BRICS समिट में एक तरफ PM मोदी और राष्ट्रपति पुतिन की दोस्ती की झलक दिखी, तो दूसरी तरफ एक और खास पल सामने आया, जब भारत और रूस के आम लोग ऑनलाइन स्क्रीन के जरिए एक-दूसरे से जुड़े और अपनी भावनाएं साझा कीं।
दरअसल, BRICS समिट के बाद मॉस्को और दिल्ली के लोग एक ऑनलाइन स्क्रीन के जरिए लाइव जुड़े। स्क्रीन पर एक-दूसरे को आमने-सामने देखकर लोगों ने हाई-फाई किया, कनेक्टिंग ट्यून पर झूमे और इशारों के जरिए अपनी भावनाएं भी साझा कीं। इस खास कनेक्शन में बच्चों, युवतियों और नौजवानों से लेकर बुजुर्ग तक शामिल हुए।
मॉस्को से जुड़ा दिल्ली का दिल
भारत और रूस के लोगों ने एक-दूसरे के इशारों और भावनाओं की नकल कर उसी अंदाज में एक्टिंग करके दिखाई। इस खास अंदाज में दोनों देशों के लोगों ने अपनी फीलिंग, मस्ती और खुशियां शेयर कीं, जिससे दोनों देशों के रिश्तों की गर्माहट साफ नजर आई।
भारत के लोग नई दिल्ली के लाल किले से जुड़े, जबकि रूसी लोग मॉस्को से सीधे ऑनलाइन कनेक्ट हुए। एक-दूसरे को स्क्रीन पर सामने देखकर लोगों के बीच ऐसा जुड़ाव दिखा कि कुछ पल के लिए यह एहसास ही नहीं हुआ कि वे अलग-अलग देशों के लोग हैं। ऐसा लगा, जैसे परिवार के लोग आपस में अपनी फीलिंग, मस्ती और खुशियां शेयर कर रहे हों।
भावनाओं में नजर आया परस्पर सम्मान
भारत और रूस के रिश्ते सिर्फ डिप्लोमेसी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों देशों के लोगों के बीच भावनाओं, संस्कृति और अपनेपन से भी जुड़े हैं। यह अपनापन अक्सर तब नजर आता है, जब कोई भारतीय किसी रूसी से मिलता है या कोई रूसी किसी भारतीय से मिलता है।
यही जुड़ाव दोनों देशों के लोगों को एक परिवार जैसा एहसास कराता है। इस रिश्ते में सिर्फ भावनाएं ही नहीं, बल्कि एक-दूसरे के प्रति सम्मान और जज्बात भी साफ नजर आते हैं।





