रात का वक्त है। रियाद की सड़कों पर अंधेरा पसरा है। आसमान को छूती 80 मंजिला इमारतें दूर से चमकती नजर आ रही हैं। तभी अचानक आसमान में एक तेज रोशनी दिखाई देती है और अगले ही पल गगनचुंबी इमारतों के बीच जोरदार धमाका होता है। कुछ सेकेंड में पूरा मंजर बदल जाता है। यह वीडियो सऊदी अरब की राजधानी रियाद का है, जहां हूतियों ने क्रूज मिसाइल से PIF (पब्लिक इन्वेस्टमेंट फंड) टावर को निशाना बनाया। दिन की रोशनी में जब तस्वीरें सामने आईं तो इमारत की टूटी खिड़कियां और नुकसान साफ नजर आया।
यह हमला इसलिए भी अहम है क्योंकि हूतियों की पहुंच अब सऊदी अरब के आर्थिक केंद्रों तक दिखाई दे रही है। कुछ दिन पहले भी रियाद के किंग अब्दुल्ला फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट में अरामको की इमारत को नुकसान पहुंचा था। सवाल है कि सऊदी अरब की राजधानी तक हूतियों की मिसाइलें कैसे पहुंच रही हैं?
हमला कब हुआ, कितना नुकसान?
सऊदी सरकारी मीडिया के अनुसार, यह हमला गुरुवार को हुआ जिससे टावर की आठ मंजिलों को नुकसान पहुंचा है और इसका एक हिस्सा मुड़कर क्षतिग्रस्त हो गया है। इस हमले में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, हालांकि, हमले के बाद शहर के किंग अब्दुल्ला फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट को बंद कर दिया गया है।
हमले के बाद हूतियों ने क्या बताया?
हूती सेना के प्रवक्ता याह्या सारी ने एक बयान में कहा,
'अल्लाह की रहमत से, हमारी सेनाएं सऊदी की राजधानी रियाद में खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और फाइनेंशियल सेंटर को बड़ी संख्या में क्रूज मिसाइलों से निशाना बनाने में सफल रहीं और सटीक हमले किए। यह हमला हमारे प्यारे देश में सऊदी की ओर से नागरिक ठिकानों को निशाना बनाए जाने के जवाब में किया गया है।'
The @PIFSaudi #PIF Tower sustained relatively minor damage compared with @Aramco headquarters. Social media and @SaudiDCD photos show blown-out windows and localized damage to the tower’s exterior steel diagrid lattice. Most of the building appears structurally intact. https://t.co/Gq9Y9tYeqm
— Basha باشا (@BashaReport) November 19, 2026
सऊदी की दूसरी सबसे ऊंची इमारत
एक कथित वीडियो फुटेज में उस पल को कैद किया गया है जब एक मिसाइल इस 80 मंजिला टावर से टकराई। इस टावर का निर्माण 2021 में सऊदी अरब के पब्लिक इन्वेस्टमेंट फंड (PIF) ने कराया था। पीआईएफ टावर रियाद की सबसे ऊंची इमारत है और मक्का के क्लॉक टावर के बाद सऊदी अरब की दूसरी सबसे ऊंची इमारत है। PIF Tower (पब्लिक इन्वेस्टमेंट फंड टावर) पहले CMA Tower के नाम से जाना जाता था। यह लगभग 385 मीटर (1,260 फीट) ऊंची इमारत है। लगभग 72–80 मंजिलें हैं।

यह टावर केवल ऑफिस की बिल्डिंग बस नहीं है, यह सऊदी अरब के Vision 2030, वित्तीय क्षेत्र के विकास और रियाद को वैश्विक व्यापार-निवेश केंद्र बनाने की दिशा का प्रतीक भी है। KAFD को लगभग $10 बिलियन का commercial development बताया गया है, और PIF Tower उसका केंद्रीय हिस्सा है।
इससे दो हफ्ते से भी कम समय पहले, हूती सेना ने ड्रोन और क्रूज मिसाइलों से रियाद स्थित सऊदी अरब की सरकारी तेल कंपनी अरामको के मुख्यालय को नुकसान पहुंचाया था। टूटी हुई खिड़कियों और इमारत को हुए स्पष्ट नुकसान की तस्वीरों और वीडियो के बावजूद, सऊदी सरकार ने यह कहते हुए उस हमले को खारिज कर दिया था कि इससे केवल “मामूली नुकसान” हुआ है।
इसी तरह गुरुवार को भी, यमन में हूतियों के खिलाफ सऊदी सैन्य अभियान के प्रवक्ता ने दावा किया कि रियाद पर दागी गई मिसाइलों को हवा में ही “नष्ट (इंटरसेप्ट) कर दिया गया” था और जो भी नुकसान हुआ है, वह गिरते हुए मलबे के कारण हुआ है।





