ब्रेक काम नहीं कर रहे थे, फिर भी दौड़ती रही वंदे भारत, 463 KM तक किसी ने क्यों नहीं रोका?
देश में रेलवे सुरक्षा और वंदे भारत ट्रेन से जुड़ा एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने रेलवे अधिकारियों को भी हैरान कर दिया है। मामला सामने आने के बाद रेलवे ने जांच के आदेश दिए हैं।
भारत
ब्रेक काम नहीं कर रहे थे, फिर भी दौड़ती रही वंदे भारत, 463 KM तक किसी ने क्यों नहीं रोका?
प्रतीकात्मक फोटो (वंदे भारत)© @RailMinIndia

वंदे भारत एक्सप्रेस को भारतीय रेलवे की सबसे आधुनिक और भरोसेमंद ट्रेनों में गिना जाता है। अपनी तेज रफ्तार, साफ-सफाई और लग्जरी सुविधाओं के लिए मशहूर इस ट्रेन ने कई रूटों पर यात्रियों के सफर को आसान बनाया है। लेकिन हाल ही में इस ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ी एक ऐसी गंभीर लापरवाही सामने आई है, जिसने रेलवे को भी हैरान कर दिया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए रेलवे ने जांच के आदेश दिए हैं।

बिना ब्रेक के 463 किमी दौड़ी ट्रेन

झारखंड से उत्तर प्रदेश के बीच 24 अक्टूबर को वंदे भारत ट्रेन 463 किलोमीटर तक बिना ब्रेक की दौड़ती रही। हैरानी की बात है कि इस दौरान ट्रेन को किसी ने रोका तक नहीं। गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हुआ। अच्छा यह भी था कि यह ट्रेन पूरी तरह खाली थी। कथित तौर पर खराब ब्रेक सिस्टम के बावजूद इस ट्रेन को पटरी पर दौड़ा दिया गया। मगर यह निर्णय क्यों लिया गया, इसे लेकर अब दक्षिण पूर्व रेलवे जोन ने मामले की जांच कराने का आदेश जारी कर दिया है। यह घटना बीते 11 नवंबर को असम में ऐसी ही एक लापरवाही के कारण कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस के पटरी से उतरने के दौरान सामने आई है।

स्लीपर वंदे भारत ट्रेन का लग्जरी वीडियो देखिये

रेलवे का क्या है रिएक्शन

लापरवाही का यह मामला सामने आने के बाद रेलवे जोन ने भी इसे गंभीर लापरवाही माना है। रेलवे ज़ोन ने कहा, “पर्याप्त ब्रेक पावर के बिना ट्रेन चलाना एक गंभीर सुरक्षा चिंता का विषय है, जिससे एक बड़ा हादसा हो सकता है। कर्मचारियों और यात्रियों की जान खतरे में पड़ सकती है। साथ ही रेलवे संचालन की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।”

कहां जानी थी ट्रेन

रेलवे विभाग के अनुसार इस खाली चेयर कार के रैक को झारखंड के हटिया से उत्तर प्रदेश के झांसी ले जाना था। इसे एक मालगाड़ी के इंजन द्वारा ले जाया जाना था। अधिकारियों ने बताया कि वंदे भारत के ब्रेकिंग सिस्टम को मालगाड़ी के इंजन के साथ जोड़ा जाना था। मगर रेलवे के कर्मचारियों ने इसे ठीक ढंग से जोड़ने में लापरवाही बरतने के साथ ट्रेन क्रू की चेतावनियों को भी नजरअंदाज कर दिया।

ताज़ा ख़बरें