Live 418 टीमें तैनात, 3 लाख लोग सुरक्षित जगह भेजे गए... तूफान अकवान पर क्या अपडेट?
साल का तीसरा तूफान अकवान आज अपना असर दिखाने वाला है। ओडिशा का मौसम बदल चुका है। तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही है। 47 ट्रेनें कैंसिल हुईं तो फ्लाइट्स पर भी असर पड़ा है। भारी संख्या में लोगों को शिफ्ट किया गया है। 'अक्वान' से जुड़े हर अपडेट्स के लिए बने रहिए हमारे साथ।
भारत

LIVE अपडेट्स

अक्वान की दस्तक से पहले सीएम ने ली मीटिंग: मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने आगामी चक्रवात ‘अकवान’ से निपटने की तैयारियों और राहत उपायों को लेकर एक मीटिंग की। समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने बताया कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, चक्रवात ‘अकवान’ के शुक्रवार दोपहर गोपालपुर के पास हरिपुर में तट से टकराने (लैंडफॉल) की संभावना है। स्थिति से निपटने के लिए राज्य के 20 जिलों में व्यापक तैयारियां और बचाव के उपाय किए गए हैं।

राहत और बचाव कार्य के लिए 418 टीमें तैनात:जमीनी स्तर पर तेजी से राहत और बचाव कार्य करने के लिए कुल 418 टीमें तैनात की गई हैं। इनमें 60 ओड्राफ (ODRAF) टीमें, 14 एनडीआरएफ (NDRF) टीमें, 216 दमकल सेवा (फायर सर्विस) की टीमें और ओडिशा वन विकास निगम (OFDC) की 128 पेड़ काटने वाली टीमें शामिल हैं। इसके अलावा, दमकल सेवा की 28 अतिरिक्त टीमों को तैयार (स्टैंडबाय पर) रखा गया है।

लैंड्सलाइड के खतरे वाले 941 गांवों की पहचान:ओआरएसएसी (ORSAC) के माध्यम से 6 जिलों—गंजम, गजपति, रायगढ़ा, कंधमाल, मलकानगिरी और कोरापुट में भूस्खलन के खतरे वाले कुल 941 गांवों की पहचान की गई है। इन गांवों के निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के इंतजाम किए गए हैं। कंधमाल और गजपति जिलों से सुरक्षित निकाले गए ज्यादातर लोग इन्हीं भूस्खलन संभावित इलाकों के रहने वाले हैं।

नक्शे से समझिए तूफान का असर

47 ट्रेनें रद्द या रिशेड्यूल: मुख्यमंत्री मांझी ने यह भी जानकारी दी कि 47 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं और 28 ट्रेनों के समय में बदलाव (रीशेड्यूल) किया गया है। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य के लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी विभाग हाई अलर्ट पर हैं और पूरी तरह से तैयार हैं।

  • ग्राफिक्स से समझें तूफान अकवान कहां और कितना असर डालेगा

    तूफान आकवान

  • आंध्र प्रदेश और ओडिशा ही नहीं इन राज्यों में भी बदलेगा मौसम

    उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश: 20 नवंबर को उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

    ओडिशा: 20 नवंबर को ओडिशा के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश (≥21 सेमी) होने की संभावना है।

    21 नवंबर को इसमें कमी आने की उम्मीद है और उत्तरी ओडिशा के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

    छत्तीसगढ़: 20 और 21 नवंबर को पूर्वी छत्तीसगढ़ के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है।

    पश्चिम बंगाल: 20 नवंबर को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश, जबकि 21 नवंबर को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है।

    झारखंड: 20 नवंबर को अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और 21 नवंबर को दक्षिणी झारखंड के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है।

    बिहार: 20 नवंबर को दक्षिण-पूर्वी बिहार के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है।

  • लैंडफॉल प्रोसेस शुरू, अकवान तूफान पर क्या है ताजा अपडेट

    मौसम विभाग ने ताजा अपडेट देते हुए बताया कि तूफान अकवान के तट से टकराने (लैंडफॉल) की प्रक्रिया शुरू हो गई है और अगले 3 घंटों तक जारी रहेगी। अकवान की आहट ने ओडिशा का मौसम भी बदल दिया है। वहां लगातार तेज हवाएं चल रही हैं और बारिश भी जारी है।

    toofan
    चक्रवात के तट से टकराने यानी लैंडफॉल की प्रक्रिया शुरू हो गई है और अगले 3 घंटों तक जारी रहेगी।
    मौसम विभाग
    मौसम विभाग

    ओडिशा में सरकार की क्या है तैयारी

    दक्षिणी संभाग के राजस्व संभागीय आयुक्त (RDC) विजय अमृता कुलंगे ने कहा,

    “चक्रवात अकवान अभी गोपालपुर के पास है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुमान के अनुसार, इसका लैंडफॉल (तट से टकराना) मुख्य रूप से गोपालपुर में ही होगा। हम अभी भी इस पर नजर रख रहे हैं। पहले दिन से ही इस चक्रवात का रास्ता बहुत अनिश्चित रहा है। इसलिए हम IMD और विशेष राहत आयुक्त (SRC) कार्यालय के निर्देशों और पूर्वानुमानों की लगातार निगरानी कर रहे हैं।

    सवा लाख से ज्यादा लोग सुरक्षित बाहर निकाले गए

    विजय अमृता कुलंगे ने आगे बताया कि अब तक गंजम में हमने 1,38000 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है और उन्हें सुरक्षित चक्रवात राहत केंद्रों (साइक्लोन रेस्क्यू शेल्टर) में पहुंचाया है। हमने वहां पके हुए भोजन और पीने के साफ पानी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की है। साथ ही, स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या से बचने के लिए सभी की 100% मेडिकल जांच भी की गई है। यदि किसी को स्वास्थ्य से जुड़ी कोई परेशानी पाई गई, तो उन्हें स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों में भेजा गया है।

    विजय अमृता कुलंगे ने आगे बताया कि गजपति में 22,000 से अधिक और कंधमाल में 13,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। हमारा मुख्य उद्देश्य यह है कि किसी भी तरह की जनहानि न हो,चाहे वह इंसानों की हो या जानवरों की। हम इसका पूरा ध्यान रख रहे हैं और इसके लिए हमने प्रमुख स्थानों पर मैदान में अलग-अलग टीमों को भी तैनात किया है।

    उन्होंने आगे कहा कि हमने पहले से ही पहाड़ी और ढलान वाले इलाकों के साथ-साथ उन सभी जगहों की पहचान कर ली थी जहां लैंडस्लाइड की आशंका है। हमने इन सभी इलाकों को खाली करा लिया है और हम विशेष रूप से गंजम पर नजर रख रहे हैं, क्योंकि लैंडफॉल गंजम में ही होने की संभावना है। हम सड़क यातायात की भी निगरानी और नियंत्रण कर रहे हैं।

  • अगले 2 घंटे में तट से टकराएगा तूफान अकवान

    आईएमडी की ताजा अपडेट

  • 3 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया- सीएम मांझी

    मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने बताया कि अब तक 3 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। इसके अलावा, 4170 गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित आश्रय स्थलों पर भेजा गया है, जिनमें से 1317 महिलाओं ने नवजात शिशुओं को जन्म दिया है। राज्य भर में कुल 9341 चक्रवात साइक्लोन शेल्टर तैयार रखे गए हैं, जिनमें से 2623 को पहले ही चालू कर दिया गया है।

    ओडिशा तट के पास फंसे आंध्र प्रदेश के कुछ मछुआरों के संबंध में मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय तटरक्षक बल (इंडियन कोस्ट गार्ड) की मदद से उनकी सुरक्षा के सभी इंतजाम कर लिए गए हैं और उन्हें सुरक्षित रूप से गंजम जिले में लाने के कदम उठाए जा रहे हैं।

    समीक्षा के दौरान, मुख्यमंत्री ने जमीनी हालात और तैयारियों के बारे में जानकारी लेने के लिए पुरी के जिला कलेक्टर (डीएम) से फोन पर बात की और उन्हें हबिष्यालियों (कार्तिक व्रत करने वाली बुजुर्ग महिलाओं) की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।

  • मौसम विभाग ने बताया कब दस्तक देगा तूफान अकवान

    मौसम विभाग ने साल के तीसरे तूफान अकवान को लेकर ताजा अपडेट दी है। आईएमडी ने बताया कि पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना भीषण चक्रवाती तूफान अकवान (Akvan) पिछले 6 घंटों के दौरान 21 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा, जिसके बाद यह कमजोर होकर एक चक्रवाती तूफान (Cyclonic Storm) में बदल गया है।

    कितनी होगी रफ्तार?

    मौसम विभाग ने बताया कि आज इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते रहने की संभावना है और यह दोपहर से पहले गोपालपुर के करीब उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों को पार कर सकता है। इस दौरान हवा की अधिकतम गति 70-80 किमी प्रति घंटा रहने और इसके 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंचने का अनुमान है।

    IMD ने बताया कि ताजा सैटेलाइट तस्वीरों से संकेत मिलता है कि चक्रवाती तूफान से जुड़े बादलों के समूह के उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों में प्रवेश करने के साथ ही इसका जमीन से संपर्क (लैंड इंटरेक्शन) शुरू हो गया है। विशाखापत्तनम और गोपालपुर में लगे डॉपलर मौसम रडार (Doppler Weather Radar) के जरिए इस सिस्टम की लगातार निगरानी की जा रही है। ओडिशा में इसके असर से भुवनेश्वर शहर में भारी बारिश और तेज हवाएं चल रही हैं।