
मध्य-पूर्व में चल रहे संघर्ष में रविवार को बड़ा अपडेट आया। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, यमन की सरकारी सेना ने बाब अल-मंदेब स्ट्रेट के पास के इलाके से पीछे हटने का ऐलान किया है।
यह अहम समुद्री चेकपॉइंट अभी भी हूती विद्रोहियों के नियंत्रण में है। यमन सरकार ने खुद यह फैसला सार्वजनिक किया। सरकारी सेना का कहना है कि उसका फोकस अब अपने मुख्य ठिकाने, अदन और अदन की खाड़ी की रक्षा पर है। इसलिए बलों को वहां से हटाकर अदन की ओर रीडिप्लॉय किया जा रहा है।
यह कदम सऊदी अरब समर्थित यमन सरकार के लिए हूती के खिलाफ चल रही लड़ाई में बड़ा सेटबैक माना जा रहा है। हूती पहले से ही इस रणनीतिक स्ट्रेट पर अपनी पकड़ मजबूत रखे हुए हैं, जिससे लाल सागर और ग्लोबल शिपिंग पर दबाव बना हुआ है।
सऊदी अरब के लिए बड़ा झटका
बता दें कि होर्मुज स्ट्रेट में ईरानी सेना और अमेरिकी नेवी के ब्लॉकेड के बाद बाब-अल-मंदेब अहम वैश्विक व्यापारिक मार्ग बना हुआ था, लेकिन बाद में यमन के हूती विद्रोहियों ने इस चोकपॉइंट को भी बंद कर दिया। साथ ही मोखा पोर्ट पर भी कब्जा कर लिया। इससे वैश्विक सप्लाई चेन पूरी तरह ध्वस्त हो गई। यहां हूतियों के कब्जे के बाद सऊदी अरब का एक बूंद तेल भी बाहर निकल पाना मुश्किल हो गया।

अब यमन की सरकारी सेना का इस चोकपॉइंट से पीछे हटना सऊदी अरब के समर्थन में चलाए जा रहे अभियान के लिए भी बड़ा झटका माना जा रहा है। साथ ही यमन की सरकार के जवाबी हमले में इसके बाद कमी आने के संकेत भी मिलते दिख रहे हैं।
अब आगे क्या?
रिपोर्ट के अनुसार यमनी सेना के पीछे हटने के बाद अब हूती विद्रोही अदन की खाड़ी की ओर बढ़त बनाने के रुख कर सकते हैं। इससे सऊदी अरब की मुश्किलें और ज्यादा बढ़ सकती हैं। अगर हूतियों ने अदन पर भी नियंत्रण हासिल किया तो फिर यह स्थिति यमन में बड़े उलटफेर का कारण बन सकती है। इससे सऊदी अरब की दिक्कतें और ज्यादा बढ़ सकती हैं। क्योंकि यमन की सरकारी सेना 2015 से ही इसके दक्षिणी तट पर अदन से ही काम कर रही है। क्योंकि हूती विद्रोहियों ने तब राजधानी सना पर कब्जा कर लिया था।

हूती लगातार हो रहे मजबूत
हाल के महीनों में सऊदी अरब व लाल सागर के जहाजों पर हूतियों के हमलों ने यमन में हूती विद्रोहियों की बढ़त को और ज्यादा मजबूत कर दिया है। देश के दक्षिण में यमन सरकार के लिए लड़ने वाली मुख्य सैन्य टुकड़ी 'सदर्न आर्म्ड फोर्सेज' ने ताइज़ प्रांत के पश्चिम में स्थित धुबाब एयरपोर्ट और बाब अल-मंदेब क्षेत्र से अपने सैनिकों को पीछे हटाने की घोषणा की है। वहीं इस पर अभी सऊदी अरब की सरकार की ओर से कोई रिएक्शन नहीं आया है। मगर यह तय माना जा रहा है कि यह सऊदी की मुश्किलों को और बढ़ाने वाली खबर है।







