रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 19 नवंबर को एक साथ बैठक करने जा रहे हैं। इसके लिए तीनों नेता चीन के शनचन पहुंच गए हैं। बुधवार, 18 नवंबर को ट्रंप और पुतिन की मुलाकात हुई। दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से हाथ मिलाया। इस दौरान जिनपिंग भी मौजूद रहे। एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन के दौरान होने वाली इस त्रिपक्षीय बैठक में अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।
दूसरे विश्व युद्ध के बाद यह पहली बार होगा, जब इन तीनों देशों के नेता एक साथ बैठक करेंगे। ऐसे में इस मुलाकात पर पूरी दुनिया की नजर है। इस बातचीत का असर यूक्रेन संघर्ष, ईरान संकट, परमाणु हथियारों पर नियंत्रण और ताइवान जैसे मुद्दों पर पड़ सकता है।
⚡️A Handshake That Shakes History: Putin, Xi, & Trump Share A Trilateral Greeting & A Short Conversation Ahead Of The APEC Gala Reception https://t.co/SsD7dOG4uo
— RT_India (@RT_India_news) November 18, 2026
भारत के लिए भी इस बैठक के कई मायने हैं। खासकर रूस और अमेरिका के रिश्तों में सुधार की कोई गुंजाइश बनती है, तो इसका असर भारत के रूस के साथ व्यापार और ऊर्जा संबंधों पर पड़ सकता है।
आरटी हिंदी से बातचीत में लेखक और विदेश मामलों के जानकार रोबिंदर सचदेव ने कहा कि इस बैठक के नतीजे भारत के लिए अहम होंगे।
भारत के लिए क्या मायने?
भारत इस बैठक में शामिल नहीं होगा, क्योंकि वह APEC का सदस्य नहीं है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि बैठक के नतीजों का भारत पर असर नहीं पड़ेगा।
रोबिंदर सचदेव के मुताबिक, भारत को इस बैठक से निकलने वाले नतीजों पर नजर रखनी होगी। अगर तीनों देश बातचीत के जरिए दुनिया में स्थिरता लाने और बड़े संघर्षों का समाधान निकालने की दिशा में आगे बढ़ते हैं, तो भारत के लिए यह अच्छी बात होगी।
भारत के लिए दूसरा अहम पहलू रूस और अमेरिका के रिश्ते हैं। भारत रूस से ऊर्जा खरीदता है और दोनों देशों के बीच व्यापार भी होता है। लेकिन रूस पर अमेरिकी प्रतिबंधों का खतरा बना रहता है। अगर अमेरिका और रूस के रिश्ते सामान्य होते हैं, तो भारत के लिए रूस के साथ व्यापार करना कुछ आसान हो सकता है।
सचदेव ने कहा कि भारत और रूस की दोस्ती अपने अलग रास्ते पर आगे बढ़ रही है। लेकिन अमेरिका और रूस के रिश्ते सामान्य होते हैं, तो भारत और रूस के बीच संबंध और गहरे होने की संभावनाएं बन सकती हैं।
इसके अलावा भारत अमेरिका और चीन के रिश्तों में आने वाले बदलावों पर भी नजर रखेगा। इन दोनों देशों के संबंधों का असर एशिया की राजनीति और सुरक्षा पर पड़ता है। इसलिए भारत के लिए यह समझना अहम होगा कि इस बैठक के बाद अमेरिका और चीन के बीच तनाव कम होता है या कोई नया समीकरण बनता है।
रूस को क्या फायदा हो सकता है?
सचदेव के मुताबिक, इस बैठक में रूस की सबसे बड़ी प्राथमिकता यूक्रेन संघर्ष को लेकर अमेरिका के साथ बातचीत हो सकती है। राष्ट्रपति पुतिन, ट्रंप के साथ बातचीत में सीजफायर और शांति समझौते की संभावित शर्तों पर रूस का पक्ष रख सकते हैं।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि रूस सिर्फ संघर्ष रोकने की बात नहीं कर रहा, बल्कि वह यूरोप और यूक्रेन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी अपनी शर्तों के मुताबिक एक नया ढांचा चाहता है। रूस का मानना है कि लंबे समय तक शांति बनाए रखने के लिए इस सुरक्षा व्यवस्था पर सहमति जरूरी है।
हालांकि, रूस के लिए इस बैठक का महत्व सिर्फ यूक्रेन संघर्ष तक सीमित नहीं है। अमेरिका के साथ उसके रिश्तों में सुधार की संभावना भी उसके लिए अहम है। पश्चिमी देशों के प्रतिबंधों और अमेरिका के साथ तनाव के बीच पुतिन के लिए ट्रंप से सीधे बातचीत करना एक महत्वपूर्ण मौका है।
सचदेव का मानना है कि इस बैठक के बाद किसी बड़े समझौते की उम्मीद नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा,
दुनिया के लिए क्यों अहम है यह बैठक?
इस बैठक का सबसे अहम पहलू तीन बड़ी परमाणु शक्तियों का एक साथ बातचीत करना है। रोबिंदर सचदेव के मुताबिक, परमाणु हथियारों पर नियंत्रण इस बैठक का प्रमुख मुद्दा हो सकता है।
ट्रंप ने जब पहली बार इस बैठक की घोषणा की थी, तब उन्होंने कहा था कि इसका मुख्य एजेंडा हथियारों और परमाणु हथियारों पर नियंत्रण होगा। अमेरिका और रूस के पास बड़ी संख्या में परमाणु हथियार हैं। वहीं चीन भी तेजी से अपना परमाणु हथियारों का जखीरा बढ़ा रहा है। सचदेव के मुताबिक, अमेरिका और रूस के बीच फिलहाल कोई सक्रिय हथियार नियंत्रण संधि नहीं है।
सचदेव के मुताबिक, चीन इस बैठक में ताइवान का मुद्दा उठाने की कोशिश कर सकता है। वह चाहता है कि ताइवान और 'वन चाइना पॉलिसी' को लेकर ऐसी कोई बात सामने आए, जिससे इस मुद्दे पर तनाव कम करने की दिशा में आगे बढ़ा जा सके।
इस बैठक को लेकर यूरोपीय देशों की भी चिंता है। उन्हें आशंका है कि कहीं पुतिन, ट्रंप और जिनपिंग मिलकर यूरोप की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई नया ढांचा बनाने की कोशिश तो नहीं कर रहे। सचदेव के मुताबिक, यह देखना अहम होगा कि तीनों नेताओं की बातचीत से यूरोप की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर क्या संकेत निकलते हैं।
रोबिंदर सचदेव के मुताबिक, APEC शिखर सम्मेलन हर साल होता है और तीनों देशों के नेता इसमें शामिल होते हैं। ऐसे में यह संभावना है कि वे इस बैठक को भी नियमित आयोजन का रूप देने पर विचार करें।
उन्होंने कहा कि यह देखना अहम होगा कि तीनों नेता इस मुलाकात के अनुभव के बाद इसे हर साल जारी रखने पर सहमत होते हैं या नहीं।
यह भी पढ़ें- Explainer: चीन में जब साथ बैठेंगे पुतिन, जिनपिंग और ट्रंप तो किन मुद्दों पर होगी बात?






