Live देखिए 'अर्नब' तूफान में रास्ता भटक गया सल्फर ले जा रहा जहाज
नमस्ते रीडर्स! RT हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आंध्र प्रदेश में काफी तबाही मचाने के बाद 'अर्नब' तूफान अब काफी कमजोर हो गया है।
भारत

साइक्लोन 'अर्नब' बुधवार रात करीब 2 बजे प्रचंड तेजी से आंध्र तट से टकराने के बाद अब शांत हो चुका है। मौसम विभाग के मुताबिक अब यह 3 किलोमीटर प्रति घंटे से भी कम रफ्तार से बढ़ रहा है। इससे पहले यह 125 से 135 किलोमीटर की रफ्तार से आंध्र प्रदेश में घुसा। असर ओडिशा, तमिलनाडु और पुदुचेरी में भी देखा गया। करीब 7 घंटे तक तेज हवाओं से इन राज्यों में कई पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए। सबसे ज्यादा नुकसान आंध्र प्रदेश में हुआ।

इधर, आंध्र प्रदेश में चक्रवात के बीच सल्फर ले जा रहा एक मालवाहक जहाज समुद्र में भटक गया और तट के पास फंस गया।पोर्ट के अधिकारियों ने बताया है कि यह जहाज विशाखापत्तनम से चला था, लेकिन इंजन खराब हो जाने के कारण यह अपने रास्ते से भटक गया।

पोर्ट अधिकारी और समुद्री प्राधिकरण स्थिति पर नजर रखे हुए है। अधिकारियों के जहाज का निरीक्षण करने के बाद उसकी स्थिति का आकलन किया जाएगा और आगे की कार्रवाई की जाएगी।

तूफान पर अभी क्या अपडेट है? 

अभी कहां है: बंगाल की खाड़ी और आंध्र प्रदेश तट के पास पिछले 3 घंटे से स्थिर है। करीब 11 बजे तक इसके लैंडफॉल का प्रोसेस चलेगा।

कहां कहां असरः नरसपुर, काकीनाडा, कोनासीमा, मछलीपट्टनम (आंध्र प्रदेश), यनम (पुडुचेरी), गोपालपुर (ओडिशा) में इसका ज्यादा असर देखा गया। 

विशाखापत्तनम में तेज हवाओं और भारी बारिश के चलते पेड़ गिरने से सड़कें बाधित हुईं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी थी कि समुद्र का जलस्तर सामान्य ज्वार से 1.5 से 2.5 मीटर तक ऊपर उठ सकता है, जिससे निचले तटीय इलाकों में पानी भरने का खतरा पैदा हो गया था। 

नाम ऑरनब है

साइक्लोन ‘अर्नब’ नाम बांग्लादेश ने दिया है। यह बांग्ला भाष का शब्द है, जिसका अर्थ ‘समुद्र’ या ‘महासागर’ है। स्थानीय उच्चारण में इसे ‘ऑरनब’ (Ornab) कहा जाता है। 

वीडियो में देखिए हवाओं ने कैसे डराया

सड़क पर आ गया समंदर... बह गईं बाइकें, बिखरे स्टॉक

  • 2031 तक कर्ज का अनुपात घटाने वाली इकलौती बड़ी उभरती अर्थव्यवस्था होगा भारत: RBI डिप्टी गवर्नर

    भारत 2031 तक सरकारी कर्ज और जीडीपी के अनुपात को घटाने वाली एकमात्र बड़ी उभरती अर्थव्यवस्था बनने की राह पर है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की डिप्टी गवर्नर पूनम गुप्ता ने बुधवार को यह बात कही। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर बढ़ते कर्ज और उधारी की लागत के बीच भारत की वित्तीय स्थिति अपेक्षाकृत मजबूत है।

    बिजनेस स्टैंडर्ड BFSI इनसाइट समिट में गुप्ता ने बताया कि भारत का कुल सरकारी कर्ज, जो 2025-26 में जीडीपी का 84.3 फीसदी रहने का अनुमान है, 2031-32 तक घटकर 75.1 फीसदी हो सकता है। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के अक्टूबर 2026 के अनुमानों के मुताबिक, दुनिया का सार्वजनिक कर्ज 2025 में जीडीपी के 94 फीसदी से बढ़कर 2031 तक करीब 102 फीसदी पहुंच सकता है।

    गुप्ता के मुताबिक, विकसित अर्थव्यवस्थाओं का कर्ज अनुपात 2025 के 108.2 फीसदी से बढ़कर 2031 में 115.2 फीसदी होने का अनुमान है। वहीं, उभरती और विकासशील अर्थव्यवस्थाओं में यह 73.7 फीसदी से बढ़कर 84.2 फीसदी हो सकता है।

    उन्होंने भारत की बेहतर स्थिति के पीछे राजकोषीय अनुशासन, मजबूत आर्थिक विकास और कम प्राथमिक घाटे को अहम वजह बताया। भारत की नॉमिनल जीडीपी वृद्धि करीब 11 फीसदी सालाना रहने का अनुमान है, जबकि सरकारी कर्ज पर प्रभावी ब्याज दर लगभग 7 फीसदी है।

    गुप्ता ने यह भी बताया कि सरकारी पूंजीगत खर्च 2019-20 में जीडीपी के करीब 4 फीसदी से बढ़कर 2025-26 में 5.8 फीसदी हो गया। उनके मुताबिक, वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बावजूद भारत का लंबी अवधि का और घरेलू मुद्रा में लिया गया कर्ज जोखिम कम करने में मदद करता है।

  • 31 अक्टूबर से दिल्ली-वाराणसी के बीच चलेगी दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन

    दिल्ली और वाराणसी के बीच दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन 31 अक्टूबर को शुरू होगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संयुक्त रूप से इसका उद्घाटन करेंगे। रेलवे बोर्ड ने 27 अक्टूबर को जारी अधिसूचना में ट्रेन के संचालन को मंजूरी दी है। इसे 27421 और 27422 नंबर से चलाया जाएगा।

    यह ट्रेन प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद में भी रुकेगी। 16 कोच वाली यह वातानुकूलित ट्रेन लंबी दूरी की रात की यात्रा के लिए तैयार की गई है। इसमें कुल 823 बर्थ होंगी, जिनमें फर्स्ट एसी की 24, सेकंड एसी की 188 और थर्ड एसी की 611 बर्थ शामिल हैं।

    ट्रेन की परीक्षण गति 180 किलोमीटर प्रति घंटा और परिचालन गति 160 किलोमीटर प्रति घंटा है। इसमें 52 वैक्यूम टॉयलेट, सीलबंद गैंगवे और मिनी पैंट्री की सुविधा होगी।

    सुरक्षा के लिए ट्रेन में स्वदेशी कवच प्रणाली, सीसीटीवी निगरानी और आग बुझाने की व्यवस्था होगी। इसमें टक्कर से बचाव के लिए निर्धारित मानकों और अग्नि सुरक्षा मानकों का भी पालन किया गया है। ऊर्जा बचाने के लिए इसमें रीजनरेटिव ब्रेकिंग तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। यह ट्रेन दिल्ली और वाराणसी के बीच रात में सफर करने वाले यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं वाला विकल्प देगी।

  • आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी की 1,170 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क

    प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान की मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी की जमीन और इमारतें कुर्क की हैं। इनकी मौजूदा बाजार कीमत करीब 1,170 करोड़ रुपये है, जबकि बुक वैल्यू 426.46 करोड़ रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई धनशोधन के मामले में धनशोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत की गई है।

    ED के मुताबिक, रामपुर में यूनिवर्सिटी के लिए किसानों की कृषि भूमि जबरन कब्जाने के आरोप में दर्ज 26 एफआईआर के आधार पर जांच शुरू हुई थी। एजेंसी ने यह भी कहा कि करीब 34 एकड़ में फैले शत्रु संपत्ति के 45 भूखंडों पर भी कथित तौर पर अवैध कब्जा किया गया था। प्रशासन ने इन जमीनों का कब्जा वापस ले लिया है।

    जांच में आरोप है कि सरकारी कामों और ठेकों से मिले धन व निर्माण सामग्री का इस्तेमाल यूनिवर्सिटी बनाने में किया गया। एजेंसी के मुताबिक, सरकारी धन से निजी परिसर में काम कराए गए और ठेकेदारों से ट्रस्ट को दान दिलाया गया। स्थानीय क्षेत्र विकास निधि से 6.60 करोड़ रुपये के काम और सरकारी मंजूरी से 23.41 करोड़ रुपये के निर्माण कार्य भी परिसर में कराए गए।

    ED ने बताया कि यूनिवर्सिटी के परिसर की कुल लागत करीब 499.09 करोड़ रुपये आंकी गई, जबकि ट्रस्ट वैध स्रोतों से केवल 72.63 करोड़ रुपये के खर्च का हिसाब दे सका। एजेंसी ने 426.46 करोड़ रुपये को अपराध से अर्जित धन बताया है। अगस्त में यूनिवर्सिटी और संबंधित ठिकानों पर तलाशी के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज जब्त किए गए थे।

  • ED ने अमेरिका पहुंचने के लिए इस्तेमाल होने वाले तीन ‘डंकी रूट’ का पता लगाया

    प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भारतीयों को अवैध तरीके से अमेरिका भेजने के लिए इस्तेमाल होने वाले तीन ‘डंकी रूट’ की पहचान की है। यह जांच दिल्ली के टिकटिंग एजेंट तरुण खोसला की गिरफ्तारी से जुड़ी है, जिस पर प्रति व्यक्ति 40 लाख रुपये तक लेकर यात्रा का इंतजाम करने का आरोप है।

    ANI के मुताबिक, पहला रास्ता अल सल्वाडोर से मैक्सिको के तिजुआना होते हुए अमेरिका की सीमा तक जाता था। इसकी कीमत 35 से 40 लाख रुपये थी। दूसरे रास्ते में दुबई या अदीस अबाबा से गुयाना पहुंचकर ब्राजील, इक्वाडोर, कोलंबिया, पनामा के जंगल, ग्वाटेमाला और मैक्सिको के रास्ते अमेरिका पहुंचने की योजना थी। इसका खर्च 25 से 30 लाख रुपये बताया गया। तीसरे रास्ते में गुयाना से कई दक्षिण और मध्य अमेरिकी देशों होते हुए मैक्सिको पहुंचा जाता था।

    ED ने खोसला को 23 अक्टूबर को धनशोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत गिरफ्तार किया था। वह 30 अक्टूबर तक एजेंसी की हिरासत में है। जांच में उसकी फर्म के बैंक खाते में 2022-23 से 2024-25 के दौरान 414 लेनदेन में 30.38 करोड़ रुपये नकद जमा होने का पता चला। एजेंसी ने पहले की छापेमारी में 19.14 करोड़ रुपये की नकदी और कीमती धातुएं जब्त की थीं। दिसंबर 2025 में 5.41 करोड़ रुपये की संपत्तियां भी अस्थायी रूप से कुर्क की गई थीं।

  • चक्रवात ‘अर्नब’ के बीच समुद्र में फंसा सल्फर से लदा जहाज

    चक्रवात ‘अर्नब’ के बीच आंध्र प्रदेश के अंतर्वेदी के पास समुद्र में सल्फर (गंधक) से लदा एक मालवाहक जहाज फंस गया। बताया जा रहा है कि जहाज का इंजन खराब होने के बाद वह अपने रास्ते से भटक गया और उथले पानी में जाकर फंस गया।

    बंदरगाह अधिकारियों के मुताबिक, जहाज विशाखापत्तनम से रवाना हुआ था। इंजन में खराबी आने के बाद वह निर्धारित मार्ग से भटककर अंतर्वेदी के पास पहुंच गया।

    बंदरगाह अधिकारियों और समुद्री एजेंसियों की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है। एमएमडी सर्वेयर धर्मस्थ (MMD Surveyor Dharmasastha) के मुताबिक, संबंधित अधिकारियों के निरीक्षण के बाद जहाज की स्थिति का आकलन किया जाएगा और आगे की कार्रवाई तय होगी।

  • हवाई सेवाओं पर चक्रवात का असर, कई उड़ानें रद्द

    चक्रवात ‘अर्नब’ का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने उड़ानों की स्थिति और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर बैठक की। विशाखापत्तनम में उड़ानें रोक दी गईं, जबकि विजयवाड़ा और राजमुंदरी में 27 अक्टूबर की शाम से उड़ान संचालन बंद रहा। एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस, इंडिगो और अकासा एयर की कुछ उड़ानें रद्द हुईं। कोलकाता एयरपोर्ट से आने-जाने वाली कई उड़ानें भी प्रभावित हुईं।

    रद्द उड़ानों की जानकारी:

    • Air India: 27 अक्टूबर को दिल्ली–विशाखापत्तनम–दिल्ली और 28 अक्टूबर को दिल्ली–विजयवाड़ा–दिल्ली रूट पर कुल 6 उड़ानें रद्द।

    • Air India Express: 13 उड़ानें रद्द, जिनमें विशाखापत्तनम से हैदराबाद, बेंगलुरु और विजयवाड़ा की उड़ानें शामिल हैं।

    • Akasa Air: 28 अक्टूबर को दिल्ली–भोगापुरम और वापसी की उड़ान रद्द।

    • IndiGo: विशाखापत्तनम की उड़ानें निलंबित; विजयवाड़ा और राजमुंदरी में भी 27 अक्टूबर की शाम से संचालन रोका गया। रद्द उड़ानों के आंकड़े अस्थायी हैं।

    • कोलकाता एयरपोर्ट: इंडिगो की कडप्पा, हैदराबाद, चेन्नई और बेंगलुरु की कुछ उड़ानें, साथ ही एयर इंडिया एक्सप्रेस की विशाखापत्तनम सेवा रद्द हुई।

      मंत्रालय ने यात्रियों को एयरपोर्ट निकलने से पहले एयरलाइन की वेबसाइट या ऐप पर फ्लाइट स्टेटस जांचने और उड़ान की पुष्टि होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है।

  • ‘अर्नब’ पर एक्शन मोड में ओडिशा-आंध्र सरकार, राहत-बचाव की तैयारी तेज

    आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में मची तबाही का मंजर।AP

    ओडिशा और आंध्र प्रदेश में चक्रवात ‘अर्नब’ से निपटने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। ओडिशा में 313 रिस्पॉन्स टीम तैनात की गई हैं और 2,037 राहत शिविर तैयार रखे गए हैं। राज्य के उपमुख्यमंत्री ने भी तैयारियों की समीक्षा की। वहीं, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने करीब 32,000 अधिकारियों के साथ टेली-कॉन्फ्रेंस कर हालात का जायजा लिया और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने फसलों को हुए शुरुआती नुकसान का आकलन जल्द करने को भी कहा। मुख्यमंत्री के मुताबिक, राज्य में अब तक किसी की जान जाने की खबर नहीं है।

  • बंगाल की खाड़ी से आंध्र तट तक फैले बादल, अंतरिक्ष से दिखा 'अर्नब' का असर

    IMD के INSAT-3DS मौसम स्टैलाइट से ली गई इस थर्मल इन्फ्रारेड तस्वीर में 28 अक्टूबर 2026 की सुबह 6:30 से 6:57 बजे IST के बीच का मौसम दिखाया गया है। तस्वीर में बंगाल की खाड़ी और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाके के पास घने, सर्पिल आकार में फैले बादल दिखाई दे रहे हैं, जो चक्रवात अर्नब के बादल तंत्र का हिस्सा हैं। चक्रवात ने आंध्र प्रदेश के तट पर बापटला और विशाखापत्तनम के बीच, यानम के दक्षिण में लैंडफॉल की प्रक्रिया शुरू की थी। 

  • ओडिशा के तट पर उफनता समुद्र, तेज हवाएं और भारी बारिश

    साइक्लोन अर्नब का असर ओडिशा के तटीय इलाकों में भी दिख रहा है। बालासोर के उदयपुर बीच पर सुबह समुद्र में हलचल और खराब मौसम देखने को मिला। वहीं, गंजाम जिले के गोपालपुर बीच पर समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं। यहां तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही है। मौसम की स्थिति को देखते हुए तटीय इलाकों में सतर्कता बरती जा रही है।

    भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने ओडिशा के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। गजपति, गंजाम, रायगढ़ा, कोरापुट, नबरंगपुर और मलकानगिरी में कुछ जगहों पर बेहद भारी बारिश होने की आशंका है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। अन्य जिलों के लिए भी अलग-अलग स्तर की बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।

  • आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में तेज हवाएं-ऊंची लहरें, कई घर क्षतिग्रस्त

    आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में साइक्लोन अर्नब का असर दिखने लगा है। विशाखापत्तनम के आरके बीच पर सुबह तेज हवाओं के साथ ऊंची लहरें उठती नजर आईं। शहर में तेज हवाओं के चलते AU कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग फॉर विमेन के पास एक पेड़ उखड़ गया। वहीं, काकीनाडा के तटीय इलाकों में समुद्र का पानी रिहायशी इलाकों में घुसने से कई घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। स्थानीय लोग मुश्किल हालात का सामना कर रहे हैं।

    भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, गंभीर चक्रवाती तूफान का केंद्र तट के बेहद करीब है और लैंडफॉल की प्रक्रिया अगले कुछ घंटों तक जारी रहने की संभावना है। तूफान के दौरान तेज हवाओं और समुद्र में ऊंची लहरों को देखते हुए तटीय इलाकों में सतर्कता बरतने की जरूरत है।

    आंध्र प्रदेश के इन जिलों में अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) का अलर्ट जारी किया गया है: बापटला, गुंटूर, कृष्णा, एनटीआर, एलुरु, पश्चिम गोदावरी, कोनसीमा, पूर्वी गोदावरी, काकीनाडा, अल्लूरी, अनकापल्ली, विशाखापत्तनम, विजयनगरम, श्रीकाकुलम और पार्वतीपुरम मान्यम।

ताज़ा ख़बरें