
ईरान-अमेरिका के बीच करीब 9 महीने से चल रही जंग में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज प्रमुख पिन पॉइंट बना हुआ है। होर्मुज में ईरान और अमेरिका के ब्लॉकेड के कारण वैश्विक सप्लाई चेन बुरी तरह प्रभावित हुई है। होर्मुज को लेकर अमेरिका और ईरान लगातार अलग-अलग दावे करते रहे हैं। कभी अमेरिका होर्मुज के खुले होने का दावा करता है तो ईरान बंद होने की बात कहता है। अमेरिका होर्मुज स्ट्रेट पर अपना नियंत्रण स्थापित होने की बात करता है तो दूसरी तरफ ईरान अपना कंट्रोल होने का दावा करता है। होर्मुज के वास्तविक हालात क्या हैं, यह जानने के लिए RT संवाददाता समन कुजूरी ने होर्मुज के ताजा हालात का जायजा लिया।
होर्मुज में एक शिप पर खड़े समन ने कहा, 'यह एक ऐसा समुद्री रास्ता है जो वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा के साथ अंतरराष्ट्रीय व्यापार और क्षेत्रीय राजनीति के केंद्र में है। मगर ईरान यह संकेत दे रहा है कि संघर्ष के बाद पुरानी स्थिति अब शायद कायम नहीं रहेगी। तेहरान का कहना है कि मौजूदा संघर्ष ने उसे इस रणनीतिक मार्ग के प्रबंधन को लेकर फिर से सोचने के लिए विवश किया है। ईरान का कहना है इस स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों के नियम और उस पर नियंत्रण खुद ईरान के सुरक्षा हितों और उसकी संप्रभुता के अनुसार होना चाहिए।' आगे पढ़ने से पहले समन की रिपोर्ट देखिए।
होर्मुज को लेकर ईरान क्या कहता है?
ईरानी सेना के प्रवक्ता ने हाल ही में एक बयान में कहा, “युद्ध ने हमें होर्मुज स्ट्रेट के प्रबंधन पर फिर से सोचने के लिए मजबूर कर दिया है। दुश्मन जब तक हमारी मांगों को स्वीकार नहीं कर लेता, तब तक होर्मुज नहीं खुलेगा।”
वहीं ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने कहा,
”इस स्ट्रेट पर ईरान और ओमान की संप्रभुता है। यहां जहाजों की आवाजाही ईरानी व्यवस्था के अनुसार ही होगी। इसके लिए वह खाड़ी के तटीय देशों से भी सलाह-मशविरा करेगा।
अमेरिका का क्या दावा है?
तुर्की में अमेरिका के राजदूत टॉम बैरक होर्मुज को लेकर कहते हैं कि “हमने इसकी स्थिति को अब तक तीन बार बदला है? हमने पहले शाह को सत्ता (ईरानी शासन) में बिठाया। फिर 1979 में खुमैनी को बिठाया। फिर शाह को हमने ही हटाया।”
शाही शासन में संबंध कैसे थे?
शाही शासन के दौरान ईरान और अमेरिका में गहरे व्यापारिक और राजनीतिक संबंध रहे थे। 1970 से 1978 के दौरान ईरान ने अमेरिका से करीब 20 अरब डॉलर के हथियार, गोला बारूद और सैन्य उपकरण खरीदे थे। 1978 तक अमेरिका से ईरान को किया जाने वाला निर्यात 3.7 अरब डॉलर तक पहुंच गया था। यह सैन्य विस्तार बताता है कि ईरान में अमेरिकी सलाहकारों की संख्या कितनी तेजी से बढ़ रही थी। इसका अंदाजा इस बात से भी लगा सकते हैं कि 1971 में जहां ईरान में लगभग 16,000 अमेरिकी सलाहकार थे, 1976 में बढ़कर 24,000 तक हो गए। 1980 तक इसके 60,000 तक पहुंचने का अनुमान था। मगर इससे पहले ही तत्कालीन शिया धर्म गुरु इमाम रुहुल्लाह खुमैनी ने 1979 की इस्लामिक क्रांति के दौरान पहले ही तत्कालीन शाह शासक रेजा पहलवी का तख्तापलट कर दिया था।
ईरानी सेना में अमेरिकी दखल के खिलाफ थे खुमैनी
इमाम खुमैनी के लिए ईरानी सेना में अमेरिका की बढ़ती यह मौजूदगी आजादी की कमी का प्रतीक थी। उन्होंने अमेरिकी सलाहकारों के आदेश पर ईरानी सेना के काम करने को लेकर इसकी कई बार आलोचना भी की थी।
उस दौरान इमाम खुमैनी ने कहा था, “जब हम सेना को देखते हैं कि यह अमेरिकी सलाहकारों के आदेश पर चलने वाली सेना है, तो पूछता हूं... क्या हमारे पास अपनी कोई सेना है? एक ऐसी सेना जो आजाद नहीं है, जो खुद से कुछ नहीं कर सकती, जो अपने काम में स्वतंत्र नहीं है। 60 हजार बेकार अमेरिकी 'सलाहकार' के नाम पर यहां आ गए हैं, अब वे क्या करते हैं मुझे नहीं पता, लेकिन सेना पूरी तरह से उनके आदेश के अधीन है। तो हमारे पास कोई सेना भी नहीं है। हमारे पास क्या है? ईरान के पास क्या है?”
अमेरिकी सेना का तब होर्मुज में क्या रोल था?
ईरानी सेना की अमेरिका पर यह निर्भरता केवल उसके सलाहकारों तक ही सीमित नहीं थी। शाह के शासन में, होर्मुज स्ट्रेट की निगरानी करने की ईरान की क्षमता पूरी तरह से अमेरिका से मिले युद्धपोतों, F-14 लड़ाकू विमानों, रडार सिस्टम और नौसैनिक ढांचे पर टिकी थी।
मगर आज ईरान का रुख बिल्कुल अलग महत्वाकांक्षा को दर्शाता है यानी अपने पैरों पर खुद खड़ा होना और अपने रणनीतिक मामलों पर अपनी संप्रभुता साबित करना। दशकों के आर्थिक दबाव, प्रतिबंधों और सैन्य टकराव के खतरों के बावजूद, तेहरान किसी भी कीमत पर अपने संप्रभु अधिकारों की रक्षा करने के लिए पहले से कहीं ज्यादा दृढ़ नजर आ रहा है। यह बिल्कुल साफ हो गया है कि इस लक्ष्य को हासिल करने में होर्मुज जलडमरूमध्य सबसे अहम भूमिका निभाता है।






