दिशा सालियान केस में CBI FIR से TMC के बागी सांसद के दावे तक- बड़े अपडेट्स
14 सितंबर को देश-दुनिया में कई अहम घटनाक्रम हुए। गुरुग्राम हिट एंड रन केस से लेकर देश की राजनीति और अन्य बड़ी खबरों तक, जानिए दिनभर के बड़े अपडेट्स।
भारत
दिशा सालियान केस में CBI FIR से TMC के बागी सांसद के दावे तक- बड़े अपडेट्स
disha sanyal© ANI

बिग अपडेट्स

  • गुरुग्राम हिट एंड रन केस: गुरुग्राम में हिट एंड रन मामले में पीड़िता सिया की ओर से भी शिकायत दर्ज करवाई जा रही है। उनके वकील वकील अभिषेक चौहान ने इसकी जानकारी दी है। इससे पहले गुरुग्राम के ACP अभिलाष जोशी ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए  पुलिस ने सेक्टर-56 थाने में FIR दर्ज की है। ACP ने कहा कि लापरवाही और तेज रफ्तार से वाहन चलाने की घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गुरुग्राम पुलिस और ट्रैफिक पुलिस ऐसी घटनाओं पर लगातार नजर रखती है। ऐसे मामलों में सख्त धाराओं के तहत FIR दर्ज कर कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।
  • दिशा सालियान केस: दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत के मामले में सोमवार को FIR दर्ज की गई। अधिकारियों ने बताया कि CBI की FIR में MLA आदित्य ठाकरे और अभिनेता डिनो मोरिया व रिया चक्रवर्ती के नाम शामिल हैं। यह घटनाक्रम बॉम्बे हाई कोर्ट द्वारा केंद्रीय एजेंसी को मामले की जांच अपने हाथ में लेने का आदेश देने के लगभग दो सप्ताह बाद हुआ है। हत्या, गैंगरेप, आपराधिक साजिश, सबूत मिटाने और गलत जानकारी देने से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
  • TMC के बागी BJP में होंगे शामिल: तृणमूल कांग्रेस (TMC) के बागी नेता और कूचबिहार से सांसद जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया ने सोमवार को दावा किया कि नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) के 20 में से 17 सांसद अक्टूबर में दुर्गा पूजा के आसपास भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होंगे।
  • AI पर अब नडेला का बयान: AI की रफ्तार धीमी करने की बहस के बीच माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला का भी बयान सामने आया है। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के विकास में सख्त इंसानी नियंत्रण और सोच-समझकर कदम उठाने पर जोर दिया है। उनका यह बयान एंथ्रोपिक (Anthropic) के सीईओ डारियो अमोदेई के उस सुझाव के बाद आया है, जिसमें उन्होंने AI के विकास की गति धीमी करने और स्वतंत्र सुरक्षा मूल्यांकनकर्ताओं (Independent Safety Evaluators) को शामिल करने की बात कही थी।
  • गणेश चतुर्थी की धूमः देशभर में गणेश चतुर्थी की धूम है। अगले 11 दिनों तक लोग भगवान गणेश की भक्ति में डूबे दिखाई देंगे। 25 सितंबर को गणेश विसर्जन होगा। मुंबई में बॉलीवुड सेलिब्रेटीज ने भी बड़े धूमधाम के साथ गणपति का स्वागत किया। मेगा स्टार अमिताभ बच्चन ने गणेश जी की फोटो के साथ देशवासियों को गणेश चतुर्थी की बधाई दी।

  • गणेशोत्सव की धूम: PM मोदी ने पीयूष गोयल के आवास पर की गणपति पूजा

    आज पूरा देश गणेश चतुर्थी का त्योहार धूमधाम से मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के आवास पर पूरे विधि-विधान से भगवान गणेश की पूजा-अर्चना और आरती की।

  • दिल्ली HC ने खारिज की विमल इलायची निर्माताओं की याचिका, सेलेब्स को FDA नोटिस का मामला

    दिल्ली हाईकोर्ट ने सोमवार को विमल इलायची बनाने वाली कंपनी पीबी एग्रो एलएलपी की याचिका खारिज कर दी। कंपनी ने महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) की ओर से उसके सेलिब्रिटी ब्रांड एंबेसडर शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को जारी कारण बताओ नोटिस को चुनौती दी थी।

    महाराष्ट्र FDA ने 11 अगस्त को ये नोटिस जारी किए थे। FDA का आरोप है कि विमल इलायची के विज्ञापनों के जरिए प्रतिबंधित विमल पान मसाला का सरोगेट प्रमोशन किया जा रहा है। महाराष्ट्र में विमल पान मसाला की बिक्री पर प्रतिबंध है।

    कंपनी ने इन नोटिस को चुनौती देते हुए दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया था। मामले की सुनवाई के दौरान मुख्य सवाल यह था कि क्या दिल्ली हाईकोर्ट के पास इस याचिका पर सुनवाई करने का क्षेत्रीय अधिकार है। जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद सोमवार को याचिका खारिज कर दी।

  • TMC के बागी सांसद का दावा, 17 सांसद दुर्गा पूजा के आसपास BJP में होंगे शामिल
    सांसद जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया (फोटो- ANI)

    तृणमूल कांग्रेस (TMC) के बागी नेता और कूचबिहार से सांसद जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया ने सोमवार को दावा किया कि नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) के 20 में से 17 सांसद अक्टूबर में दुर्गा पूजा के आसपास भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होंगे।

    समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, बसुनिया ने कहा कि सभी 17 सांसदों ने एक साथ BJP में शामिल होने का फैसला किया है। उन्होंने कहा, “हम 17 सांसद एक साथ BJP में जा रहे हैं। चूंकि 20 में से दो-तिहाई से ज्यादा सदस्य एक साथ पार्टी बदल रहे हैं, इसलिए दलबदल विरोधी कानून हम पर लागू नहीं होगा।”

    बसुनिया ने यह दावा ऐसे समय किया है, जब लोकसभा सचिवालय ने दलबदल विरोधी कानून के तहत सांसदों को अयोग्य ठहराने की मांग से जुड़ी याचिकाओं के संबंध में नोटिस जारी किए हैं।

    लोकसभा सचिवालय की ओर से भेजे गए पत्रों को लेकर बसुनिया ने ANI से कहा कि सभी सांसदों को पत्र मिल चुके हैं और 22 सितंबर तक जवाब दिया जाएगा।

    उन्होंने कहा, “सभी सांसदों को पत्र भेजे गए हैं। हमें 22 सितंबर तक जवाब देने का समय दिया गया है, इसलिए हम तब तक जवाब दे देंगे। हमें एक वकील की भी जरूरत थी और हमने वह व्यवस्था कर ली है। जो वकील सुप्रीम कोर्ट में हमारा पक्ष रखेंगे।”

    मामले के नतीजे को लेकर भरोसा जताते हुए उन्होंने कहा, “जहां तक फैसले की बात है, फैसला हमारे पक्ष में आएगा।”

    बसुनिया ने दलबदल विरोधी कानून का हवाला देते हुए कहा कि किसी पार्टी के सांसदों का दो-तिहाई बहुमत रखने वाला गुट अयोग्यता के प्रावधानों से बाहर रहता है। उन्होंने दावा किया कि फिलहाल उनके गुट के पास दो-तिहाई बहुमत है।

    यह विवाद TMC के उन 20 सांसदों से जुड़ा है, जिन पर पार्टी छोड़कर NCPI में शामिल होने का आरोप है। TMC ने इन सांसदों की सदस्यता खत्म करने की मांग की है।

  • उत्तराखंड: केदारनाथ रास्ते पर भूस्खलन, 6,500 से ज्यादा श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाला गया

    उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ के रास्ते पर चिरबासा हेलीपैड के पास भूस्खलन के कारण सड़क का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इससे बड़ी संख्या में श्रद्धालु फंस गए। सूचना मिलते ही SDRF की सोनप्रयाग पोस्ट से सब-इंस्पेक्टर आशीष डिमरी के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। SDRF कमांडेंट अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर टीम ने राहत और बचाव अभियान शुरू किया।

    SDRF के मुताबिक, अब तक 6,500 से ज्यादा श्रद्धालुओं को प्रभावित हिस्से से सुरक्षित निकाला जा चुका है। इसके अलावा करीब 600 से 700 घोड़े और खच्चरों को भी सुरक्षित मार्ग से पार कराया गया है।

    लगातार बारिश और पत्थर गिरने के कारण केदारनाथ धाम का रास्ता अभी भी बाधित है। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की आवाजाही रोक दी है।

    रुद्रप्रयाग पुलिस के मुताबिक, लगातार बारिश और पत्थर गिरने के कारण फिलहाल रास्ते को साफ करना सुरक्षित नहीं है। केदारनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं को सोनप्रयाग और गौरीकुंड में रोक दिया गया है, जबकि वापस लौट रहे श्रद्धालुओं को जंगल चट्टी में रोका गया है।

    रुद्रप्रयाग शहर और जिले के अन्य पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश के कारण पिछले सप्ताह अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों का जलस्तर और बहाव बढ़ गया था।

    15 अक्टूबर तक सड़कें गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य

    इस बीच, रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन ने जिले की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए अभियान शुरू किया है। अधिकारियों के मुताबिक, अभियान के तहत जिले की सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का लक्ष्य 15 अक्टूबर रखा गया है।

    इस पहल का उद्देश्य श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की आवाजाही को सुगम और सुरक्षित बनाना है। अभियान के तहत जिलेभर में सड़कों की मरम्मत और रखरखाव का काम किया जा रहा है। अधिकारियों को गड्ढों से प्रभावित सड़कों की पहचान कर जरूरी हिस्सों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं।

  • राजस्थान निकाय चुनाव : बीजेपी को वसुंधरा के गढ़ में हार

    राजस्थान के शहरी स्थानीय निकाय चुनावों में राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के गढ़ झालावाड़ में बीजेपी को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। झालावाड़ नगर परिषद चुनाव के घोषित नतीजों में कांग्रेस ने 45 में से 29 वार्डों में शानदार जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया।

    सोमवार को सत्ताधारी BJP ने कांग्रेस पर अपनी बढ़त और बढ़ा ली। कम से कम 10,200 वार्डों के नतीजे घोषित होने पर BJP ने 4,171 वार्ड जीते, जबकि विपक्षी पार्टी ने 3,597 वार्ड जीते। अहम नगर निगमों के नतीजों से मिली-जुली तस्वीर सामने आई। राजस्थान निकाय चुनाव में 10 में से 4 नगर निगमों में निर्दलीय किंगमेकर बने हैं। वहीं, पाली-अजमेर के रिजल्ट ने सबको चौंकाया। राजस्थान के उदयपुर और भीलवाड़ा नगर निगम में बीजेपी का दबदबा रहा। दूसरी तरफ, जयपुर और कोटा में भी बीजेपी मजबूत नजर आ रही है। कांग्रेस ने अजमेर, बीकानेर और पाली में बीजेपी के मुकाबले अधिक सीटों पर जीत हासिल की। अलवर और जोधपुर में दोनों पार्टियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। जयपुर नगर निगम के 150 वार्ड में से 146 का रिजल्ट घोषित हो गया। यहां बीजेपी को 78, कांग्रेस को 53 सीट मिली। वहीं 15 वार्ड में निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की। वार्ड-9, 18, 25 और 34 का का रिजल्ट घोषित नहीं किया गया।

  • लिबिया : मिसराता एयरपोर्ट पर प्लेन की क्रैश लैडिंग, जलकर हुआ खाक

    लिबिया के मिसराता एयरपोर्ट पर सोमवार को इमरजेंसी लैंडिंग की कोशिश के दौरान एक प्राइवेट पैसेंजर प्लेन रनवे से आगे निकलकर क्रैश हो गया। इसके बाद प्लेन में आग लग गई। शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, प्लेन के इंजन में कोई खराबी थी। वहीं, कुछ रिपोर्ट में बताया गया कि पायलट ने गलत दिशा से लैंडिंग की थी। वायरल हो रही तस्वीरों और वीडियो में फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाती हुई दिख रही है। बताया जा रहा है कि यह प्लेन तुर्की में रजिस्टर्ड सेसना 68A (Cessna 68A) है, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर TC-AKF है। लिबिया हेराल्ड की रिपोर्ट में कहा गया कि इसे इस्तांबुल की प्राइवेट जेट चार्टर और एविएशन सर्विस कंपनी BKN JET (बिकिनी जेट) ऑपरेट करती थी। माना जा रहा है कि प्लेन खाली था और उसमें सिर्फ तीन लोगों का क्रू सवार था। इनमें पायलट शामिल था, जिसके बारे में पहले जर्मन नागरिक होने की खबर थी। हालांकि, बाद में पता चला कि वह तुर्की का नागरिक था। वहीं को-पायलट और फ्लाइट अटेंडेंट भी तुर्की के ही थे।

  • दिशा सालियान केस में CBI ने दर्ज की FIR, राजस्थान निकाय चुनाव के नतीजे आए, अब तक के बड़े अपडेट्स

    1. सुशांत राजपूत की एक्स मैनेजर और दोस्त रहीं दिशा सालियान की मौत मामले में सीबीआई ने एफआईआर दर्ज की है। बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेश के बाद केंद्रीय जांच एजेंसी ने एफआईर दर्ज की है। इस एफआईआर में उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे, एक्टर डिनो मोरिया और रिया चक्रवर्ती का नाम शामिल है।

    सीबीआई की ओर से दर्ज एफआईआर में हत्या, सामूहिक दुष्कर्म, आपराधिक साजिश, सबूत मिटाने और गलत जानकारी देने से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

    2. राजस्थान में आज नगर निकाय चुनावों के नतीजे आ रहे हैं। अब तक के अपडेट के अनुसार, अभी बीजेपी बढ़त बनाए हुए है। जयपुर,उदयपुर,भीलवाड़ा, अलवर,कोटा समेत कई वार्डों में बीजेपी आगे चल रही है। कांग्रेस अजमेर,पाली में आगे है तो जोधपुर में कांटे की टक्कर देती दिख रही है। झालावाड़ में बीजेपी की हार हुई है,ये इलाका पूर्व सीएम वसुंधरा राजे का गढ़ माना जाता है।

    जयपुर नगर निगम चुनाव में अब तक घोषित 108 वार्डों के परिणामों में से भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 57 वार्डों में जीत दर्ज की है,जबकि कांग्रेस को 40 वार्ड मिले हैं और अन्य प्रत्याशियों व दलों ने 11 वार्ड जीते हैं। कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना जारी है।

    बता दें कि 309 नगरीय निकायों (नगर निगम, नगर परिषद और नगरपालिका) में चुनाव कराए गए थे। चुनावी नतीजे घोषित होने के बाद 21 सितंबर 2026 को महापौर (मेयर), नगर परिषद सभापति और नगरपालिका चेयरमैन पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।

    3. दिल्ली पुलिस के अनुसार, सोमवार को दक्षिण दिल्ली के आया नगर इलाके में दो आरोपियों ने एक जिम ट्रेनर की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, यह घटना सुबह करीब 10:30 बजे हुई,जिस दौरान दोनों हमलावरों ने लगभग 10 से 12 राउंड गोलियां चलाईं। पुलिस को शक है कि यह हत्या आपसी रंजिश (व्यक्तिगत दुश्मनी) का नतीजा है। इससे पहले, दिल्ली पुलिस ने सोमवार को बताया कि दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में एक खुले मैदान से एक अज्ञात शव बरामद हुआ, जिसके गले और सीने पर चोट के साफ निशान थे। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, शव को रविवार को देखा गया था और अनुमान है कि यह लगभग दो से तीन दिन पुराना है। मौत के सही कारण और समय का पता लगाने के लिए पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

    4. दिल्ली हाई कोर्ट ने सोमवार को उस याचिका पर तत्काल सुनवाई की जरूरत पर सवाल उठाया, जिसमें दावा किया गया था कि 6 सितंबर को सत्या निकेतन में ढही इमारत के मलबे के नीचे अब भी लोग दबे हो सकते हैं। इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई थी।

    मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय और न्यायमूर्ति तेजस कारिया की पीठ के समक्ष इस याचिका को तत्काल सूचीबद्ध (अर्जेंट लिस्टिंग) करने का अनुरोध किया गया था। याचिकाकर्ता ने दावा किया कि दिल्ली नगर निगम (MCD) ने पहले का मलबा हटाए बिना ही ढही हुई इमारत के बगल वाली इमारत को गिरा दिया। याचिका में आरोप लगाया गया कि मलबे के नीचे अभी भी कुछ लोग फंसे हो सकते हैं।

    हालांकि,पीठ ने इस दावे के आधार पर सवाल उठाते हुए याचिकाकर्ता के वकील से इस जानकारी के स्रोत के बारे में पूछा। मुख्य न्यायाधीश उपाध्याय ने सवाल किया,”आपके पास इस जानकारी का क्या स्रोत है कि मलबे के नीचे लोग दबे हैं? आपको यह कैसे पता चला?”

    अदालत ने यह भी कहा कि अधिकारियों ने बगल की इमारत को गिराने का फैसला लेने से पहले कोई न कोई तकनीकी आकलन (असेसमेंट) जरूर किया होगा। मुख्य न्यायाधीश ने कहा,”उन्होंने गिराने का निर्णय लेने से पहले किसी प्रकार का तकनीकी ऑडिट ज़रूर कराया होगा। आप इसे दाखिल कीजिए; यह कल अपने आप सूचीबद्ध हो जाएगी। इसमें इतनी जल्दी क्या है?”

     

    5. भारतीय वायुसेना के एक रिटायर्ड ग्रुप कैप्टन पर गुरुग्राम में पार्किंग को लेकर हमला हो गया। रिटायर्ड वायुसेना ग्रुप कैप्टन अमित कुमार ऑपरेशन सफेद सागर का भाग थे। शिकायत में गाली-गलौज, मारपीट और फ्रैक्चर होने के आरोप लगाए गए हैं।

    यह घटना 10 सितंबर को सेक्टर 65 थाना क्षेत्र के सिग्नेचर मैग्नम में घटी,जहां रिटायर्ड वायुसेना ग्रुप कैप्टन अमित कुमार गुप्ता कथित तौर पर अपने परिवार के साथ एक रेस्टोरेंट गए थे। गुरुग्राम के एसीपी अभिलक्ष जोशी ने बताया कि घटना में शामिल आरोपियों की पहचान सीसीटीवी फुटेज के जरिए कर ली गई है और जांच के नतीजों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    जोशी ने कहा, ”इस मामले में यह सामने आया है कि सेक्टर 65 थाना क्षेत्र के तहत आने वाले सिग्नेचर मैग्नम में पार्किंग कर्मचारियों और रिटायर्ड कैप्टन गुप्ता के बीच कहासुनी हुई थी। शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और नियमों के तहत कार्रवाई की जा रही है।”

    उन्होंने आगे कहा, “शिकायत के विवरण के संबंध में अभद्र व्यवहार,फ्रैक्चर और शारीरिक हमले के आरोप लगाए गए हैं। जांच में सामने आए तथ्यों,संबंधित मेडिकल रिपोर्ट (एमएलआर),सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और जुटाए गए अन्य सबूतों के आधार पर हम नियमानुसार आगे की कार्रवाई करेंगे।”

  • आम से लेकर खास तक, देखिए कैसे भगवान गणेश के आगमन पर झूम रहा पूरा देश

    1. पुणे में जब भगवान गणेश की एक झलक पाने को उमड़ी भीड़

    2. लाल बागचा राजा का सजा दरबार

    3. नितिन नवीन ने बीजेपी ऑफिस में की भगवान गणेश की पूजा

    4. भगवान गणेश की ये मूर्तियां देखीं क्या?

    5.  ओडिशा में पेड़ पर बना दिए भगवान गणेश

  • मोदी-पुतिन और जिनपिंग की चाय पर चर्चा, पेजेश्कियान से जुगलबंदी... BRICS समिट के अनदेखे पल

    बीते शनिवार-रविवार दिल्ली का भारत मंडपम सबसे बड़े मंच का साक्षी बना। रूस-चीन,ईरान, यूएई, दक्षिण अफ्रीका, इंडोनेशिया, मलेशिया समेत तमाम देशों के राष्ट्राध्यक्ष शामिल हुए। फोटो और वीडियो भी खूब वायरल हुए पर इस बीच कई ऐसे अनदेखे पल भी कैद हो गए जो शायद आपकी नजरों से दूर रहे। तो देखिए भारत मंडपम के अंदर का ये खास वीडियो

  • 'हमारा ही नियंत्रण नहीं है तो', AI पर अब सत्या नडेला भी बोले

    आर्टिफिशियल इंटिलिजेंस के खतरनाक होते रूप के बीच माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला का भी बयान सामने आया है। नडेला ने कहा कि सुपरइंटेलिजेंस की दिशा में किसी भी प्रयास की बुनियाद इस मूल सिद्धांत पर टिकी होनी चाहिए कि यदि हमारी बनाई AI मानवता के काम न आए और इंसानी नियंत्रण में न रहे, तो ऐसा प्रयास करने का कोई औचित्य नहीं है।

    उन्होंने कहा कि हमें AI के फायदों को और गति देने तथा व्यापक रूप से फैलाने की भी आवश्यकता है,ताकि इसका लाभ विभिन्न देशों, समुदायों और कंपनियों तक समान रूप से पहुंचे। इसके लिए एक ऐसे एडवांस इकोसिस्टम की जरूरत है जहां क्लोज्ड और ओपन-सोर्स दोनों प्रकार के मॉडल साथ-साथ आगे बढ़ सकें और फल-फूल सकें।

    सत्या नडेला ने अपने एक्स पोस्ट पर लिखा कि कंपनियों के लिए यह बेहद जरूरी है कि वे अपनी खास और आंतरिक समझ (ज्ञान) पर पूरा नियंत्रण बनाए रखें। हर संस्था को किसी एक मॉडल प्रोवाइडर पर निर्भर हुए बिना,अपनी खुद की लगातार सीखने वाली प्रणाली बनाने की सुविधा मिलनी चाहिए। इसके साथ ही, उनके पास अपने ज्ञान को उन्हीं मॉडल्स और सिस्टम में जोड़ने की पूरी क्षमता होनी चाहिए, जो उनके अपने नियंत्रण में हों।

    इसलिए,इस संदर्भ में हम उस रिसर्च,एकाग्रता और सोच-समझकर तय की गई रफ्तार का स्वागत करते हैं,जो AI को इंसानी जरूरतों और सुरक्षा के अनुरूप ढालने के लिए जरूरी है। हम “एंबेडेड इवैल्यूएटर्स” (सिस्टम में जुड़े मूल्यांकनकर्ता) जैसे विचारों और उन सभी ठोस कदमों का भी समर्थन करते हैं,जिनका उद्देश्य इन बातों को सिर्फ चर्चा तक सीमित न रखकर जमीनी हकीकत बनाना है।

    satya nadela
    हमारा नजरिया भी यही है कि AI तकनीक के हर स्तर पर व्यापक पहुंच और बेहतर विकल्प देना, कंपनियों को उनके मॉडल्स और सीखने की प्रणालियों पर पूरा नियंत्रण सौंपना और हमारे अपने इन-हाउस 'MAI' मॉडल्स की वह कोड ऑफ कंडक्ट,जिसे हम कल सार्वजनिक राय और सुझावों के लिए पेश करेंगे।
    सत्या नडेला
    सत्या नडेला
    माइक्रोसॉफ्ट CEO


    नडेला ने कहा कि सबसे खास बात यह है कि इसका नियंत्रण कुछ गिनी-चुनी कंपनियों या संस्थाओं के हाथों में नहीं होना चाहिए,बल्कि इसमें पूरे इकोसिस्टम, अलग-अलग देशों और शिक्षा जगत (एकेडेमिया) सहित विभिन्न क्षेत्रों की व्यापक भागीदारी होनी चाहिए।

ताज़ा ख़बरें