सपा-कांग्रेस गठबंधन पर 48 घंटे से उठा सियासी बवंडर खड़गे की एक लाइन से होगा शांत?
यूपी में सपा-कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर जारी खींचतान के बीच मल्लिकार्जुन खड़गे ने गठबंधन को लेकर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि दोनों दलों को अहंकार छोड़कर मिलकर बीजेपी को हटाना है। खड़गे ने इमरान मसूद को भी तीखे बयानों के बजाय काम और सामूहिक प्रयास पर ध्यान देने की नसीहत दी है।
भारत

उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर पिछले 48 घंटे से चल रही खींचतान के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दोनों दलों को साथ मिलकर चलने का संदेश दिया है। लखनऊ में संविधान दिवस के कार्यक्रम में पहुंचे खड़गे ने कहा कि किसी को भी अहंकार में बात नहीं करनी चाहिए, चाहे हम हों या सामने वाली पार्टी। हमें मिलकर बीजेपी को हटाना है। उन्होंने गठबंधन को लेकर भरोसा जताते हुए कहा कि अलायंस तो होकर रहेगा।

खड़गे ने इस दौरान कांग्रेस सांसद इमरान मसूद को भी नसीहत दी। उन्होंने कहा कि वह इमरान मसूद को अक्सर टीवी पर सुनते हैं, जहां वह काफी जोश के साथ अपनी बात रखते हैं। हालांकि, सिर्फ बोलने के बजाय काम पर ध्यान देने की जरूरत है। खड़गे ने कहा कि हम जितना मिलकर काम करेंगे, उतना ही आगे बढ़ेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इमरान मसूद संसद में पार्टी के लिए लड़ते हैं और कांग्रेस का पक्ष मजबूती से रखते हैं।

इमरान मसूद को खड़गे की नसीहत

खड़गे की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब यूपी में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर तनातनी बढ़ गई है। दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर बातचीत में बड़ा अंतर सामने आया है। कांग्रेस ने जहां करीब 150 सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है, वहीं सपा की ओर से 26 सीटों का प्रस्ताव दिया गया है।

इस बीच 25 नवंबर को अखिलेश यादव ने पांच उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। इनमें बेहट और सहारनपुर की सीटें भी शामिल हैं, जिन पर कांग्रेस अपना दावा कर रही थी। इससे कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष और सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद की नाराजगी खुलकर सामने आ गई।

सपा ने जारी की पहली सूचीRT

मसूद ने सपा के इस कदम पर सवाल उठाते हुए कहा था कि क्या हम भीख मांग रहे हैं? उन्होंने गठबंधन में बातचीत के बीच उम्मीदवारों की घोषणा पर भी नाराजगी जताई। गुरुवार को उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस ऐसी सीटें स्वीकार नहीं करेगी, जहां उसके जीतने की संभावना नहीं है। उन्होंने कहा कि इस पर अंतिम फैसला राहुल गांधी करेंगे।

बीजेपी सरकार पर खड़गे का निशाना 

खड़गे गुरुवार, 26 नवंबर को संविधान दिवस के मौके पर लखनऊ में कांग्रेस के 'संविधान रक्षा मार्च' में शामिल हुए। कांग्रेस कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने उत्तर प्रदेश की बीजेपी सरकार पर निशाना साधा। खड़गे ने कहा कि सरकार राहुल गांधी, कांग्रेस और पार्टी के कार्यकर्ताओं से इतनी डरी हुई है कि अब उनकी परछाई से भी डरने लगी है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथी जब भी मौका मिलेगा, मार्च निकालेंगे और उस मंजिल तक जरूर पहुंचेंगे, जहां आज पहुंचना था। इससे पहले खड़गे ने लखनऊ में डॉ. भीमराव आंबेडकर को भी श्रद्धांजलि दी।

संसद के शीतकालीन सत्र पर भी कांग्रेस ने उठाए सवाल

संविधान रक्षा मार्च के दौरान कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार संसद और संसदीय लोकतंत्र को कमजोर कर रही है। वेणुगोपाल ने संसद के शीतकालीन सत्र की तारीखों का ऐलान नहीं होने पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार संसद को मजाक बनाकर रख रही है।

उन्होंने कहा कि संविधान दिवस के मौके पर भी लोगों को संसद की कार्यवाही देखने का अवसर नहीं मिला। वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि सरकार संसदीय परंपराओं और संविधान का सम्मान नहीं कर रही है।

ताज़ा ख़बरें