
बॉलीवुड के 'डिस्को डांसर' को लेकर रूस में दीवानगी आज भी बरकरार है। 80-90 के दशक में तो रूस के घर-घर ने मिथुन चक्रवर्ती को सुपरस्टार बना दिया था। 'जिमी-जिमी' रूस की गलियों और शादियों में गूंजने लगा था। 'मॉस्को इंटरनेशनल फिल्म वीक' में हिस्सा लेने मिथुन दा मॉस्को में थे, तो लोग खड़े होकर टकटकी लगाए उन्हें सुनते रहे।
मंच से मिथुन दा ने जब कहा कि वह मॉस्को में घर खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो लोग खुशी से झूम उठे। खूब तालियां बजीं। मन की बात जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि वह अपनी बाकी जिंदगी रूस में ही बिताने की सोच रहे हैं। मिथुन ने कहा कि मैं यहां एक घर खरीदने और यहीं रहने की सोच रहा हूं। उन्होंने कहा कि अगर मौका मिला तो वह यहां घर खरीदकर रहेंगे।
'सच कहूं तो रूस बहुत प्यारा है'
'मॉस्को इंटरनेशनल फिल्म वीक' के दौरान बॉलीवुड स्टार ने कहा कि मॉस्को में यह मेरा शायद चौथा दौरा है। मैं जितनी बार यहां आता हूं, मुझे रूस और भी तरक्की करता हुआ दिखता है। सच कहूं तो मैं दिल से कहना चाहता हूं कि यह शहर (मॉस्को) बेहद खूबसूरत लगता है। मैं यहां एक कॉटेज (घर) खरीदने और यहीं रहने के बारे में सोच रहा हूं। अभिनेता ने रूसी लोगों से बातचीत के अपने अनुभव भी साझा किए और उन्हें 'सच्चे और दिल के साफ इंसान' बताया।

मिथुन को याद आई अपनी पहली रूसी यात्रा
वेटरन एक्टर मिथुन चक्रवर्ती ने अपनी पहली रूस यात्रा को याद करते हुए कहा कि यहां के लोग जो सोचते हैं,वही बोलते हैं। अगर वे कहते हैं, 'हम आपसे प्यार करते हैं मिथुन' तो मुझे पता होता है कि वे यह बात दिल से कह रहे हैं और वे सचमुच मुझसे प्यार करते हैं। मिथुन चक्रवर्ती अपनी फिल्म 'मृगया' (रॉयल हंट) से जुड़ी रूस यात्रा का जिक्र कर रहे थे।
उन्होंने बताया, “तब मैं यहां एक मेहमान के तौर पर आया था। इस बार मुझे ऐसा लग रहा है जैसे मैं 1976 के 'मृगया' वाले उसी दौर और माहौल में लौट आया हूं।”

मॉस्को अंतरराष्ट्रीय फिल्म वीक का आयोजन तीसरी बार किया गया और इस साल यह मॉस्को के सात पार्कों में आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम के तहत खुले आसमान के नीचे बने सिनेमाघरों (ओपन-एयर सिनेमा) में लोकप्रिय फिल्में और कार्टून दिखाए जा रहे हैं। साथ ही बच्चों के लिए मास्टरक्लास, फेस पेंटिंग और एनिमेशन कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जा रहा है। यह महोत्सव 24 अगस्त को '50th एनिवर्सरी ऑफ द अक्टूबर रेवोल्यूशन' पार्क में शुरू हुआ था। इसके अलावा कार्यक्रम में 'नाइट एट द सिनेमा', फिल्म जगत के लोगों से मुलाकात, लेक्चर्स और गाइडेड टूर भी शामिल हैं।

यहां देखिए पूरा वीडियो
रूस में मिथुन की मशहूर फिल्में
डिस्को डांसर (1982)
यह फिल्म सोवियत संघ के इतिहास में सबसे ज्यादा देखी जाने वाली विदेशी फिल्मों में से एक बनी। वहां इसके लगभग 12 करोड़ (120 मिलियन) टिकट बिके थे। गाने जैसे “जिमी जिमी जिमी आजा” और “आई एम ए डिस्को डांसर” रूस के घर-घर में लोकप्रिय हुए।
कमांडो (1988)
मिथुन के एक्शन अवतार और स्टंट्स के कारण यह फिल्म वहां के युवाओं और एक्शन प्रेमियों के बीच काफी चर्चित रही।
शिकारी (1991)
यह एक इंडो-सोवियत को-प्रोडक्शन फिल्म थी, जिसे भारत के उमेश मेहरा और सोवियत निर्देशक लतीफ फैजियेव ने मिलकर निर्देशित किया था। इसमें रूसी अभिनेत्री इरीना कुशनारेवा (Irina Kushnareva) और मिथुन मुख्य भूमिका में थे।
जाल (1986)
मिथुन चक्रवर्ती, रेखा और जितेन्द्र की यह एक्शन-थ्रिलर फिल्म भी सोवियत सिनेमाघरों में डब होकर रिलीज हुई और काफी सफल रही।




