इंडोनेशिया में अंगारे उगल रही धरती... RT पर आज के टॉप 5 वीडियो देखिए
ईरान ने होर्मुज के आसपास जहाजों के लिए नो-गो जोन' का ऐलान किया है। इसके साथ ही ईरान के वरिष्ठ IRGC अधिकारी मोहसिन रेजाई ने अमेरिकी हमले पर प्रतिक्रिया दी है। इंडोनेशिया में ज्वालामुखी फटा है... देखिए RT पर अब तक के 5 टॉप वीडियो
दुनिया

इंडोनेशिया में फटा ज्वालामुखी, राख से भर गया आसमान

इंडोनेशिया में अनाक क्राकाटोआ ज्वालामुखी फटा, राख के गुबार से सैकड़ों उड़ानें प्रभावित
इंडोनेशिया में अनाक क्राकाटोआ ज्वालामुखी फटा है जिससे राख का गुबार करीब 50,000 फीट तक पहुंच गया।

ज्वालामुखी से निकली राख 50,000 फीट तक ऊंची उठी, जिसके चलते 6 एयरपोर्ट पर उड़ान संचालन रोकना पड़ा। इससे 300 से ज्यादा उड़ानें प्रभावित हुईं।

राख के चलते इंडोनेशिया में स्कूल और मछली पकड़ने का काम भी प्रभावित हुआ। अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल सुनामी का खतरा नहीं है।

अनाक क्राकाटोआ यानी ‘क्राकाटोआ का बच्चा’ पुराने क्राकाटोआ ज्वालामुखी के क्षेत्र में 1920 के दशक में समुद्र से उभरा था। 1883 में क्राकाटोआ के विनाशकारी विस्फोटों में 36,000 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी। 2018 में अनाक क्राकाटोआ के विस्फोट के बाद समुद्र में भूस्खलन से सुनामी आई थी, जिसमें 400 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी।

दिल्ली के सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे का CCTV फुटेज, भागता दिखा दुकानदार

दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में 5 मंजिला PG बिल्डिंग के अचानक ढहने का CCTV फुटेज सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि इमारत कुछ ही सेकंड में भरभराकर गिरती है और आसपास धूल का बड़ा गुबार फैल जाता है। एक दुकानदार भी मलबे की चपेट में आने से बचने के लिए वहां से भागता दिख रहा है।

हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 11 से ज्यादा लोगों को मलबे से सुरक्षित निकाला गया है। रेस्क्यू टीमें अभी भी मलबे में फंसे लोगों की तलाश कर रही हैं। इमारत में दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्र रहते थे।

पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय इमारत में मरम्मत का काम चल रहा था। शुरुआती जांच में बेसमेंट में चल रहे काम, पानी जमा होने और इमारत की संरचना को लेकर सवाल उठे हैं। पुलिस ने बिल्डिंग मालिक के खिलाफ FIR दर्ज की है और दिल्ली सरकार ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं।

होर्मुज के पास 'नो-गो जोन'! ईरान बोला, 'जहाजों ने एंट्री की तो...'

ईरान के वरिष्ठ IRGC अधिकारी मोहसिन रेजाई ने होर्मुज स्ट्रेट के आसपास ‘नो-गो जोन’ बनाने का ऐलान किया है।

उनके मुताबिक, यह क्षेत्र अमेरिकी नौसेना की नाकेबंदी वाली लाइन से शुरू होकर होर्मुज स्ट्रेट तक और फारस की खाड़ी के कुछ हिस्सों तक होगा। इस जोन में एंट्री करने वाले जहाजों की पहचान की जाएगी और उन्हें ईरान की प्रतिबंध सूची में डाल दिया जाएगा।

रेजाई ने यह बातें ईरान के सरकारी ब्रॉडकास्टर IRIB को दिए इंटरव्यू में कही। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप झूठा दावा कर रहे हैं कि होर्मुज स्ट्रेट खुला है। उन्होंने कहा कि स्ट्रेट पूरी तरह बंद है।

उन्होंने कहा कि फिलहाल होर्मुज स्ट्रेट से 7-8 से ज्यादा जहाज नहीं गुजर रहे हैं जिनमें से 5-6 जहाज ईरान का सामान ढो रहे हैं।

गोल्फ खेल रहे शख्स पर अचानक गिरी बिजली!

दक्षिण अफ्रीका में गोल्फ खेल रहे शख्स पर अचानक बिजली गिरने का मामला सामने आया है। यह घटना वीडियो में कैद हो गई जिसमें दिख रहा है कि शख्स बादलों से घिरे आसमान के नीचे गोल्फ रेंज में प्रैक्टिस कर रहा है।

शख्स नीचे झुककर गेंद उठाने की कोशिश करता है तभी बिजली कौंधती है। वो अचानक उछलता है और अपने सीने पर हाथ रखता है। शख्स बार-बार अपने हाथ को झटकता दिखाई देता है।

शख्स के एक्स हैंडल के मुताबिक, उसका नाम कायलादीप है और वो प्रिटोरिया, दक्षिण अफ्रीका का रहने वाला है। खुद को डीजे बताने वाले शख्स ने बाद में अस्पताल से अपनी तस्वीर पोस्ट की, जिसमें उसकी बांह पर ECG की इलेक्ट्रोड लगी हुई थी। उसने दावा किया कि उस पर बिजली गिरी थी।

लैंडिंग के दौरान 'बेपटरी' हुआ विमान, काले धुएं से ढक गया आसमान! 

मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अमेजन का Boeing 767-300 कार्गो विमान लैंडिंग के दौरान रनवे से बाहर चला गया।

विमान कई गाड़ियों से टकराया और फिर उसमें भयंकर आग लग गई। हादसे के बाद विमान से घना काला धुआं उठता दिखाई दिया और पूरे आसमान में फैल गया।

मौके पर 60 से ज्यादा दमकल की गाड़ियों ने आग बुझाने और रेस्क्यू के लिए पहुंचीं। हादसे में कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई। 5 लोग घायल हुए, जिनमें 3 की हालत गंभीर है। विमान प्यूर्टो रिको के सैन जुआन से मियामी पहुंचा था।

ताज़ा ख़बरें