न जॉब मिल रहा, न लोग बदल रहे नौकरी... अमेरिका-ब्रिटेन की इकॉनमी में क्यों बढ़ी चिंता?
अमेरिका और ब्रिटेन में कंपनियां नई भर्तियां कम कर रही हैं और कर्मचारी भी नौकरी बदलने से बच रहे हैं। अर्थशास्त्रियों को चिंता है कि इससे युवाओं के करियर, कर्मचारियों की तरक्की और दोनों देशों की उत्पादकता पर लंबे समय तक असर पड़ सकता है।
दुनिया
न जॉब मिल रहा, न लोग बदल रहे नौकरी... अमेरिका-ब्रिटेन की इकॉनमी में क्यों बढ़ी चिंता?
प्रतीकात्मक तस्वीर। (फोटो- गेटी इमेजेज)

अमेरिका और ब्रिटेन में इन दिनों नौकरी के बाजार में एक अजीब स्थिति बनी हुई है। न कंपनियां पहले की तरह लोगों को नौकरी पर रख रही हैं और न ही कर्मचारी बड़ी संख्या में अपनी नौकरी छोड़कर दूसरी जगह जा रहे हैं।

अर्थशास्त्री इस स्थिति को ‘लो हायर, लो फायर’ कह रहे हैं। उनका कहना है कि इससे दोनों देशों में कामकाज की रफ्तार और उत्पादकता पर असर पड़ सकता है। इसका नुकसान लंबे समय तक बना रह सकता है।

अमेरिका-ब्रिटेन में नौकरी बदलने की दर निचले स्तर पर

फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, कोरोना महामारी के दौर को छोड़कर अमेरिका में नई भर्तियों, नौकरी छोड़ने और एक कंपनी से दूसरी कंपनी में जाने की दर करीब एक दशक के निचले स्तर पर है। वहीं, ब्रिटेन में हर तीन महीने में नौकरी बदलने वाले लोगों की हिस्सेदारी भी 2008 की वैश्विक आर्थिक मंदी के बाद के सबसे निचले स्तर के करीब पहुंच गई है।

इस स्थिति को लेकर चिंता इसलिए भी बढ़ रही है क्योंकि अमेरिका और ब्रिटेन में रोजगार के बाजार को लचीला माना जाता रहा है। इसे इन देशों की अर्थव्यवस्था की एक ताकत माना जाता था।

न्यू सेंचुरी एडवाइजर्स की मुख्य अर्थशास्त्री और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की पूर्व अर्थशास्त्री क्लाउडिया साम के मुताबिक, अमेरिका में करियर में आगे बढ़ने के लिए अक्सर नौकरी बदलना जरूरी होता है। इसी के जरिए लोगों को प्रमोशन या बेहतर सैलरी मिल पाती है।

नौकरी बदलने के मौके घटने से युवाओं को नुकसान

अर्थशास्त्रियों का मानना है कि कई तरह की अनिश्चितताएं कंपनियों और कर्मचारियों को जोखिम लेने से रोक रही हैं। इनमें टैरिफ, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का बढ़ता इस्तेमाल और अर्थव्यवस्था की आगे की स्थिति को लेकर बनी अनिश्चितता शामिल है। अमेरिका और ब्रिटेन की इमिग्रेशन नीतियों में बड़े बदलाव भी इसके कारण हो सकते हैं।

क्लाउडिया साम ने चेतावनी दी है कि अगर नौकरियों के नए मौके कम बने रहे, तो युवाओं को काम शुरू करने या अपनी क्षमता के मुताबिक नौकरी पाने में मुश्किल हो सकती है। उनके मुताबिक, इसका असर धीरे-धीरे दिखेगा, लेकिन लंबे समय में उत्पादकता को नुकसान पहुंच सकता है। खासकर उन लोगों को ज्यादा परेशानी हो सकती है जो अपने करियर की शुरुआत कर रहे हैं और जिन्हें आगे बढ़ने का मौका नहीं मिल पा रहा।

यह भी पढ़ें- Exclusive: ‘AI से जॉब खत्म होंगे, पर नए रोजगार 10 गुना ज्यादा’, HCL के पूर्व CEO का दावा

सेंट्रल बैंकों ने इस स्थिति पर जताई चिंता

अमेरिकी फेडरल रिजर्व और बैंक ऑफ इंग्लैंड भी इस स्थिति पर चिंता जता चुके हैं। उनका मानना है कि जब आर्थिक गतिविधियां मजबूत हैं और बेरोजगारी दर कम है, तब ऐसी सुस्ती असामान्य है।

फेड गवर्नर क्रिस्टोफर वॉलर ने लंदन में एक कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि वे इस बात से चिंतित हैं कि जॉब मार्केट ने अपनी गतिशीलता खो दी है, जो उत्पादकता और असली कमाई बढ़ाने के लिए जरूरी है। उन्होंने अमेरिकी जॉब मार्केट की इस ‘स्थिर’ हालत की तुलना अस्पताल में भर्ती एक मरीज से की।

बैंक ऑफ इंग्लैंड की डिप्टी गवर्नर क्लेयर लोम्बार्डेली ने भी इसी तरह की चिंता जताई। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन का नौकरी बाजार धीमी रफ्तार में फंस गया है और लोगों को नए अवसरों तक पहुंचाने में पहले जितना प्रभावी नहीं रहा। उनके मुताबिक, इससे उत्पादकता कमजोर हो सकती है और अर्थव्यवस्था के लिए AI के हिसाब से खुद को ढालना भी मुश्किल हो सकता है। ऐसा इसलिए क्योंकि कर्मचारियों को आगे बढ़ने के मौके नहीं मिलेंगे और कंपनियां जरूरी स्किल वाले लोगों तक नहीं पहुंच पाएंगी।

यूरोपीय सेंट्रल बैंक (ECB) ने भी यूरोजोन में नौकरी बदलने की घटती दर पर ध्यान दिलाया है।

नौकरी के मौके और स्किल की कमी

डलास फेडरल रिजर्व से जुड़े रिसर्चर फैबियन पोस्टेल-विने के मुताबिक, अमेरिका में उपलब्ध नौकरियों और नौकरी बदलने की इच्छा रखने वाले लोगों के कौशल के बीच बुनियादी अंतर भी हो सकता है। फिलहाल स्वास्थ्य सेवाओं जैसे कुछ क्षेत्रों में नौकरियों के मौके ज्यादा हैं, लेकिन नौकरी तलाश रहे लोगों की स्किल उन जरूरतों के मुताबिक नहीं हो सकती।

उनका कहना है कि AI के कारण नौकरियों का स्वरूप और उनमें जरूरी कौशल तेजी से बदल रहे हैं। ऐसे में यह अंतर लंबे समय तक बना रहा, तो उत्पादकता पर इसका असर पड़ सकता है।

हालांकि, वॉलर और लोम्बार्डेली दोनों का कहना है कि नौकरी बदलने का कम होता चलन सिर्फ महामारी के बाद शुरू नहीं हुआ। यह कई दशक पुराना सिलसिला है। 1980 के दशक से ही कर्मचारियों के नौकरी बदलने के साथ-साथ एक इंडस्ट्री से दूसरी या एक स्किल लेवल से दूसरे पर जाने की संभावना भी कम हुई है।

नौकरी बदलने की रफ्तार घटने के पीछे क्या वजहें हैं?

इसके पीछे एक वजह आबादी का बूढ़ा होना भी है। उम्र बढ़ने के साथ लोग अक्सर ऐसी नौकरी में टिक जाते हैं जो उनकी जरूरतों के मुताबिक होती है। उनके लिए काम के लिए किसी दूसरे शहर या इलाके में जाना भी मुश्किल हो सकता है। साथ ही, उनके पास नौकरी बदलने पर खोने के लिए ज्यादा कुछ होता है, इसलिए वे जोखिम लेने से बचते हैं।

शिक्षा का स्तर बढ़ना भी इसकी एक वजह बताया गया है। आमतौर पर ज्यादा पढ़े-लिखे लोग नौकरी कम बदलते हैं।

आर्थिक सहयोग और विकास संगठन (OECD) ने इसके अलावा कंपनियों की ओर से कर्मचारियों के साथ किए जाने वाले ऐसे समझौतों का भी जिक्र किया है, जिनके तहत वे प्रतिद्वंद्वी कंपनियों में नौकरी नहीं कर सकते। इसे नॉन-कम्पीट क्लॉज कहा जाता है। संगठन के मुताबिक, न्यूनतम वेतन की व्यवस्था भी कर्मचारियों के लिए नौकरी बदलने का प्रोत्साहन कम कर सकती है।

यह भी पढ़ें- पार्ट टाइम में स्टूडेंट्स कर सकेंगे रूस में जॉब, एक्सपर्ट से जानिए नए कानून से क्या बदलेगा

ताज़ा ख़बरें