Live Big Updates: मल्टीपोलर दुनिया को रफ्तार दे रहा रूस... शिखर सम्मेलन में बोले राष्ट्रपति पुतिन
नमस्ते रीडर्स🙏, देश-दुनिया की बड़ी खबरों से लेकर हर जरूरी अपडेट के लिए जुड़े रहिए RT हिंदी के लाइव ब्लॉग के साथ।
भारत
Big Updates: मल्टीपोलर दुनिया को रफ्तार दे रहा रूस...  शिखर सम्मेलन में बोले राष्ट्रपति पुतिन
रूस-अफ्रीका शिखर सम्मेलन में संबोधन के दौरान राष्ट्रपति पुतिन

BIG Updates:

छंटनी की तैयारी के बीच माइक्रोसॉफ्ट को मोटा मुनाफा: हां, एक तरफ माइक्रोसॉफ्ट छंटनी कर रहा, दूसरी तरफ उसकी कमाई बढ़ गई है। अमेरिकी टेक कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने बताया है कि सितंबर के अंत तक बीते तीन महीनों में कंपनी का मुनाफा बढ़कर 36.6 अरब डॉलर से ज्यादा हो गया है। गौर करने वाली बात ये है कि ऐसा तब हो रहा है जब माइक्रोसॉफ्ट अपने कर्मचारियों की संख्या में एक-चौथाई से ज्यादा की कटौती करने की योजना बना रहा है। हाल ही में कंपनी ने कहा कि वह अपने खर्चों को कम करने के लिए लगभग 60,000 कर्मचारियों को ‘बायआउट’ (स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति या काम छोड़ने का विकल्प) का प्रस्ताव देगी। कंपनी ऐसा इसलिए कर रही है क्योंकि वह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में अरबों डॉलर का निवेश कर रही है। इस रेस में अमेरिका की कई टेक कंपनियां शामिल हैं। माइक्रोसॉफ्ट भी AI वाले इंफ्रास्ट्रक्चर में भारी निवेश कर रही है। वैसे, यह सवाल अभी बना हुआ है कि क्या इतना बड़ा निवेश फायदेमंद साबित होगा? फिलहाल मुनाफा तगड़ा हो रहा है। न्यूयॉर्क में माइक्रोसॉफ्ट के शेयरों में तेजी भी दिखी। 

इजरायल चुनाव में नेतन्याहू के गठबंधन को बढ़त: इजरायल में 90 फीसदी वोटों की गिनती के बाद बेंजामिन नेतन्याहू के गठबंधन को 53 सीटों पर बढ़त मिली है। विरोधी खेमे को 48 सीटें मिली हैं। हालांकि, सरकार बनाने के लिए जरूरी बहुमत का आंकड़ा (61) अभी भी चुनौती बना हुआ है। फिलहाल, देश में ‘डबल एनवेलप’ वोट गिने जा रहे हैं। इसके तहत उन वोटरों के वोट गिने जाते हैं जो अनुपस्थित रहकर मतदान (एब्सेंटी बैलेट) देते हैं। इनमें मुख्य रूप से IDF सैनिक, कैदी, चिकित्सा कर्मी, स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे लोग और विदेश में तैनात इजरायली प्रतिनिधि शामिल होते हैं। ऐसे में नतीजे आने में थोड़ा टाइम लग सकता है। 

90 प्रतिशत वोटों की गिनती के बाद इजरायल के नतीजे समझिए। (Source- Times Of Israel)

अमेरिकी प्रतिबंधों के खिलाफ भारत का वोट: भारत ने संयुक्त राष्ट्र में क्यूबा पर अमेरिकी प्रतिबंधों के खिलाफ वोट किया। भारत ने राष्ट्रीय संप्रभुता को प्रभावित करने वाले कानूनों का विरोध करते हुए क्यूबा पर लगे प्रतिबंधों के खिलाफ अपना रुख कायम रखा।

दिल्ली-NCR में तड़के बारिश: दिल्ली-NCR में गुरुवार सुबह कई इलाकों में बारिश हुई। इससे मौसम में बदलाव देखने को मिला है। बारिश के बीच प्रदूषण और आने वाले दिनों में ठंड की स्थिति पर भी नजर बनी हुई है।

फिलीपींस में राजनाथ सिंह की अहम बैठक: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह फिलीपींस के सेबू में आसियान रक्षा मंत्रियों की 13वीं बैठक (ADMM-Plus) में हिस्सा ले रहे हैं। बैठक में क्षेत्रीय सुरक्षा, आतंकवाद और रक्षा सहयोग पर चर्चा होगी। इससे पहले उन्होंने फिलीपींस, दक्षिण कोरिया, जापान, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया के रक्षा नेताओं के साथ द्विपक्षीय बातचीत की।

ईरान से बातचीत की कोशिश में अमेरिका: अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने ईरान के वरिष्ठ नेता मोहसेन रेजाई को पत्र भेजकर बातचीत की संभावनाएं तलाशने की कोशिश की है। यह पहल ऐसे समय हुई है, जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान पर फिर से सैन्य हमले की चेतावनी दे रहे हैं। हालांकि, ट्रंप ने कहा कि पत्र का संबंध चिकित्सा आपूर्ति से था।

गोवा में भीषण आग, कई दुकानें जलीं: गोवा के वास्को में तिलक मैदान के पास कार एक्सेसरीज की एक दुकान में भीषण आग लग गई। इसकी चपेट में आने से आसपास की कई दुकानें भी जल गईं। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने घटनास्थल का दौरा कर प्रभावित दुकानदारों और विक्रेताओं को हरसंभव मदद देने का भरोसा दिया।

  • विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार... रूस-अफ्रीका शिखर सम्मेलन में राष्ट्रपति पुतिन

    रूस की राजधानी मॉस्को में रूस-अफ्रीका शिखर सम्मेलन हो रहा है। इस मौके पर राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी शिरकत कर रहे हैं। उन्होंने सभी मोहमानों का स्वागत करते हुए कहा कि मॉस्को में आयोजित रूस-अफ्रीका शिखर सम्मेलन (Russia-Africa Summit) में आप सभी का स्वागत करते हुए मुझे बेहद खुशी हो रही है। हम अपने समय के विकास से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

    putin
    रूस अफ्रीकी देशों के साथ तकनीक, स्वास्थ्य सेवा और अन्य क्षेत्रों में अपने संबंध और गहरे कर रहा है।
    व्लादिमीर पुतिन
    व्लादिमीर पुतिन
    राष्ट्रपति,रूस

    राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि यह शिखर सम्मेलन मल्टीपोलर वर्ल्ड को वास्तव में एक मजबूत गति देता है। मॉस्को हमेशा अपने अफ्रीकी भाइयों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि यूरेशियन और अफ्रीकी फ्री ट्रेड जोन बड़े फायदे पहुंचा रहे हैं।

    उन्होंने आगे कहा कि रूस अफ्रीकी बाजारों के लिए खाद्यान्न और उर्वरक (खाद) का एक भरोसेमंद उत्पादक है। रूस अफ्रीकी देशों को उत्पादन के मामले में और अधिक आत्मनिर्भर बनने में मदद कर रहा है।

    पुतिन ने आगे कहा कि रूस अफ्रीकी देशों के साथ तकनीक, स्वास्थ्य सेवा और अन्य क्षेत्रों में अपने संबंध और गहरे कर रहा है। रूस अंतरराष्ट्रीय मंचों और संस्थाओं में अफ्रीकी देशों के अपनी बात रखने के अधिकार का पूरा समर्थन करता है।

  • इजरायल चुनाव: अब डबल-एनवेलप वोटों पर टिकी नजरें

    इजरायल में करीब 4.3 लाख से 4.8 लाख डबल-एनवेलप वोटों की गिनती अभी बाकी है। इनमें सैनिकों समेत ऐसे मतदाताओं के वोट शामिल होते हैं, जो सामान्य मतदान केंद्रों पर वोट नहीं डाल पाते। इनकी गिनती विशेष प्रक्रिया के तहत होती है, जिसमें मतदाता की पहचान और उसके वोट की वैधता की जांच की जाती है। चुनाव समिति के मुताबिक, इन वोटों की गिनती इजरायली समयानुसार गुरुवार तड़के 1 बजे शुरू होगी और शाम तक पूरी होने की उम्मीद है। इससे चुनाव के अंतिम नतीजों और सरकार बनाने के समीकरणों पर असर पड़ सकता है।

    नेतन्याहू के गठबंधन को 53 सीटों पर बढ़त, बहुमत से दूर दोनों खेमे

    इजरायल में 89.8 फीसदी वोटों की गिनती के बाद प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के गठबंधन को 120 सदस्यीय संसद में 53 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि विपक्षी नेता गादी आइजेनकोट के नेतृत्व वाले खेमे को 48 सीटें मिलती दिख रही हैं। सरकार बनाने के लिए 61 सीटों की जरूरत है, ऐसे में दोनों खेमे बहुमत से दूर हैं।

  • केदारनाथ धाम में बर्फबारी का सुंदर नजारा

    उत्तराखंड के केदारनाथ धाम से बर्फबारी की ताजा तस्वीरें सामने आई हैं। भगवान शिव का मंदिर बर्फ की सफेद चादर से ढका नजर आ रहा है, जबकि खराब मौसम के बीच भी श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। रुद्रप्रयाग पुलिस ने इसका वीडियो जारी किया है।

    केदारनाथ मंदिर के कपाट 11 नवंबर को सुबह 8:30 बजे शीतकाल के लिए बंद होंगे। इसके बाद बाबा केदार की उत्सव डोली को शीतकालीन गद्दीस्थल ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर ले जाया जाएगा।

  • ‘नागपुर अब BJP का गढ़ नहीं’, जीत के बाद बोले कांग्रेस नेता अभिजीत वंजारी

    महाराष्ट्र की नागपुर स्नातक निर्वाचन सीट पर दोबारा जीत दर्ज करने के बाद कांग्रेस नेता अभिजीत वंजारी ने कहा कि यह सीट अब BJP का गढ़ नहीं, बल्कि कांग्रेस का गढ़ बन गई है। उन्होंने अपनी जीत का श्रेय पिछले छह साल में युवाओं, छात्रों और शिक्षाविदों के बीच लगातार काम करने और स्नातकों की समस्याएं उठाने को दिया।

    वंजारी ने कहा कि महाराष्ट्र में महाविकास आघाड़ी (MVA) ने तीनों स्नातक निर्वाचन सीटों पर जीत दर्ज की है। उनके मुताबिक, यह नतीजा दिखाता है कि महाराष्ट्र समेत देशभर में युवा कांग्रेस से दोबारा जुड़ रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी के छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रमों का भी जिक्र किया। वंजारी ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) से चुनाव कराने पर सवाल उठाते हुए इस व्यवस्था को बंद करने की मांग की। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को इस पर फैसला लेना होगा।

  • UN में भारत ने महिला नेतृत्व और सुरक्षा पर दिया जोर

    संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पर्वतनेनी हरीश ने कहा कि महिलाओं की राजनीतिक नेतृत्व और निर्णय लेने वाली भूमिकाओं में भागीदारी उनकी सुरक्षा और शांति के लिए जरूरी है।

    उन्होंने कहा कि भारत में स्थानीय निकायों में महिलाओं के लिए एक-तिहाई सीटें आरक्षित करने से 10 लाख से ज्यादा महिलाएं नेतृत्व की भूमिका में आई हैं। उन्होंने महिला आरक्षण अधिनियम, 2023 और सेना में महिलाओं की बढ़ती भूमिका का भी जिक्र किया।

  • महाराष्ट्र MLC चुनाव में BJP को झटका, नागपुर सीट पर कांग्रेस की जीत

    महाराष्ट्र विधान परिषद (MLC) चुनाव में नागपुर डिवीजन ग्रेजुएट्स सीट पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। पार्टी के उम्मीदवार और मौजूदा MLC अभिजीत वंजारी ने कड़े मुकाबले में BJP के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 3,271 वोटों से हराकर सीट बरकरार रखी।

    इससे पहले पुणे डिवीजन की दो सीटों के नतीजों में BJP ने टीचर्स निर्वाचन क्षेत्र और शरद पवार की NCP (SP) ने ग्रेजुएट्स निर्वाचन क्षेत्र में जीत हासिल की थी। 

    बता दें कि महाराष्ट्र में 5 MLC सीटों पर चुनाव था। इसमें से महायुति ने 2 सीटें और महाविकास आघाड़ी (MVA) ने 3 सीटें जीतीं।