
जिस शख्स ने एक कंपनी को वीडियो गेम चिप बनाने वाली फर्म से दुनिया की AI इंडस्ट्री की सबसे बड़ी ताकतों में शामिल किया, उसे अचानक ही इस्तीफा देना पड़ा है। एक के बाद एक अफेयर, जासूसी के आरोपों में घिरे Nvidia के सह-संस्थापक और पूर्व CEO जेनसेन हुआंग (Jensen Huang) ने गुरुवार 12 नवंबर को कंपनी के CEO, प्रेसिडेंट और बोर्ड मेंबर पद से इस्तीफे का ऐलान कर दिया। लेकिन कहानी यहीं खत्म होती नहीं दिख रही है। एक तरफ अमेरिका के राष्ट्रपति उनके समर्थन में खड़े नजर आ रहे हैं, तो कंपनी के कई कर्मचारी भी उन्हें वापस लाए जाने की मांग कर रहे हैं।
इस बीच दुनिया की नजरें इस बात पर हैं कि Nvidia की कमान अब किसके हाथ में होगी। करीब 33 साल तक कंपनी का नेतृत्व करने वाले जेनसेन हुआंग की जगह फिलहाल CFO कोलेट क्रेस ( Colette Kress) को अंतरिम CEO बनाया गया है। कंपनी स्थायी उत्तराधिकारी की तलाश कर रही है। इस रेस में भारतीय मूल के कई भारतीय भी हैं।

ट्रंप ने कहा- अपनी नौकरी के लिए लड़िए
जेनसेन हुआंग के इस्तीफे से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी उन्हें पद पर बने रहने के लिए प्रोत्साहित किया था। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने मंगलवार को हुआंग को फोन किया और उनसे अपनी नौकरी बचाने के लिए लड़ाई जारी रखने को कहा। हालांकि, इसके दो दिन बाद हुआंग ने इस्तीफा दे दिया।
ट्रंप ने बाद में हुआंग के प्रति सहानुभूति जताते हुए कहा कि वह इस विवाद के कारण मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। उन्हें सबसे ज्यादा दुख अपनी पत्नी और परिवार को पहुंची तकलीफ का है। ट्रंप ने उन्हें अच्छा इंसान बताते हुए कहा कि वह इस मुश्किल से उबर जाएंगे।
ट्रंप ने यह भी कहा कि अगर (सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड की पूर्व एग्जीक्यूटिव) एलिस हुआंग वास्तव में जासूस थीं, तो जेनसेन का पद छोड़ना सही था। लेकिन अगर ऐसा साबित नहीं होता, तो मामला अलग हो सकता था। इससे पहले उन्होंने Nvidia की कमान संभालने के लिए Apple के पूर्व CEO टिम कुक का नाम भी सुझाया था।

1600 से ज्यादा कर्मचारियों ने उठाई वापसी की मांग
हुआंग के इस्तीफे के बाद Nvidia के भीतर भी उनके समर्थन में आवाजें उठ रही हैं। WIRED की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी के एक लंबे समय से जुड़े इंजीनियर ने इंटरनल सजेशन बॉक्स (Suggestion Box) पर बोर्ड से कर्मचारियों की राय को ध्यान में रखने की अपील की थी।
इस पोस्ट पर 1,600 से ज्यादा टिप्पणियां आईं। इनमें कई कर्मचारियों ने हुआंग को दोबारा CEO बनाने की मांग की। एक कर्मचारी ने लिखा, ‘अगर आप कंपनी के मिशन में विश्वास करते हैं, तो THE BOSS को वापस लाइए।’
एक अन्य कर्मचारी ने कहा कि इंसान गलतियां कर सकते हैं और हुआंग ने कंपनी के लिए बहुत कुछ किया है, इसलिए उन्हें दूसरा मौका मिलना चाहिए। एक कर्मचारी ने कंपनी के सभी कर्मचारियों को ईमेल भेजकर उनके जाने के फैसले में पारदर्शिता की मांग भी की।

भारतीय जय पुरी का नाम क्यों चर्चा में?
Nvidia के अगले CEO की तलाश में भारतीय मूल के टेक एग्जीक्यूटिव जय पुरी का नाम खास तौर पर ध्यान खींच रहा है। उनका पूरा नाम अजय के. पुरी है। उन्होंने करीब 21 साल तक Nvidia में वरिष्ठ नेतृत्व की भूमिका निभाई और कंपनी के वैश्विक कारोबार को विस्तार देने में अहम योगदान दिया।
पुरी 2005 में Nvidia से जुड़े थे। उस समय उन्हें वर्ल्डवाइड सेल्स का सीनियर वाइस प्रेसिडेंट बनाया गया था। बाद में वह एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट, वर्ल्डवाइड फील्ड ऑपरेशंस बने। इस भूमिका में वह कंपनी की वैश्विक बिक्री, बिजनेस डेवलपमेंट, पार्टनरशिप, मार्केटिंग और सपोर्ट ऑपरेशंस जैसे अहम विभागों की जिम्मेदारी संभालते थे।
Nvidia से पहले पुरी ने करीब 22 साल Sun Microsystems में काम किया। यहां उन्होंने एशिया-पैसिफिक कारोबार के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी निभाई। इसके अलावा वह Hewlett-Packard, Booz Allen & Hamilton और Texas Instruments से भी जुड़े रहे।

उन्होंने University of Minnesota से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन, California Institute of Technology (Caltech) से मास्टर्स और Harvard Business School से MBA किया है।
हालांकि, जय पुरी अब Nvidia के रोजमर्रा के एग्जीक्यूटिव पद पर नहीं हैं। उन्होंने अगस्त 2026 में अपनी भूमिका से रिटायरमेंट लिया और कंपनी में सीनियर एडवाइजर के तौर पर जुड़े रहे। इसके बावजूद कंपनी के वैश्विक कारोबार का लंबा अनुभव उन्हें संभावित उत्तराधिकारियों की चर्चा में एक अहम नाम बनाता है।
भारतीय मूल के संजय मेहरोत्रा भी रेस में
सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री में चार दशक से ज्यादा का अनुभव रखने वाले भारतीय मूल के संजय मेहरोत्रा का नाम भी एनवीडिया के अगले सीईओ की रेस में बताया जा रहा है। मेहरोत्रा Micron कंपनी के सीईओ हैं। AI सिस्टम में इस्तेमाल होने वाली हाई-बैंडविड्थ मेमोरी के कारोबार में Micron की भूमिका के कारण उनका नाम भी चर्चा में आ रहा है।
संजय मेहरोत्रा का जन्म उत्तर प्रदेश के कानपुर में हुआ था। उनका बचपन कानपुर और दिल्ली में बीता। उन्होंने दिल्ली के सरदार पटेल विद्यालय और BITS पिलानी में पढ़ाई की। 18 साल की उम्र में उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका गए, जहां University of California, Berkeley से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग और कंप्यूटर साइंस की डिग्री हासिल की। आज वह अमेरिकी सेमीकंडक्टर कंपनी Micron के CEO हैं।

कौन-कौन हैं दूसरे दावेदार?
कोलेट क्रेस: Nvidia की CFO हैं और 2013 से कंपनी के साथ जुड़ी हैं। फिलहाल अंतरिम CEO की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। कंपनी के वित्तीय मामलों और कारोबार की गहरी समझ उनकी ताकत है।
इयान बक: Nvidia के वरिष्ठ इंजीनियर हैं। कंपनी के CUDA सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म को विकसित करने में उनकी अहम भूमिका रही है। उन्हें मजबूत आंतरिक दावेदार माना जा रहा है।
रेने हास: Arm के CEO हैं और सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री का लंबा अनुभव रखते हैं।
टिम कुक: Apple के पूर्व CEO का नाम खुद ट्रंप ने सुझाया है, हालांकि इसे आधिकारिक उम्मीदवारी नहीं माना जा सकता।

यह भी पढ़ें: एलिस हुआंग से पहले के वे चीनी जासूस, जिन्होंने अमेरिकी सेना और CIA तक में घुसपैठ की
कांग्रेस में पेशी, जासूसी के आरोपों पर भी सवाल
हुआंग के इस्तीफे के बावजूद अमेरिकी कांग्रेस में उनसे सवाल-जवाब की तैयारी जारी है। अमेरिकी सांसद जानना चाहते हैं कि एलिस हुआंग के साथ उनके कथित संबंधों और Nvidia के कारोबार के बीच कोई राष्ट्रीय सुरक्षा जोखिम तो नहीं पैदा हुआ।
हाउस की तीन समितियां हुआंग से बंद कमरे में गवाही लेने की तैयारी कर रही हैं। वहीं, सीनेट बैंकिंग समिति के अध्यक्ष टिम स्कॉट ने 3 दिसंबर को सार्वजनिक सुनवाई में उनकी स्वैच्छिक गवाही मांगी है। पेश न होने की स्थिति में समन जारी करने की चेतावनी भी दी गई है।
इस पूरे विवाद में एक अहम बात यह है कि अमेरिकी न्याय विभाग (DOJ) ने अभी तक एलिस हुआंग को चीनी जासूस घोषित नहीं किया है। अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच ने स्पष्ट किया कि विभाग ने इस संबंध में कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला है। चीन ने भी जासूसी के आरोपों को निराधार बताते हुए खारिज किया है।
विवाद का दूसरा सिरा- AI चिप्स और चीन
यह मामला सिर्फ व्यक्तिगत रिश्तों तक सीमित नहीं है। इसके तार Nvidia के AI चिप कारोबार और चीन को होने वाले निर्यात से भी जुड़े हैं। अमेरिकी एजेंसियां जांच कर रही हैं कि सिंगापुर की कंपनी Megaspeed International को बेचे गए Nvidia के एडवांस्ड चिप्स कहीं अमेरिकी निर्यात प्रतिबंधों को दरकिनार कर चीन तक तो नहीं पहुंचाए गए।
अमेरिकी सांसदों ने वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड ल्यूटनिक से भी इस मामले में जवाब मांगा है। जांच का दायरा अब कंपनी के सुरक्षा प्रोटोकॉल, चिप निर्यात और सरकारी निगरानी तक पहुंच गया है।
इस तरह Nvidia के सामने अब दो बड़ी चुनौतियां हैं- एक तरफ अपने संस्थापक के बिना नेतृत्व की नई व्यवस्था तैयार करना और दूसरी तरफ AI चिप कारोबार से जुड़े राष्ट्रीय सुरक्षा के सवालों का जवाब देना। आने वाले दिनों में यह तय होगा कि कंपनी अपने पुराने बॉस की वापसी की मांग पर कोई विचार करती है या नए नेतृत्व के साथ आगे बढ़ती है।
यह भी पढ़ें: Nvidia बॉस के स्कैंडल का भारत पर क्या असर? एक्सपर्ट से समझिए







