एक केला लेकर 4 देश घूम आए आर्मेनिया के प्रधानमंत्री, लेकिन क्यों?
एक केला, चार देश और एक प्रधानमंत्री... मामला कुछ ऐसा है कि एक केला पूरी दुनिया में वायरल हो गया है। इसकी कहानी भी बेहद दिलचस्प है।
दुनिया
एक केला लेकर 4 देश घूम आए आर्मेनिया के प्रधानमंत्री, लेकिन क्यों?
कैमरे पर केला खाते हुए आर्मीनिया के प्रधानमंत्री निकोल पाशिनयान। (वायरल वीडियो से लिया गया स्क्रीनशॉट)

एक केला, एक प्रधानमंत्री और 4 देश... इससे दिलचस्प वाकया शायद आपने जिंदगी में इससे पहले कभी नहीं सुना होगा। कहानी एक ऐसे केले की है, जिसने 4 देशों की यात्रा की। आर्मेनिया के प्रधानमंत्री निकोल पाशिन्यान इस केले को अपने साथ लेकर 4 देशों में घूमे। आखिर ऐसी क्या वजह थी कि आर्मेनिया के प्रधानमंत्री इस केले को अपने कोट की जेब में लेकर टहल रहे थे? करीब एक हफ्ते बाद प्रधानमंत्री निकोल इस केले को लेकर अपने देश लौट आए। फिर कैमरे के सामने केले को निकालकर उन्होंने जो किया, वह वीडियो पूरी दुनिया में वायरल हो गया।

केले ने कैसे की 4 देशों की यात्रा

COP31 जलवायु शिखर सम्मेलन के दौरान 11-12 नवंबर को आर्मेनिया के प्रधानमंत्री निकोल पाशिन्यान तुर्किये के अंताल्या शहर गए थे। वहां उन्हें तुर्किये के अनामुर क्षेत्र में उगा एक स्थानीय केला परोसा गया। उन्होंने उसे तुरंत खाने के बजाय अपनी जेब में रख लिया। इसके बाद वे इस केले को अपने साथ लेकर 4 देशों की यात्रा पर निकल पड़े।

उनकी यात्रा तुर्किये के अंताल्या से शुरू हुई। फिर आयरलैंड (डबलिन), भारत और कंबोडिया (नोम पेन्ह) होते हुए वे आर्मेनिया के येरवन आ गए। इस दौरान केला करीब 7 दिन में 4 देश घूम आया। फिर प्रधानमंत्री ने 17-18 नवंबर को एक वीडियो बनाते हुए इस केले को अपनी जेब से निकाला और खा लिया। इसके बाद उसका वीडियो पोस्ट कर दिया। फिर यह पूरी दुनिया में वायरल हो गया।

केले के आयात को लेकर चर्चा शुरू

अंतरराष्ट्रीय कूटनीति और शिखर सम्मेलनों की गंभीर खबरों के बीच एक केले की अनोखी विदेश यात्रा सुर्खियों में आ गई। प्रधानमंत्री पाशिन्यान इस केले को तुर्किये से अपने साथ लेकर निकले थे। करीब एक हफ्ते तक इसे अपनी जेब में रखकर वे कई देशों में घूमे और आखिर में अपने देश लौटकर इसे खा लिया। लेकिन केले की यह यात्रा सिर्फ एक दिलचस्प किस्सा बनकर नहीं रह गई। इसे लेकर आर्मेनिया में तुर्किये से केले के आयात पर भी चर्चा शुरू हो गई।

प्रधानमंत्री ने वीडियो साझा कर क्या लिखा?

येरवन लौटने के बाद प्रधानमंत्री पाशिन्यान ने सोशल मीडिया पर यह वीडियो शेयर किया। उन्होंने मजाकिया अंदाज में केले की इस यात्रा की तुलना मशहूर खोजकर्ता फर्डिनेंड मैगेलन की विश्व यात्रा से की। वीडियो में उन्होंने केले को छीलकर खाया और इस तरह उसकी ‘विश्व यात्रा’ पूरी की।

इस केले से जुड़ा है पुराना सियासी इतिहास

साल 2018 में सत्ता में आने के बाद पाशिन्यान सरकार ने दावा किया था कि देश में केले के आयात पर एकाधिकार खत्म हुआ है और प्रतिस्पर्धा बढ़ने से कीमतें गिरी हैं। यूरोपीय पुनर्निर्माण और विकास बैंक (EBRD) व स्थानीय मीडिया के आंकड़ों के मुताबिक, 2015 से 2018 के बीच आयातकों की संख्या 16 से बढ़कर 28 हो गई थी। सबसे बड़े आयातक की बाजार हिस्सेदारी 57% से घटकर 30% के आसपास रह गई थी और केले की कीमतों में 49% की भारी गिरावट आई थी।

उस दौर में घरेलू राजनीति में यह चर्चा भी छिड़ी थी कि बाजार में तुर्किये के केले आ रहे हैं। हालांकि, संयुक्त राष्ट्र कॉमट्रेड और विश्व बैंक के 2019 के आंकड़े बताते हैं कि तुर्किये से महज 22.6 टन केले ही आए थे, जबकि मुख्य आपूर्ति इक्वाडोर, थाईलैंड, कोस्टा रिका और जॉर्जिया से होती थी।

मौजूदा दौर में इसके मायने

अंताल्या से लाए गए केले का यह वीडियो भले ही किसी औपचारिक व्यापार समझौते का सबूत न हो, लेकिन इसकी टाइमिंग बेहद अहम है। वर्तमान में आर्मेनिया और तुर्किये के बीच संबंधों को सामान्य बनाने और सीधे व्यापार के रास्ते खोलने पर बातचीत चल रही है। ऐसे माहौल में तुर्किये के शहर से लाया गया यह केला दोनों देशों के बीच बढ़ते संवाद और संपर्क का प्रतीक बन गया है।

यह भी पढ़ें- चीन के शनचन शहर आकर क्यों हैरान रह गया रिपोर्टर, देखिए