
दिल्ली और पटना के बीच करीब 1,170 किलोमीटर का फासला है। अभी ट्रेन से निकलें तो इस दूरी को तय करने के लिए दिन का बड़ा हिस्सा सफर में गुजर जाता है, लेकिन आने वाले वर्षों में यही पटना, दिल्ली से महज साढ़े चार घंटे दूर हो सकता है। यानी सुबह दिल्ली से निकलिए और दोपहर होने से पहले पटना पहुंच जाइए। सिर्फ पटना ही नहीं, प्लान के मुताबिक दिल्ली से आगरा की दूरी एक घंटे से भी कम हो जाएगी, कानपुर दो घंटे से कम और लखनऊ करीब सवा दो घंटे की दूरी पर आ सकता है। प्रयागराज तीन घंटे और वाराणसी करीब साढ़े तीन घंटे में पहुंचा जा सकेगा। किलोमीटर वही रहेंगे, शहर भी अपनी जगह रहेंगे। बदल जाएगा तो बस भारत का ‘टाइम मैप’।
दरअसल, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 31 अगस्त को उत्तर प्रदेश के बहराइच में नेपालगंज रोड-नानपारा-बहराइच रेल खंड से जुड़े कार्यक्रम में प्रस्तावित हाई-स्पीड रेल कनेक्टिविटी का खाका सामने रखा है। उनके मुताबिक दिल्ली को उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों से जोड़ते हुए यह हाई-स्पीड नेटवर्क आगे पटना तक पहुंच सकता है।
1,170 किलोमीटर सिर्फ साढ़े चार घंटे में
रेल मंत्री की ओर से बताए गए अनुमानित यात्रा समय को देखें तो सबसे बड़ा बदलाव दिल्ली-पटना के बीच दिखाई देता है।

रेल मंत्रालय की आधिकारिक जानकारी में कानपुर के लिए 1 घंटा 45 मिनट और वाराणसी के लिए करीब साढ़े तीन घंटे का अनुमान दिया गया है।
ये है दो बड़े कॉरिडोर की कहानी
दिल्ली से पटना तक बुलेट ट्रेन को केवल एक नई रेल लाइन समझना पूरी तस्वीर नहीं दिखाता। केंद्रीय बजट 2026-27 में सरकार ने देश में सात नए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर विकसित करने की घोषणा की थी। इनमें उत्तर और पूर्व भारत के लिए दो कॉरिडोर बेहद महत्वपूर्ण हैं-
- दिल्ली-वाराणसी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर और
- वाराणसी-पटना-सिलीगुड़ी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर।
यानी दिल्ली से शुरू होने वाला हाई-स्पीड नेटवर्क उत्तर प्रदेश को पार करके बिहार और फिर पश्चिम बंगाल तक पहुंचने की क्षमता रखता है। सातों प्रस्तावित कॉरिडोर मिलाकर करीब 4,000 किलोमीटर का नेटवर्क बनता है और सरकार ने इनमें लगभग 16 लाख करोड़ रुपये के निवेश की संभावना बताई है। दिल्ली-वाराणसी कॉरिडोर भी नया विचार नहीं है। रेलवे ने वर्षों पहले जिस दिल्ली-वाराणसी हाई-स्पीड कॉरिडोर की डीपीआर तैयार करने का काम दिया था, उसमें दिल्ली-नोएडा-आगरा-कानपुर-लखनऊ-वाराणसी शामिल थे। अलग प्रस्ताव में वाराणसी को पटना की ओर जोड़ने की योजना थी। यानी अब जो तस्वीर बन रही है, उसमें दिल्ली से निकलकर उत्तर प्रदेश के बड़े शहरों से गुजरते हुए हाई-स्पीड नेटवर्क बिहार तक पहुंच सकता है।
दिल्ली नहीं, UP के शहर भी करीब आएंगे
इस परियोजना का दिलचस्प पहलू दिल्ली-पटना का साढ़े चार घंटे का सफर भर नहीं है। इसका बड़ा असर उत्तर प्रदेश के भीतर शहरों की आपसी कनेक्टिविटी पर पड़ सकता है। दिल्ली से आगरा तक 58 मिनट और कानपुर तक करीब पौने दो घंटे का अनुमान बताता है कि एक ही हाई-स्पीड गलियारे में नोएडा, आगरा, कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज और वाराणसी जैसे बड़े शहरी केंद्र जुड़ सकते हैं। इसका मतलब है कि बुलेट ट्रेन सिर्फ यात्रियों को तेजी से एक शहर से दूसरे शहर नहीं ले जाएगी। यह नौकरी, कारोबार, पर्यटन और धार्मिक यात्राओं के लिए शहरों के बीच आवाजाही का तरीका भी बदल सकती है।
पर्यटन का नया हाई-स्पीड गलियारा
इस रूट को भारत के नक्शे पर देखें तो इसकी एक और खासियत दिखाई देती है। यह देश के कई बड़े पर्यटन और धार्मिक केंद्रों को जोड़ता है। एक तरफ आगरा और ताजमहल है। आगे प्रयागराज है। उसके बाद काशी यानी वाराणसी और फिर बिहार की ओर पटना। सरकार भी दिल्ली-वाराणसी और वाराणसी-सिलीगुड़ी कॉरिडोर को केवल परिवहन परियोजना नहीं, बल्कि क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था, पर्यटन और शहरों के बीच आर्थिक संपर्क बढ़ाने वाले गलियारे के रूप में पेश कर रही है। यानी बुलेट ट्रेन का सवाल केवल यह नहीं है कि यात्री कितनी जल्दी पहुंचेगा। सवाल यह भी है कि क्या तेज कनेक्टिविटी इन शहरों के बीच एक नया आर्थिक गलियारा खड़ा कर सकती है।
लेकिन बुलेट ट्रेन कब चलेगी?
दिल्ली से पटना 4.5 घंटे में पहुंचने का अनुमान आकर्षक है, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं है कि ट्रेन की तारीख तय हो चुकी है। केंद्रीय बजट 2026-27 में दिल्ली-वाराणसी और वाराणसी-सिलीगुड़ी समेत सात हाई-स्पीड कॉरिडोर की घोषणा हुई थी। लेकिन रेलवे मंत्रालय ने जुलाई में संसद में साफ कहा था कि किसी हाई-स्पीड रेल परियोजना को मंजूरी देने का फैसला उसकी डीपीआर, तकनीकी-आर्थिक व्यवहार्यता और वित्त उपलब्ध होने जैसे कई पहलुओं पर निर्भर करता है। इसलिए फिलहाल 58 मिनट में आगरा और 4.5 घंटे में पटना को लक्ष्य या प्रस्तावित यात्रा समय समझना चाहिए, तय समय-सारिणी नहीं।
मुंबई-अहमदाबाद बताएगा आगे का रास्ता
भारत में हाई-स्पीड रेल का पहला बड़ा प्रयोग मुंबई-अहमदाबाद कॉरिडोर है। इसी परियोजना के जरिए देश हाई-स्पीड रेल के लिए पुल, ट्रैक, सुरंग, स्टेशन, सिग्नल और दूसरी तकनीकी क्षमताएं विकसित कर रहा है। सरकार खुद मुंबई-अहमदाबाद परियोजना को भविष्य के राष्ट्रीय हाई-स्पीड रेल नेटवर्क के लिए तकनीक और औद्योगिक क्षमता तैयार करने वाला आधार मानती है। इसलिए उत्तर भारत के बुलेट ट्रेन नेटवर्क की असली परीक्षा सिर्फ यह नहीं होगी कि ट्रेन 320 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है या नहीं।
ऐसे में बड़ी परीक्षा होगी कि इतने विशाल और घनी आबादी वाले इलाके में जमीन, पैसा, निर्माण और समय की चुनौतियों के बीच यह नेटवर्क कितनी जल्दी जमीन पर उतरता है। फिलहाल इतना जरूर है कि रेलवे ने भविष्य के उत्तर भारत का एक नया टाइम मैप सामने रख दिया है। उस नक्शे में दिल्ली और पटना के बीच 1,170 किलोमीटर तो हैं, लेकिन घड़ी में फासला सिर्फ साढ़े चार घंटे का है।




