इवैल्यूएशन के दौरान तीन वास्तविक संस्थाओं के सिस्टम तक अनऑथराइज्ड एक्सेस हासिल किया था। लेकिन असली सवाल यह है कि
अगर पावरफुल AI सिस्टम को सीमित माहौल में रखना मुश्किल हो रहा है, तो ज्यादा आजाद और ज्यादा सक्षम प्रणालियां आने पर उसे नियंत्रित करना कितना मुश्किल होगा?
अमेरिका की AI race में सिर्फ OpenAI और एंथ्रोपिक ही नहीं
यह प्रतिस्पर्धा कई अमेरिकी कंपनियों के बीच चल रही है। OpenAI, Anthropic, Google DeepMind, Meta और xAI जैसी कंपनियां लगातार ज्यादा सक्षम AI सिस्टम विकसित करने की होड़ में हैं।
जेकब का 141 मिलियन व्यूज वाला पोस्ट सिर्फ एक वायरल इस्तीफा नहीं, बल्कि AI की तेज होती रफ्तार पर उठती बड़ी चेतावनी है। सवाल अब यह नहीं कि AI कितना ताकतवर हो सकता है, बल्कि यह है कि इंसान उसे कितना नियंत्रित कर पाएगा।




