मस्क और ट्रंप क्यों चाहते हैं कि जेन्सेन हुआंग Nvidia में बने रहें? ये हैं 5 बड़ी वजहें
33 साल बाद हुआंग के एनवीडिया छोड़ते ही मस्क ने उन्हें अपनी कंपनी में आने का न्योता दे दिया। वहीं ट्रंप के लिए यह मामला अब राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ गया है।
मस्क और ट्रंप क्यों चाहते हैं कि जेन्सेन हुआंग Nvidia में बने रहें? ये हैं 5 बड़ी वजहें
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप, Nvidia के पूर्व CEO जेन्सेन हुआंग और एलन मस्क। (फोटो: RT हिंदी)

एनवीडिया (Nvidia) के सह-संस्थापक और CEO जेन्सेन हुआंग के इस्तीफे ने अमेरिकी टेक्नोलॉजी इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है। करीब 33 साल तक कंपनी का नेतृत्व करने वाले हुआंग ने 12 नवंबर 2026 को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद एलन मस्क और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप खुलकर उनके समर्थन में आ गए।

मस्क ने न सिर्फ हुआंग को एनवीडिया में दोबारा CEO बनाने की मांग वाली याचिका पर हस्ताक्षर करने का ऐलान किया, बल्कि उन्हें अपनी कंपनी में नौकरी देने की पेशकश भी की। वहीं, ट्रंप ने हुआंग को 'बेहद प्रतिभाशाली' बताया और कहा कि उनका इस्तीफा दुखद है।

13 नवंबर को मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “जेन्सेन को दोबारा पद पर बहाल करने के लिए एक याचिका शुरू की गई है और मैं भी उस पर हस्ताक्षर कर रहा हूं।”

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, Nvidia के बोर्ड को लिखे खुले पत्र पर 43 हजार से ज्यादा लोग हस्ताक्षर कर चुके हैं।

इससे एक दिन पहले, जब एक यूजर ने मस्क को हुआंग को अपनी कंपनी में नौकरी देने का सुझाव दिया, तो उन्होंने जवाब दिया, “यह मेरे लिए सम्मान की बात होगी।”

लेकिन मस्क और ट्रंप आखिर क्यों चाहते हैं कि हुआंग एनवीडिया में बने रहें? इसके पीछे पांच अहम वजहें हैं।

1. Nvidia के चिप्स पर मस्क की कंपनियों की निर्भरता

मस्क के समर्थन की सबसे बड़ी वजह एनवीडिया की तकनीक पर उनकी कंपनियों की निर्भरता है। उनकी कंपनियां AI मॉडल तैयार करने, उन्हें ट्रेन करने और बड़े सुपरकंप्यूटर चलाने के लिए एनवीडिया की तकनीक का इस्तेमाल करती हैं।

इसका सबसे बड़ा उदाहरण xAI का सुपरकंप्यूटर 'कोलोसस' (Colossus) है। एनवीडिया की अक्टूबर 2024 की आधिकारिक घोषणा के मुताबिक, इस सुपरकंप्यूटर में 1 लाख एनवीडिया हॉपर जीपीयू लगाए गए थे। इसका इस्तेमाल मस्क की कंपनी के AI मॉडल Grok को ट्रेन करने के लिए किया जा रहा था। उस समय xAI ने इसे बढ़ाकर 2 लाख GPU करने की योजना भी बताई थी।

मस्क ने खुद X पर लिखा था, "कोलोसस दुनिया का सबसे शक्तिशाली AI ट्रेनिंग सिस्टम है।" उन्होंने इसके निर्माण में xAI, एनवीडिया और दूसरे सहयोगियों की तारीफ भी की थी।

2. मस्क का फ्यूचर प्लान और एनवीडिया के साथ साझेदारी

इसके अलावा, 24 अगस्त 2026 को एनवीडिया ने SpaceXAI के साथ अपनी साझेदारी की घोषणा की। इसके तहत SpaceXAI अपने AI सिस्टम के लिए एनवीडिया के Vera CPU और Vera Rubin प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करेगा। यह साझेदारी धरती पर AI डेटा सेंटर के साथ-साथ अंतरिक्ष में बनने वाले कंप्यूटिंग सिस्टम तक फैली हुई है।

एनवीडिया के मुताबिक, SpaceXAI का पहला 'Starmind' AI सैटेलाइट भी एनवीडिया के Vera Rubin NVL72 सिस्टम पर आधारित होगा। 

इसके अलावा Tesla के ऑटोनॉमस ड्राइविंग और रोबोटिक्स प्रोजेक्ट्स में भी बड़े स्तर पर कंप्यूटिंग की जरूरत है। ऐसे में Nvidia की अगली पीढ़ी की चिप और AI तकनीक तक पहुंच बनाए रखना मस्क की कंपनियों के लिए अहम है।

इस साझेदारी से यह साफ है कि एनवीडिया और मस्क के कारोबारी हित एक-दूसरे से जुड़े हैं। ऐसे में हुआंग जैसे अनुभवी नेतृत्व का अचानक जाना मस्क की कंपनियों के लिए भी अनिश्चितता पैदा कर सकता है।

3. आपसी सम्मान और एनवीडिया में स्थिरता

मस्क और हुआंग के बीच सिर्फ चिप खरीदने और बेचने का रिश्ता नहीं है। दोनों टेक्नोलॉजी इंडस्ट्री के बड़े कारोबारी हैं और एक-दूसरे की योजनाओं की सार्वजनिक रूप से तारीफ भी करते रहे हैं।

अक्टूबर 2026 में एक कार्यक्रम के दौरान जेन्सेन हुआंग ने कहा था कि उन्हें एलन मस्क के साथ काम करना पसंद है। उन्होंने यह भी बताया कि दोनों कंपनियों की इंजीनियरिंग टीमें एक नए तरह का सर्वर तैयार कर रही हैं, जिसकी मदद से अंतरिक्ष में डेटा सेंटर बनाए जा सकेंगे।

हुआंग ने कहा, ”मुझे एलन के साथ काम करना पसंद है। वह अपने AI मॉडल को ट्रेन करने और उन्हें इस्तेमाल में लाने के लिए हमारी तकनीक का उपयोग कर रहे हैं।”

दोनों के बीच आपसी सम्मान का अंदाजा मस्क के एक अन्य पोस्ट से भी मिलता है। उन्होंने हुआंग की तारीफ करते हुए लिखा था, “पुराने दोस्त ही सबसे अच्छे दोस्त होते हैं। जेन्सेन कमाल के व्यक्ति हैं।”

ऐसे में कंपनी का नेतृत्व बदलना सिर्फ एक CEO बदलने जैसा नहीं है। इसका असर कंपनी की रणनीति, तकनीकी विकास और दूसरे कारोबारियों के साथ उसके संबंधों पर भी पड़ सकता है।

4. ट्रंप की ‘AI-फर्स्ट’ नीति

ट्रंप के समर्थन की सबसे बड़ी वजह अमेरिका की AI में बढ़त बनाए रखने की रणनीति है। एसोसिएटेड प्रेस (AP) और PBS News की रिपोर्ट्स के मुताबिक, एआई नीतियों को लेकर ट्रंप हुआंग की सलाह को बहुत महत्व देते थे और हुआंग ने एआई इंडस्ट्री पर सरकारी नियमों को नरम रखने के लिए ट्रंप को राजी कर लिया था।

इतना ही नहीं, PBS News के अनुसार हुआंग ने ट्रंप प्रशासन को चीन पर लगे कुछ चिप निर्यात प्रतिबंधों (Export Restrictions) में ढील देने के लिए भी मना लिया था। हुआंग का तर्क था कि अगर चीनी कंपनियों को अमेरिकी हार्डवेयर (जैसे H200 और H20 चिप्स) पर निर्भर रखा जाएगा, तो चीन अपना स्वतंत्र चिप सिस्टम नहीं बना पाएगा।

8 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (दाएं) एनवीडिया के तत्कालीन CEO जेन्सेन हुआंग को नेशनल मेडल ऑफ साइंस से सम्मानित करते हुए। (AP फोटो/जूलिया डेमेरी निखिनसन)

द गार्जियन की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने मई 2025 में चीन को एडवांस AI चिप के निर्यात पर लगी पाबंदियां हटाए जाने से कुछ दिन पहले एनवीडिया के लाखों डॉलर के शेयर खरीदे थे। ट्रंप के वित्तीय खुलासों के मुताबिक, उन्होंने इस दौरान एनवीडिया के 10 लाख से 50 लाख डॉलर तक के शेयर खरीदे थे।

शेयर खरीद की यह जानकारी भ्रष्टाचार विरोधी संगठन ‘डीक्लेप्टोक्रेसी’ (DeKleptocracy) के विश्लेषण में सामने आई। वित्तीय खुलासों के मुताबिक, ट्रंप ने ऐपल, मेटा और माइक्रोसॉफ्ट जैसी दूसरी बड़ी टेक कंपनियों के शेयर भी खरीदे थे।

ट्रंप के हुआंग से बेहद करीबी रिश्ते रहे हैं। 2026 की शुरुआत में बीजिंग यात्रा के दौरान ट्रंप उन्हें अपने विमान ‘एयर फोर्स वन’ में साथ ले गए थे और 8 अक्टूबर 2026 को उन्हें अमेरिका के प्रतिष्ठित ‘नेशनल मेडल ऑफ साइंस’ से भी सम्मानित किया था।

5. व्हाइट हाउस पर राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े सवालों का दबाव

हुआंग का बचाव करना ट्रंप के लिए राजनीतिक रूप से भी अहम है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके इस्तीफे के बाद अमेरिकी संसद में डेमोक्रेटिक और रिपब्लिकन, दोनों दलों के नेताओं ने जांच की मांग की है। सीनेटर चक शूमर और हाउस फॉरेन अफेयर्स कमेटी के चेयरमैन ब्रायन मास्ट ने सवाल उठाया है कि क्या इस मामले में अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता हुआ?

विवाद के केंद्र में सिंगापुर की कंपनी ‘मेगास्पीड’ की पूर्व अधिकारी एलिस हुआंग के साथ जेन्सेन के कथित रिश्ते हैं। 

एलिस हुआंग के साथ जेन्सेन हुआंग। (फाइल फोटो- TVBS via AP)

विवाद सामने आने के बाद भी ट्रंप ने सार्वजनिक रूप से हुआंग का बचाव किया। 9 नवंबर को व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, “उन्होंने (हुआंग) मुझसे कहा कि मुझे बिल्कुल पता नहीं था कि वह महिला जासूस है। और मुझे उनकी बात पर सचमुच भरोसा है।”

12 नवंबर को स्टीफन ए. स्मिथ के साथ इंटरव्यू में ट्रंप ने हुआंग के इस्तीफे को ‘दुखद’ बताया। उन्होंने कहा, “वह असाधारण प्रतिभा के धनी हैं।” ट्रंप ने यह भी कहा कि हुआंग ने एनवीडिया को एक असाधारण कंपनी बनाया है।

हुआंग के इस्तीफे के बाद एनवीडिया ने CFO कोलेट क्रेस को अंतरिम CEO नियुक्त किया है। कंपनी के बोर्ड ने नए CEO की तलाश शुरू कर दी है। यह जानकारी एनवीडिया ने अमेरिकी प्रतिभूति और विनिमय आयोग (एसईसी) में दाखिल फॉर्म 8-K में दी है।

यह भी पढ़ें- Nvidia में हुआंग की वापसी के लिए लॉबीइंग, अगले CEO की रेस में कौन-कौन से भारतीय चेहरे?

ताज़ा ख़बरें