
6 महीने से होर्मुज के आसपास के क्षेत्र में तनाव है। ईरान पर अमेरिकी हमले और उसके बाद जोरदार पलटवार से कई देशों में माहौल तनावपूर्ण बन गया। इसमें यूएई भी शामिल था। अब दिल्ली में हुई ब्रिक्स समिट ने एक ऐसा मंच दे दिया है, जिसे सकारात्मक पहल माना जा रहा है। ईरान और यूएई के नेताओं ने आपस में बातचीत की है।
मिडिल ईस्ट इंस्टिट्यूट की वरिष्ठ फेलो मीना सिंह रॉय कहती हैं कि जब तक खाड़ी में शांति नहीं होती है, तब तक एशिया समेत दुनिया भर के सप्लाई चेन, तेल, फर्टिलाइजर, खाद्यान्नों की आवाजाही पर असर पड़ेगा। इसका सीधा असर देशों के आर्थिक विकास पर होता है। भारत के लिए बहुत जरूरी बात है कि खाड़ी क्षेत्र में शांति बनी रहे और स्थिरता कायम हो। अमेरिका और इजरायल के ईरान पर हमले के बाद से ही पूरा खाड़ी क्षेत्र सुलग रहा है। यह हमारे हित में नहीं है।
संघर्ष शुरू होने के बाद पहली बार ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान और यूएई से अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल-नाहयान के बीच बातचीत हुई है। इस बातचीत से कम से कम सकारात्मक बातचीत का माहौल तैयार हुआ है। बात हो रही है कि मिडिल ईस्ट की लड़ाई को कैसे मैनेज किया जाए, होर्मुज संकट का मुद्दा कैसे सुलझाया जाए।
इस बातचीत का क्रेडिट भारतीय डिप्लोमेसी को
दूसरी चीज ये है कि यूएई स्थित अमेरिकी बेसों पर ईरान की तरफ से भी कार्रवाई की गई थी। ईरान के नजरिए से देखें तो, यूएई अमेरिका और इजरायल के खेमे का माना जाता है। ऐसे में दोनों देशों के नेताओं के बीच हाई-लेवल मीटिंग भारत में हुई है। यह भारत की कूटनीति के लिए बड़ी सफलता है। इसका क्रेडिट भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उनकी सरकार की डिप्लोमेसी को देना पड़ेगा।
मध्य-पूर्व की जो समस्याएं हैं, वो दो दिन में सॉल्व नहीं होने वाली हैं। लेकिन ये एक बहुत बड़ा कदम है कि दो देश, जिनके बीच घमासान युद्ध चल रहा था, मिसाइल अटैक हो रहे थे और दोनों एक-दूसरे को सैन्य कार्रवाई की धमकी दे रहे थे, वो बातचीत की टेबल पर आए हैं।
मेरा हमेशा से ये मानना रहा है कि क्षेत्रीय समस्याओं का समाधान उस क्षेत्र के देश ही ढूंढ पाएंगे। हूती, ईरान, सऊदी, यमन, यूएई... इन्हीं देशों को आपस में बैठकर अपनी समस्याएं सुलझानी होंगी।
अंत में मैं कहूंगी कि ब्रिक्स ग्लोबल साउथ का बहुत बड़ा इनिशिएटिव है और यहां ईरान-यूएई के बीच वार्ता एशिया के अच्छे भविष्य के लिए बेहतरीन कदम है।
मध्य-पूर्व मामलों के जानकार अतुल अनेजा कहते हैं-
अभी तक ईरान का यूएई और पूरे पर्शियन गल्फ के बाकी अरब देशों के बीच कोई तालमेल नहीं था। बल्कि दोनों पक्षों के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा था। ईरान पर अमेरिकी हमले हो रहे थे फिर दुबई और अबू धाबी के अमेरिकी बेसों पर ईरान निशाना साध रहा था।
लेकिन अब अचानक दोनों पक्षों ने डायलॉग शुरू किया है। इस BRICS समिट के दौरान जब यूएई के प्रतिनिधि और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान के बीच बातचीत हुई है, उसमें भारत की बड़ी भूमिका रही है। BRICS समिट की भी बहुत बड़ी भूमिका रही है कि इनको बातचीत के रास्ते पर लाया गया है।
प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तिगत रिश्ते यूएई के नेतृत्व के साथ बहुत अच्छे रहे हैं। ईरान की लीडरशिप को भारत में काफी सम्मान दिया गया, उन्हें काफी तवज्जो मिली। नेताओं की पर्सनल केमिस्ट्री भी बहुत मायने रखती हैं। अब हम एक कॉमन पॉइंट पर आ चुके हैं कि कैसे युद्ध से हटकर बातचीत से रिश्तों को आगे बढ़ाया जाए। अब यहां से युद्ध से हटकर शांति की तरफ जाने की पूरी कोशिश हो रही है।





