
BRICS 2026 का मंच... दुनिया के बड़े नेताओं की मौजूदगी... वैश्विक राजनीति, अर्थव्यवस्था और सहयोग जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा और कई अहम संदेश। लेकिन इन गंभीर कूटनीतिक मुलाकातों के बीच ऐसे कई पल भी आए, जो माहौल को हल्का करते रहे। ब्रिक्स समिट खत्म होने के बाद अब ये किस्से निकलकर बाहर आ रहे हैं।
मलयेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने पीएम मोदी को अपनी पत्नी से जुड़ा दिलचस्प किस्सा सुनाया था। अनवर इब्राहिम वही पीएम हैं, जिनका बॉलीवुड प्रेम इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है। किशोर कुमार का गाना ‘ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत’ गाते हुए उनका वीडियो आपने भी देखा होगा। भारत दौरे के दौरान उनके सोशल मीडिया पोस्ट में बॉलीवुड गानों का अंदाज लगातार नजर आया।
यह वीडियो आप यहां देख सकते हैं...
मलेशिया के पीएम अनवर इब्राहिम का गाना इतना वायरल हुआ कि शायद पीएम मोदी तक भी पहुंच गया।
— RT Hindi (@RT_hindi_) September 13, 2026
तभी तो ग्रुप फोटो के मौके पर वो कुछ कहते दिखे... शायद गाने की तारीफ ही कर रहें हों! pic.twitter.com/CMfHn9o5yD
BRICS की डिप्लोमेटिक तस्वीरें हों या दुनिया के नेताओं के साथ मुलाकातें- अनवर ने कई पोस्ट में तस्वीरों के साथ हिंदी फिल्मों के गाने जोड़ दिए और ये पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। अब अपनी पत्नी और ताजमहल से जुड़ा किस्सा उन्होंने सुनाया है।

40 साल पुराना वादा... पीएम मोदी के सामने सुनाया जोक
भारत दौरे के दौरान अनवर इब्राहिम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बातचीत का एक दिलचस्प किस्सा सुनाया।
तमिल न्यूज चैनल थंती टीवी को दिए इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि करीब 40 साल पहले उन्होंने अपनी पत्नी से वादा किया था कि वह उन्हें ताजमहल दिखाने भारत लाएंगे। आखिरकार 40 साल बाद वह अपना यह वादा पूरा कर पाए। अनवर इब्राहिम ने बताया कि उन्होंने पीएम मोदी के सामने मजाकिया अंदाज में कहा-”मैंने अपना वादा निभाया!”
यानी राजनीति में अक्सर सुनाई देने वाले उस तंज पर अनवर ने चुटकी ले ली कि नेता वादे तो करते हैं, लेकिन उन्हें पूरा नहीं करते। फर्क बस इतना था कि इस बार नेता खुद अपने 40 साल पुराने वादे की मिसाल दे रहे थे।
मोदी से पेजेश्कियन तक... बॉलीवुड गानों का तड़का
अनवर इब्राहिम के सोशल मीडिया पोस्ट का अंदाज भी भारत दौरे की दिलचस्प कहानी बयां करता है।
पीएम मोदी के साथ तस्वीर के साथ ‘I Am The Best’, ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन के साथ ‘साथी हाथ बढ़ाना’, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ ‘चले चलो’ और भारत में लैंडिंग की तस्वीरों के साथ ‘चक दे इंडिया’ जैसे गानों का इस्तेमाल देखने को मिला।
कहीं ‘कोई लड़की है’, तो कहीं ‘हम तो दीवाने हुए यार’... अनवर की डिप्लोमेटिक तस्वीरों के साथ बॉलीवुड के इन गानों ने सोशल मीडिया पर अलग ही रंग जमा दिया।
गंभीर कूटनीतिक तस्वीरों को हिंदी फिल्मों के गानों के साथ पेश करने का यह अंदाज लोगों को खासा पसंद आया। एक तरफ दुनिया के बड़े नेताओं के साथ औपचारिक मुलाकातें, दूसरी तरफ उन्हीं पलों को बॉलीवुड के रंग में पेश करता अनवर का सोशल मीडिया।

BRICS से केरल तक... भारत दौरे में दिखे कई रंग
अनवर इब्राहिम भारत में BRICS से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेने पहुंचे थे। नई दिल्ली में उन्होंने पीएम मोदी समेत दुनिया के कई नेताओं से मुलाकात की। लेकिन उनका भारत दौरा सिर्फ बैठकों और कूटनीति तक सीमित नहीं रहा। BRICS के बाद उन्होंने केरल का भी दौरा किया, जहां से उनके दौरे की तस्वीरें और वीडियो सामने आए।






