
रूस के साथ डीजल डील करने के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन संघर्षों को सुलझाने की पहल को तेज कर दिया है। इस कड़ी में ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ बुधवार को रूस के सेंट पीटर्सबर्ग शहर पहुंचे। यहां उन्होंने 'कांस्टेंटाइन पैलेस' में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से 3 घंटे तक मुलाकात की। रूस की तरफ से इस बैठक में राष्ट्रपति के सलाहकार यूरी उशाकोव और फॉरेन इन्वेस्टमेंट एंड इकोनॉमिक कॉपरेशन के विशेष प्रतिनिधि किरिल दिमित्रिएव मौजूद थे।
इससे एक दिन पहले उन्होंने ओस्लो में यूक्रेनी नेता व्लादिमीर जेलेंस्की व नॉर्वे और फिनलैंड के नेताओं समेत यूरोपीय संघ (EU) और नाटो (NATO) के अधिकारियों से मुलाकात की थी। ओस्लो बैठक में ट्रंप के दामाद जरेड कुश्नर भी ऑनलाइन जुड़े थे। कुश्नर ने सेंट पीटर्सबर्ग की इस बैठक में भी वीडियो लिंक के जरिए हिस्सा लिया। यूके में रूसी दूतावास के अनुसार पुतिन और विटकॉफ के बीच रूस-यूक्रेन समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
व्लादिमीर पुतिन ने विटकॉफ से क्या बात की?
पुतिन ने 3 घंटे तक चली बैठक के दौरान कहा, "मिस्टर विटकॉफ, इस बार सेंट पीटर्सबर्ग में आपको देखकर बहुत खुशी हुई। हम जानते हैं कि कल नॉर्वे में आपकी एक बैठक हुई थी। मैं जानना चाहूंगा कि उसका क्या नतीजा रहा। मैं यूक्रेन संकट को सुलझाने पर ध्यान देने के लिए आपका और राष्ट्रपति ट्रंप का धन्यवाद करना चाहता हूं। मुझे पता है कि यह मामला राष्ट्रपति ट्रंप के लिए मुख्य रूप से मानवीय कारणों से बहुत खास है। हमारी बातचीत और फोनवार्ता में उन्होंने दोनों तरफ हो रहे सैनिकों के नुकसान को रोकने के लिए इस युद्ध को समाप्त करने के महत्व पर जोर दिया था।”
💬 President #Putin to Special Envoy @SEPeaceMissions: I thank you & @realDonaldTrump for the special attention to resolving the crisis in Ukraine. ☝️ If we can help resolve this crisis in the Middle East, we will gladly do so. You know our proposals. https://t.co/MgLg7jrWzO https://t.co/SbrLn8vYB8
— MFA Russia 🇷🇺 (@mfa_russia) October 21, 2026
पुतिन ने आगे कहा, “ज़ाहिर है, बात सिर्फ सैन्य नुकसान की नहीं है। आम नागरिक भी परेशान हो रहे हैं। इस सिलसिले में, कृपया राष्ट्रपति जी के साथ-साथ फर्स्ट लेडी (मेलानिया ट्रंप) को भी मेरा हार्दिक धन्यवाद पहुंचाएं, क्योंकि उन्होंने मानवीय मुद्दों को सुलझाने में अपना योगदान दिया है। मुझे विश्वास है कि दोनों पक्ष हमारे द्विपक्षीय संबंधों को फिर से पटरी पर लाने और रूस-अमेरिका के संपर्कों (आर्थिक सहयोग सहित) की योजनाओं पर चर्चा करने में रुचि रखेंगे।”
ईरान पर पूछा अमेरिका का नजरिया
पुतिन ने विटकॉफ से कहा, “अगर संभव हो, तो मैं मध्य-पूर्व और ईरान के आसपास की स्थिति पर भी आपका नजरिया सुनना चाहूंगा। आप जानते हैं कि ईरान के साथ रूस का एक खास और भरोसेमंद रिश्ता है, क्योंकि यह संबंध दशकों से विकसित हुआ है। अगर हम इस संकट को सुलझाने के लिए कुछ भी कर सकते हैं, तो हमें मदद करके खुशी होगी। इस विषय पर हमारे प्रस्तावों के बारे में आपको अच्छी जानकारी है।
वास्तव में, ये और अन्य विषय आज हमारे विचारों के आदान-प्रदान का मुख्य केंद्र हो सकते हैं, जिसमें चीन में होने वाली संभावित बैठक भी शामिल है। इस बारे में मेरे पास भी कुछ विचार हैं, जिन्हें मैं आपके साथ साझा करना चाहूंगा।”
विटकॉफ ने ट्रंप और जेलेंस्की का कौन सा संदेश सुनाया?
विटकॉफ ने अपने संदेश की शुरुआत राष्ट्रपति पुतिन का धन्यवाद करने के साथ की। उन्होंने कहा, “आपसे मिलकर बहुत अच्छा लगा। राष्ट्रपति जी ने आपको शुभकामनाएं भेजी हैं। हमारे पूरे देश की ओर से आपको शुक्रिया। क्योंकि स्टीवन हबार्ड आपकी वजह से ही अपने परिवार के पास वापस घर जा पा रहे हैं। हाल ही में उनके बेटे से मेरी मुलाकात हुई थी। वे ग्रीक ऑर्थोडॉक्स चर्च में एक पादरी हैं, और उन्होंने आपके बारे में काफी अच्छी बातें कहीं। इसलिए मैं आपका शुक्रिया करना चाहता हूं।”
इस पर पुतिन ने कहा कि वे (स्टीवन हबार्ड) अभी पुलकोवो हवाई अड्डे पर ही मौजूद हैं। तब विटकॉफ ने कहा,”जी हां, हम उनसे मिलने ही वाले हैं। वे 75 साल के बुजुर्ग हैं। आप हमेशा मेरे राष्ट्रपति ट्रंप के बारे में कहते हैं कि वे इंसानियत को मानते हैं, लेकिन सर, आप भी उतने ही इंसानियत पसंद हैं। मैं आपके इस कदम की सराहना करता हूं और फिर से धन्यवाद देता हूं।
विटकॉफ ने दिया जेलेंस्की और EU के साथ बैठक का ब्यौरा
विटकॉफ ने जेलेंस्की और यूरोपीय नेताओं के साथ हुई बैठक का ब्यौरा देते पुतिन से कहा, “आज हमारे पास बात करने के लिए काफी मुद्दे हैं। कल ओस्लो में हुई बैठकें अच्छी रहीं और बातचीत में प्रगति हुई है। मुझे उम्मीद है कि आज का दिन शांति प्रक्रिया में एक और कदम साबित होगा और हम यूक्रेन संघर्ष को सुलझाने पर आगे चर्चा करेंगे। मुझे पता है कि फर्स्ट लेडी (मेलानिया) रूस में अपने कुछ मानवीय प्रोजेक्ट्स पर काम कर पाने के लिए आपकी आभारी हैं। मैं उन तक आपकी शुभकामनाएं भी पहुंचा दूंगा।”
यूक्रेन के साथ त्रिपक्षीय वार्ता पर हो चर्चा
विटकॉफ ने कहा, “मैं चाहता हूं कि यूक्रेन, रूस और अमेरिका के बीच फिर से तीन-पक्षीय बातचीत शुरू करने पर अच्छी चर्चा हो। मुझे उम्मीद है कि आप शांति प्रक्रिया के अगले कदम के रूप में इस पर विचार करेंगे, ताकि हमारी तकनीकी टीमें आगे के रास्तों पर बात करना शुरू कर सकें। मुझे लगता है कि यह बहुत महत्वपूर्ण है। भले ही आज हमें पूरा समाधान न मिले, लेकिन अगर हम इस अगले कदम पर सिर्फ बात भी कर लें, तो यह दुनिया के लिए एक बड़ा संदेश होगा।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकारों के बीच व्यापारिक और आर्थिक सहयोग इस बात का उदाहरण है कि भविष्य में क्या-क्या संभावनाएं हो सकती हैं। किरिल के साथ काम करना वास्तव में बहुत अच्छा रहा है। अब हम यूक्रेनियनों के साथ भी खुलकर इस बारे में बात करते हैं, ताकि उन्हें यह अंदाजा हो सके कि युद्ध खत्म होने के बाद क्या-क्या संभावनाएं बन सकती हैं।”
अमेरिका और दुनिया को डीजल देने पर किया शुक्रिया
विटकॉफ ने कहा, “आपकी ओर से रूसी डीजल के निर्यात पर से प्रतिबंध हटाने और इस आर्थिक मंदी के बीच अमेरिका समेत पूरी दुनिया को डीजल बेचने का आपका फैसला एक बेहद महत्वपूर्ण कदम था। हमारे राष्ट्रपति इसके लिए आपके बहुत आभारी हैं। हमारे किसान और ट्रक चालक, जो डीजल संकट से बुरी तरह प्रभावित हुए थे और दुनिया भर के लोग इसके लिए शुक्रगुजार हैं। यह मिलकर काम करने का एक बेहतरीन उदाहरण है। इसके लिए भी मैं आपको धन्यवाद देना चाहता हूं।”
💬 President #Putin to Special Envoy @SEPeaceMissions: Once we announced that oil supplies would be delivered to the US, global diesel prices immediately fell by 5-6%. 🛢 We are preparing shipments right now, with several tankers being readied at once. https://t.co/MgLg7jrWzO https://t.co/kC3wurQc6I
— MFA Russia 🇷🇺 (@mfa_russia) October 21, 2026
डीजल की कीमतें 5-6% तक गिर गईंः पुतिन
पुतिन ने कहा कि अमेरिका को आपूर्ति की घोषणा के तुरंत बाद वैश्विक बाजार में डीजल की कीमतें 5 से 6 प्रतिशत तक गिर गईं। हम फिलहाल कई जहाजों की खेप तैयार कर रहे हैं। 40,000 टन डीजल वाला पहला टैंकर दो या तीन दिनों में रवाना हो जाएगा, और बाकी टैंकर भी इसके बाद एक-एक करके निकलेंगे। राष्ट्रपति ट्रंप ने फोन पर बातचीत के दौरान मुझसे किसानों की समस्या का जिक्र किया था। हम अमेरिकी बाजार में बड़ी मात्रा में खाद की आपूर्ति भी कर सकते हैं।
बैठक से जुड़ी अन्य प्रमुख बातें
क्रेमलिन सलाहकार यूरी उशाकोव ने कहा,
- यूक्रेन और उसके यूरोपीय समर्थकों द्वारा दिए गए प्रस्तावों में कुछ “नए तत्व” हैं।
- लेकिन रूस को इसमें ऐसा कुछ खास नहीं दिखा जो युद्ध खत्म करने में मदद कर सके।
- पुतिन ने युद्ध क्षेत्र की स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि रूसी सेना लगातार आगे बढ़ रही हैं।
- पुतिन नवंबर के मध्य में रूस, यूक्रेन और अमेरिका के बीच तीन-पक्षीय बातचीत शुरू करने के लिए तैयार हैं।
- बैठक में अमेरिका-ईरान संघर्ष और चीन-अमेरिका-रूस के शीर्ष नेताओं की संभावित मुलाकात पर भी चर्चा हुई।







