
अमेरिका में पिछले कुछ दिनों के दौरान तकनीकी गड़बड़ियों की ऐसी कड़ी सामने आई है, जिसने देश की डिजिटल और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कभी हजारों उड़ानों पर ब्रेक लगा, तो कभी माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं ठप हो गईं। बैंकों के सिस्टम से लेकर अमेरिकी खुफिया एजेंसी NSA के गोपनीय नेटवर्क तक में दिक्कत आई। इसी बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने देश के शीर्ष साइबर अधिकारी सीन केर्नक्रॉस को पद से हटा दिया है।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने केर्नक्रॉस को हटाने का समर्थन किया था। वाइट हाउस के करीबी एक सूत्र ने बताया कि राष्ट्रपति का मानना था कि केर्नक्रॉस के पास इस पद के लिए जरूरी साइबर सुरक्षा विशेषज्ञता (Cybersecurity Expertise) नहीं थी। हालांकि, अभी तक ऐसा कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है जिसमें उनकी बर्खास्तगी को हालिया तकनीकी गड़बड़ियों से सीधे तौर पर जोड़ा गया हो।
अमेरिका में कहां-कहां ठप हुए सिस्टम?
पिछले कुछ दिनों में अमेरिका की कई अहम सेवाओं में तकनीकी खराबी सामने आई। इन घटनाओं ने आम लोगों के साथ-साथ सरकारी और सुरक्षा से जुड़े नेटवर्क को भी प्रभावित किया।

विमानों की आवाजाही पर लगा ब्रेक: 13 नवंबर को अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के सिस्टम में गड़बड़ी के बाद देशभर में करीब पांच घंटे तक उड़ानों पर रोक लगानी पड़ी। इस दौरान हजारों उड़ानें रद्द हुईं या देरी से चलीं। शुरुआती जांच में अर्कांसस के एक सेंटर पर पुराने तारों को फाइबर ऑप्टिक केबल से बदलने के दौरान नेटवर्क पर जरूरत से ज्यादा डेटा का दबाव पड़ने की बात सामने आई।
माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं प्रभावित: 12 नवंबर को माइक्रोसॉफ्ट 365 की सेवाओं में बड़ी तकनीकी खराबी आई। आउटलुक, टीम्स और दूसरी सेवाएं प्रभावित हुईं। कंपनी के मुताबिक, यह समस्या एक पुराने सॉफ्टवेयर बग और सर्वर पर बढ़े दबाव के कारण हुई थी।
बैंकिंग सेवाओं में दिक्कत: अमेरिकी बैंकों में भी तकनीकी समस्याएं सामने आईं। जेपी मॉर्गन चेस में सॉफ्टवेयर की गड़बड़ी के कारण लेनदेन प्रभावित हुए और इसका असर दूसरी बैंकिंग सेवाओं पर भी पड़ा।
एप्पल की सेवाओं में भी खराबी: आईक्लाउड और ऐप स्टोर जैसी सेवाओं में भी दिक्कत की खबर आई। कंपनी ने इसकी वजह अपने एक आंतरिक अपडेट को बताया।
NSA के गोपनीय नेटवर्क में आई दिक्कत: 17 नवंबर को अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी (NSA) के गोपनीय आंतरिक संचार नेटवर्क में भी अस्थायी खराबी आई। एजेंसी ने इसे नियमित रखरखाव के दौरान हुई तकनीकी समस्या बताया। हालांकि, एजेंसी ने कहा कि उसके जरूरी कामकाज पर इसका असर नहीं पड़ा।
क्या अमेरिका पर हुआ साइबर हमला?
एक के बाद एक कई अहम सिस्टम में खराबी आने के बाद साइबर हमले की आशंका भी जताई जाने लगी। सवाल उठे कि क्या किसी विदेशी ताकत या हैकर्स ने अमेरिका के डिजिटल ढांचे को निशाना बनाया है? तो अमेरिकी प्रशासन ने ऐसी आशंकाओं को खारिज किया है। 18 नवंबर को अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और राष्ट्रीय खुफिया निदेशक जे क्लेटन ने कहा कि इन घटनाओं के आपस में जुड़े होने या इनके पीछे किसी साइबर क्रिमिनल, विदेशी सरकार या दूसरे शरारती एलिमेंट्स का हाथ होने का कोई सबूत नहीं मिला है।
क्लेटन के मुताबिक, ये अलग-अलग घटनाएं हैं, जिनकी वजह सॉफ्टवेयर अपडेट, सुरक्षा खामियों को ठीक करने और पुराने सिस्टम को अपग्रेड करने जैसे तकनीकी काम हैं। रुबियो ने भी कहा कि सरकार को ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है जिससे इन सभी घटनाओं को एक सुनियोजित साइबर हमले का हिस्सा माना जाए।
कौन हैं सीन केर्नक्रॉस, जिनकी ट्रंप ने छुट्टी की?

सीन केर्नक्रॉस (Sean Cairncross) वाइट हाउस के नेशनल साइबर डायरेक्टर के तौर पर काम कर रहे थे। उन्होंने 4 अगस्त 2025 को इस पद की जिम्मेदारी संभाली थी। उनका काम अमेरिकी सरकार के अलग-अलग विभागों के बीच साइबर सुरक्षा नीति और रणनीति का तालमेल बनाना था। इस पद पर रहते हुए वह देश के डिजिटल ढांचे और सरकारी नेटवर्क की सिक्योरिटी से जुड़ी पॉलिसी के समन्वय के लिए जिम्मेदार थे। उनकी जगह पेंटागन की मुख्य सूचना अधिकारी कर्स्टन डेविस को कार्यवाहक नेशनल साइबर डायरेक्टर बनाया गया है। स्थायी नियुक्ति के लिए सीनेट की मंजूरी जरूरी होगी।
फॉक्स न्यूज के मुताबिक, वाइट हाउस के अधिकारियों का मानना था कि केर्नक्रॉस के पास इस जिम्मेदारी के लिए जरूरी तकनीकी विशेषज्ञता नहीं थी। हालांकि, शुरुआती रिपोर्टों में उनके अगले दो साल तक इस पद पर नहीं बने रहने की इच्छा को भी उनके जाने की वजह बताया गया था। बाद में रॉयटर्स और अन्य मीडिया संस्थानों ने ट्रंप के बर्खास्तगी के फैसले का समर्थन करने की बात रिपोर्ट की।




