धमाके में पिता की मौत, दोनों बच्चे... रियाद अटैक ने एक भारतीय परिवार की खुशियां छीन ली
सऊदी अरब के रियाद एयरपोर्ट पर हुए हमले में हैदराबाद के 46 वर्षीय मोहम्मद यूसुफ अली की मौत हो गई। वह अपने परिवार के साथ उमरा करने सऊदी अरब गए थे। भारत ने सऊदी एयरपोर्ट पर हमले की कड़ी निंदा की है।
धमाके में पिता की मौत, दोनों बच्चे... रियाद अटैक ने एक भारतीय परिवार की खुशियां छीन ली
रियाद एयरपोर्ट पर हमले में मारे गए मोहम्मद यूसुफ अली

सऊदी अरब की राजधानी रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमले ने हैदराबाद के एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। उमरा के लिए जा रहे 46 वर्षीय मोहम्मद यूसुफ अली की हमले में लगी चोटों के कारण मौत हो गई। वह अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ मदीना जाने के लिए एयरपोर्ट पर थे और इसी दौरान एयरपोर्ट पर हमला हुआ जिसकी चपेट में उनका परिवार आ गया।

यूसुफ अली के दो बेटों को गंभीर चोटें आई हैं। हैदराबाद के सांसद और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यूसुफ की मौत की पुष्टि की।

उन्होंने बताया कि परिवार हैदराबाद के मेहदीपट्टनम इलाके का रहने वाला था। यूसुफ की मौत हमले के एक दिन बाद अस्पताल में हुई।

AIMIM नेता मिर्जा सामीउल्लाह बेग चांद ने बताया कि यूसुफ रियाद में IT प्रोफेशनल के तौर पर काम करते थे। करीब 15 दिन पहले ही वह हैदराबाद आए थे और इसके बाद अपने परिवार को उमरा के लिए सऊदी अरब ले गए थे।

बाकी परिवार की स्थिति के बारे में क्या पता है?

ओवैसी ने यूसुफ के परिवार की स्थिति के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि उनके एक बेटे के घुटने की सर्जरी चल रही है। दूसरे बेटे को भी गंभीर चोटें आई हैं और उसके पैर की तीन उंगलियां कट गई हैं।

ओवैसी के मुताबिक, यूसुफ की पत्नी और बेटी सुरक्षित हैं। उनके साथ यात्रा कर रही यूसुफ की एक रिश्तेदार, जिन्हें ओवैसी ने उनकी चाची बताया, के सिर में चोट लगी है। हालांकि, उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

ओवैसी ने कहा कि वह रियाद में यूसुफ के साले के संपर्क में हैं। उन्होंने यह भी बताया कि रियाद स्थित भारतीय दूतावास के उप प्रमुख ने उन्हें भरोसा दिया है कि प्रभावित लोगों की देखभाल की जा रही है।

स्थानीय मस्जिद के इमाम अब्दुल आलम खान अमीन ने कहा कि अभी यह तय होना बाकी है कि यूसुफ अली का अंतिम संस्कार यहां होगा या सऊदी में। समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में उन्होंने कहा, 'अभी कुछ साफ नहीं है, लेकिन अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, अंतिम संस्कार सऊदी अरब में ही किया जाएगा।'

भारतीय दूतावास ने क्या बताया?

रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने 11 अक्टूबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि हमले में घायल एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है। दूतावास ने परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि वह संपर्क में है और पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने के लिए हरसंभव मदद करेगा।

इसके बाद दूतावास ने अस्पतालों में भर्ती भारतीय नागरिकों की स्थिति पर अपडेट दिया। दूतावास के अधिकारियों ने उन सभी अस्पतालों का दौरा किया, जहां घायल भारतीयों को भर्ती कराया गया है।

© @IndianEmbRiyadh/X

दूतावास के मुताबिक, तीन भारतीय ICU में भर्ती हैं, लेकिन उनकी हालत स्थिर है। दो अन्य सामान्यो वार्ड में भर्ती हैं, बाकी घायलों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

भारत ने सऊदी पर हमले को लेकर क्या कहा?

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भारतीय नागरिक की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि भारतीय दूतावास परिवार को हरसंभव सहायता देगा।

भारत सरकार ने रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमले की कड़ी निंदा भी की है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि एयरपोर्ट पर बार-बार हो रहे हमलों में लोगों की जान गई है, कई लोग घायल हुए हैं और संपत्ति को नुकसान पहुंचा है।

मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना पूरी तरह अस्वीकार्य है और ऐसे हमले तत्काल बंद होने चाहिए। भारत ने सऊदी अरब की संप्रभुता की रक्षा के उसके प्रयासों के प्रति समर्थन जताते हुए क्षेत्र में जल्द शांति बहाल होने की उम्मीद भी जताई।

रियाद एयरपोर्ट पर लगातार हो रहे हूती विद्रोहियों के हमले

10 अक्टूबर को रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमले में 13 लोगों की मौत हो गई और 300 से ज्यादा लोग घायल हुए।

सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने हमले के लिए यमन के हूती विद्रोहियों को जिम्मेदार ठहराया। हूतियों ने भी सऊदी अरब में एयरपोर्ट और ऊर्जा ठिकानों को निशाना बनाकर हमले करने का दावा किया है।

हूती विद्रोहियों ने रविवार को भी किंग खालिद एयरपोर्ट पर अटैक किया जिसमें एक पाकिस्तानी नागरिक की मौत गई और 11 लोग घायल हो गए।

ताज़ा ख़बरें