
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस हफ्ते एशिया के दौरे पर जा रहे हैं। हाल ही में हुए मिडटर्म चुनाव में उनकी रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा झटका लगा है। नतीजों ने घर में ट्रंप की साख और ताकत दोनों को कमजोर कर दिया है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या यह दौरा महज उनकी बिगड़ती घरेलू छवि सुधारने की कवायद है? या फिर यह संदेश देने की कोशिश है कि संसद में बहुमत खोने के बावजूद अमेरिकी विदेश नीति पर अब भी उन्हीं की पकड़ कायम है?
क्या 'अमेरिका फर्स्ट' और दूसरे देशों पर भारी टैरिफ लगाने की आक्रामक नीति अपनाने वाले ट्रंप अब अपने रुख में नरमी दिखाएंगे? क्या यह दौरा घरेलू मुश्किलों से ध्यान हटाने की कोशिश है?

चीन और रूस के राष्ट्रपतियों से मुलाकात पर नजर
इस दौरे का सबसे बड़ा आकर्षण चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ ट्रंप की संभावित मुलाकात है। AP की रिपोर्ट के मुताबिक, तीनों नेता परमाणु हथियारों पर बातचीत कर सकते हैं। ट्रंप लंबे समय से दावा करते रहे हैं कि शी और पुतिन के साथ उनके अच्छे संबंध हैं। हालांकि, अब तक वह इन रिश्तों के दम पर कोई बड़ी कामयाबी हासिल नहीं कर पाए हैं।
ट्रंप मंगलवार को सबसे पहले फिलीपींस पहुंचेंगे। वहां उनकी मुलाकात दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के नेताओं से होगी। ये देश क्षेत्र में चीन के बढ़ते दबदबे का मुकाबला करने के लिए अमेरिका से मदद चाहते हैं। इसके बाद बुधवार को ट्रंप चीन जाएंगे, जहां एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) सम्मेलन होना है। यहां वह शी जिनपिंग के साथ इस साल तीसरी बार आमने-सामने बातचीत करेंगे। पुतिन से भी उनकी मुलाकात होगी।

पिछले साल एशिया दौरे पर ट्रंप ने चीन के साथ व्यापार पर अस्थायी समझौता किया था। वहीं जापान और दक्षिण कोरिया ने निवेश का वादा किया था। इस बार हालात अलग हैं। उनकी पार्टी कांग्रेस पर नियंत्रण खोने जा रही है और 2028 के राष्ट्रपति चुनाव के संभावित उम्मीदवारों की चर्चा भी शुरू हो चुकी है।
इससे पहले बराक ओबामा और जॉर्ज डब्ल्यू बुश भी मिडटर्म चुनाव में अपनी पार्टी को झटका लगने के बाद एशिया दौरे पर गए थे।
टैरिफ और ईरान युद्ध और हुआंग विवाद से बढ़ी मुश्किलें
ट्रंप के लिए विदेश दौरे पर घरेलू परेशानियों से बचना आसान नहीं होगा। टैरिफ और ईरान के साथ युद्ध को लेकर उनकी नीतियां मतदाताओं के बीच अलोकप्रिय साबित हुई हैं। नए साल से कांग्रेस में डेमोक्रेट्स का बहुमत होने के बाद ट्रंप के लिए दूसरे देशों पर आयात शुल्क लगाने या सैन्य कार्रवाई की धमकी देना भी पहले जितना आसान नहीं होगा।
हाल ही में एनवीडिया के CEO जेनसन हुआंग से जुड़ा विवाद भी उनके लिए मुश्किलें बढ़ा सकता है। हुआंग ने एक कथित चीनी सरकारी एजेंट के साथ अपने संबंधों की बात स्वीकार की थी। इसके बाद ट्रंप की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को बढ़ावा देने की योजना पर सवाल उठे। हालांकि, चीन ने इस मामले में अपनी किसी भूमिका से इनकार किया है।

हुआंग मई में ट्रंप के साथ चीन दौरे पर गए थे। सितंबर में जब ट्रंप ने शी जिनपिंग के लिए व्हाइट हाउस में डिनर रखा था, तब हुआंग और उनकी पत्नी भी वहां मौजूद थे।
दौरे के दौरान ईरान और यूक्रेन संघर्ष के मुद्दे भी उठ सकते हैं। ईरान के साथ युद्ध को अमेरिका में ट्रंप की घटती लोकप्रियता की एक बड़ी वजह माना जा रहा है। इसका असर एशिया की अर्थव्यवस्थाओं पर भी पड़ा है, जहां विमान ईंधन और डीजल की कीमतें बढ़ी हैं।
क्वाड देशों के नेताओं से ट्रंप की बातचीत भी अहम
इस बीच, फिलीपींस में क्वाड देशों के नेताओं से ट्रंप की बातचीत भी अहम होगी। क्वाड में अमेरिका, भारत, ऑस्ट्रेलिया और जापान शामिल हैं। पिछले साल व्हाइट हाउस लौटने के बाद यह पहली बार होगा जब ट्रंप क्वाड नेताओं की बैठक में हिस्सा लेंगे।
इस तरह ट्रंप के सामने इस दौरे पर दोहरी चुनौती है। उन्हें चीन और रूस के साथ बातचीत में अपनी कूटनीतिक ताकत दिखानी है और एशियाई सहयोगियों को भी भरोसा दिलाना है कि घरेलू चुनावी झटके के बावजूद अमेरिका की विदेश नीति पर उनका नियंत्रण बना हुआ है।
ट्रंप के लिए विदेशी नेताओं के साथ मंच साझा करना शायद घरेलू राजनीतिक मुश्किलों का सामना करने से आसान हो। लेकिन इस बार उनके बयानों और फैसलों पर अमेरिका लौटने के बाद भी सवाल उठ सकते हैं। प्रतिनिधि सभा की विदेश मामलों की समिति में शीर्ष डेमोक्रेट ग्रेगरी मीक्स ने कहा है कि उनकी पार्टी इस दौरे पर करीब से नजर रखेगी।
यह भी पढ़ें- पहली बार एक मेज पर पुतिन, शी और ट्रंप... दुनिया की नजरें शेनझेन पर क्यों टिकीं?







