APEC समिट: वो शहर, जिसके बारे में चीन दुनिया को कम बताता है
ड्रोन से सामान की डिलीवरी, रोबोट से खाना बनाने और बिना ड्राइवर के चलने वाली गाड़ियों तक... चीन का शनचन शहर भविष्य की तकनीक की झलक पेश करता है। यहां पर APEC समिट के आयोजन के पीछे चीन का मैसेज क्या है?
दुनिया

चीन के शनचन (Shenzhen) शहर में APEC समिट का मंच सज चुका है। बैठक शुरू हो गई है। आज इस शहर पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हैं। इस समिट के दौरान वैश्विक अर्थव्यवस्था और व्यापार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के साथ-साथ, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात होनी है। चीन के लिए यह समिट सिर्फ कूटनीतिक बैठकों का मंच नहीं, बल्कि दुनिया के सामने अपनी तकनीकी ताकत और भविष्य की अर्थव्यवस्था का मॉडल पेश करने का मौका भी है। यही वजह है कि उसने इस अहम आयोजन के लिए शनचन को चुना है। लेकिन शनचन ही क्यों, आइए बताते हैं।

कभी मछुआरों का कस्बा था शनचन

चार दशक पहले तक शनचन मछुआरों के गांवों से घिरा एक छोटा-सा कस्बा था। आज इसे चीन की सिलिकॉन वैली कहा जाता है। यहां टेनसेंट (Tencent), जेडटीई (ZTE) और हुआवेई (Huawei) जैसी बड़ी टेक कंपनियों के हेडक्वार्टर हैं। दुनिया की मशहूर ड्रोन निर्माता कंपनी DJI भी इसी शहर में है।

कुछ ही वर्षों में काफी बदल गया शनचन।

शनचन की खासियत सिर्फ बड़ी कंपनियां नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी में तकनीक का इस्तेमाल भी है। यहां ड्रोन सामान पहुंचाते हैं, ह्यूमनॉइड रोबोट (Humanoid Robot) सड़कों पर गश्त करते हैं और सफाई से लेकर कचरा प्रबंधन तक के काम में स्मार्ट तकनीक का इस्तेमाल होता है। यहां तक कि कुछ कंक्रीट बैरियर का इस्तेमाल इलेक्ट्रिक गाड़ियां चार्ज करने के लिए भी किया जाता है।

चीन दुनिया को दिखाना चाहता है कि जिस भविष्य की इकोनॉमी पर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर चर्चा होती है, उसकी झलक शनचन में पहले से मौजूद है।

अमेरिका-चीन की टेक रेस का सेंटर

शनचन की टेक आइडेंटिटी का एक दूसरा पहलू भी है। यह अमेरिका और चीन के बीच टेक्नोलॉजी रेस के केंद्र में है। यहां मौजूद कई बड़ी चीनी कंपनियां अमेरिकी प्रतिबंधों और व्यापारिक पाबंदियों का सामना कर चुकी हैं। स्थानीय लोग मजाक में इस इलाके को चीन की सबसे ज्यादा प्रतिबंध झेलने वाली सड़क कहते हैं। इसकी वजह यह है कि वॉशिंगटन जब भी चीनी टेक कंपनियों पर नए प्रतिबंध लगाता है, तो उनकी जद में यहां की बड़ी कंपनियों में से कोई न कोई आ ही जाती है।

ऐसे में APEC समिट के दौरान तकनीक और व्यापार को लेकर अमेरिका और चीन के बीच मतभेद भी चर्चा का विषय बन सकते हैं।

समिट के लिए बदला शहर का मिजाज

APEC समिट के आयोजन के चलते शनचन की रोजमर्रा की जिंदगी में भी बदलाव देखने को मिल रहा है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से कुछ दिनों तक अपनी निजी गाड़ियां घर पर छोड़कर सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की अपील की। इस पहल के तहत 10 लाख से ज्यादा वाहन चालकों ने अपनी गाड़ियां न चलाने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया।

इसका असर शहर की सड़कों पर भी दिखा, जो सामान्य दिनों के मुकाबले काफी खाली नजर आईं। शहर की बड़ी कंपनियों के अधिकारियों को भी सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कुछ कंपनियों ने तो अपने कर्मचारियों को पांच दिन की सवेतन छुट्टी (Paid Leave) के साथ 2,000 युआन यानी करीब 300 डॉलर भी दिए, ताकि वे समिट के दौरान शहर से बाहर जा सकें।

रोबोट बना रहे हैं खाना

शनचन में रोबोट बना रहे खाना।

शनचन के कई रेस्तरां में रोबोट खाना बनाने से लेकर ग्राहकों का मनोरंजन करने और खाना परोसने तक का काम करते हैं। यह तस्वीर चीन की तकनीकी महत्वाकांक्षा को दिखाती है।

लेकिन दुनिया की अर्थव्यवस्था का भविष्य इतना आसान नहीं है। APEC समिट के दौरान दो अलग-अलग आर्थिक नजरिए सामने हैं। चीन अंतरराष्ट्रीय व्यापार को जारी रखने, खुले बाजार और व्यापारिक बाधाएं कम करने की बात कर रहा है। दूसरी ओर अमेरिका और यूरोपीय संघ टैरिफ, प्रतिबंधों और दूसरी व्यापारिक पाबंदियों के जरिए अपने बाजारों को सुरक्षित करने की दिशा में कदम उठा रहे हैं।

ऐसे में शनचन में जुट रहे दुनिया के नेताओं के सामने एक बड़ा सवाल है कि आने वाले दशकों में वैश्विक अर्थव्यवस्था को दिशा देने वाला मॉडल किसका होगा? चीन का खुला व्यापार और तकनीकी विकास वाला नजरिया या अमेरिका और यूरोप की बढ़ती व्यापारिक पाबंदियों वाली नीति? शनचन में APEC समिट के बहाने चीन दुनिया को अपनी तकनीकी उपलब्धियां दिखाने के साथ इस सवाल का जवाब भी अपने तरीके से देना चाहता है।