
चीन के शनचन शहर में द्वितीय विश्व युद्ध के बाद, पहली बार दुनिया की तीन सबसे बड़ी ताकतों के राष्ट्राध्यक्षों के एक मंच पर आने से उथल-पुथल भरी दुनिया में शांति और स्थिरता की उम्मीदों को नए पंख लगे हैं। महाताकतों के इस महामिलन से आगे जहां बड़े टकराव कम होने और विश्व के नई राह पर बढ़ने की आस जगी है, वहीं मल्टीपोलर वर्ल्ड (बहुध्रुवीय विश्व) के आकार लेने की संभावनाएं तेज हो गई हैं। त्रिपक्षीय बैठक से पहले तीनों नेताओं ने इस ऐतिहासिक मुलाकात की अहमियत बताई।
⚡️दुनिया की 3 ताकतवर शख्सियतें: पुतिन, शी और ट्रंप साथ-साथ बातचीत में शामिल हुए और फोटो के लिए पोज दिया। https://t.co/Gy8gbTuFrf
— RT Hindi (@RT_hindi_) November 19, 2026
जिनपिंग का सबसे बड़ा संदेश क्या है?
शनचन में इस बैठक की अगुवाई कर रहे चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा, “शनचन में रूस, चीन और अमेरिका के राष्ट्राध्यक्षों की यह बैठक अपने आप में ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण पहल है। शांति मानव समाज की हमेशा से एक बड़ी आकांक्षा रही है। हमारे इस ग्रह पर अब तक दस हजार से ज्यादा युद्ध हो चुके हैं। दो विश्व युद्धों ने तो मानव समाज को भयानक तबाही पहुंचाई थी। आज भी दुनिया में 60 से ज्यादा क्षेत्रीय संघर्ष जारी हैं।”
जिनपिंग ने आगे कहा, “इतिहास हमें बताता है कि जब बड़ी शक्तियां मिलकर काम करती हैं, तो दुनिया में शांति रहती है, लेकिन जब उन ताकतों के बीच टकराव होता है, तो विश्व में अशांति फैलती है। 80 साल से भी पहले, द्वितीय विश्व युद्ध में फासीवाद के खिलाफ लड़ाई में हम तीनों देश प्रमुख ताकतों के रूप में शामिल थे। हमारी जीत ने दुनिया को शांति और सुरक्षा दिलाई थी।”
चीनी राष्ट्रपति ने कहा कि इतिहास सबसे अच्छा शिक्षक होता है। हमें इतिहास को याद रखना चाहिए, उससे सबक लेना चाहिए और बेहतर भविष्य का निर्माण करना चाहिए। आज की दुनिया में कोई भी देश एक-दूसरे से अलग-थलग रहकर नहीं रह सकता।
⚡️ बड़ी खबर: शी जिनपिंग की बड़ी मांग, दुनियाभर के सभी परमाणु हथियारों को पूरी तरह किया जाए खत्म चीन के राष्ट्रपति ने परमाणु हथियारों को मानवता के सिर पर लटकी तलवार बताया। उन्होंने आगे कहा कि मॉस्को, वॉशिंगटन और बीजिंग को एक-दूसरे की संप्रभुता का सम्मान करना चाहिए और एक-दूसरे की 'रेड लाइन' को पार नहीं करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि देशों को परमाणु युद्ध रोकने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा देनी चाहिए और 'परमाणु अप्रसार संधि' का पालन करना चाहिए।
— RT Hindi (@RT_hindi_) November 19, 2026
एक को नुकसान, सबका नुकसान
जिनपिंग ने कहा, “मैं अक्सर कहता हूं कि पूरी मानवता एक ही वैश्विक गांव में रहती है। यहां सबकी खुशहाली एक-दूसरे से जुड़ी है। अगर एक को फायदा होता है, तो सबको फायदा होता है और अगर एक को नुकसान होता है, तो उसका असर सभी पर पड़ता है। इस वैश्विक गांव में बड़ी शक्तियों के कंधों पर विशेष जिम्मेदारी है।
बड़ी ताकतों के बीच अच्छे और सकारात्मक संबंध बनाए रखना कोई विकल्प नहीं, बल्कि एक अनिवार्य जिम्मेदारी है। हाल के वर्षों में चीन ने रूस के साथ नए दौर की व्यापक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाया है। इसके साथ ही, चीन ने अमेरिका के साथ रचनात्मक और स्थिर रणनीतिक संबंध बनाने की दिशा में भी सक्रिय रूप से काम किया है।
Xi: 'As LEADING states, our three states must give AN EXAMPLE of joint efforts in countering global threats, advocating peace in the world, and making a contribution to the progress of humanity' https://t.co/kshvOLHro3
— RTBreaking (@RT_Breaking_) November 19, 2026
मुश्किल वक्त में नेतृत्व की परीक्षा
उन्होंने कहा कि हम ऐसी व्यवस्था बनाना चाहते हैं, जिसमें बड़ी शक्तियों के बीच शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व हो, समग्र स्थिरता बनी रहे और संतुलित विकास हो। इससे न सिर्फ इन देशों को फायदा होगा, बल्कि पूरी दुनिया को भी लाभ पहुंचेगा। फिलहाल दुनिया में पिछले सौ वर्षों में हो रहे बड़े बदलावों की रफ्तार और तेज हो गई है।
राष्ट्रपति शी ने कहा कि दुनिया में हालात शांतिपूर्ण नहीं हैं। ऐसे मुश्किल समय में ही जिम्मेदारी और नेतृत्व की असली परीक्षा होती है। दुनिया की प्रमुख ताकतों और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्य देशों के रूप में हम तीनों राष्ट्रों को उदाहरण पेश करना चाहिए। हमें वैश्विक चुनौतियों का मिलकर सामना करना चाहिए, दुनिया में शांति और स्थिरता बनाए रखनी चाहिए और मानवता की प्रगति में बड़ा योगदान देना चाहिए।
पुतिन बोले, शांति-सुरक्षा की साझा जिम्मेदारी
त्रिपक्षीय बैठक से पुतिन ने विश्व को सबसे व्यापक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि इस बैठक के आयोजन के लिए मैं चीन और उसके राष्ट्रपति का आभार व्यक्त करना चाहता हूं। पहली बार यह बैठक इस अंदाज में की जा रही है, जिसमें संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के तीन स्थायी सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्ष शामिल हो रहे हैं।
पुतिन ने कहा, “हमारे तीनों देशों के बीच सिर्फ यह समानता नहीं है कि हम द्वितीय विश्व युद्ध में विजेता देश रहे हैं, बल्कि हमारे ऊपर अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा बनाए रखने की साझा जिम्मेदारी भी है। हम संयुक्त राष्ट्र की स्थापना करने वाले संस्थापक देशों में शामिल रहे हैं। इसलिए उसकी स्थापना के साथ बनी अंतरराष्ट्रीय कानून की उस व्यवस्था को बनाए रखना और उसको मजबूत करना हमारी जिम्मेदारी है। इसमें संयुक्त राष्ट्र चार्टर और उसके सिद्धांत भी शामिल हैं।
🇷🇺🇨🇳🇺🇸 The #RussiaChinaUSA Heads of State Declaration toward Peace adopted following the trilateral meeting: ✍️ The three Heads of State are committed to maintaining strategic stability & international security. Full: https://t.co/GbopTskrkR https://t.co/mZS2QxWVvF
— MFA Russia 🇷🇺 (@mfa_russia) November 19, 2026
उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय संघर्षों को सुलझाने के मामले में भी हमारे देशों के कई साझा हित हैं। इसमें यूक्रेन का संघर्ष भी शामिल है। इस मुद्दे पर कल ही चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ मेरी बातचीत हुई थी। आज अमेरिका के राष्ट्रपति की पहल पर हुई द्विपक्षीय बैठकों में भी इस मुद्दे पर काफी चर्चा हुई है।”
ट्रंप बोले, बातचीत से ही समाधान संभव
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि तीन सबसे बड़े देशों के राष्ट्रपतियों के तौर पर हमारी एक विशेष जिम्मेदारी है। हमें आपसी सम्मान के साथ और सकारात्मक तरीके से उन मुद्दों पर खुलकर बातचीत करनी चाहिए, जो सिर्फ हमारे देशों के लोगों को ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया को प्रभावित करते हैं। अक्सर अतीत में नेता उन देशों से बातचीत करने से बचते रहे, जिनसे उनके मतभेद थे, लेकिन हमारा नजरिया इससे बिल्कुल अलग है।
उन्होंने कहा कि बातचीत से पीछे हटना किसी समस्या का समाधान नहीं है। पुराने तरीके अपनाकर, यानी मुद्दों पर बात करने से इनकार करके कभी कोई समस्या हल नहीं हुई है। इसी तरह, बातचीत और आपसी संपर्क के मौकों को ठुकराकर कभी शांति स्थापित नहीं की जा सकती। हम तीनों मिलकर एक अलग रास्ता चुन रहे हैं। यह ऐतिहासिक शिखर बैठक हमें कई बेहद महत्वपूर्ण मुद्दों पर नए अवसर तलाशने और नए तरीके अपनाने का मौका देती है। उम्मीद है हम सबके लिए एक बेहतर भविष्य बना सकेंगे। ऐसा भविष्य जो पहले से कहीं ज्यादा बेहतर और सुरक्षित हो।
परमाणु हथियारों के खतरे पर जताई चिंता
राष्ट्रपति ट्रंप ने परमाणु हथियारों को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा, “दुनिया की तीन सबसे बड़ी परमाणु शक्तियों के रूप में अमेरिका, रूस और चीन की एक विशेष भूमिका है। हम इस बात पर चर्चा कर सकते हैं कि दुनिया में परमाणु हथियारों की संख्या कैसे कम की जाए और इन हथियारों के इस्तेमाल का खतरा कैसे घटाया जाए। परमाणु हथियारों का इस्तेमाल अकल्पनीय और विनाशकारी होगा। सच कहूं तो किसी देश के नेता के लिए अपने परमाणु हथियारों को छोड़ने का फैसला लेना आसान नहीं होता।”
.@POTUS: As the world's three largest nuclear powers, the United States, Russia, and China are uniquely positioned to discuss how to reduce the number of nuclear weapons on Earth and to lessen the risk that those weapons will ever be used. https://t.co/J28BvRSIab
— Rapid Response 47 (@RapidResponse47) November 19, 2026
ट्रंप ने कहा, हमारे देशों के अलावा भी कुछ दूसरे देश हैं, जिनके पास कम संख्या में ही सही, लेकिन परमाणु हथियार मौजूद हैं इसलिए इन्हें पूरी तरह छोड़ना आसान नहीं है, लेकिन दुनिया के दूसरे देशों में परमाणु हथियारों के प्रसार को रोकने के लिए हमारा सहयोग करना भी बेहद जरूरी है। हम ईरान के मामले में भी यही कर रहे हैं। हम ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देंगे।
जरा सोचिए, पिछले 40 वर्षों में दुनिया में कितना बदलाव आया है। मेरा मानना है कि ज्यादातर विकास पिछले 20 से 25 वर्षों में हुआ है। आज यहां दुनिया के सबसे बड़े शहरों में से एक मौजूद है और इसकी व्यवस्था बेहद शानदार है। यह अपने आप में एक बहुत बड़ी उपलब्धि है।






