फिर टैरिफ बढ़ाएंगे ट्रंप? आखिर भारत और चीन से अमेरिका को क्या परेशानी है
भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर बातचीत लगभग पूरी होने के दावों के बीच ट्रंप प्रशासन भारत पर नए टैरिफ लगाने की तैयारी कर रहा है। इसमें भारत समेत 16 अर्थव्यवस्थाएं शामिल हो सकती हैं। सबसे ज्यादा टैरिफ चीन पर लग सकता है और भारत पर भी भारी टैरिफ लगने की आशंका है।
दुनिया
फिर टैरिफ बढ़ाएंगे ट्रंप? आखिर भारत और चीन से अमेरिका को क्या परेशानी है
ट्रंप भारत, चीन समेत कई देशों पर नया टैरिफ लगाने जा रहे हैं।© AP (Recreated by RT हिंदी)

पिछले महीने वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा था कि भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील को लेकर बातचीत लगभग पूरी हो चुकी है। पिछले छह महीनों में दोनों देशों के मंत्रियों के बीच 4-5 अहम बैठकें भी हुईं और कहा गया कि जल्द ही दोनों देश समझौते को अंतिम रूप देंगे। लेकिन अब एक ऐसी खबर आई है, जिसने भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन भारत पर एक बार फिर टैरिफ बढ़ाने की तैयारी कर रहा है।

अमेरिकी अखबार 'वॉल स्ट्रीट जर्नल' की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत और चीन समेत कई देशों पर अमेरिका नए आयात शुल्क यानी टैरिफ लगा सकता है। इसके लिए अमेरिकी ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव (USTR) जैमिसन ग्रीयर की जांच के नतीजे इसी हफ्ते घोषित हो सकते हैं। इस जांच में चीन पर सबसे ज्यादा टैरिफ लगाए जाने की आशंका है। भारत भी उन देशों में शामिल है, जिन पर अमेरिका की नजर है।

सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, जापान, यूरोपीय संघ और दक्षिण कोरिया पर 15% या उससे कम टैरिफ लगाया जा सकता है।

अमेरिका की शिकायत क्या है?

अमेरिका को शिकायत है कि कुछ देश अपनी कंपनियों को सरकार की तरफ से इतनी ज्यादा सब्सिडी देते हैं कि उनके प्रोडक्ट अंतरराष्ट्रीय बाजार में सस्ते हो जाते हैं।

इससे अमेरिकी कंपनियों को मुकाबले में नुकसान उठाना पड़ता है। इसी शिकायत की जांच के लिए अमेरिका ने मार्च में 16 अर्थव्यवस्थाओं के खिलाफ जांच शुरू की थी। अब इस जांच के नतीजों के आधार पर ट्रंप प्रशासन नए आयात शुल्क लगाने या दूसरे दंडात्मक कदम उठाने का फैसला कर सकता है।

चीन पर सबसे ज्यादा सख्ती की आशंका, भारत के लिए क्या मुश्किल?

इस जांच के दायरे में सिर्फ भारत और चीन ही नहीं बल्कि यूरोपीय यूनियन, जापान, दक्षिण कोरिया, मैक्सिको, वियतनाम, थाईलैंड, मलेशिया, कंबोडिया, सिंगापुर, इंडोनेशिया, बांग्लादेश, स्विट्जरलैंड और नॉर्वे भी शामिल हैं।

अमेरिकी अधिकारियों का तर्क है कि इन देशों में कई ऐसे उद्योग हैं, जहां जरूरत से ज्यादा प्रोडक्शन हो रहा है। यानी कंपनियां घरेलू मांग से कहीं ज्यादा सामान बना रही हैं और फिर उसे दूसरे देशों में सस्ते दामों पर बेच रही हैं। अमेरिका का आरोप है कि सरकारी मदद और सब्सिडी की वजह से ऐसा हो रहा है, जिससे अमेरिकी निर्माताओं को नुकसान पहुंचता है।

इसी महीने फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित QUAD शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी राष्ट्रपति ट्रंप से मिले थे।© AP

यहां एक अहम बात समझना जरूरी है। अमेरिकी कानून के तहत सेक्शन 301 के जरिए वॉशिंगटन उन देशों के खिलाफ टैरिफ या दूसरे व्यापारिक प्रतिबंध लगा सकता है, जिनकी नीतियों को वह अमेरिकी कारोबार के लिए नुकसानदेह मानता है।

रिपोर्ट के मुताबिक, इस बार प्रस्तावित टैरिफ का दायरा काफी बड़ा हो सकता है और स्टील, एल्युमिनियम और कारों जैसे कुछ प्रोडक्ट को छोड़कर ज्यादातर आयातित सामान इसकी चपेट में आ सकते हैं।

हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि किस देश पर कितना टैरिफ लगेगा। चीन पर सबसे ज्यादा टैरिफ लगने की आशंका है, जबकि भारत और वियतनाम पर भी अपेक्षाकृत ज्यादा टैरिफ लगाया जा सकता है।

भारत पर टैरिफ को लेकर क्या बोले एक्सपर्ट

यूएस-इंडिया स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फोरम (USISPF) के प्रेसिडेंट और सीईओ मुकेश अघी का मानना है कि अमेरिका भारत पर 18% टैरिफ लगा सकता है।

बिजनेस स्टैंडर्ड को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा, 'सेक्शन 301 के तहत चल रही जांच अभी पूरी नहीं हुई है। भारत इन जांचों के नतीजों का इंतजार कर रहा है, क्योंकि फिलहाल भारत पर 10 फीसदी टैरिफ लागू है। द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) के तहत यह दर बढ़कर 18 फीसदी हो जाएगी। भारत की मांग थी कि उसे तरजीही टैरिफ मिले। इसका मतलब है कि भारत पर उसके पड़ोसी और प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले कम टैरिफ लगाया जाए।'

उनके मुताबिक, अमेरिका के साथ ट्रेड डील में देरी की यही वजह है। 

mukesh
अगर भारत अभी 18 फीसदी टैरिफ पर सहमति दे देता है और इसके बाद सेक्शन 301 की जांच रिपोर्ट आती है, तो भारत के पास दूसरे देशों के मुकाबले टैरिफ में राहत हासिल करने का विकल्प या दबाव बनाने की गुंजाइश खत्म हो जाएगी।
मुकेश अघी
मुकेश अघी
यूएस-इंडिया स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फोरम (USISPF) के प्रेसिडेंट और सीईओ

भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर भी पड़ सकता है असर

भारत के लिए यह मामला इसलिए भी अहम है, क्योंकि एक तरफ अमेरिका के साथ व्यापार समझौते पर बातचीत चल रही है और दूसरी तरफ नए टैरिफ की तलवार लटक रही है। इसी महीने भारत को अमेरिका की तरफ से भरोसा दिया गया था कि प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते में उसे दूसरे प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले टैरिफ के मामले में फायदा मिल सकता है।

वाणिज्य मंत्री गोयल ने भी कहा कि अमेरिका के साथ ट्रेड डील को लेकर बहुत अच्छी बातचीत चल रही है।

piyush
अमेरिका के साथ हमारी बातचीत बहुत शानदार चल रही है। वह व्यापार, तकनीक, रक्षा और महत्वपूर्ण खनिजों के मामले में भारत का बेहद अहम साझेदार है। दोनों देशों के बीच बातचीत अच्छी और दोस्ताना है। कोई बड़ी रुकावट नहीं है। बस कुछ मुद्दे बाकी हैं, जिन्हें सुलझाया जा रहा है। समझौते को लेकर जल्द ही घोषणा सुनने को मिल सकती है।
पीयूष गोयल
पीयूष गोयल
वाणिज्य मंत्री

एक वरिष्ठ भारतीय सरकारी अधिकारी के मुताबिक, अमेरिका ने भारत को तुलनात्मक टैरिफ लाभ देने का आश्वासन दिया है। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि असली तस्वीर तभी सामने आएगी, जब टैरिफ का पूरा ढांचा तय होगा।

भारत की कोशिश है कि व्यापार समझौते के पहले चरण को मौजूदा वित्त वर्ष के अंत तक पूरा कर लिया जाए। इसके लिए पहले चरण और व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) पर एक साथ बातचीत चल रही है।

भारत पर कब-कब फूटा अमेरिका का टैरिफ बम?

डोनाल्ड ट्रंप ने दूसरी बार अमेरिका की सत्ता संभालने के बाद कई देशों पर टैरिफ बढ़ाने का फैसला किया। भारत भी इसकी चपेट में आया। 2 अप्रैल 2025 को ट्रंप ने भारत पर 26% टैरिफ लगाने का ऐलान किया, जो 9 अप्रैल से लागू होना था।

हालांकि, बाद में 16% अतिरिक्त टैरिफ पर रोक लगा दी गई और 10% बेसलाइन टैरिफ जारी रहा। इसके बाद 7 अगस्त को भारत पर अतिरिक्त टैरिफ बढ़ाकर 25% कर दिया गया। फिर 27 अगस्त को रूस से तेल खरीदने के मुद्दे पर 25% का और शुल्क लगा दिया गया। इससे भारत पर कुल अतिरिक्त टैरिफ बढ़कर 50% हो गया।

हालांकि, यह दर ज्यादा समय तक नहीं रही। 7 फरवरी 2026 को अमेरिका ने रूस से तेल खरीदने के कारण लगाई गई 25% की पेनल्टी हटा दी, जिससे टैरिफ घटकर 25% रह गया।

इसके बाद 20 फरवरी को अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने ट्रंप के रेसिप्रोकल टैरिफ सिस्टम को रद्द कर दिया। 24 फरवरी को अमेरिका ने 10% ग्लोबल टैरिफ लागू किया, लेकिन यह भी 24 जुलाई को खत्म हो गया। इसके बाद भारत के ज्यादातर कवर किए गए सामान पर 10% का नया सेक्शन 301 टैरिफ लागू हुआ जो अब तक कायम है।