रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ ऐतिहासिक त्रिपक्षीय बैठक के बाद मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बैठक में बनी सहमति से लेकर अन्य मुद्दों पर अपनी बात रखी।
दुनिया के तीन सबसे ताकतवर नेताओं की यह महाबैठक चीन के दक्षिणी शहर शनचन में आयोजित 33वें एशिया-पैसिफिक इकोनॉमिक कोऑपरेशन (APEC) समिट के दौरान हुई। करीब 90 मिनट तक चली इस बैठक के बाद तीनों नेताओं ने एक जॉइंट डिक्लेरेशन भी जारी किया।
पुतिन ने बताया कि शी जिनपिंग और डोनाल्ड ट्रंप के साथ बैठक में कई अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा हुई। इनमें मुख्य रूप से ये मुद्दे शामिल थे:
- संयुक्त राष्ट्र (UN) में सुधार की जरूरत
- परमाणु हथियारों के प्रसार को रोकना
- ICC जैसी संस्थाओं के कथित गैरकानूनी कामकाज का मुद्दा
❗️पुतिन: 🇷🇺🇨🇳🇺🇸 त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन कूटनीति के इतिहास का एक अहम अध्याय है। APEC समिट के दौरान ट्रंप और जिनपिंग से मुलाकात के बाद रूस के राष्ट्रपति पुतिन का बड़ा बयान- कई अहम मुद्दों पर 'आपसी सहमति' बनी है और जल्द ही आगे भी एक बैठक होनी चाहिए। https://t.co/gXI7tSGf0u
— RT Hindi (@RT_hindi_) November 19, 2026
तीनों नेताओं की बैठक को पुतिन ने बताया 'कूटनीति का नया पन्ना'
बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पुतिन ने तीनों नेताओं की मुलाकात को कूटनीति के इतिहास का एक अहम पल बताया। पुतिन ने कहा, “यह कूटनीति के इतिहास का एक नया पन्ना है।” उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इस तरह की त्रिपक्षीय बैठकें होंगी।
UN में सुधार और ICC के कामकाज पर तीनों देश एकमत
प्रेस ब्रीफिंग के दौरान पुतिन ने जानकारी दी कि शेनझेन की इस बैठक में संयुक्त राष्ट्र (UN) में सुधार, परमाणु हथियारों के अप्रसार और अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (ICC) के कामकाज जैसे बड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
पुतिन ने बताया कि तीनों नेता इस बात पर सहमत हैं कि संयुक्त राष्ट्र में सुधार की जरूरत है और परमाणु हथियारों में कटौती के मुद्दे को सुलझाया जाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुद्री कानून के सभी मानदंडों का समर्थन करने की बात भी दोहराई।
अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (ICC) पर निशाना साधते हुए पुतिन ने कहा,
⚡️UN में सुधार करना और इसे मजबूत बनाना 'जरूरी' है: पुतिन रूस के राष्ट्रपति ने कहा कि इस संगठन के कामकाज को "आज की वास्तविकताओं के मुताबिक ढालना" होगा। उन्होंने कहा कि हमने सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा की है, जिसमें सामूहिक विनाश के हथियारों और परमाणु हथियारों के फैलाव को रोकना शामिल है। हमने समुद्र में आवाजाही की स्वतंत्रता से जुड़े कुछ मुद्दों पर भी बात की। हम अंतरराष्ट्रीय समुद्री कानून के सभी नियमों का पालन किए जाने का समर्थन करते हैं।
— RT Hindi (@RT_hindi_) November 19, 2026
यूक्रेन संघर्ष और पश्चिमी देशों के रुख पर बोले पुतिन
यूक्रेन संकट पर बात करते हुए पुतिन ने स्पष्ट किया कि रूस इस संघर्ष के समाधान के रूप में स्थायी शांति स्थापित करना चाहता है। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि कीव (यूक्रेन) और यूरोप फिलहाल इस संकट को सुलझाने के लिए समझौता करने को तैयार नहीं हैं, लेकिन उम्मीद है कि वे आखिरकार इसके लिए राजी हो जाएंगे।
पुतिन के मुताबिक, यूक्रेनी प्रशासन के संघर्ष जारी रखने के पीछे एक बड़ा राजनीतिक कारण है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन इसलिए लड़ाई जारी रखना चाहता है, क्योंकि संघर्ष रुकते ही उन्हें देश में चुनाव कराने पड़ेंगे।
⚡️पुतिन: अमेरिका ने यूक्रेन के साथ समझौते के लिए जो सुझाव दिए हैं, उसे रूस पूरी तरह से मानने के लिए तैयार है। पुतिन ने कहा, "सवाल यह है कि क्या इस संघर्ष में शामिल दूसरे पक्ष- यानी यूक्रेन और उसके यूरोपीय समर्थक- इन समझौतों को मानने के लिए तैयार हैं या नहीं।" https://t.co/x5OZ3BdlA8
— RT Hindi (@RT_hindi_) November 19, 2026
पुतिन ने क्रीमिया ब्रिज पर यूक्रेन के ड्रोन हमलों का बदला लेने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि रूस की जवाबी कार्रवाई यूक्रेन के अधिकारियों के लिए इन हमलों से कई गुना ज्यादा दर्दनाक होगी। इस हफ्ते क्रीमिया ब्रिज को कई बार ड्रोन से निशाना बनाया गया था।
पुतिन ने कहा कि क्रीमिया को रूस की मुख्य भूमि से जोड़ने वाला 19 किलोमीटर लंबा यह पुल पूरी तरह से एक नागरिक ढांचा है। उन्होंने कहा कि हमलों से पुल को जो नुकसान पहुंचा है, उसकी मरम्मत कराई जाएगी।
यूरोपीय देशों पर भी साधा निशाना
पुतिन ने यूरोपीय देशों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यूरोप के नेता लगातार यह दावा कर रहे हैं कि 2030 से पहले रूस और यूरोप के बीच युद्ध छिड़ सकता है, जबकि रूस का ऐसा कोई इरादा नहीं है।
पुतिन ने कहा कि अमेरिका रूस से यूरोपीय देशों के साथ रिश्ते सुधारने की अपील कर रहा है, जबकि रूस ने कभी इन देशों के साथ अपने संबंध खराब नहीं किए। उन्होंने यह भी कहा कि यूरोपीय संघ (EU) और ब्रिटेन के लोग सैन्यीकरण और युद्ध नहीं चाहते, खासकर रूस के साथ युद्ध।
⚡️पुतिन: 'रूस को लेकर चल रही अनर्गल बयानबाजी अब बंद होनी चाहिए।' रूस के राष्ट्रपति ने कहा, "वे यूरोप पर किसी तरह के हमलों के बारे में क्या कह रहे हैं? हर कोई समझता है कि हम यूरोप के साथ युद्ध नहीं चाहते, यह पूरी तरह से बकवास है।" https://t.co/1DW7f8BlpJ
— RT Hindi (@RT_hindi_) November 19, 2026
'बैठक का माहौल सकारात्मक रहा'
अमेरिका के साथ संबंधों को लेकर पुतिन काफी सकारात्मक नजर आए। उन्होंने भरोसा जताया कि डोनाल्ड ट्रंप रूस और अमेरिका के रिश्तों को फिर से बहाल करने में सच्ची दिलचस्पी रखते हैं।
ट्रंप के साथ अपने तालमेल पर जोर देते हुए उन्होंने कहा, “ट्रंप के साथ हमारे सिविलाइजेशनल वैल्यूज (सभ्यतागत मूल्य) एक जैसे हैं, जिससे साझा जमीन तलाशना आसान हो गया।”
उन्होंने आगे कहा कि हालांकि अमेरिकियों के साथ अंतिम और निर्णायक समझौते पर पहुंचना हमेशा आसान नहीं होता, लेकिन ट्रंप प्रशासन का रवैया उम्मीद जगाता है। पुतिन ने आगे कहा, “बिल्कुल भी समझौता न होने के मुकाबले कुछ समझौता होना बेहतर है, भले ही सभी बातों को आखिरी अंजाम तक न पहुंचाया जा सके।”
ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार देने पर पुतिन ने क्या कहा?
पुतिन ने बताया कि उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित करने के विचार पर उनसे मजाकिया अंदाज में चर्चा की थी।
पुतिन ने नोबेल शांति पुरस्कार के चयन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कई बार यह पुरस्कार किसी व्यक्ति के शांति के लिए किए गए वास्तविक योगदान के बजाय राजनीतिक कारणों से दिया गया है।
उन्होंने कहा कि रूस में भी शांति के क्षेत्र में योगदान देने वालों को सम्मानित करने के लिए पुरस्कार दिए जाते हैं। इनके विजेताओं का चयन निष्पक्ष जूरी करती है। पुतिन ने सवाल उठाया कि क्या आज नोबेल शांति पुरस्कार की पहले जैसी अहमियत रह गई है?
उन्होंने यह भी कहा कि नोबेल पुरस्कार के पीछे मौजूद संपत्ति का संबंध रूस से है, क्योंकि अल्फ्रेड नोबेल ने अपनी दौलत रूस में कमाई थी।
AI के मामले में रूस मदद कर सकता है: पुतिन
शनचन समिट के बाद पुतिन ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में रूस ने काफी काम किया है और वह अपना अनुभव दूसरे देशों के साथ शेयर कर सकता है।
उन्होंने रूस के प्रमुख बैंक Sberbank और टेक कंपनी Yandex में AI के क्षेत्र में हो रहे काम का जिक्र किया। पुतिन ने कहा कि AI के विकास के लिए बड़ी मात्रा में बिजली की जरूरत होती है और इसकी आपूर्ति करने की क्षमता रूस के लिए एक बड़ी ताकत है।
पुतिन ने यह भी बताया कि उन्होंने जिनपिंग और ट्रंप के साथ AI के इस्तेमाल से जुड़े सुरक्षा पहलुओं पर चर्चा की। तीनों नेताओं का मानना था कि AI के कुछ इस्तेमाल ऐसे हैं, जिनसे सुरक्षा संबंधी खतरे पैदा हो सकते हैं। इसलिए उन पर ज्यादा सावधानी से नजर रखने की जरूरत है।
यह भी पढ़ें- पुतिन, ट्रंप और जिनपिंग... चीन में चल रही APEC समिट के ये हैं EPIC मोमेंट्स





