रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 19 नवंबर को पहली बार एक साथ बैठक करने जा रहे हैं। चीन के शनचन में होने जा रही इस बैठक में तीनों देशों के नेता अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगे। यह बैठक एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन के दौरान होगी। तीनों देशों की सरकारों ने इसकी पुष्टि की है। बैठक का कुछ हिस्सा सार्वजनिक भी होगा। सबसे बड़ा सवाल यह है कि वो क्या मुद्दे होंगे, जिस पर तीनों नेता बात कर सकते हैं।
ट्रंप ने परमाणु हथियारों की संख्या कम करने, यूक्रेन, ईरान, अर्थव्यवस्था और व्यापार को बातचीत के प्रमुख मुद्दे बताए हैं।
वहीं, रूस ने कहा है कि तीनों देश बैठक के लिए अपने प्रस्ताव साझा कर रहे हैं। साथ ही, बैठक के बाद एक संयुक्त बयान जारी करने पर भी चर्चा हो रही है।
इस बैठक को लेकर यूक्रेन और यूरोप के कई देशों में आशंका है कि तीनों बड़ी शक्तियां उनके हितों को नजरअंदाज कर कोई समझौता कर सकती है।
यूक्रेनी नेता व्लादिमीर जेलेंस्की ने भी शिकायत की है कि उनके देश के भविष्य से जुड़े फैसले कीव की भागीदारी के बिना लिए जा सकते हैं। हालांकि, रूस ने इस आशंका को खारिज किया है कि बैठक में दुनिया को प्रभाव क्षेत्रों में बांटने पर कोई समझौता होगा। आइए समझते हैं कि इस बैठक में किन मुद्दों पर चर्चा हो सकती है और तीनों देश किन बातों पर सहमत हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें- APEC समिट: एशिया की बात करते हुए जब राष्ट्रपति पुतिन ने लिया भारत का नाम
परमाणु हथियारों पर क्यों होगी सबसे ज्यादा चर्चा?
इस बैठक में परमाणु हथियारों की संख्या कम करने और रेस रोकने पर चर्चा हो सकती है। फरवरी में न्यू स्टार्ट (New START) संधि खत्म होने के बाद अमेरिका और रूस के बीच परमाणु हथियारों की संख्या सीमित करने वाला कोई नया समझौता नहीं है। रूस ने कहा था कि वह अगले एक साल तक इस संधि में तय हथियारों की सीमा का पालन करने को तैयार है। लेकिन इसके लिए अमेरिका को भी ऐसा करना होगा।
ट्रंप चाहते हैं कि परमाणु हथियारों को लेकर एक नया समझौता हो, जिसमें चीन भी शामिल हो। उनका कहना है कि चीन के परमाणु हथियारों की संख्या लगातार बढ़ रही है, इसलिए उसे भी इस समझौते का हिस्सा बनना चाहिए। हालांकि, चीन इसके लिए तैयार नहीं है। उसका कहना है कि उसके पास अमेरिका और रूस के मुकाबले काफी कम परमाणु हथियार हैं। ऐसे में पहले अमेरिका और रूस को अपने हथियारों की संख्या कम करनी चाहिए।
रूस भी परमाणु हथियारों की संख्या कम करने पर बातचीत के लिए तैयार है। लेकिन उसका कहना है कि किसी भी नए समझौते में ब्रिटेन और फ्रांस के परमाणु हथियारों के साथ नाटो की परमाणु तैनाती को भी शामिल किया जाना चाहिए। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, शनचन में होने वाली बैठक इस मुद्दे पर बातचीत शुरू करने का मौका हो सकती है।
क्या परमाणु हथियारों के इस्तेमाल में AI पर भी बनेगी सहमति?
परमाणु हथियारों से जुड़ा एक और अहम सवाल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की भूमिका का है। तीनों देशों के बीच इस बात पर सहमति बनने की संभावना जताई जा रही है कि परमाणु हथियारों के इस्तेमाल का अंतिम फैसला इंसानों के नियंत्रण में ही रहना चाहिए। अमेरिका और चीन ने 2024 में इस सिद्धांत का समर्थन किया था। रूस भी कहता रहा है कि उसके परमाणु हथियारों से जुड़े फैसलों में ह्यूमन कंट्रोल की भूमिका बनी रहती है।
यह भी पढ़ें- APEC समिट: वो शहर, जिसके बारे में चीन दुनिया को कम बताता है
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक, बैठक की तैयारियों में शामिल अधिकारी इस बात पर चर्चा कर रहे हैं कि परमाणु हथियारों को कंट्रोल करने वाले सिस्टम पर साइबर हमले न हों और AI की मदद से भी ऐसे हमलों को अंजाम न दिया जाए।
हालांकि, ऐसे हथियारों को लेकर तीनों देशों में मतभेद हैं, जो बिना इंसानी निर्देश के खुद काम कर सकते हैं। अमेरिका चाहता है कि देश अपनी इच्छा से इनके इस्तेमाल को लेकर कुछ नियम मानें। चीन इसके लिए भविष्य में एक अंतरराष्ट्रीय समझौता बनाने के पक्ष में है। वहीं, रूस का कहना है कि जब तक ऐसे हथियारों की स्पष्ट परिभाषा तय नहीं होती, तब तक उन पर बैन नहीं लगना चाहिए।
इसके अलावा, अमेरिका और चीन AI से जुड़े गंभीर जोखिमों की जानकारी साझा करने और नए AI मॉडल जारी करने से पहले सुरक्षा जांच करने के लिए अलग व्यवस्था बनाने पर भी काम कर रहे हैं।
यूक्रेन संघर्ष पर क्या बात होगी?
यूक्रेन संघर्ष भी तीनों नेताओं की बातचीत का अहम हिस्सा हो सकता है। ट्रंप और पुतिन दोनों यूरोप की सुरक्षा व्यवस्था को नए सिरे से परिभाषित करने की जरूरत पर जोर देते रहे हैं।
उनका मानना है कि यूक्रेन संघर्ष का कोई भी समाधान व्यापक यूरोपीय सुरक्षा व्यवस्था के दायरे में होना चाहिए। ट्रंप नाटो के मौजूदा ढांचे को नए रूप में परिभाषित करने की बात करते हैं, जबकि पुतिन सुरक्षा की गारंटी और देशों के बीच आपसी भरोसे को अहम मानते हैं। चीन भी बातचीत के जरिए समाधान का समर्थन करता है। उसका कहना है कि किसी समझौते में सभी पक्षों की वैध सुरक्षा चिंताओं और संघर्ष के मूल कारणों को ध्यान में रखा जाना चाहिए। रूस भी लगातार इसी बात पर जोर देता रहा है।
दूसरी तरफ, यूक्रेन और पश्चिमी यूरोप के कई देश पहले युद्धविराम की मांग कर रहे हैं। रूस ने इस तरह के प्रस्तावों का विरोध किया है। उसका आरोप है कि मिन्स्क समझौतों का इस्तेमाल यूक्रेन को दोबारा हथियार जुटाने और अपनी सैन्य स्थिति मजबूत करने का मौका देने के लिए किया गया था।
हाल ही में अबू धाबी में रूस, अमेरिका और यूक्रेन के बीच हुई त्रिपक्षीय बातचीत में बड़े पैमाने पर कैदियों की अदला-बदली पर सहमति बनी थी। ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर ने भी बातचीत के बाद व्यापक क्षेत्रीय सुरक्षा व्यवस्था की जरूरत पर जोर दिया था। ट्रंप का कहना है कि दोनों पक्षों में बढ़ती मौतों के कारण संघर्ष का समाधान जल्द निकालना जरूरी है। उन्होंने एशिया रवाना होने से पहले कहा था कि यूक्रेन को नुकसान हो रहा है और दोनों तरफ हर महीने बड़ी संख्या में लोग मारे जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- ‘3 दिन काफी बिजी’, प्रेसिडेंट पुतिन की ट्रंप-शी से मुलाकात पर क्रेमलिन ने क्या बताया
चीन ने कैदियों की अदला-बदली और मानवीय आधार पर सीजफायर का समर्थन किया है। उसका कहना है कि ऐसे कदमों से आगे चलकर स्थायी शांति समझौते का रास्ता बन सकता है।
ईरान के मुद्दे पर रूस और चीन से क्या चाहते हैं ट्रंप?
ईरान के साथ संघर्ष भी शनचन बैठक के एजेंडे में शामिल रहेगा। अमेरिकी अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है।
ट्रंप यह जानना चाहते हैं कि ईरान के करीबी साझेदार रूस और चीन इस संघर्ष को खत्म कराने में क्या भूमिका निभा सकते हैं। रूस और चीन दोनों ने बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील की है और तनाव बढ़ाने वाले कदमों का विरोध किया है। रूस ने क्षेत्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर ईरान और उसके पड़ोसी देशों के बीच बातचीत और मध्यस्थता का समर्थन किया है।
वहीं, चीन ईरान का सबसे बड़ा तेल खरीदार है। उसने अमेरिका से आगे हमले रोकने और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोलने में मदद करने की अपील की है। इस रूट पर रुकावट आने से दुनियाभर में ऊर्जा की लागत बढ़ी है। हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों ने अभी यह नहीं बताया है कि ट्रंप ईरान संघर्ष को खत्म करने के लिए कौन सा खास प्रस्ताव सामने रख सकते हैं।
ट्रंप और शी की व्यापार वार्ता में क्या होगा?
पुतिन के साथ बैठक से पहले ट्रंप और शी जिनपिंग के बीच अलग से व्यापार वार्ता भी होगी। इसका मुख्य उद्देश्य अक्टूबर 2025 में हुए व्यापार समझौते को बचाए रखना है। इस समझौते के तहत अमेरिका ने चीन पर कुछ टैरिफ और तकनीकी प्रतिबंधों को रोकने पर सहमति दी थी। इसके बदले चीन ने अमेरिकी कृषि उत्पादों की खरीद बढ़ाने और दुर्लभ खनिजों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का वादा किया था।
हालांकि, समझौते को लागू करने में दोनों देशों के बीच दिक्कतें आई हैं। अमेरिका का आरोप है कि चीन अमेरिकी कृषि उत्पादों की खरीद में पीछे है और दुर्लभ खनिजों के निर्यात में बाधाएं बनी हुई हैं। दूसरी तरफ, चीन को अमेरिकी AI चिप्स तक पहुंच पर कड़े प्रतिबंधों का सामना करना पड़ रहा है।
सोमवार को अमेरिका ने नए नियमों की घोषणा की, जिनका मकसद विदेश में मौजूद डेटा सेंटरों के जरिए चीनी कंपनियों की उन्नत अमेरिकी AI चिप्स तक पहुंच सीमित करना है।
ऐसे में शनचन में दोनों नेताओं की बातचीत का मुख्य मकसद व्यापार समझौते को टूटने से बचाना हो सकता है। यह समझौता जनवरी में खत्म होने वाला है। फिलहाल किसी बड़े समझौते के बजाय दोनों देश बातचीत के लिए और समय हासिल करने की कोशिश कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें- बड़े संकट की तरफ बढ़ रहा अमेरिका? अब खुफिया एजेंसी का सीक्रेट कम्युनिकेशन ठप
क्यों हो रही है नई याल्टा बैठक की चर्चा?
रूस, चीन और अमेरिका के नेताओं के एक साथ बैठने की संभावना ने दुनिया के कई छोटे देशों और यूरोपीय नेताओं के बीच चिंता पैदा की है। इसकी तुलना 1945 के याल्टा सम्मेलन से की जा रही है।
दरअसल, द्वितीय विश्व युद्ध के बाद याल्टा सम्मेलन में ब्रिटेन के विंस्टन चर्चिल, सोवियत संघ के जोसेफ स्टालिन और अमेरिका के फ्रैंकलिन रूजवेल्ट ने युद्ध के बाद की वैश्विक व्यवस्था पर चर्चा की थी। मौजूदा बैठक की तुलना भी इसी सम्मेलन से की जा रही है, क्योंकि इसमें दुनिया की तीन बड़ी शक्तियां एक साथ बातचीत करेंगी और पश्चिमी यूरोप के देश इसमें शामिल नहीं होंगे। यूक्रेनी नेता व्लादिमीर जेलेंस्की ने भी आशंका जताई है कि उनके देश के भविष्य से जुड़े फैसले उनकी भागीदारी के बिना हो सकते हैं।
हालांकि, रूस ने दुनिया को अलग-अलग प्रभाव क्षेत्रों में बांटने की आशंकाओं को खारिज किया है। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा है कि रूस की विश्व व्यवस्था को लेकर सोच यही है कि किसी पर कोई व्यवस्था थोपी नहीं जानी चाहिए।
बैठक से किस तरह के नतीजों की उम्मीद?
तीनों नेताओं के एजेंडे में कई मुद्दे ऐसे हैं, जिन पर उनके बीच मतभेद हैं। इसलिए परमाणु हथियार कम करना, यूक्रेन संघर्ष, ईरान और व्यापार के मोर्चे पर किसी बड़े समझौते की उम्मीद नहीं है।
रूस के राष्ट्रपति कार्यालय के सहयोगी यूरी उशाकोव (Yuri Ushakov) के मुताबिक, तीनों देशों के बीच संयुक्त बयान को लेकर बातचीत मुश्किल है और यह जरूरी नहीं कि सभी किसी साझा दस्तावेज पर सहमत हो जाएं। अगर ऐसा नहीं होता है तो तीनों नेता बैठक के बाद अपने-अपने आकलन पेश करेंगे।
हालांकि, चीन के वकील और सूचो यूनिवर्सिटी (Soochow University) के प्रोफेसर विक्टर गाओ (Victor Gao) ने RT से बातचीत में कहा है कि इस बैठक का महत्व किसी एक समझौते तक सीमित नहीं है। उनके मुताबिक, तीनों देशों के बीच तनाव के बावजूद सीधे बातचीत होना अपने आप में अहम है। गाओ ने इस बैठक को द्वितीय विश्व युद्ध के बाद बनी अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था के लिए संभावित निर्णायक मोड़ बताया। उनके अनुसार, यूक्रेन, ईरान, AI और व्यापार के अलावा तीनों नेता संयुक्त राष्ट्र में सुधार और बड़ी शक्तियों के बीच युद्ध रोकने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा कर सकते हैं।