दिल्ली हादसे पर HC की सख्त टिप्पणी, जर्मनी में AfD की जीत; जानें दिनभर के 5 बड़े अपडेट
सोमवार, 7 सितंबर को देश-दुनिया में कई अहम घटनाएं सुर्खियों में रहीं। दिल्ली के सत्य निकेतन हॉस्टल हादसे में पुलिस ने मालिक को गिरफ्तार किया। वहीं, नेपाल में भीषण बाढ़ में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए राष्ट्रीय शोक मनाया गया।
भारत
दिल्ली हादसे पर HC की सख्त टिप्पणी, जर्मनी में AfD की जीत; जानें दिनभर के 5 बड़े अपडेट
देश-दुनिया से जुड़े बड़े अपडेट्स© ANI
  1. दिल्ली हादसा: दिल्ली के सत्य निकेतन में हॉस्टल हादसे के बाद सोमवार, 7 सितंबर को पुलिस ने हॉस्टल के मालिक हरिराम बंसल को राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ्तार किया है। इस मामले को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में भी सुनवाई हुई। कोर्ट ने कहा कि इस तरह की घटना की जिम्मेदारी केवल PG हॉस्टल के मालिक की नहीं है, बल्कि दिल्ली विश्वविद्यालय प्रशासन और MCD की भी जिम्मेदारी बनती है। 
  2. नेपाल आपदा: नेपाल में भीषण बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए सोमवार को देशभर में राष्ट्रीय शोक मनाया गया। इस दौरान कई जगहों पर लोगों ने मोमबत्तियां जलाकर मृतकों को याद किया। देशभर में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहा। बाढ़ से अब तक कम से कम 1,344 लोगों की मौत हुई है, जबकि करीब 5,000 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान जारी है।
  3. जर्मनी चुनाव: जर्मनी के सैक्सोनी-आनहाल्ट राज्य में दक्षिणपंथी पार्टी अल्टरनेटिव फॉर जर्मनी (AfD) ने विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत दर्ज की है। क्षेत्रीय चुनाव आयोग के शुरुआती आधिकारिक नतीजों के मुताबिक, AfD को 43.8% वोट मिले, जो किसी जर्मन राज्य में पार्टी का अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन है। वहीं, चांसलर फ्रेडरिक मर्ज की क्रिश्चियन डेमोक्रेटिक यूनियन (CDU) सिर्फ 17.2% वोट के साथ दूसरे स्थान पर रही।
  4. रक्षा सौदे को मंजूरी: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में 7 सितंबर 2026 को हुई डिफेंस एक्विजिशन काउंसिल (DAC) की बैठक में सुरक्षा बलों के लिए करीब 1.10 लाख करोड़ रुपये की विभिन्न खरीद योजनाओं को मंजूरी दी गई। DAC की ओर से दी गई कुल AoN मंजूरियों में करीब 98% खरीद भारतीय उद्योग से की जाएगी।
  5. सुप्रीम कोर्ट सख्त: सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को महाराष्ट्र में डॉक्टरों पर बार-बार हो रहे हमलों पर नाराजगी जताई है। शीर्ष अदालत ने कहा कि ऐसे हमलों के पीछे ‘एक ही विचारधारा’ के लोग हैं। अदालत ने यह बात शिवसेना कार्यकर्ताओं की तरफ से डॉक्टरों पर हमले की एक और घटना के संदर्भ में कही। मामले की सुनवाई जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की बेंच कर रही थी। 
  • जर्मनी के राज्य चुनाव में AfD की ऐतिहासिक जीत, चांसलर मर्ज पार्टी को बड़ा झटका

    जर्मनी के सैक्सोनी-आनहाल्ट राज्य में दक्षिणपंथी पार्टी अल्टरनेटिव फॉर जर्मनी (AfD) ने विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत दर्ज की है। क्षेत्रीय चुनाव आयोग के शुरुआती आधिकारिक नतीजों के मुताबिक, AfD को 43.8% वोट मिले, जो किसी जर्मन राज्य में पार्टी का अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन है। वहीं, चांसलर फ्रेडरिक मर्ज की क्रिश्चियन डेमोक्रेटिक यूनियन (CDU) सिर्फ 17.2% वोट के साथ दूसरे स्थान पर रही।

    AfD की जीत के क्या मायने?

    सैक्सोनी-आनहाल्ट में AfD की 43.8% वोट के साथ जीत इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि पार्टी ने पांच साल पहले के मुकाबले अपना वोट शेयर लगभग दोगुना कर लिया है। वहीं CDU 17.2% वोट के साथ दूसरे स्थान पर रही। यह सैक्सोनी-आनहाल्ट में CDU का अब तक का सबसे खराब प्रदर्शन है। 2021 के चुनाव की तुलना में पार्टी ने अपने आधे से ज्यादा वोट गंवा दिए। CDU के किसी भी उम्मीदवार को सीधे निर्वाचन क्षेत्र से जीत नहीं मिली।

    सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी (SPD) 9.3% वोट के साथ तीसरे स्थान पर रही। ग्रीन पार्टी को 8.9% और लेफ्ट पार्टी को 8.6% वोट मिले। वहीं, सहरा वागेनकनेख्त से जुड़ी पार्टी BSW ने 5.3% वोट हासिल कर विधानसभा में प्रवेश के लिए जरूरी सीमा पार कर ली।

    AfD के सामने सरकार बनाने की चुनौती

    AfD बहुमत से थोड़ी दूर है। जर्मनी की मुख्यधारा की ज्यादातर पार्टियां अब तक AfD के साथ गठबंधन या सरकार में सहयोग से इनकार करती रही हैं। वहीं CDU ने लेफ्ट पार्टी के साथ भी सहयोग की संभावना को खारिज कर दिया है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि राज्य में सरकार कैसे बनेगी?

    हालांकि, BSW के समर्थन से AfD पहली बार किसी जर्मन राज्य में सरकार बनाने की स्थिति में आ सकती है। BSW के उम्मीदवार थॉमस शुल्जे ने कहा है कि उनकी पार्टी AfD के साथ सरकार बनाने को लेकर बातचीत के लिए तैयार है। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों दलों के कुछ मुद्दों पर समान विचार हैं, जिनमें रूस के साथ संबंध भी शामिल हैं।

    AfD ने बताया ऐतिहासिक जनादेश

    AfD की सह-अध्यक्ष एलिस वाइडेल ने कहा कि पार्टी को राज्य में सरकार बनाने का जनादेश मिला है। उन्होंने कहा कि AfD उन सभी राजनीतिक ताकतों के साथ काम करने को तैयार है, जो जर्मनी की स्थिति मजबूत करना चाहती हैं। राज्य में AfD के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार उलरिख जीगमुंड ने भी नतीजे को पार्टी के लक्ष्य की बड़ी सफलता बताया।

    CDU के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार और मौजूदा मुख्यमंत्री स्वेन शुल्जे ने अपनी पार्टी की हार स्वीकार करते हुए AfD उम्मीदवार उलरिख जीगमुंड को जीत की बधाई दी।

    मर्ज के लिए भी बड़ा राजनीतिक झटका

    विशेषज्ञों ने CDU की हार को चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के लिए व्यक्तिगत राजनीतिक झटका बताया है। इसे उनकी सरकार की नीतियों, खासकर रूस से जुड़ी नीति के प्रति मतदाताओं की नाराजगी के संकेत के तौर पर भी देखा जा रहा है। जर्मन राजनीतिक वैज्ञानिक अलेक्जेंडर रार ने नतीजों को देश के लिए ‘राजनीतिक भूकंप’ बताया। उनका मानना है कि सैक्सोनी-आनहाल्ट में AfD की सफलता से दूसरे जर्मन राज्यों में भी पार्टी की लोकप्रियता बढ़ सकती है।

  • रक्षा खरीद: DAC ने करीब 1.10 लाख करोड़ रुपये के प्रस्तावों को दी मंजूरी

    रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में 7 सितंबर 2026 को हुई डिफेंस एक्विजिशन काउंसिल (DAC) की बैठक में सुरक्षा बलों के लिए करीब 1.10 लाख करोड़ रुपये की विभिन्न खरीद योजनाओं को मंजूरी दी गई। परिषद ने इन प्रस्तावों के लिए सैद्धांतिक प्रशासनिक मंजूरी दी है।

    भारतीय सेना के लिए केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल और न्यूक्लियर (CBRN) रिकॉनिसेंस व्हीकल, हाई मोबिलिटी व्हीकल (HMV), सेल्फ-प्रोपेल्ड मैकेनिकल माइन लेयर्स (MML), एडवांस्ड लाइट हेलिकॉप्टर (ALH), ट्रॉल टैंक और सर्वत्र ब्रिज सिस्टम की खरीद को मंजूरी दी गई है।

    भारतीय वायुसेना के लिए लड़ाकू विमानों, परिवहन विमानों और हेलिकॉप्टरों की युद्धक क्षमता बढ़ाने से जुड़े कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा ग्राउंड-बेस्ड मल्टी-पर्पज जैमर (GBMPJ) और डिफेंस फोर्सेज सिक्योर एक्सेस कार्ड (DEFSAC) सिस्टम की खरीद और स्थापना को भी मंजूरी मिली है।

    GBMPJ दुश्मन के रडार को प्रभावी तरीके से जाम करने में मदद करेगा। वहीं, DEFSAC मौजूदा कागज आधारित पहचान पत्र, पास और परमिट की जगह रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन (RFID) आधारित स्मार्ट कार्ड सिस्टम लाएगा। यह सिस्टम विभिन्न रक्षा बलों के बीच आपस में काम करने में सक्षम होगा।

    DAC की ओर से दी गई कुल AoN मंजूरियों में करीब 98% खरीद भारतीय उद्योग से की जाएगी।

  • देश की अदालत में आज किन-किन मामलों पर सुनवाई हुई?
    • दिल्ली बिल्डिंग हादसे पर सुनवाई के लिए दिल्ली हाई कोर्ट तैयार हो गया है। याचिका में 1 करोड़ रुपये के मुआवजे और पीजी व हॉस्टलों के ऑडिट की मांग की गई है।
    • दिल्ली की एक अदालत ने चंद्रशेखर आजाद पर की गई टिप्पणी को लेकर यूट्यूबर अजीत भारती के खिलाफ एससी/एसटी (SC/ST) एक्ट के तहत दर्ज मामले में उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है। दिल्ली पुलिस ने अदालत से कहा कि केवल मामला दर्ज होने के आधार पर यह आशंका नहीं होनी चाहिए कि उन्हें गिरफ्तार ही कर लिया जाएगा।
    • शिवसेना नेता से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट ने अहम टिप्पणी करते हुए कहा कि डॉक्टरों पर हमला करने वाले जमानत के हकदार नहीं हैं। सुनवाई के दौरान शीर्ष अदालत ने जोर देकर कहा कि अस्पतालों के भीतर डॉक्टरों पर हमले की घटनाओं को हल्के में नहीं लिया जा सकता।
    • दिल्ली की एक अदालत ने स्वतंत्र भारद्वाज को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इससे पहले दिल्ली हाई कोर्ट ने स्वतंत्र भारद्वाज की ओर से दायर बंदी प्रत्यक्षीकरण (हेबियस कॉर्पस) याचिका पर आज ही आपातकालीन सुनवाई करने की सहमति दी थी।
    • सुप्रीम कोर्ट ने अरावली पहाड़ियों पर विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट जमा करने के लिए छह महीने का समय बढ़ाने की मांग खारिज कर दी है। पहले डेडलाइन 30 नवंबर तक की थी।

  • 10 सेकेंड का वीडियो बनाने वाले आदित्य की हालत नाजुक, दिल्ली बिल्डिंग हादसे से जुड़े बड़े अपडेट्स
    • जिस पीजी में ये हादसा हुआ,उसका मालिक हरिराम पकड़ा गया है। उसे दिल्ली पुलिस ने राजस्थान के भिवाड़ी से हिरासत में लिया है
    • हरिराम के पड़ोसियों का कहना है कि दिल्ली और आसपास के इलाकों में उसकी कई प्रॉपर्टी हैं
    • दिल्ली के सत्या निकेतन में बिल्डिंग हादसे पर सरकार के साथ पुलिस भी ऐक्शन में है। ताजा कार्रवाई में रेखा गुप्ता सरकार ने MCD के 5 अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है
    • कल जिस लड़के ने मलबे के अंदर से वीडियो डाला था, उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। उसका नाम आदित्य कुमार है और इस समय एम्स में भर्ती है
    • दिल्ली बिल्डिंग हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है,वहीं 12 लोगों का रेस्क्यू कर लिया गया है
    पीजी मालिक हरिराम बंसल© ANI

  • इन्हें हिरासत में लिया जाना चाहिए... महाराष्ट्र में डॉक्टरों पर बार-बार हमले में SC ने जताई नाराजगी



    RT© फोटो : ANI

    सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को महाराष्ट्र में डॉक्टरों पर बार-बार हो रहे हमलों पर नाराजगी जताई है। शीर्ष अदालत ने कहा कि ऐसे हमलों के पीछे ‘एक ही विचारधारा’ के लोग हैं। अदालत ने यह बात शिवसेना कार्यकर्ताओं की तरफ से डॉक्टरों पर हमले की एक और घटना के संदर्भ में कही। मामले की सुनवाई जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की बेंच कर रही थी। बार एंड बेंच की रिपोर्ट के अनुसार केस की सुनवाई के दौरान जस्टिस नाथ ने कहा,’एक ही विचारधारा। इसे कैसे सही ठहराया जा सकता है कि आप उनके चैंबर में जाकर उन पर हमला करें, उन्हें बेरहमी से पीटें? यह कानून और सार्वजनिक व्यवस्था, दोनों का मामला है। इसलिए उन्हें हिरासत में लिया जाना चाहिए। ये लोग सड़कों पर घूमने के लायक नहीं हैं।


    अदालत शिवसेना कॉर्पोरेटर रमेश सुक्रिया म्हात्रे पर जुलाई में डोंबिवली में डॉक्टरों के साथ मारपीट करने के मामले की सुनवाई कर रही थी। कोर्ट ने सोमवार को कहा कि कल भी उसी समूह के लोगों की तरफ से डॉक्टरों पर हमले की एक और घटना हुई। बेंच पालघर में शिवसेना कार्यकर्ताओं की तरफ से डॉक्टरों और अस्पताल के कर्मचारियों को धमकाने और उनके साथ मारपीट करने की घटना का जिक्र कर रही थी। बेंच ने कहा कि हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। कल एक और घटना हुई। वही लोगों का समूह। फिर से डॉक्टरों के साथ मारपीट। म्हात्रे की ओर से पेश सीनियर वकील मुकुल रोहतगी ने कहा कि यह लोगों का वही समूह नहीं है। मैंने जांच की है। इसके बाद कोर्ट ने स्पष्ट किया कि वह हमलावरों की राजनीतिक विचारधारा की बात कर रही थी।

  • अमृतसर एयरपोर्ट के पास संदिग्ध ड्रोन मूवमेंट, 7 फ्लाइट्स को डायवर्ट किया



    RT© फोटो : ANI

    अमृतसर एयरपोर्ट पर रविवार रात को ड्रोन देखे जाने के बाद लगभग डेढ़ घंटे तक कामकाज रोक दिया गया। हालात सामान्य होने से पहले सात फ्लाइट को दिल्ली की तरफ डायवर्ट किया गया। श्री गुरु राम दास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट डायरेक्टर अनिरुद्ध कुमार शर्मा ने यह जानकारी दी। शर्मा ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) यूनिट को रात करीब 9:45 बजे भारतीय वायु सेना से सूचना मिली कि एयरफील्ड के ऊपर ड्रोन देखे गए हैं। ड्रोन देखे जाने पर एयरपोर्ट की स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) के तहत एक जॉइंट एक्शन कमेटी को एक्टिवेट किया गया और कंट्रोल टावर में बुलाया गया।

    कमेटी ने तय किया कि ड्रोन की गतिविधि से तय समय पर होने वाली लैंडिंग में रुकावट आ सकती है, इसलिए एयरफील्ड को बंद करने का फैसला लिया गया। रात करीब 9:50 बजे कामकाज रोक दिया गया। एयरपोर्ट डायरेक्टर के अनुसार पंजाब पुलिस और अन्य केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया। शर्मा ने बताया कि कई विमानों के हवा में चक्कर लगाने के कारण सात उड़ानों का रास्ता बदलना पड़ा। इनमें से दो को चंडीगढ़ और पांच को दिल्ली भेजा गया। पुलिस इस घटना की जांच कर रही है।

  • मालिक हरिराम को खोजने के लिए लगाई गईं 10 टीमें, दिल्ली पीजी हादसे के बड़े अपडेट्स
    • सत्य निकेतन में छह लोगों की जान लेने वाली इमारत के मालिक हरिराम के फरार होने के बाद दिल्ली पुलिस ने उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया है।
    • मालिक हरिराम को खोजने के लिए दिल्ली पुलिस की 10 टीमें लगाई गई हैं। 
    • दिल्ली पीजी बिल्डिंग हादसे का मामला अब दिल्ली हाई कोर्ट पहुंच गया है। एक वकील के अनुरोध पर अदालत तत्काल सुनवाई के लिए तैयार हो गया है।
    • सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, 'सार्वजनिक गतिविधियों के लिए इस्तेमाल होने वाली सभी इमारतों जिनमें पीजी,नर्सिंग होम,स्कूल का समय-समय पर स्ट्रक्चरल ऑडिट किया जाएगा।'
    • सीएम ने सख्त लहजे में कहा है कि घटना से संबंधित किसी भी शख्स को नहीं बख्शा जाएगा।
    • मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि सभी अधिकारियों को निलंबित किया जाएगा,ऐसी कार्रवाई करेंगे जो अब तक न हुई हो,सबको जवाब देना होगा।
    • दिल्ली में एक बच्चे का बिल्डिंग हादसे से जुड़ा 10 सेकेंड का वीडियो वायरल है। अच्छी बात है कि बच्चा सुरक्षित है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
    • दिल्ली में हादसे के बाद NDRF अपने खोजी कुत्तों के साथ साइट पर मौजूद है। स्निफर डॉग भी मलबे के बीच पहुंचकर जांच कर रहे हैं।
    • दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सोमवार को साउथ कैंपस के सत्य निकेतन मार्केट में इमारत ढहने के बाद एक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। सफदरजंग अस्पताल से धौला कुआं,आरटीआर (RTR) और बेनिटो जुआरेज मार्ग की तरफ जाने वाले रास्तों पर जाम मिलेगा। इसलिए वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है।
  • हाईवे के कई हिस्से अब भी बंद, शोक में झुका ध्वज... नेपाल आपदा से जुड़े अपडेट्स

    नेपाल में 13 दिन बाद भी जिंदगी सामान्य करने की जंग जारी है। मरने वालों का आंकड़ा 1342 तो वहीं 3992 लोग अब भी लापता हैं। आइए जानते हैं आज नेपाल त्रासदी से जुड़े बड़े अपडेट्स क्या हैं

    कहां-कहां अब भी सड़कें बंद?

    भोटेकोशी में आई बाढ़ के कारण मुख्य हाईवे के कई हिस्से अलग-अलग जगहों पर अब भी बंद हैं।

    नेपाल पुलिस के मुताबिक:

    रसुवा:उत्तरगया गांव पालिका-5 के खलते में बाढ़ के कारण त्रिशूली-मैलुंग-स्याफ्रुबेंसी सड़क प्रभावित हुई है। हालांकि,अब इस रास्ते को एकतरफा (वन-वे) ट्रैफिक के लिए खोल दिया गया है।

    नुवाकोट: शिवपुरी गांव पालिका के घट्टेखोला में बाढ़ और भूस्खलन की वजह से टोखा-छहारे सड़क प्रभावित हुई है। इसी तरह बेत्रावती पालिका-10, सिमटार में भूस्खलन होने से पासांगलहामू सड़क मार्ग भी बंद हो गया है।

    धादिंग: बेनीघाट रोरांग गांव पालिका-7 के कृष्णभीर और गजुरी गांव पालिका-2 के परेवा भीर में भूस्खलन होने से पृथ्वी हाईवे पर असर पड़ा है।

    जवांगखोला: बेनीघाट रोरांग गांव पालिका-10 के पास जवांगखोला सड़क मार्ग को अब एकतरफा (वन-वे) यातायात के लिए खोल दिया गया है।

    भोटेकोशी बाढ़ में जान गंवाने वालों के सम्मान में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुकाया जाएगा

    रसुवा में भोटेकोशी नदी में आई बेहद भयानक बाढ़ में मारे गए लोगों के सम्मान में आज राष्ट्रीय शोक मनाया जा रहा है। सिंह दरबार स्थित प्रधानमंत्री तथा मंत्रिपरिषद कार्यालय में 18 भाद्र को हुई कैबिनेट बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि भाद्र 20 को भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ में जान गंवाने वालों के सम्मान में राष्ट्रीय शोक रखा जाएगा।

    इसके तहत आज पूरे नेपाल के सभी सरकारी कार्यालयों और विदेशों में स्थित नेपाली दूतावासों व मिशनों में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा।

    बाढ़ पीड़ितों को घर के किराए के लिए देगी 10,000 रुपये

    भोटेकोशी से होकर त्रिशूली नदी में आई अचानक बाढ़ से प्रभावित परिवारों को नुवाकोट की विदुर नगरपालिका मकान किराए के लिए 10,000 रुपये की सहायता राशि देगी। नगर कार्यपालिका की 134वीं बैठक में यह फैसला लिया गया कि विदुर नगरपालिका के जिन निवासियों के पास अब रहने लायक घर नहीं बचा है,उन्हें फौरी तौर पर प्रति परिवार 10,000 रुपये का किराया दिया जाएगा।

    इसके अलावा,ऐसे परिवारों को जरूरी खाद्य सामग्री,कपड़े,किचन सेट, हाइजीन किट (साफ-सफाई का सामान) और अन्य जरूरी चीजें भी मुहैया कराई जाएंगी।

  • 'अमेरिका धमकाना बंद कर दे,हम स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोल देंगे', ईरान के अधिकारी ने कर दिया ऐलान

    ईरान होर्मुज स्ट्रेट खोलने पर राजी है पर उसकी एक शर्त है। सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव मोहसिन रजाई ने साफ कहा है कि अगर अमेरिका ईरान को धमकाना या उस पर हमले करना बंद कर दे,तो तेहरान होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को खुला रखेगा।

    रजाई ने कहा,

    ”ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखने के लिए तभी प्रतिबद्ध रहेगा,जब अमेरिका न तो ईरान को धमकाएगा और न ही उस पर हमला करेगा।”

    उन्होंने यह भी बताया कि ईरान आने वाले दिनों में होर्मुज जलडमरूमध्य के बाहर एक नया प्रतिबंधित समुद्री क्षेत्र बनाने की योजना बना रहा है,जिससे प्रतिबंधों का दायरा फारस की खाड़ी के कुछ हिस्सों तक बढ़ सकता है। उन्होंने कहा,

    ”यह क्षेत्र अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी रेखा से शुरू होकर फारस की खाड़ी के कुछ हिस्सों तक फैलेगा।”

    ईरानी सुरक्षा प्रमुख ने चेतावनी दी कि इस नए घोषित क्षेत्र में प्रवेश करने वाले जहाजों पर प्रतिबंध लगाए जाएंगे।

    “इस नए क्षेत्र में प्रवेश करने वाले किसी भी जहाज को प्रतिबंधों की सूची में डाल दिया जाएगा।”

  • 6 की मौत, NDRF के खोजी कुत्ते भी पहुंचे, दिल्ली हादसे के बड़े अपडेट्स

    सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना पर NSUI अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने दिल्ली सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने एएनआई से बातचीत में कहा कि यह एक बहुत बड़ी नाकामी है कि छात्रों को अभी तक मलबे से बाहर नहीं निकाला जा सका है। हम किसी दूर-दराज के गांव में नहीं, बल्कि देश की राजधानी दिल्ली में बैठे हैं।

    उन्होंने आगे कहा कि आपका पूरा सिस्टम फेल हो चुका है क्योंकि आपके पास कोई आपदा प्रबंधन योजना नहीं है,कोई मैनेजमेंट नहीं है,आपके पास कुछ भी नहीं है। आपके पास उन बच्चों को बाहर निकालने के लिए जरूरी उपकरण तक नहीं हैं। यहां तक कि एक सही टीम भी मौजूद नहीं है।

    उन्होंने पूछा-मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता कहां हैं? बांसुरी स्वराज सिर्फ पांच मिनट रुकीं और रेखा गुप्ता आधे घंटे। इनकी कोई जवाबदेही नहीं है। हमारी मांग है कि इन सभी प्राइवेट पीजी (PG) को तुरंत तोड़ा जाए और उनकी जगह नए सरकारी हॉस्टल बनाए जाएं। साथ ही उन्होंने मांग की कि जिन परिवारों ने अपने बच्चों को खोया है उन्हें उचित मुआवज़ा दिया जाए, घायल छात्रों का सबसे बेहतरीन इलाज कराया जाए और इस हादसे के ज़िम्मेदार लोगों के खिलाफ सबसे कड़ी कार्रवाई की जाए।

    स्निफर डॉग्स के साथ पहुंचा NDRF

    इसके अलावा दिल्ली के सत्य निकेतन में आज सुबह से ही राहत एवं बचाव कार्य जारी है। इस बीच NDRF के खोजी कुत्तों यानी स्निफर डॉग्स की भी मदद ली जा रही है। उन सभी संभावित जगहों की बारीकी से जांच की जा रही है जहां लोगों के दबे होने की आशंका है।

    11 में 6 ने तोड़ा दम

    दिल्ली के एम्स ट्रामा सेंटर की ओर से जारी ताजा बयान की मानें तो हादसे के बाद कुल 11 घायलों को लाया गया था जिसमें 6 की मौत हो चुकी है तो वहीं 5 का इलाज जारी है। जारी बयान के अनुसार,

    दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत ढहने के बाद 11 घायलों को जेपीएन एपेक्स ट्रॉमा सेंटर (एम्स) लाया गया था। इन 11 मरीजों में से 5 को मृत लाया गया था,जबकि 1 गंभीर रूप से घायल मरीज ने बाद में दम तोड़ दिया। तीन मरीजों को भर्ती कर उनका इलाज किया जा रहा है,जिनमें से एक मरीज के हाथ/पैर की सर्जरी हुई है। एक अन्य मरीज को मामूली चोटें आई थीं,जिसे प्राथमिक जांच के बाद छुट्टी दे दी गई।

    ड्रोन की नजर से देखिए दिल्ली बिल्डिंग हादसे के बाद का मंजर

ताज़ा ख़बरें