स्पेन में दो हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर, कम से कम 30 लोगों की मौत; 80 घायल
अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। इस साल स्पेन में यह दूसरा बड़ा ट्रेन हादसा है।
दुनिया
स्पेन में दो हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर, कम से कम 30 लोगों की मौत; 80 घायल
बुधवार को स्पेन के उर्दा में दो ट्रेनों के बीच टक्कर के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन। (AP फोटो/मनु फर्नांडीज)

स्पेन के टोलेडो प्रांत में बुधवार, 28 अक्टूबर को दो हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई, जबकि 80 लोग घायल हुए हैं। समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस (AP) के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार ट्रेन आगे चल रही एक रुकी हुई ट्रेन के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर के बाद ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतर गए। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। इस साल स्पेन में यह दूसरा बड़ा ट्रेन हादसा है।

कैस्टिला-ला मांचा क्षेत्र के प्रमुख एमिलियानो गार्सिया-पेज ने बताया कि हादसे में कम से कम 30 लोगों की मौत हुई है।

दो ट्रेनों के बीच टक्कर के बाद एक्शन में इमरजेंसी सर्विस। (AP फोटो/मनु फर्नांडीज)

मैड्रिड से सेविले जा रही थीं दोनों ट्रेनें

कैस्टिला-ला मांचा क्षेत्र की प्रवक्ता एस्थर पडिला के मुताबिक, दोनों हाई-स्पीड ट्रेनें सैकड़ों यात्रियों को लेकर राजधानी मैड्रिड से दक्षिण-पश्चिमी शहर सेविले की ओर जा रही थीं। दोनों ट्रेनें एक ही दिशा में चल रही थीं। इनमें से एक ट्रेन आगे चल रही रुकी हुई ट्रेन के पिछले हिस्से से टकरा गई, जिससे उसके दो डिब्बे पटरी से उतर गए।

पडिला ने सरकारी प्रसारक TVE को बताया कि हादसा किस वजह से हुआ, यह अभी साफ नहीं है। हादसे के बाद मैड्रिड, स्यूदाद रियल और आंदालुसिया के बीच रेल सेवा रोक दी गई।

हादसा उर्दा और लॉस येबेनेस कस्बों के बीच एक समतल इलाके में हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक डिब्बे बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुए हैं और टुकड़ों में बिखर गए। मलबा आसपास के इलाकों में फैल गया है।

दोनों ट्रेनों में करीब 544 यात्री सवार थे

स्पेन की स्वास्थ्य मंत्री मोनिका गार्सिया ने TVE को बताया कि बचावकर्मी सबसे ज्यादा क्षतिग्रस्त दो डिब्बों से लोगों को निकालने में जुटे हैं। इनमें जीवित बचे लोगों को बचाने के साथ-साथ शवों को निकालने का काम भी किया जा रहा है। घायलों को आसपास के अलग-अलग अस्पतालों में भेजा जा रहा है।

गार्सिया ने कहा, "टक्कर हाई-स्पीड पर हुई है, इसलिए हमें आशंका है कि यह एक बड़ी त्रासदी साबित होगी।"

यह हादसा सरकारी रेल कंपनी RENFE और निजी रेल कंपनी IRYO की ट्रेनों के बीच हुआ। स्पेन के मीडिया की रिपोर्टों के मुताबिक, RENFE की ट्रेन ने IRYO की ट्रेन को पीछे से टक्कर मारी। गार्सिया-पेज ने बताया कि RENFE की ट्रेन में 24 लोगों की मौत हुई, जबकि IRYO की ट्रेन में छह लोगों की जान गई।

पडिला के मुताबिक, RENFE की ट्रेन में 397 यात्री और IRYO की ट्रेन में 147 यात्री सवार थे।

राहत और बचाव के लिए सेना की आपातकालीन ब्रिगेड भी तैनात। (AP फोटो/मनु फर्नांडीज)

राहत और बचाव कार्य में मदद के लिए सेना की आपातकालीन ब्रिगेड को भी तैनात किया गया। दमकलकर्मी और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस और मेडिकल हेलिकॉप्टर लगातार घटनास्थल से घायलों को अस्पताल पहुंचाते रहे, जबकि सुरक्षित बचे यात्रियों को बसों से वहां से निकाला गया।

निजी रेल कंपनी IRYO ने बयान जारी कर कहा कि उसने अपने सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू कर दिए हैं और अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही है।

प्रधानमंत्री ने रद्द किए कार्यक्रम

हादसे के बाद स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि टोलेडो में हुए गंभीर ट्रेन हादसे से वह बेहद दुखी हैं।

सांचेज ने लिखा, "आपातकालीन सेवाएं प्रभावित यात्रियों की मदद के लिए घटनास्थल पर काम कर रही हैं। मेरी पूरी संवेदनाएं मृतकों और उनके परिवारों के साथ हैं।"

स्पेन के राजा फेलिप छठे और रानी लेटिजिया ने भी एक्स पर बयान जारी कर हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा, “उर्दा (टोलेडो) में हुए ट्रेन हादसे की खबर से हम बेहद दुखी और चिंतित हैं। जिन लोगों ने अपनी जान गंवाई, उनके परिवारों और प्रियजनों के दुख में हम शामिल हैं। घायलों और इस हादसे से प्रभावित सभी लोगों के प्रति हमारी संवेदनाएं हैं।”

यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने भी मृतकों के परिवारों और प्रियजनों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा, “आज यूरोप आपके साथ इस दुख में शामिल है।”

इस साल जनवरी में भी हुआ था बड़ा ट्रेन हादसा

AP के मुताबिक, बुधवार के हादसे ने लोगों को इस साल जनवरी में दक्षिणी स्पेन में हुई एक और बड़ी ट्रेन दुर्घटना की याद दिला दी। उस हादसे में 45 लोगों की मौत हुई थी। तब IRYO की एक ट्रेन पटरी से उतरकर सामने से आ रही RENFE की ट्रेन से टकरा गई थी।

जनवरी में हुआ हादसा 2013 के बाद स्पेन का सबसे जानलेवा ट्रेन हादसा था। 2013 में हुई दुर्घटना में 80 लोगों की मौत हुई थी। जनवरी के हादसे के बाद देश की हाई-स्पीड रेल सेवा की सुरक्षा को लेकर लोगों का भरोसा भी प्रभावित हुआ था।

यह भी पढ़ें- इजरायल में किसकी सरकार? नेतन्याहू और आइजेनकोट के पास क्या विकल्प, पूरा गणित समझें

ताज़ा ख़बरें