
मक्का समझौता: पाकिस्तान ने कहा है कि सऊदी अरब पर हूतियों के हमलों के जवाब में मक्का समझौते के तहत सैन्य कार्रवाई को लेकर फिलहाल कोई चर्चा नहीं हो रही है। हालांकि, वक्त आने पर पाकिस्तान समझौते के तहत कार्रवाई करेगा। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सज्जाद हैदर खान ने मीडिया ब्रीफिंग में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि फिलहाल इस गठबंधन का विस्तार करने या किसी अन्य देश को इसमें शामिल करने की भी कोई योजना नहीं है।
- बैंकों की हड़ताल: देशभर के बैंक यूनियनों ने अपनी अलग-अलग मांगों को लेकर 11 सितंबर को देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। इसके बाद 12 सितंबर को दूसरा शनिवार और 13 सितंबर को रविवार है। ऐसे में इन दोनों दिन भी बैंकों की छुट्टी रहेगी। ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स कॉन्फेडरेशन (AIBOC) के दिल्ली अध्यक्ष और ऑल इंडिया सीनियर वाइस प्रेसिडेंट कुशल गुप्ता ने कहा कि 5 दिन की बैंकिंग वीक की मांग हड़ताल की सबसे अहम वजह है।
- IRCTC केस: दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने कथित IRCTC घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में RJD प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी और बेटे तेजस्वी यादव समेत 9 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए हैं। LiveLaw के मुताबिक, स्पेशल जज विशाल गोगने ने गुरुवार को यह आदेश पारित किया।
- इमरजेंसी लैंडिंग: लखनऊ से सऊदी अरब के शहर दमाम जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 97 को बम की धमकी मिलने के बाद अहमदाबाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। अहमदाबाद पुलिस के मुताबिक, एक क्रू मेंबर को एक कागज मिला था, जिस पर ‘बम’ लिखा हुआ था। फ्लाइट में 107 यात्री और 6 क्रू मेंबर सवार थे।
- नेपाल की मंत्री का इस्तीफा: नेपाल की उद्योग, वाणिज्य एवं आपूर्ति मंत्री गौरी कुमारी यादव ने गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने सिंह दरबार स्थित प्रधानमंत्री एवं मंत्रिपरिषद कार्यालय में प्रधानमंत्री बालेंद्र (बालेन) शाह को अपना इस्तीफा सौंपा। यादव ने एक दिन पहले ही संसद की उद्योग समिति में देश में गैस की कमी और कालाबाजारी के लिए कारोबारियों और गैस उद्योगों को जिम्मेदार ठहराया था। उनके इन बयानों पर विवाद खड़ा हो गया था।
- 10th Sep22:07 ISTहूती विद्रोहियों ने लाल सागर के अहम बंदरगाह अल-मोखा पर किया कब्जा: रिपोर्ट
यमन के हूती विद्रोहियों ने लाल सागर के रणनीतिक शहर अल-मोखा (मोचा) पर कब्जा कर लिया है और वे महत्वपूर्ण बाब अल-मंदेब की ओर बढ़ रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में गुरुवार को यह दावा किया गया।
रॉयटर्स, के मुताबिक, कई दिनों की भीषण लड़ाई के बाद हूतियों ने सऊदी समर्थित सरकारी बलों को मोखा से पीछे हटने पर मजबूर कर दिया और शहर के साथ उसके बंदरगाह पर भी कब्जा कर लिया। AFP के मुताबिक, प्रत्यक्षदर्शियों ने गुरुवार को हूती लड़ाकों को शहर में प्रवेश करते देखा।
हनिश द्वीपों पर भी हमले की खबर
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हूतियों ने रणनीतिक हनिश द्वीपों पर भी हमला किया है। एक सैन्य सूत्र ने दावा किया कि रॉकेट हमलों और समुद्री रास्ते से किए गए हमले के बाद हूतियों ने जुकर द्वीप पर कब्जा कर लिया।
अगर हूतियों का इस इलाके पर नियंत्रण मजबूत होता है, तो इससे बाब अल-मंदेब के यमनी हिस्से में उनकी स्थिति मजबूत हो सकती है। साथ ही, सऊदी समर्थित बलों की सप्लाई लाइन और अहम लॉजिस्टिक्स हब पर भी असर पड़ सकता है।
हालांकि, यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार ने अभी तक मोखा पर हूतियों के कब्जे की पुष्टि नहीं की है।
- 10th Sep21:37 ISTपाकिस्तान बोला- मक्का समझौता 'डिफेंसिव अलायंस', अभी विस्तार नहीं
पाकिस्तान ने कहा कि सऊदी अरब पर हूतियों के हमलों के जवाब में मक्का समझौते के तहत सैन्य कार्रवाई को लेकर फिलहाल इस्लामाबाद में कोई चर्चा नहीं हो रही है। हालांकि, पाकिस्तान ने साफ किया कि वक्त आने पर वह समझौते के तहत कार्रवाई करेगा।
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सज्जाद हैदर खान ने मीडिया ब्रीफिंग में यह बात कही। उनसे पूछा गया था कि तुर्की और सऊदी अरब के साथ हुए जॉइंट डिफेंस एग्रीमेंट के तहत पाकिस्तान अपनी जिम्मेदारियां कैसे निभाएगा। इसके जवाब में उन्होंने कहा, अभी ऐसी कोई बात चर्चा में नहीं है। जब वक्त आएगा, हम समझौते के तहत कार्रवाई करेंगे।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि फिलहाल इस अलायंस का विस्तार करने या किसी अन्य देश को इसमें शामिल करने की कोई योजना नहीं है।
क्या है मक्का समझौता?
मक्का समझौता पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्किये के बीच हुआ एक सुरक्षा सहयोग समझौता है। इसका मकसद तीनों देशों के बीच रक्षा और सुरक्षा सहयोग को मजबूत करना है। समझौते के तहत किसी एक देश पर बाहरी सैन्य हमला होने की स्थिति में दूसरे पक्षों की ओर से सहयोग का प्रावधान है।
- 10th Sep21:20 ISTसागर में जहरीली शराब से 16 मौतें, 3 आरोपियों के 5 ठिकानों पर चला बुलडोजर
मध्य प्रदेश के सागर के बांदा इलाके में संदिग्ध जहरीली शराब पीने से अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है। हादसे के बाद जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। प्रशासन ने सरकारी जमीन पर बने तीन आरोपियों से जुड़े पांच अवैध ठिकानों को ढहा दिया है।
सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बताया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के सख्त निर्देश के बाद यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि अवैध शराब और घटिया शराब की जानकारी मिलने वाले इलाकों में लगातार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने इस मामले में अब तक 30 आरोपियों की पहचान की है। बांदा और विनायक थाना क्षेत्रों में इनके खिलाफ FIR दर्ज की गई है, जबकि 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
कलेक्टर के मुताबिक, बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में फिलहाल करीब 30 से 35 लोग इलाज करा रहे हैं और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। कई मरीज ठीक होकर अस्पताल से छुट्टी पा चुके हैं और घर लौट गए हैं।
प्रशासन उन सड़क किनारे बने ढाबों की भी पहचान कर रहा है, जिनके खिलाफ पहले शिकायतें मिली थीं या जहां NDPS से जुड़े मामले दर्ज हुए हैं। ऐसे ठिकानों पर भी कार्रवाई की तैयारी है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुधवार को सागर पहुंचकर अस्पताल में भर्ती प्रभावित लोगों और उनके परिवारों से मुलाकात की थी। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर पूरे मामले की समीक्षा भी की।
- 10th Sep20:26 ISTबम की धमकी के बाद इंडिगो फ्लाइट की अहमदाबाद में इमरजेंसी लैंडिंग
लखनऊ से सऊदी अरब के शहर दमाम जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 97 को बम की धमकी मिलने के बाद अहमदाबाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। अहमदाबाद पुलिस के मुताबिक, क्रू मेंबर को एक कागज मिला था, जिस पर ‘बम’ लिखा हुआ था।
फ्लाइट में 107 यात्री और 6 क्रू मेंबर सवार थे। सभी सुरक्षित हैं और उन्हें एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 में रखा गया है।
बम की सूचना मिलने के बाद SOG, स्थानीय पुलिस और CISF ने विमान की पूरी जांच की। हालांकि, जांच के दौरान विमान के अंदर कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
- 10th Sep20:25 ISTतमिलनाडु में निर्माणाधीन चर्च की ऊपरी मंजिल गिरी, एक की मौत
तमिलनाडु के वेल्लोर जिले में कटपाड़ी के पास मंडई कृष्णापुरम में एक निर्माणाधीन CSI चर्च की ऊपरी मंजिल गिर गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 10 लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
अधिकारियों के मुताबिक, एक और व्यक्ति के मलबे में फंसे होने की आशंका है। उसे बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
बचाए गए सभी मजदूरों को इलाज के लिए वेल्लोर के निजी और सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
- 10th Sep18:26 ISTदेशभर में कल बैंकों की हड़ताल, 5 दिन की बैंकिंग वीक की मांग
देशभर के बैंक यूनियनों ने अपनी अलग-अलग मांगों को लेकर 11 सितंबर को देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। इसके बाद 12 सितंबर को दूसरा शनिवार और 13 सितंबर को रविवार है, तो इन दो दिन भी बैंकों की छुट्टी रहेगी. ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स कॉन्फेडरेशन (AIBOC) के दिल्ली अध्यक्ष और ऑल इंडिया सीनियर वाइस प्रेसिडेंट कुशल गुप्ता ने कहा कि 5 दिन की बैंकिंग वीक की मांग हड़ताल की सबसे अहम वजह है।
कुशल गुप्ता ने ANI से कहा, “इसके पीछे कई वजहें हैं। हमने इनमें से चार प्रमुख मुद्दे उठाए हैं। सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा 5 दिन की बैंकिंग है। यह मांग बैंक कर्मचारियों के लिए बहुत अहम हो गई है।”
बैंक कर्मचारियों पर काम का दबाव
गुप्ता ने कहा कि बैंक कर्मचारी दिन-रात मेहनत करते हैं और काम के बढ़ते दबाव का असर उनके वर्क-लाइफ बैलेंस पर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा, “हमारे साथी दिन-रात कड़ी मेहनत करते हैं। इसका असर उनके वर्क-लाइफ बैलेंस पर पड़ रहा है।”
उन्होंने यह भी कहा कि डिजिटल बैंकिंग सुविधाएं बढ़ने के कारण अगर बैंक शाखाएं एक दिन बंद रहती हैं, तो ग्राहकों को ज्यादा परेशानी नहीं होगी।
गुप्ता के मुताबिक, “हमारे पास ATM, कैश डिपॉजिट मशीन, UPI और इंटरनेट बैंकिंग जैसी सुविधाएं हैं। अगर एक दिन बैंक कर्मचारी उपलब्ध नहीं होंगे, तो जनता को कोई खास परेशानी नहीं होगी।”
2012 में पहली बार उठी थी मांग
गुप्ता ने बताया कि बैंक कर्मचारियों ने 5 दिन की बैंकिंग वीक की मांग पहली बार 2012 में उठाई थी। इसके बाद 2015 में हुए एक लिखित समझौते के तहत कर्मचारियों को महीने के दूसरे और चौथे शनिवार की छुट्टी मिली।
उन्होंने कहा, “हमने 2012 में पहली बार यह मांग की थी। 2015 में लिखित समझौते के तहत हमें दो शनिवार की छुट्टी दी गई। साल में 24 शनिवार छुट्टी के तौर पर दिए गए।”
यूनियनों के मुताबिक, 2015 में दूसरे और चौथे शनिवार को छुट्टी घोषित किए जाने के बाद 5 दिन की बैंकिंग वीक की दिशा में आगे बढ़ने पर सहमति बनी थी। इस मुद्दे पर 2020 में फिर चर्चा हुई और 8 मार्च 2024 को हुए वेतन समझौते में इसे औपचारिक रूप दिया गया।
इस व्यवस्था के तहत बैंक कर्मचारी सोमवार से शुक्रवार तक रोजाना 40 मिनट अतिरिक्त काम करने पर सहमत हुए हैं। इसके बदले सभी शनिवार को छुट्टी देने की मांग की गई है।
- 10th Sep18:22 ISTCJP प्रदर्शन को लेकर छात्र को नोटिस देने वाले ग्रेटर नोएडा के मजिस्ट्रेट सस्पेंड
ग्रेटर नोएडा के उस एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट को सस्पेंड कर दिया गया है, जिसने कॉकरेच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन से जुड़े गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के छात्र अक्षत त्रिपाठी को नोटिस जारी किया था। लाइव लॉ के मुताबिक, भारत के सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट को यह जानकारी दी।
मजिस्ट्रेट ने छात्र से 5 लाख रुपये का निजी मुचलका भरने को कहा था। नोटिस में छात्र पर अन्य छात्रों के बीच “सरकार विरोधी भ्रामक बातें” करने का आरोप लगाया गया था।
छात्र ने सुप्रीम कोर्ट में दी चुनौती
अक्षत त्रिपाठी ने एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट की ओर से जारी नोटिस को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। उनकी याचिका का जिक्र सीनियर एडवोकेट पीवी दिनेश ने CJI सूर्यकांत की अगुवाई वाली बेंच के सामने किया।
उन्होंने कोर्ट से कहा कि अधिकारियों को एक कड़ा संदेश जाना चाहिए। दिनेश ने यह भी बताया कि नोटिस में छात्र से 5 लाख रुपये का बॉन्ड भरने और इतनी ही राशि के दो जमानतदार पेश करने को कहा गया था।
CJI सूर्यकांत ने कहा कि जब यह मामला बुधवार को उनके सामने आया था, तब उन्होंने इस पर कड़ा रुख अपनाया था और राज्य सरकार से जवाब मांगा था।
इसके बाद SG तुषार मेहता ने कोर्ट को बताया कि संबंधित अधिकारी को सस्पेंड कर दिया गया है।
- 10th Sep17:31 ISTIRCTC केस: लालू, राबड़ी और तेजस्वी सहित 9 लोगों के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोप तय
दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने कथित IRCTC घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में RJD प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी और बेटे तेजस्वी यादव समेत 9 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए हैं। लाइव लॉ के मुताबिक, स्पेशल जज विशाल गोगने ने गुरुवार को यह आदेश पारित किया।
कोर्ट ने कहा कि राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव के कब्जे में कथित तौर पर अपराध की कमाई से जुड़ी संपत्ति होने और पद के दुरुपयोग का मजबूत संदेह है। कोर्ट के मुताबिक, पटना की जिस जमीन को लेकर मामला है, उसे 2005 से 2014 के बीच तत्कालीन रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव के प्रभाव में उनके परिवार तक पहुंचाया गया था।
रांची और पुरी के होटलों के टेंडर में हेरफेर का आरोप
कोर्ट ने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा संकेत मिलता है कि तत्कालीन रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव के कार्यकाल में रेलवे अधिकारियों ने रांची और पुरी स्थित होटलों की लीज से जुड़े टेंडर में हेरफेर की। इन होटलों के निदेशकों ने पटना की एक जमीन लालू प्रसाद यादव की करीबी सहयोगी सरला गुप्ता को ट्रांसफर की।
बाद में सरला गुप्ता ने इस जमीन से जुड़े शेयर राबड़ी देवी को कथित तौर पर बेहद कम कीमत पर ट्रांसफर किए। कोर्ट ने इन्हीं घटनाक्रमों को मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों से जोड़ते हुए आरोप तय किए हैं।
7 आरोपी डिस्चार्ज
कोर्ट ने लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव समेत कुल 9 लोगों के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप तय किए हैं। वहीं, 7 अन्य आरोपियों को आरोपों से मुक्त कर दिया गया है।
कोर्ट इस मामले में 3 अक्टूबर को औपचारिक रूप से आरोप तय करेगी।
- 10th Sep14:32 ISTनेपाल की इंडस्ट्री मिनिस्टर गौरी यादव ने PM को सौंपा इस्तीफा
नेपाल की उद्योग, वाणिज्य एवं आपूर्ति मंत्री गौरी कुमारी यादव ने गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने सिंह दरबार स्थित प्रधानमंत्री एवं मंत्रिपरिषद कार्यालय में प्रधानमंत्री बालेंद्र (बालेन) शाह को अपना इस्तीफा सौंपा। यादव ने एक दिन पहले ही संसद की उद्योग समिति में देश में गैस की कमी और कालाबाजारी के लिए कारोबारियों तथा गैस उद्योगों को जिम्मेदार ठहराया था। उनके इन बयानों पर विवाद खड़ा हो गया था।
कर्मचारियों पर सहयोग नहीं करने का आरोप
बुधवार को संसदीय समिति की बैठक में गौरी यादव ने आरोप लगाया था कि मंत्रालय के कर्मचारी उनका सहयोग नहीं कर रहे। उनके मुताबिक कर्मचारी उद्योगपतियों के कहने पर काम करते हैं, इसलिए वह कोई काम नहीं कर पा रही थीं। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि कारोबारियों को लाइसेंस देने के बदले कर्मचारियों ने लाखों रुपये लिए हो सकते हैं। यादव ने कहा था कि कारोबारी अब लाइसेंस हासिल करने में खर्च हुई रकम वसूल रहे हैं। नेपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स और गैस उद्योग से जुड़े कारोबारियों ने मंत्री के इन बयानों पर आपत्ति जताई थी।
‘देश को दो से ज्यादा गैस उद्योगों की जरूरत नहीं’
यादव ने समिति के सामने कहा था कि नेपाल में इस समय 58 गैस उद्योग हैं। उन्होंने सवाल किया, 'क्या हम इनकी संख्या बढ़ाकर 59 करने जा रहे हैं? हमारे जैसे देश में दो से ज्यादा गैस उद्योगों की जरूरत नहीं है।' उन्होंने यहां तक कहा था कि बाकी सभी गैस उद्योगों को खत्म कर देना चाहिए। यादव ने स्वीकार किया था कि इन बयानों के कारण उनकी छवि खराब हो सकती है, लेकिन उन्होंने इसे देशहित का मुद्दा बताया था।
गौरी यादवयह किसी पार्टी का नहीं, बल्कि देश का मामला है। देश की बात आने पर हमें पार्टी से आगे बढ़कर काम करना होगा। - 10th Sep14:08 ISTबुमराह फिट, हर्षित राणा बाहर, 13 साल बाद ईस्ट जोन ने जीती दिलीप ट्रॉफी
भारतीय पुरुष चयन समिति ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज और 2026 एशियन गेम्स के लिए चोटिल तेज गेंदबाज हर्षित राणा की जगह यश ठाकुर को टीम में शामिल किया है। गुड न्यूज ये है कि भारत के प्रमुख गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी आगामी मैचों के लिए फिट हो गए हैं और खेलने के लिए उपलब्ध रहेंगे।
तेज गेंदबाज हर्षित राणा बीसीसीआई के 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' (CoE) में अपने रिहैब के दौरान तेजी से रिकवर कर रहे थे,लेकिन 7 सितंबर को एक मैच सिमुलेशन के दौरान गेंदबाजी करते हुए उनकी जांघ की मांसपेशी (रेक्टस फेमोरिस) में खिंचाव आ गया,जिसके चलते वह आगामी दौरों से बाहर हो गए हैं।
विदर्भ के 27 वर्षीय तेज गेंदबाज यश ठाकुर ने हाल ही में जुलाई में जिम्बाब्वे दौरे पर अपना टी20 डेब्यू किया था,जहां उन्होंने दो मैचों में चार विकेट झटके थे। घरेलू टी20 टूर्नामेंट 'सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी' में भी उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है, जहां उन्होंने 50 मैचों में 7.04 की किफायती इकॉनमी रेट से 81 विकेट अपने नाम किए हैं।
अफगानिस्तान टी20 सीरीज के लिए अपडेटेड भारतीय टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, यश ठाकुर।
2026 एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वैभव सूर्यवंशी, यश ठाकुर।
🚨 News 🚨
— BCCI (@BCCI) September 10, 2026
Yash Thakur replaces Harshit Rana in India’s T20Is squads for Afghanistan T20Is & Asian Games
More Details ▶️ https://t.co/qh86ExSbgB#TeamIndia | #AFGvIND | #AsianGamesक्रिकेट के मैदान से एक दिल खुश कर देने वाली खबर आई। ईस्ट जोन ने 13 साल के बाद दिलीप ट्रॉफी कप जीत लिया है। हालांकि इस मैच का कोई नतीजा नहीं निकला पर पहली पारी में बढ़त के आधार पर ईस्ट जोन विजेता घोषित कर दी गई। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के बाद ईशान किशन की कप्तान के रूप में दूसरी ट्रॉफी है। ईशान किशन के शानदार 270 रनों की बदौलत ईस्ट जोन ने 708 रन बनाए थे। साउथ जोन ने पहली पारी में 336 रन तो ईस्ट जोन ने दूसरी पारी में 388 रन बनाए। साउथ जोन की ओर से कप्तान तिलक वर्मा ने 99 रनों की पारी खेली थी।
THE HISTORIC MOMENT 🥹❤️
— Johns. (@CricCrazyJohns) September 10, 2026
- EAST ZONE WON DULEEP TROPHY AFTER 13 YEARS.
Captain Ishan Kishan continues to create history. pic.twitter.com/QGVs9qqpo6




