'डैशिंग'... पीयूष गोयल ने रूसी मंत्री से कहा- जल्द मिल सकता है बॉलीवुड से ऑफर
BRICS के बीच भारत-रूस संवाद में एक ऐसा दिलचस्प पल सामने आया, जब एक रूसी मंत्री को लेकर भारतीय मंत्री की बात ने सबका ध्यान खींच लिया।
'डैशिंग'... पीयूष गोयल ने रूसी मंत्री से कहा- जल्द मिल सकता है बॉलीवुड से ऑफर
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और रूसी मंत्री एंटोन अलीखानोव की दिल्ली में हुई मुलाकात।

नई दिल्ली में BRICS को लेकर हलचल है। विदेशी मेहमानों के आने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार 11 सितंबर तड़के रूसी राष्ट्रपति पुतिन भारत पहुंचे, दोपहर में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान BRICS समिट में शामिल होने के लिए तेहरान से नई दिल्ली पहुंचे।

BRICS शिखर सम्मेलन से पहले बैठकों और डायलॉग्स का दौर भी शुरू हो चुका है। इसी दौरान भारत-रूस बिजनेस डायलॉग (India-Russia Business Dialogue 2026) का एक दिलचस्प वीडियो सामने आया, जिसमें केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल रूसी मंत्री के लुक की तारीफ करते नजर आए।

गोयल ने रूस के उद्योग एवं व्यापार मंत्री एंटोन अलीखानोव (Anton Alikhanov) को ‘डैशिंग’ बताया। मजाकिया अंदाज में उन्होंने कहा कि हो सकता है कि जल्द ही Alikhanov को बॉलीवुड फिल्मों में काम करते हुए भी देखा जाए। इस दौरान उन्हें अपना दोस्त और सहयोगी बताते हुए उनकी मौजूदगी की सराहना की।

कौन हैं एंटोन अलीखानोव?

एंटोन अलीखानोव रूस के मौजूदा मिनिस्टर ऑफ इंडस्ट्री एंड ट्रेड हैं। 1986 में जन्मे अलीखानोव ने मई 2024 में रूस के उद्योग एवं व्यापार मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाली। इससे पहले वह करीब सात साल तक Kaliningrad Oblast के गवर्नर रहे।

यानी जिन अलीखानोव को पीयूष गोयल ने मजाकिया अंदाज में बॉलीवुड का संभावित चेहरा बताया, वह रूस की आर्थिक और औद्योगिक नीतियों के एक अहम किरदार हैं। पीयूष गोयल का ये वीडियो खूब वायरल हो रहा है। 

रूसी मंत्री एंटोन अलीखानोव (फाइल फोटो) सोर्स: क्रेमलिन।

भारत-रूस बिजनेस डायलॉग में क्या बात हुई?

यह मुलाकात सिर्फ कैमरे के सामने हुई हल्की-फुल्की बातचीत तक सीमित नहीं थी। भारत-रूस बिजनेस डायलॉग 2026 नई दिल्ली के भारत मंडपम में हुआ, जहां गोयल और अलीखानोव  ने भारत-रूस व्यापार और औद्योगिक सहयोग पर चर्चा की।

एंटोन अलीखानोव ने इन्नोप्रोम इंडिया 2026 के दूसरे दिन भारत मंडपम, नई दिल्ली में राष्ट्रीय औद्योगिक गलियारा विकास निगम लिमिटेड (एनआईसीडीसी) के पैवेलियन का भी दौरा किया।

रूसी राष्ट्रपति पुतिन के साथ एंटोन अलीखानोव (फाइल फोटो) सोर्स: क्रेमलिन

भारत और रूस अब द्विपक्षीय व्यापार को 2030 तक 100 अरब डॉलर तक ले जाने का लक्ष्य रख रहे हैं। बातचीत में फार्मा, टेक्सटाइल, इंजीनियरिंग गुड्स, फूड प्रोडक्ट्स, केमिकल्स और ऑटोमोबाइल जैसे सेक्टरों में व्यापार बढ़ाने पर जोर है। साथ ही दोनों देश निवेश और Bilateral Investment Treaty (BIT) को आगे बढ़ाने पर भी काम कर रहे हैं।

BRICS के बीच भारत पहुंचे पुतिन

इसी बिजनेस और कूटनीतिक हलचल के बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी 11 सितंबर को नई दिल्ली पहुंच चुके हैं। वह 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत आए हैं।  

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की करीब 15 दिन के भीतर दूसरी मुलाकात हुई। पुतिन BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए शुक्रवार सुबह नई दिल्ली पहुंचे।

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति पुतिन (फाइल फोटो)© ANI

दोनों नेताओं के बीच व्यापार, ऊर्जा, रक्षा, टेक्नोलॉजी और रणनीतिक सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। Su-57 से जुड़ी तकनीकी साझेदारी और परमाणु ऊर्जा सहयोग भी संभावित एजेंडे में बताए जा रहे हैं।

बैठक के बाद प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पुतिन INNOPROM India 2026 का संयुक्त दौरा भी करेंगे। यह रूस की प्रमुख अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक प्रदर्शनी का भारत में पहला संस्करण है।

यह भी पढ़ें: Aurus Senat: उस कार की कहानी, जिससे दिल्ली में चल रहे राष्ट्रपति पुतिन

यह प्रदर्शनी 9 से 11 सितंबर तक भारत मंडपम में आयोजित की जा रही है। इसका मकसद दोनों देशों के बीच मैन्युफैक्चरिंग, टेक्नोलॉजी, निवेश और कारोबारी सहयोग को बढ़ावा देना है। यह आयोजन रूस के उद्योग और व्यापार मंत्रालय और भारत के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के सहयोग से हो रहा है।

ताज़ा ख़बरें