दिल्ली में स्पेस कॉन्क्लेव: एक्सपर्ट्स ने बताया भारत-रूस पार्टनरशिप का फ्यूचर प्लान
आज का भारत खुद नई उड़ानों की तैयारी करता है। लेकिन इस बदलते सफर में एक पुराना साझेदार अब भी अहम बना हुआ है। पढ़िए India International Space Conclave में एक्सपर्ट ने रूस के साथ पार्टनरशिप पर क्या-क्या कहा?
दिल्ली में स्पेस कॉन्क्लेव: एक्सपर्ट्स ने बताया भारत-रूस पार्टनरशिप का फ्यूचर प्लान
IISC 2026 के मंच पर जुटे दिग्गजों ने भारत के अंतरिक्ष भविष्य पर चर्चा की और नए सहयोग की संभावनाओं को तलाशा।

अंतरिक्ष की दुनिया में भारत आज अपनी अलग पहचान बना चुका है। चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव तक पहुंचने से लेकर मंगल की कक्षा में अपना मिशन भेजने और अब इंसानों को स्पेस में भेजने की तैयारी तक, भारत का सफर काफी आगे बढ़ चुका है। लेकिन इस मुकाम तक पहुंचने की कहानी में एक ऐसा पार्टनर भी है, जिसका साथ भारत को शुरुआती दौर से मिलता रहा है। यह पार्टनर है रूस।

कभी भारत के पहले सैटेलाइट आर्यभट्ट को अंतरिक्ष तक पहुंचाने में सोवियत संघ ने मदद की, तो कभी पहले भारतीय अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा की ऐतिहासिक उड़ान में साथ दिया। आज जब भारत अपने महत्वाकांक्षी गगनयान मिशन की तैयारी कर रहा है, तब भी रूस के साथ यह पुराना सहयोग एक नई भूमिका में नजर आ रहा है। सवाल है कि क्या यह दशकों पुरानी स्पेस पार्टनरशिप अब नए दौर में प्रवेश करने जा रही है?

इसी सवाल और अंतरिक्ष क्षेत्र में उभरती संभावनाओं पर नई दिल्ली में India International Space Conclave में चर्चा हुई। यहां भारत समेत रूस, अमेरिका, फ्रांस, जापान, दक्षिण कोरिया और इंडोनेशिया जैसे देशों के प्रतिनिधियों और अंतरिक्ष क्षेत्र के विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। कॉन्क्लेव में एक तरफ भारत के तेजी से बढ़ते निजी स्पेस सेक्टर की झलक दिखी, तो दूसरी तरफ रूस के साथ तकनीकी सहयोग की संभावनाओं पर भी बात हुई। पढ़िए इस पार्टनरशिप और इसके भविष्य पर RT से एक्सपर्ट क्या बोले? 

दीप प्रज्ज्वलन के साथ 5वें India International Space Conclave (IISC 2026) का शुभारंभ हुआ।

आर्यभट्ट से गगनयान तक का सफर

भारत और रूस की अंतरिक्ष दोस्ती की कहानी आज की नहीं है। इसकी शुरुआत उस दौर में हुई, जब भारत अपने अंतरिक्ष कार्यक्रम की नींव रख रहा था। 1975 में भारत के पहले उपग्रह आर्यभट्ट को सोवियत संघ के रॉकेट से अंतरिक्ष में भेजा गया। इसके बाद भास्कर और IRS सीरीज के उपग्रहों को लॉन्च करने में भी सोवियत संघ और रूस की भूमिका रही।

1984 में विंग कमांडर राकेश शर्मा सोवियत अंतरिक्ष यान सोयुज (Soyuz) से अंतरिक्ष पहुंचे। वह अंतरिक्ष में जाने वाले पहले भारतीय बने। अब दशकों बाद भारत अपने मानव अंतरिक्ष मिशन गगनयान के लिए तैयारियां कर रहा है। इसके लिए चुने गए भारतीय अंतरिक्ष यात्रियों ने रूस के यूरी गगारिन कॉस्मोनॉट ट्रेनिंग सेंटर में प्रशिक्षण लिया है।

RT

भारत के पूर्व राजनयिक और विदेश नीति विश्लेषक योगेंद्र कुमार (Yogendra Kumar) इस साझेदारी को एक लंबी विरासत के तौर पर देखते हैं। 

RT

वह कहते हैं कि भारत के निजी स्पेस सेक्टर के लिए रूसी साझेदारों के साथ काम करने की अच्छी संभावनाएं हैं। हालांकि, उन्होंने भुगतान से जुड़ी कुछ चुनौतियों का भी जिक्र किया और उम्मीद जताई कि इनका समाधान निकलने के साथ सहयोग आगे बढ़ता रहेगा।

मानव अंतरिक्ष उड़ान, नेविगेशन और नए इंजन पर बातचीत

भारत के पूर्व ISRO चेयरमैन ए एस किरण कुमार (A S Kiran Kumar) भी रूस को भारत का लंबे समय से भरोसेमंद अंतरिक्ष साझेदार मानते हैं। उनके मुताबिक, मौजूदा भू-राजनीतिक परिस्थितियों में दोनों देशों का साथ मिलकर काम करना और भी महत्वपूर्ण हो जाता है।

RT

अब निजी कंपनियां भी संभालेंगी अंतरिक्ष की कमान

भारत का अंतरिक्ष कार्यक्रम लंबे समय तक ISRO के नेतृत्व में आगे बढ़ा। लेकिन अब इस क्षेत्र में निजी कंपनियों की भागीदारी तेजी से बढ़ रही है। सरकार की अंतरिक्ष नीतियों में बदलाव के बाद स्टार्टअप्स सैटेलाइट, लॉन्च व्हीकल और स्पेस टेक्नोलॉजी के अलग-अलग क्षेत्रों में काम कर रहे हैं।

XDLINX Space Labs के कर्नल आर जितेंद्र (सेवानिवृत्त) भी इस बदलाव को महत्वपूर्ण मानते हैं। उनके मुताबिक, पिछले चार-पांच वर्षों में भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र में निजी कंपनियों का इकोसिस्टम तेजी से विकसित हुआ है। IN-SPACe के आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि करीब 400 स्टार्टअप इस क्षेत्र में पंजीकृत हैं।

जितेंद्र के मुताबिक, रूस के साथ सहयोग का अगला महत्वपूर्ण क्षेत्र सैटेलाइट निर्माण, पेलोड और स्पेस सिचुएशनल अवेयरनेस (Space Situational Awareness) हो सकता है। इसका मतलब है अंतरिक्ष में मौजूद सैटेलाइट, मलबे और दूसरी वस्तुओं की गतिविधियों पर नजर रखना। उन्होंने यह भी कहा कि सैटेलाइट की बढ़ती मांग को देखते हुए लॉन्च व्हीकल की क्षमता बढ़ाना जरूरी है और इसमें रूस भारतीय निजी कंपनियों की मदद कर सकता है।

IISC 2026 के तहत हुई India-Russia Closed-Door Industry Roundtable में अंतरिक्ष सहयोग, तकनीकी साझेदारी और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

सैटेलाइट से धरती की 3D तस्वीर तक

कॉन्क्लेव में भारतीय स्पेस स्टार्टअप्स की तकनीकी क्षमताओं की भी झलक देखने को मिली। Pixxel के सह-संस्थापक और CEO अवैस अहमद (Awais Ahmed) ने बताया कि कंपनी हाइपरस्पेक्ट्रल सैटेलाइट के साथ हाई-रेजोल्यूशन ऑप्टिकल सैटेलाइट और दूसरे पार्टनर्स के साथ अलग-अलग तकनीकों पर काम कर रही है।

RT

वहीं, कॉन्क्लेव में XDLINX Space Labs के प्लेटफॉर्म और सैटेलाइट आधारित समाधानों पर भी चर्चा हुई। कंपनी के काम में अंतरिक्ष में मौजूद मलबे की पहचान के लिए सैटेलाइट डेटा और निगरानी से जुड़े समाधान शामिल हैं। रक्षा क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक सिग्नल की निगरानी जैसे उपयोग भी सामने आए।

पुरानी दोस्ती, नई तकनीक और नए अवसर

भारत आज अंतरिक्ष के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उसके पास अपने रॉकेट हैं, सैटेलाइट हैं और चंद्रमा से लेकर मंगल तक मिशन भेजने का अनुभव भी है। ऐसे में रूस के साथ साझेदारी का मतलब अब केवल लॉन्चिंग या प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है।

स्पेस कॉन्क्लेव में हुई चर्चाओं से साफ है कि दोनों देशों के बीच सहयोग के नए रास्ते तलाशने की संभावनाएं मौजूद हैं। मानव अंतरिक्ष उड़ान, नेविगेशन, रॉकेट इंजन, सैटेलाइट निर्माण और अंतरिक्ष मलबे की निगरानी जैसे क्षेत्र इस साझेदारी को नई दिशा दे सकते हैं।

आर्यभट्ट के दौर में भारत को अंतरिक्ष तक पहुंचाने में मदद करने वाला रूस आज एक ऐसे भारत के साथ सहयोग की संभावनाएं देख रहा है, जो अब अपनी अंतरिक्ष तकनीक और निजी कंपनियों के दम पर दुनिया में नई जगह बना रहा है। ऐसे में गगनयान सिर्फ भारत के मानव अंतरिक्ष मिशन की कहानी नहीं, बल्कि भारत-रूस की दशकों पुरानी अंतरिक्ष दोस्ती के अगले अध्याय का भी संकेत देता है।