होर्मुज में फिर शुरू हो गई लड़ाई, RT पर आज के टॉप 5 वीडियो देखिए
होर्मुज स्ट्रेट में एक बार फिर तनाव बढ़ गया है जहां अमेरिका और ईरान एक-दूसरे के जहाजों को निशाना बना रहे हैं। इधर, यूक्रेन मसले पर रूसी राष्ट्रपति पुतिन और अमेरिकी दूतों के बीच बातचीत हुई है। देखिए RT पर अब तक के पांच बड़े वीडियो-

1. होर्मुज में जहाजों पर ताबड़तोड़ हमले

ईरान की सरकारी न्यूज एजेंसी तस्नीम के मुताबिक, ईरान के IRGC ने होर्मुज स्ट्रेट से ‘अनधिकृत’ रास्तों से गुजर रहे तीन तेल टैंकरों को निशाना बनाया। IRGC ने दावा किया है कि इन जहाजों को पहले चेतावनी दी गई थी।

इसका एक ड्रोन फुटेज शेयर हो रहा है जिसमें दिख रहा है कि कैसे जहाजों को टार्गेट किया जा रहा है।

इससे पहले अमेरिका ने तीन ईरानी टैंकरों पर हमले किए थे। अमेरिकी सेना के मुताबिक, ईरानी IRGC ने दो अमेरिकी युद्धपोतों पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागी थीं, जिसके जवाब में अमेरिकी सेना ने ईरानी टैंकरों को निशाना बनाया।

2. पुतिन की मेज पर पहुंची ‘लाल फाइल’

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन के मुद्दे को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूतों से मुलाकात की। इस दौरान पुतिन की मेज पर एक लाल रंग की फाइल भी दिखाई दी।

अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर से राष्ट्रपति पुतिन की बातचीत तीन घंटे से ज्यादा समय तक चली।

बैठक में पुतिन ने कहा कि मौजूदा ‘स्थिति इतनी आसान नहीं है।’ उन्होंने ट्रंप के दूतों से कहा कि वे अमेरिकी राष्ट्रपति तक उनकी ‘शुभकामनाएं’ पहुंचाएं।

क्रेमलिन के वरिष्ठ अधिकारी यूरी उशाकोव ने कहा कि बातचीत अच्छी हुई है लेकिन कोई बड़ी सफलता नहीं मिली।

3. अमेरिकी सैनिकों को खींचती दिखीं सेक्स वर्कर्स 

थाईलैंड के पटाया शहर का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें सड़कों पर खड़ी कुछ सेक्स वर्कर्स कथित तौर पर अमेरिकी सैनिकों को अपनी तरफ खींचती नजर आ रही हैं। वीडियो में दिख रहा है कि दो सेक्स वर्कर्स दो अमेरिकी सैनिकों से हैलो बोलते हुए जबरदस्ती उन्हें अपने पास खींच रही हैं। अमेरिकी सैनिक 'भागो' कहते हुए वहां से निकल जाते हैं।

दरअसल, अमेरिकी विमानवाहक पोत यूएसएस अब्राहम लिंकन 286 दिनों तक समुद्र में रहने के बाद थाईलैंड पहुंचा है। पोत पर करीब 5,000 अमेरिकी नौसैनिक और मरीन हैं, जिन्हें पांच दिन के ब्रेक के लिए पटाया में उतरने की इजाजत मिली है।

पटाया अपनी नाइटलाइफ और सेक्स-टूरिज्म के लिए दुनियाभर में जाना जाता है। अमेरिकी सैनिकों को पटाया के इन इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है हालांकि, शहर के मशहूर वॉकिंग स्ट्रीट पर जाने से मनाही नहीं है जहां की नाइटलाइफ बेहद चर्चित है। कई नौसैनिक वहां के बार और क्लबों में भी पहुंचे।

4. जकार्ता में आग की लपटों से ढका आसमान

इंडोनेशिया में जंगल की आग भीषण रूप ले चुकी है और गवाह है यह वीडियो जिसमें दिख रहा है कि रात के अंधेरे में आग पूरे आसमान को रोशन किए है। राजधानी जकार्ता के इस वीडियो में दिख रहा है कि पेड़ धू-धू कर जल रहे हैं। काला धुआं पूरे आसमान में फैला दिख रहा है।

इस आग को बुझाने के लिए 110 दमकलकर्मी लगे हुए हैं।

स्थानीय मीडिया में चल रही खबरों के मुताबिक, देश की निर्माणाधीन नई राजधानी नुसंतारा के आसपास जंगल की आग फैलने लगी है। हालात को देखते हुए राजधानी प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारियों ने आपदा प्रबंधन एजेंसी से क्लाउड सीडिंग और हेलीकॉप्टर से पानी की बौछार करने की मांग की है।

आग में इंडोनेशिया के बोर्नियो और सुमात्रा द्वीपों के छह प्रांत सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। आग से अब तक करीब 73,311 हेक्टेयर क्षेत्र प्रभावित हुआ है।

5. दिल्ली मेट्रो में दिखे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दिल्ली मेट्रो से सफर का एक वीडियो चर्चा में है जिसमें वो ट्रेन में मौजूद छात्रों और बच्चों से बात करते दिखे हैं। पीएम मोदी दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) के शताब्दी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।

कॉलेज में अपने संबोधन में पीएम ने कहा कि SRCC के पूर्व छात्र भी बहुत खास रहे हैं। उन्होंने युवाओं की भाषा में कहा, 'आपकी भाषा में कहूं तो यहां के पूर्व छात्र OGs हैं।'

इस दौरान पीएम ने मजाकिया लहजे में कहा कि वो खुद SRCC के पूर्व छात्र नहीं हैं, लेकिन उन्होंने कॉलेज में जरूर हलचल मचा दी है। उन्होंने कहा, 'धुरंधर न सही, धूम मचा ही दी।'

प्रधानमंत्री ने छात्रों से कहा कि भारत में नीतियां बनाने और फैसले लेने की गति पर पूरी दुनिया की नजर है। नए बाजार और कम होते टैरिफ देश के युवाओं के लिए 'अवसरों का नया आसमान' तैयार कर रहे हैं।

ताज़ा ख़बरें