
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने एक बार फिर 'टैरिफ बम' फोड़ा है। दूसरी बार सत्ता में आने के बाद से ही ट्रंप ने दुनिया में काफी उथल-पुथल मचाई है, लेकिन अब यही दांव उनके लिए घर में मुश्किल खड़ी कर रहा है। अमेरिका में महंगाई बढ़ने के साथ टैरिफ नीति भी लोगों के गुस्से की वजह बनी। हाल में हुए मिडटर्म इलेक्शन में रिपब्लिकन पार्टी को इसकी राजनीतिक कीमत भी चुकानी पड़ी और करारी हार मिली। फिर भी उन्होंने बड़ा दांव चला है।
हां, माना जा रहा था कि चुनावी झटके के बाद ट्रंप टैरिफ के मोर्चे पर कुछ नरमी दिखाएंगे, लेकिन उन्होंने फिर से वही फैसला ले लिया। चुनाव के कुछ हफ्ते बाद ही एक बार फिर भारत, चीन समेत 14 देशों पर नए टैरिफ लगाने का ऐलान कर दिया गया है। दिलचस्प यह है कि जिस दिन यह घोषणा हुई, उसी दिन अमेरिका में महंगाई का आंकड़ा तीन साल के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया।
अमेरिका का तर्क भी समझिए
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) का तर्क है कि इन टैरिफ के जरिए उन देशों पर कार्रवाई की जाएगी, जिनकी नीतियों से जरूरत से ज्यादा औद्योगिक उत्पादन बढ़ रहा है और अमेरिकी कंपनियों को नुकसान हो रहा है।
ट्रंप प्रशासन ने टैरिफ लगाने के लिए 1974 के अमेरिकी ट्रेड एक्ट के सेक्शन 301 का सहारा लिया है। यह कानून अमेरिका को उन देशों के खिलाफ व्यापारिक कार्रवाई करने का अधिकार देता है, जिनकी नीतियों या तौर-तरीकों को वह अमेरिकी कारोबार के लिए नुकसानदेह मानता है। इसी के तहत अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) ने भारत समेत 14 देशों की जांच की है।
14 देश और प्रस्तावित टैरिफ

USTR ने भारतीय सामानों पर 25 फीसदी तक टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया है। हालांकि, इसके साथ एक विकल्प भी रखा गया है। अगर भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता हो जाता है, तो यह दर 17 फीसदी तक रखी जा सकती है।
भारत को कैसे अलर्ट कर रहे एक्सपर्ट, समझिए
विदेश मामलों के विशेषज्ञ सुशांत सरीन इसे सिर्फ व्यापार से जुड़ा फैसला नहीं मानते। समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में उन्होंने कहा कि ट्रंप इस कदम से दुनिया को यह संदेश देना चाहते हैं कि फैसले लेने की ताकत अब भी उनके हाथ में है। वहीं, पूर्व राजनयिक अशोक सज्जनहार और विदेश मामलों के विशेषज्ञ रोबिंदर सचदेव का मानना है कि भारत को अमेरिका की अनिश्चित नीतियों को देखते हुए हर स्थिति के लिए तैयार रहना होगा।
ट्रेड डील होने से कितना फर्क पड़ेगा?
पूर्व वरिष्ठ राजनयिक अशोक सज्जनहार का कहना है कि अमेरिका की मौजूदा सरकार के साथ अनिश्चितता लगातार बनी हुई है।
उन्होंने कहा, 'अनिश्चितता अमेरिका के मामले में दूसरा नाम बन चुकी हैं। ऐसे में व्यापार समझौता होने या न होने से भी बहुत ज्यादा फर्क पड़ता नहीं दिखता।'
सज्जनहार ने यह भी कहा कि जिन देशों को इस जांच में शामिल किया गया है, उनमें जापान और यूरोप के कुछ ऐसे देश भी हैं जिनके अमेरिका के साथ पहले से व्यापार समझौते हैं। इसके बावजूद उन्हें अमेरिकी कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा, 'हमें अमेरिकी प्रशासन की ओर से उठाए जा सकने वाले किसी भी कदम के लिए तैयार रहना होगा। यही वजह है कि भारत अपने विकल्पों को बढ़ा रहा है और जोखिम कम करने की दिशा में काम कर रहा है। भारत की रणनीति में यह बदलाव साफ दिखाई दे रहा है।'
विदेश मामलों के विशेषज्ञ रोबिंदर सचदेव ने भी चेतावनी दी है कि सेक्शन 301 के तहत चल रही अलग-अलग जांचों से भारत और दूसरे देशों पर आगे भी अतिरिक्त टैरिफ लगाने की स्थिति बन सकती है। ऐसे में सिर्फ मौजूदा व्यापार समझौते पर निर्भर रहना भारत के लिए पर्याप्त नहीं होगा।






