यमन के हूती विद्रोहियों का दावा, सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय पर दागी बैलिस्टिक मिसाइल
नमस्ते रीडर्स! RT हिंदी के इस लाइव ब्लॉग पेज पर आपका स्वागत है। यहां हम आपको दे रहे हैं देश-दुनिया से जुड़े हर बड़े अपडेट।
भारत
यमन के हूती विद्रोहियों का दावा, सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय पर दागी बैलिस्टिक मिसाइल
हूती आंदोलन (अंसार अल्लाह) के प्रवक्ता याह्या सारी

BIG Updates:

चक्रवात अर्नब का खतरा बढ़ा: चक्रवात अर्नब के मंगलवार को आंध्र प्रदेश के तट से बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में टकराने की आशंका है। IMD के मुताबिक, यह यानम के पास तट से टकरा सकता है। हवा की रफ्तार 125-135KMPH तक पहुंच सकती है।

इजरायल में आज चुनाव: इजरायल में आज चुनावी मुकाबले पर नजर बनी हुई है। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के सामने अपनी सरकार बचाने और सत्ता में बने रहने की चुनौती है। चुनाव के नतीजे देश की राजनीतिक दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

ट्रंप बोले- ब्राजील के चुनाव में हुई धांधली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ब्राजील के चुनावी नतीजों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि वोटों की गिनती और समय बढ़ाने का तरीका काफी अजीब था। हालांकि, ट्रंप ने कहा कि वह ब्राजील के राष्ट्रपति लूला के साथ अच्छे संबंध रखते हैं।

पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल महंगा: पाकिस्तान सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की है। पेट्रोल की कीमत 1.54 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 2.16 रुपये प्रति लीटर बढ़ाई गई है। इस फैसले से आम लोगों के परिवहन खर्च पर असर पड़ सकता है।

मॉस्को पहुंचे ईरानी राष्ट्रपति पेजेश्कियान: ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान आज मॉस्को में हैं। उनके रूस दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों और अहम मुद्दों पर बातचीत पर नजर रहेगी।

  • जेल से भागे 17 कैदी, 'आसमानी आंख' की मदद से जंगल में पकड़े गए

    तमिलनाडु के थेनी में जिला जेल से 17 कैदी भाग गए। इनमें से 13 कैदियों को पुलिस ने कुछ ही देर में फिर से गिरफ्तार कर लिया। कैसे? आसमानी आंख की मदद से। पुलिस ने ड्रोन की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया। घने जंगलों में सिपाही भेजे। इसकी मदद से कुछ ही देर में 13 कैदियों को फिर से पकड़ लिया गया।

    डीजीपी (जेल) संदीप राय राठौर ने बताया कि इस घटना के बाद कार्रवाई करते हुए 9 जेल अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। बाकी कैदियों को पकड़ने के लिए 17 स्पेशल टीमों, 5 एसटीएफ टीमों और ड्रोन कैमरों को लगाया गया है।

    जंगल और पहाड़ी इलाका होने के कारण सीमावर्ती इलाकों को सील कर दिया गया है। पड़ोसी राज्य केरल की पुलिस को भी अलर्ट जारी किया गया है।

  • हूतियों को 1 बिलियन डॉलर के सऊदी के ऑफर के बावजूद हमला

    इजरायली मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, सऊदी अरब ने ईरान में मक्का सहयोगियों के साथ बैठक करने के बाद यमन के हूती समूह को हमले रोकने और युद्धविराम के लिए 1 अरब अमेरिकी डॉलर देने की पेशकश की थी। इसके बावजूद हूतियों ने सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय को बैलिस्टिक मिसाइल से निशाना बनाया है।

    रिपोर्ट्स के मुताबिक, सऊदी के रक्षा मंत्री प्रिंस खालिद बिन सलमान इस सिलसिले में जब सोमवार को तेहरान (ईरान) पहुंचे थे, तब एक कूटनीतिक सूत् के दावे के अनुसार वह सैन्य विमान से पैसे भी ले गए थे। हालांकि सऊदी अधिकारियों ने पैसे ट्रांसफर होने की पुष्टि नहीं की है।

    इस वार्ता में तुर्किये के खुफिया प्रमुख, पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर और ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियान शामिल थे। सऊदी अरब ने अपने हवाई अड्डों, तेल ठिकानों और अन्य महत्वपूर्ण ठिकानों पर हूती के हमलों से हो रहे आर्थिक नुकसान को रोकने के लिए ईरानी मध्यस्थता में यह पेशकश की थी। तीन साल पहले हुए समझौते के तहत सऊदी अरब को हूती नियंत्रित क्षेत्रों में सार्वजनिक कर्मचारियों के वेतन और पुनर्निर्माण के लिए वित्तीय मदद देनी थी, जिसके बदले हूतियों को हमले रोकने थे। मगर उसे यह सहायता नहीं मिली थी।

  • रक्षा मंत्रालय की इमारत, हवाई अड्डे... सऊदी में हूतियों के 4 हमलों का दावा

    यमन के हूतियों ने सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय पर बैलिस्टिक मिसाइल दागने का दावा किया है। सोमवार को मक्का एलायंस ने ईरान में क्षेत्रीय सुरक्षा और शांति के मुद्दों को लेकर तेहरान में बैठक की थी। बावजूद इसके सऊदी अरब पर हूतियों के हमले रुके नहीं हैं। 

    हूती प्रवक्ता याह्या सारी ने X पोस्ट में दावा किया कि उनके संगठन ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित रक्षा मंत्रालय की इमारत पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया है।

    एक अन्य पोस्ट में याह्या सारी ने दक्षिण-पश्चिम सऊदी अरब के आभा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को ड्रोन के जरिए निशाना बनाने का भी दावा किया। प्रवक्ता के अनुसार, हूती विद्रोहियों ने सैन्य परिवहन विमानों को निशाना बनाते हुए दो बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। इनमें से एक नजरान हवाई अड्डे पर और दूसरी खमीस मुशैत स्थित किंग खालिद एयर बेस पर छोड़ी गई।

    हूती प्रवक्ता के इन दावों पर खबर लिखे जाने तक सऊदी अधिकारियों की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

  • इथियोपिया में 60 रूढ़िवादी ईसाइयों की हत्या

    इथियोपिया में कम से कम 60 रूढ़िवादी ईसाइयों (ऑर्थोडॉक्स क्रिश्चियन) की हत्या कर दी गई है। इथियोपियाई ऑर्थोडॉक्स तेवाहेडो चर्च के होली सिनोड के मुताबिक, ये हमले अर्सी जोन के दो जिलों में हुए।

    20 अक्टूबर को मेर्टी जिले में 14 लोगों की हत्या कर दी गई, उसके बाद 24 अक्टूबर को शिरका जिले में 46 लोग मारे गए। लगभग 20 घरों को आग के हवाले कर दिया गया। चर्च ने इन घटनाओं को “क्रूर नरसंहार” करार दिया है।

    समाचार एजेंसी AP के मुताबिक, ओरोमिया की क्षेत्रीय सरकार के प्रवक्ता हाइलू अदुग्ना ने इन हमलों का आरोप विद्रोही संगठन ओरोमो लिबरेशन आर्मी (OLA) पर लगाया है। उनका कहना है कि विद्रोही उत्तरी इथियोपिया में अपनी सैन्य हार से ध्यान भटकाने के लिए जातीय और धार्मिक तनाव फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।

    वहीं ओरोमो लिबरेशन आर्मी ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि उसने आम नागरिकों को निशाना नहीं बनाया। OLA के नेता जाल मारू ने कहा कि उनकी लड़ाई आम लोगों से नहीं है। ओरोमिया क्षेत्र में 2018 से ही सरकारी सेनाओं और ओरोमो लिबरेशन आर्मी के बीच लगातार हिंसक संघर्ष चल रहे हैं

    ओएलए इथियोपिया पीपल्स फोर्सेस अलायंस फॉर सर्वाइवल के सात समूहों में से एक है। ये गठबंधन सितंबर में प्रधानमंत्री अबी अहमद की सरकार को हटाने के मकसद से किया गया था।

  • 'अस्पताल 'डकैती' के सहारे नहीं चल सकते...' दवाओं की कीमतों में भारी बढ़ोतरी पर SC का केंद्र से सवाल

    RT© फोटो : ANI

    सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को दवाओं के अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) और खुदरा विक्रेताओं के लिए उनकी कीमत के बीच भारी अंतर को लेकर केंद्र सरकार से सवाल किया। कोर्ट ने पूछा कि यह व्यवस्था मरीजों के बजाय दवा निर्माताओं के पक्ष में क्यों झुकी हुई दिखती है।

    जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की बेंच ने दवाओं की कीमतों को बेहतर ढंग से कंट्रोल करने में सरकार की हिचकिचाहट की आलोचना की। बेंच ने टिप्पणी की कि 'नेशनल फार्मास्युटिकल प्राइसिंग अथॉरिटी' (NPPA) पूरी तरह से 'निष्क्रिय' नजर आती है।

    दवाओं की कीमतों से जुड़ी दो याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए बेंच ने पूछा कि पूरी व्यवस्था इन लोगों (दवा निर्माताओं) की मदद करने के लिए क्यों काम कर रही है? जब केंद्र सरकार की ओर से पेश हुईं एडिशनल सॉलिसिटर जनरल ऐश्वर्या भाटी ने कहा कि भारत में दवाओं की कीमतें दुनिया में सबसे कम हैं।

    इस पर बेंच ने जवाब दिया कि देश की कम प्रति व्यक्ति आय को ध्यान में रखे बिना यह नहीं तय किया जा सकता कि दवाएं 'किफायती' हैं या नहीं। जस्टिस मेहता ने कहा, 'मरीजों की तुलना व्यापार से न करें।' उन्होंने यह भी सवाल किया कि कैंसर की दवाओं पर प्रॉफिट मार्जिन (मुनाफे की सीमा) तय करने में सरकार को इतना लंबा समय क्यों लग गया।

  • एक्टर इमरान खान को 'लीव इंडिया' नोटिस पर हाईकोर्ट से मिली अंतरिम राहत

    बॉलीवुड एक्टर इमरान खान को देश छोड़ने के नोटिस पर अंतरिम राहत मिली है। मंगलवार को मामले पर बॉम्बे हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान केंद्र सरकार की ओर से पेश एडिशनल सॉलिसिटर जनरल अनिल सिंह ने सुनवाई की अगली तारीख तक कोई कार्रवाई न करने का मौखिक आश्वासन दिया।

    बार एंड बेंच के मुताबिक, हाईकोर्ट ने एक्टर आमिर खान के भांजे इमरान खान को जारी लीव इंडिया नोटिस को होल्ड करते हुए मामले की सुनवाई 2 नवंबर सोमवार तक टाल दी है। इसका मतलब, इमरान खान कम से कम 2 नवंबर तक देश में रह सकेंगे।

    एक्टर इमरान खान

    क्यों मिला है नोटिसः इमरान खान ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रोटेस्ट में हिस्सा लिया था। उन्हें पुलिस हिरासत में भी लिया गया था। इस पर फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO) ने 14 अक्टूबर को इमरान खान को देश छोड़ने का नोटिस जारी किया था।

    इमरान का क्या कहना हैः इस लीव इंडिया नोटिस को रद्द करने के लिए 17 अक्टूबर को हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। इसमें उन्हें 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का निर्देश दिया गया है।

    याचिका में इमरान खान डिपोर्टेशन, लुकआउट नोटिस और अपने ओसीआई (OCI) कार्ड स्टेटस में दखल पर अंतरिम रोक की मांग की है। बता दें कि इमरान खान अमेरिका के नागरिक हैं।

  • भारत ने न्यूजीलैंड में फिर मचाया धमाल, 3-0 से जीती सीरीज

    टीम इंडिया ने वेलिंगटन के हेनरी स्टेडियम में तीसरे टी20 मुकाबले में न्यूजीलैंड को एकतरफा अंदाज में हराकर पांच मैचों की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली। भारत की जीत के सबसे बड़े हीरो अभिषेक शर्मा रहे, जिन्होंने महज 35 गेंदों में शतक पूरा किया और 38 गेंदों पर 113 रन की तूफानी पारी खेली। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 198/3 रन बनाए थे, जिसे भारत ने आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर हासिल कर लिया। यह न्यूजीलैंड की धरती पर भारत की लगातार तीसरी टी20 सीरीज जीत है।

    पावरप्ले में ही 118 रन, अभिषेक ने उड़ाए गेंदबाजों के होश

    • अभिषेक शर्मा ने महज 15 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया।
    • भारत ने पांच ओवर के भीतर 100 रन पूरे कर लिए।
    • पावरप्ले के छह ओवर में भारतीय ओपनर्स ने 118 रन ठोक दिए। यह टी20 इंटरनेशनल के पावरप्ले में सबसे बड़ा टीम स्कोर रहा।
    • वैभव सूर्यवंशी ने 19 गेंदों में 45 रन बनाए। उनकी पारी में चार चौके और चार छक्के शामिल रहे।
    • अभिषेक ने 35 गेंदों में अपना चौथा टी20 इंटरनेशनल शतक पूरा किया। वह 38 गेंदों में 113 रन बनाकर आउट हुए।
    © Sony LIV

    रनचेज में भारत की जीत पर मुहर

    अभिषेक शर्मा के आउट होने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर 5 रन और संजू सैमसन 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे। हालांकि, भारत की आक्रामक शुरुआत ने रनचेज को काफी आसान बना दिया। इस जीत के साथ भारत ने सीरीज अपने नाम कर ली और न्यूजीलैंड के खिलाफ उसके घरेलू मैदान पर लगातार तीसरी टी20 सीरीज जीतने का रिकॉर्ड बनाया।

  • चक्रवात अर्नब का खतरा बढ़ा, आंध्र प्रदेश तट से 135 किमी/घंटे की रफ्तार से टकराने की आशंका

    चक्रवात अर्नब के मंगलवार को आंध्र प्रदेश के तट से बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में टकराने की आशंका है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, यह बापटला और विशाखापत्तनम के बीच यानम के पास तट से टकरा सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि झोंकों की रफ्तार 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है।

    मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवात मंगलवार तड़के और तेज होकर बेहद गंभीर श्रेणी में पहुंच गया। ओडिशा में भी इसके असर से कई जगह भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में बेहद भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

    मछुआरों को 30 अक्टूबर की सुबह तक समुद्र में न जाने की चेतावनी दी गई है। वहीं, तटीय बंदरगाहों पर भी अलर्ट जारी किया गया है। काकीनाडा बंदरगाह पर GD-10, विशाखापत्तनम और गंगावरम में GD-9 और मछलीपट्टनम व निजामपट्टनम में GD-8 चेतावनी जारी की गई है।

  • सितंबर में Jio और Airtel से जुड़े 53 लाख से ज्यादा नए मोबाइल यूजर, देश में कुल ग्राहक 130 करोड़ के पार

    TRAI के आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर 2026 में देश में 65.7 लाख नए मोबाइल ग्राहक जुड़े। इनमें रिलायंस जियो के 27.1 लाख और भारती एयरटेल के 26.9 लाख ग्राहक शामिल हैं। इस बढ़ोतरी के साथ देश में मोबाइल ग्राहकों की कुल संख्या बढ़कर करीब 130 करोड़ हो गई।

    सरकारी कंपनी BSNL ने भी सितंबर में 6.26 लाख नए ग्राहक जोड़े, जबकि वोडाफोन आइडिया के ग्राहकों की संख्या में 5.50 लाख की बढ़ोतरी हुई। दूसरी ओर, MTNL के 6,628 ग्राहक कम हुए। TRAI के मुताबिक, देश में ब्रॉडबैंड ग्राहकों की संख्या भी अगस्त के 110.12 करोड़ से बढ़कर सितंबर में 110.77 करोड़ हो गई।

  • दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस की रामलीला मैदान रैली की अनुमति नहीं ली वापस, 1 नवंबर को होना है प्रदर्शन

    दिल्ली पुलिस ने साफ किया है कि कांग्रेस की 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली रैली की अनुमति वापस नहीं ली गई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पहले दी गई मंजूरी में कोई बदलाव नहीं हुआ है। यह स्पष्टीकरण कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल के उस आरोप के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि पुलिस ने रैली की तैयारियां रोक दी हैं।

    कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में 30 अक्टूबर को कार्यक्रम और 1 नवंबर को रैली आयोजित करने की योजना बनाई है। पार्टी का कहना है कि वह मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग को लेकर अपना आंदोलन जारी रखेगी।

    वहीं, अशोक होटल में प्रस्तावित मॉक संसद कार्यक्रम को लेकर पुलिस ने कहा कि फैसला होटल प्रबंधन को लेना है, क्योंकि परिसर निजी संपत्ति है। इससे पहले पुलिस ने रामलीला मैदान की बुकिंग के लिए 25 अक्टूबर से 3 नवंबर तक अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) जारी किया था। मैदान की बुकिंग प्रक्रिया दिल्ली नगर निगम (MCD) पूरी करेगा।

ताज़ा ख़बरें