LPG पर 1 अक्टूबर से नया नियम: किसे बायोमेट्रिक देना जरूरी, किसे नहीं? आसान भाषा में समझें
1 अक्टूबर से सब्सिडी वाले LPG सिलेंडर के लिए बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन जरूरी होगा। जिन ग्राहकों का ऑथेंटिकेशन पहले ही हो चुका है, उन्हें दोबारा कुछ करने की जरूरत नहीं है।
LPG पर 1 अक्टूबर से नया नियम: किसे बायोमेट्रिक देना जरूरी, किसे नहीं? आसान भाषा में समझें
LPG cylinder

1 अक्टूबर 2026 से घरेलू LPG ग्राहकों को रेगुलेटेड रिटेल सेलिंग प्राइस (सरकार द्वारा तय खुदरा कीमत ) (RSP) पर लागू सब्सिडी के साथ रिफिल बुक करने के लिए बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन (BAA) पूरा करना होगा। ऑथेंटिकेशन का मतलब है आधार से LPG कनेक्शन और कंज्यूमर की पहचान की पुष्टि करना। इस नए बदलाव को आसान भाषा में समझते हैं।

1 अक्टूबर से क्या बदलेगा?

जिन ग्राहकों का BAA पहले ही पूरा हो चुका है, उन्हें दोबारा ऑथेंटिकेशन कराने की जरूरत नहीं होगी। उनका रिफिल पहले की तरह जारी रहेगा।

जिन ग्राहकों ने अभी तक BAA पूरा नहीं किया है, उन्हें ऑथेंटिकेशन पूरा करने के बाद ही RSP यानी सरकार द्वारा तय खुदरा कीमत पर सब्सिडी के साथ रिफिल बुक करने की सुविधा मिलेगी।

BAA कैसे करना होगा?

BAA पूरा करने के तीन तरीके हैं।


रिफिल डिलीवरी के समय: डिलीवरी करने वाला व्यक्ति OMC मोबाइल ऐप (ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के मोबाइल ऐप) के जरिए मौके पर ऑथेंटिकेशन पूरा कर सकता है।


डिस्ट्रीब्यूटर के शोरूम पर: ग्राहक अपने LPG डिस्ट्रीब्यूटर के पास जाकर ऑथेंटिकेशन करा सकते हैं।

OMC मोबाइल ऐप से घर बैठे: ऑथेंटिकेशन के लिए ग्राहक इन मोबाइल ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं। 

  • IndianOil ONE - इंडियनऑयल/इंडेन ग्राहकों के लिए
  • HelloBPCL - भारत पेट्रोलियम/भारत गैस ग्राहकों के लिए
  • HP PAY - हिंदुस्तान पेट्रोलियम/एचपी गैस ग्राहकों के लिए

BAA नहीं कराना चाहते तो क्या होगा?

जो ग्राहक BAA पूरा नहीं करना चाहते या नहीं कर सकते, वे LPG लेना जारी रख सकते हैं। उन्हें अपने OMC के डिजिटल चैनल पर यह विकल्प दर्ज करना होगा।

इसके लिए कंज्यूमर वेब पोर्टल, मोबाइल ऐप, व्हाट्सऐप चैटबॉट, आईवीआरएस या उपलब्ध दूसरे चैनलों का इस्तेमाल किया जा सकता है। ऐसे ग्राहकों को बिना सब्सिडी के लागू मार्केट कीमत पर LPG मिलेगा। यह 5 किलो या 10 किलो के सिलेंडर में दिया जाएगा, जो OMC के पास स्थानीय उपलब्धता पर निर्भर करेगा।

अब तक कितने लोगों ने BAA पूरा किया?

19 सितंबर 2026 तक 27.43 करोड़ एक्टिव घरेलू LPG ग्राहक BAA पूरा कर चुके हैं। यह कुल कंज्यूमर्स का 89.9% है।

ग्राहकों को पहली बार 30 जून 2026 तक BAA पूरा करने के लिए कहा गया था। इसके बाद डेडलाइन को कई बार बढ़ाया गया और आखिर में 14 सितंबर 2026 किया गया। 

अक्टूबर 2023 से OMCs ने देशभर में BAA को लेकर आउटरीच अभियान चलाया। इस दौरान 12 करोड़ से ज्यादा एसएमएस और व्हाट्सऐप मैसेज भेजे गए। इसके अलावा डिस्ट्रीब्यूटर्स और डिलीवरी स्टाफ ने उन ग्राहकों से व्यक्तिगत रूप से संपर्क किया, जिनका ऑथेंटिकेशन बाकी था।

LPG सब्सिडी की लागत

घरेलू LPG को लागत से कम कीमत पर बेचा जाता है। सितंबर 2026 में 14.2 किलो के घरेलू LPG सिलेंडर पर करीब 210 रुपये की अप्रत्यक्ष सब्सिडी थी। जून 2026 में यह 721 रुपये प्रति सिलेंडर थी।

घरेलू LPG को सस्ता रखने के लिए सरकार ने साल 2022-23 में OMCs को 22,000 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया था। साल 2025-26 और 2026-27 में सरकार 30000 करोड़ रुपये का मुआवजा दे रही है।

1 अक्टूबर से पहले क्या करें?

जिन ग्राहकों ने अभी तक BAA पूरा नहीं किया है, उन्हें 1 अक्टूबर 2026 से पहले ऊपर बताए गए किसी भी माध्यम से ऑथेंटिकेशन पूरा करने को कहा गया है। ये सुविधाएं शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में उपलब्ध हैं।

ताज़ा ख़बरें