रूस ने फल और सब्जियों के साथ एक रोबोट को स्पेस स्टेशन क्यों भेजा है?
अंतरिक्ष में नए साल का तोहफा पहुंचाने के लिए रूस ने खास मिशन रवाना किया है। इसमें ताजे फल-सब्जियों और खाने-पीने के सामान के साथ दो हाथों वाला ह्यूमनॉइड रोबोट 'टेलीड्रॉयड' भी भेजा गया है।

अंतरिक्ष में भी नए साल की तैयारियां शुरू हो गई हैं। रूस ने मंगलवार को कजाकिस्तान के बैकोनूर कॉस्मोड्रोम से ऐसा कार्गो स्पेसक्राफ्ट रवाना किया, जिसमें अंतरिक्ष यात्रियों के लिए ताजे फल-सब्जियां, खाने-पीने का सामान, नए साल के तोहफे और एक खास ह्यूमनॉइड रोबोट भी मौजूद है। यह स्पेसक्राफ्ट इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) पर मौजूद अंतरिक्ष यात्रियों के लिए जरूरी सामान लेकर गया है। 

मॉस्को के समय के मुताबिक दोपहर 1.17 बजे मानवरहित कार्गो स्पेसक्राफ्ट 'प्रोग्रेस MS-36' सफलतापूर्वक रॉकेट से अलग हुआ और अपनी तय ऑर्बिट में पहुंच गया।

रूस की अंतरिक्ष एजेंसी रोसकॉसमॉस के मुताबिक, स्पेसक्राफ्ट ने अपने एंटीना और सोलर पैनल भी खोल दिए हैं।

यहां देखिए लॉन्च का वीडियो

2.4 टन से ज्यादा सामान ले गया

प्रोग्रेस MS-36 अपने साथ 2.4 मीट्रिक टन से ज्यादा सामान लेकर जा रहा है। इसमें ईंधन, पीने का पानी, ऑक्सीजन, दवाइयां और वैज्ञानिक प्रयोगों के लिए जरूरी उपकरण शामिल हैं। लेकिन इस खेप में सबसे दिलचस्प है अंतरिक्ष यात्रियों के लिए भेजा गया खाना।

उनके लिए ताजे फल और सब्जियां, ऑमलेट और दही भी भेजा गया है। रोसकॉसमॉस के डिप्टी चीफ दिमित्री बारानोव ने बताया कि कार्गो यान में नए साल के तोहफे भी रखे गए हैं।

सबसे खास मेहमान है दो हाथों वाला रोबोट 'टेलीड्रॉयड'

इस पूरी खेप में सबसे खास सामान है 'टेलीड्रॉयड' (Teledroid)। यह रूस की कंपनी एंड्रॉयड टेक्निका का बनाया दो हाथों वाला ह्यूमनॉइड रोबोट है। इसे खास तौर पर अंतरिक्ष यात्रियों की मदद के लिए तैयार किया गया है, ताकि वे स्पेस स्टेशन के बाहर यानी स्पेसवॉक के दौरान किए जाने वाले कामों में इसकी मदद ले सकें।

यह रोबोट अंतरिक्ष में इस्तेमाल होने वाले सामान्य औजारों को पकड़ और चला सकता है। इतना ही नहीं, यह खास एक्सोस्केलेटन (इंसान के पहनने वाला मशीनी ढांचा) पहनने वाले अंतरिक्ष यात्री की हरकतों की नकल भी कर सकता है। यह एक्सोस्केलेटन पिछले प्रोग्रेस कार्गो मिशन के साथ स्पेस स्टेशन पहुंचा था। टेलीड्रॉयड कुछ काम खुद से भी कर सकता है।

स्पेसवॉक के दौरान रोबोट को स्टेशन पर लगाएंगे अंतरिक्ष यात्री

रूसी कॉस्मोनॉट प्योत्र दुब्रोव (Pyotr Dubrov) और अन्ना किकिना (Anna Kikina) आने वाले स्पेसवॉक के दौरान टेलीड्रॉयड को स्पेस स्टेशन पर लगाने वाले हैं।

इसके बाद वे स्टेशन के अंदर रहकर ही इसे नियंत्रित कर सकेंगे। इससे बाहर जाकर किए जाने वाले कुछ कामों में अंतरिक्ष यात्रियों को रोबोट की मदद मिल सकेगी।

26 नवंबर को ISS से जुड़ेगा कार्गो यान

प्रोग्रेस MS-36 के गुरुवार, 26 नवंबर को मॉस्को के समय के मुताबिक दोपहर करीब 3:10 बजे यानी भारतीय समय के अनुसार शाम 5:40 बजे इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन से जुड़ने का प्रोग्राम है।

दो दिन की यात्रा पूरी करने के बाद यह यान अपने आप डॉकिंग करेगा और अपने साथ लाया सामान स्टेशन तक पहुंचाएगा।