
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत ने दिलचस्प राजनीतिक मोड़ ले लिया है। कांग्रेस की 181 सीटों की शुरुआती मांग के जवाब में सपा ने महज 26 सीटों का प्रस्ताव रखा है। दो दौर की बातचीत के बाद भी दोनों दलों के बीच सहमति नहीं बन पाई है। सपा के दिग्गज नेता रामगोपाल यादव ने अपने बयान में कांग्रेस को 26 सीटों में समेट दिया है वहीं, कांग्रेस का स्वर सीटों की संख्या को लेकर नरम तो पड़ा है लेकिन विनेबलिटी (जीतने की संभावना) के नाम पर कांग्रेस कितनी सीटों पर मान जाएगी, सस्पेंस बरकार है।
181 से 26 तक का सफर: आखिर इतनी दूरी क्यों?
जीतनेवाली पहली ‘26 सीटों’ से हुई है शुरुआत मिलजुलकर समझदारी से और आगे बढ़ेगी बात
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) November 24, 2026
मंगलवार यानी 24 नवंबर को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच दूसरे दौर की बैठक हुई। करीब साढ़े तीन घंटे तक चली इस बैठक के बावजूद दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे पर कोई अंतिम सहमति नहीं बन सकी। इसके उलट, सपा की ओर से 26 सीटों का प्रस्ताव सार्वजनिक किए जाने के बाद दोनों दलों के बीच राजनीतिक तल्खी और बढ़ती दिखाई दी।
दरअसल, कांग्रेस ने शुरुआत में उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से 181 सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी। अखिलेश यादव ने जब इस मांग का खुलासा सार्वजनिक मंच से किया तो कांग्रेस के कुछ नेताओं ने नाराजगी जताई। उनका मानना था कि गठबंधन की बातचीत की बातें सार्वजनिक नहीं होनी चाहिए थीं।
हालांकि, कांग्रेस ने बातचीत के दौरान अपनी मांग में बदलाव भी किया। 23 नवंबर को हुई पहली औपचारिक बैठक में कांग्रेस ने 130 सीटों की सूची सपा को सौंपी। 24 नवंबर की बैठक के बाद कांग्रेस की संशोधित मांग 120 सीटें हो गई ये सूत्रों से पता चलता है।

दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी ने 26 सीटों का प्रस्ताव सामने रखकर कांग्रेस को स्पष्ट संदेश दे दिया कि वह सीटों के बंटवारे में केवल राजनीतिक दावों को नहीं बल्कि जीत को तरजीह देगी।
सपा महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव के मुताबिक, 26 सीटों के प्रस्ताव में दो ऐसी सीटें हैं, जहां कांग्रेस ने 2022 में जीत हासिल की थी। चार सीटें ऐसी हैं, जहां कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही थी। इसके अलावा 20 सीटें ऐसी हैं, जहां पिछले विधानसभा चुनाव में सपा को 60 से 70 हजार वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस को बेहद कम वोट मिले थे।
#WATCH | Delhi: Ahead of the second round of Samajwadi Party (SP)-Congress seat-sharing talks for the 2027 Uttar Pradesh Assembly elections, SP Rajya Sabha MP Ram Gopal Yadav says, "Whatever had to be said in the meeting, we said yesterday. I have given them our 26 seats, and today we are going to hold talks again."
— ANI (@ANI) November 24, 2026
यानी सपा का तर्क है कि कांग्रेस को सीटें उसकी वास्तविक चुनावी ताकत और जीतने की संभावना के आधार पर दी जाएंगी जहां विनेबलिटी सबसे बड़ा फैक्टर होगा और कांग्रेस के बेहतर करने की संभावना प्रवल होगी।
सपा को कांग्रेस की राजनीतिक ताकत पर भरोसा क्यों नहीं?
समाजवादी पार्टी कांग्रेस के साथ गठबंधन तो चाहती है, लेकिन उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की स्वतंत्र चुनावी क्षमता को लेकर उसके मन में कई सवाल हैं।
सपा के पास कांग्रेस की कमजोर विधानसभा चुनावी स्थिति के आंकड़े हैं। 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 399 सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन उसे महज दो सीटों पर जीत मिली थी। इसके मुकाबले समाजवादी पार्टी ने 111 सीटें जीती थीं।
सपा इसी प्रदर्शन को आधार बनाकर कांग्रेस की सीटों की मांग को सीमित करना चाहती है।

हालांकि, कांग्रेस के अपने तर्क हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की 17 सीटों पर चुनाव लड़कर छह सीटें जीतीं, जबकि समाजवादी पार्टी ने 37 सीटों पर जीत हासिल की।
कांग्रेस मानती है कि 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद प्रदेश में उसकी राजनीतिक स्थिति बदली है। राहुल गांधी की राजनीतिक स्वीकार्यता बढ़ी है और दलित, मुस्लिम तथा दूसरे सामाजिक समूहों के बीच कांग्रेस की पहुंच में सुधार हुआ है।
कांग्रेस का मानना है कि उसे केवल 2022 के विधानसभा चुनाव के प्रदर्शन के आधार पर नहीं आंका जाना चाहिए । लोकसभा चुनाव के नतीजे के बाद पार्टी को नई राजनीतिक संभावना दिखाई पड़ने लगी है। यही वह बिंदु है जहां दोनों दलों के बीच बड़ा मतभेद है। कांग्रेस बदली हुई राजनीतिक परिस्थितियों के आधार पर सीटें चाहती है, जबकि सपा पुराने विधानसभा चुनाव के आंकड़ों और मौजूदा जमीनी संगठन को ज्यादा महत्व दे रही है।

181 सीटों की मांग क्या कांग्रेस की रणनीतिक चाल थी?
सीटों की मांग में इतना बड़ा अंतर केवल राजनीतिक महत्वाकांक्षा का मामला नहीं है। इसके पीछे नेगोशिएशन की रणनीति भी दिखाई देती है। कांग्रेस जानती है कि उत्तर प्रदेश में अकेले चुनाव लड़ना उसके लिए आसान नहीं होगा। ऐसे में सपा के साथ गठबंधन उसकी व्यवहारिक राजनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

लेकिन कांग्रेस यह भी नहीं चाहती कि गठबंधन में उसकी हैसियत केवल एक छोटे सहयोगी की रहे जो उसके अतीत के सामने उसे छोटा महसूस कराए।
181 सीटों की शुरुआती मांग के पीछे एक मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने की चाहत भी है। कांग्रेस इस रणनीति के जरिए अंत में 80 से 100 सीटों के आसपास सम्मानजनक समझौते की चाहत रखती है ऐसा पार्टी के कुछ नेता व्यावहारिक राजनीति का हवाला देकर दबी जुबान में कहते हैं।
दूसरी ओर, अखिलेश यादव की रणनीति कांग्रेस की मांग को सार्वजनिक करके उन्हें बैकफुट पर धकेलने की है।इस कड़ी में सपा अपना दांव फूंक फूंक कर चल रही है।
अखिलेश यादव ने इस कड़ी में बड़ी ही चतुराई से कांग्रेस की 181 सीटों की मांग सार्वजनिक की और इसके बाद रामगोपाल यादव ने सपा का 26 सीटों का प्रस्ताव मीडिया के सामने रख दिया। इससे सपा एक तरफ अपने कार्यकर्ताओं को संदेश दे रही है कि वह गठबंधन के नाम पर अपनी मजबूत सीटें छोड़ने को तैयार नहीं है, वहीं कांग्रेस पर भी दबाव बना रही है कि वह अपनी चुनावी हैसियत के अनुरूप सीटों की मांग करे।
सपा का मूल तर्क है कि गठबंधन का उद्देश्य केवल सीटें बांटना नहीं, बल्कि चुनाव जीतना होना चाहिए।
कांग्रेस का रुख और आराधना मिश्रा 'मोना' का बयान क्या संकेत देता है?
23 नवंबर को दिल्ली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी के आवास पर दोनों दलों के बीच पहली औपचारिक बैठक हुई। इस बैठक में समाजवादी पार्टी की ओर से प्रोफेसर रामगोपाल यादव, इकरा हसन, राजीव राय और अन्य नेता शामिल हुए। कांग्रेस की ओर से प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना', राजेंद्र पाल गौतम, इमरान मसूद और वीरेंद्र चौधरी ने हिस्सा लिया।
#WATCH | Delhi: On seat-sharing with SP for upcoming UP elections, UP Congress chief Aradhana Misra-Mona says, "...We discussed seats in the meeting. It was a positive discussion, and only one round of discussion has been concluded so far. Second round of discussion will be held soon and if needed, we will come together again. The exercise will continue until we announce the alliance positively..."
— ANI (@ANI) November 24, 2026
पहली बैठक करीब 20 मिनट चली। बैठक के बाद दोनों दलों की ओर से सकारात्मक बातचीत का संकेत दिया गया और कहा गया कि अगले दो-तीन दिनों में सीटों के बंटवारे को लेकर सहमति बन सकती है।
जब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' से सीटों की संख्या को लेकर सवाल किया गया तो उनका जवाब था कि नंबर महत्वपूर्ण नहीं हैं और दोनों दलों के बीच सहमति बन रही है।
उनके इस बयान को राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जा सकता है। दरअसल, कुछ समय पहले तक कांग्रेस की तरफ से 200 सीटों तक की मांग का नैरेटिव चर्चा में था। लखनऊ में '200 सीट हक है हमारा' जैसे पोस्टर भी लगाए गए थे। अखिलेश यादव द्वारा 181 सीटों की मांग सार्वजनिक किए जाने के बाद कांग्रेस को अपनी रणनीति पर नए सिरे से विचार करना पड़ा।
अब कांग्रेस नेतृत्व की ओर से नंबरों को प्राथमिकता नहीं देने की बात भी कही जा रही है। इसका एक अर्थ यह भी है कि कांग्रेस बातचीत को केवल सीटों की संख्या तक सीमित नहीं रखना चाहती है। वह उन सीटों पर ज्यादा ध्यान दे रही है, जहां उसका संगठन, स्थानीय नेतृत्व और चुनावी संभावना बेहतर है। हालांकि, इसे कांग्रेस की ओर से 26 सीटों के प्रस्ताव को स्वीकार करने का संकेत मानना जल्दबाजी होगी।
सपा का एजेंडा 'Winnability', क्या कांग्रेस को उसी रास्ते पर चलना होगा?
इस बार एक ऐतिहासिक अवसर है जब हम दोनों पंथनिरपेक्ष पार्टियां मिलकर साम्प्रदायिक भाजपा और उनके संकीर्ण सोच के साथियों को हमेशा के लिए हराकर, देश को गलत हाथों में जाकर बर्बाद होने से बचा सकते हैं। हम चाहते हैं कि आप और हम जन-अपेक्षाओं व वास्तविकताओं को समझकर गंभीर विचार-विमर्श करें जिससे अधिकांश सीटों पर अपने ‘गठबंधन’ की जीत सुनिश्चित हो। जितनी सीटें आप-हम लड़ें उनमें हमारी जीत की सीटें, न जीत पाने वाली सीटों से अधिक हों। जीत ही बंटवारे को सम्मानजनक बनाएगी क्योंकि जीती हुई सीट ही सम्मान दिलाएगी। अतः आपकी टीम की तरफ़ से प्राथमिकता के आधार पर दी गई सीटों में से जिन 26 सीटों पर आज बात हो गई है, उनके अतिरिक्त अन्य सभी संभावित सीटें चिह्नित करके हमें भेज दें। फिर मिल बैठकर देखेंगे कि कौन सी सीट और उस पर कौन सा कैंडिडेट जीतने की पोजिशन में है। हो सकता है कि हम अपने आँकलन और जीत के गणितीय समीकरण के आधार पर कांग्रेस को ऐसी कई जीतनेवाली सीटों के बारे में भी बताएं जिन पर उन्होंने किसी कारणवश विचार ही नहीं किया है। हमारी कोशिश तो ये है कि जब बड़े नेता बैठें तो सभी सीटों पर ‘इंडिया गठबंधन’ के प्रत्याशी के रूप में बात हो, न कि कांग्रेस या सपा के प्रत्याशी के रूप में और सबसे अच्छी और सकारात्मक परिणाम देनेवाली बात तो ये होगी कि हम लोग अपने प्रत्याशी को ‘पीडीए प्रत्याशी’ के रूप में प्रस्तुत करें। जिस प्रकार लोकसभा में आपके संगठन ने ‘पीडीए’ के साथ पूरी तरह सहयोग किया वो सदैव सराहनीय रहेगा क्योंकि उसने ही मिलकर साम्प्रदायिक भाजपा को धूल चटाई थी अब इस बार भी हम लोग मिलकर उप्र में और फिर केंद्र में भी भाजपा को हराएंगे। ज़मीनी सर्वेक्षणों से ये बात साफ़ हो गई है कि हर शहर, मोहल्ले, गली व गाँव तक ये बात पहुँच गई है कि जो पीड़ित है, वो पीडीए है। इसीलिए पूरे प्रदेश के हर समाज, हर वर्ग के ‘पीड़ित, दुखी, अपमानित’ भाजपा के ख़िलाफ़ लामबंद हो गये हैं क्योंकि उन सबको ये विश्वास है कि ‘PDA ही NDA को हराएगा’ और पीडीए ही परिवर्तन लायेगा। सच तो ये है कि हम नहीं चाहते हैं कि सीट का बँटवारा हमारे-तुम्हारे के भाव से हो, हम तो इसे बंटवारा नहीं, ‘सीट समायोजन’ कहना चाहते हैं। कठिन समीकरणवाली सीटों पर हम मिलकर कम-से-कम दो प्रत्याशियों पर विचार-विमर्श करके जिसकी अधिक संभावना दिखेगी उसे चुनकर मिलजुल के जिताएंगे। हम नहीं चाहते हैं कि गठबंधन में एक-दूसरे पर उम्मीदवार थोपे जाएं बल्कि सहमति से तय किये जाएं, तब ही आपके-हमारे वोट आपस में ट्रांसफ़र होकर हम लोगों की जीत को सुनिश्चित करेंगे और कल को हम मिलकर कह सकेंगे कि हम लोगों ने तो पहले ही कहा था : बात सीट की नहीं, जीत की है। आपका-हमारा सबसे बड़ा लक्ष्य सरकार बनाना है। नये हालातों और समीकरण में उसके लिए हमें-आपको कुछ लोगों को एडजस्ट और एकमोडेट करना पड़ेगा। एक-दो लोग ऐसे भी होंगे जिनसे आपने और हमने चुनाव लड़ाने का वादा किया होगा लेकिन वास्तविक परिस्थितियों को देखते हुए दो-चार सीटों पर बदलाव भी करने पड़ेंगे। भावी प्रत्याशियों को भी ये समझना होगा कि हर सीट महत्वपूर्ण है, अगर किसी को सीट नहीं मिल पा रही है या मनचाही सीट नहीं मिल रही है तो निराश न हों, अगर उनके दल के बड़े नेता ने कुछ फेरबदल या बदलाव किया है तो उसके पीछे सोच सरकार बनाने की है और सरकार बन गई तो सबको सम्मान-स्थान मिल जाएगा। हर बड़ा नेता अपनी बात का मान ख़ुद रखेगा, इतना विश्वास तो अपने नेताओं पर लोगों को रखना ही पड़ेगा। इस तरह जो चुनाव लड़ा जाएगा उसमें आपका-हमारा संगठन मिलकर कहेगा कि हम दोनों के मिलने से हमारी तैयारी 806 सीटों के बराबर की है। देश की जनता ख़ासतौर से किसान, मजदूर, युवा, मध्यम वर्ग, महिलाएँ, छोटे से लेकर बड़ा व्यापारी, सच्चे अधिकारी, कर्मचारी और संपूर्ण प्रगतिशील-पंथनिरपेक्ष व उत्पीड़ित ‘पीडीए समाज’ आपकी और हमारी तरफ़ बड़ी उम्मीद से देख रहा है। आपसी समायोजन से कोई भूल किये बिना हम देश का नया इतिहास लिखने के कगार पर हैं। हम सौहार्द और सूझबूझ से ये कर भी दिखाएंगे, इसी आशा के साथ आप-हम ‘सीट की जगह जीत के समीकरण’ पर विचार करें, जिससे हम जीतें और उप्र में अपनी सरकार आए और फिर दिल्ली में भी और देश का भविष्य सँवारने में हम लोगों का योगदान हमेशा के लिए सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो जाए।
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) November 24, 2026
समाजवादी पार्टी की पूरी बातचीत का आधार इस समय Winnability यानी जीतने की संभावना दिखाई दे रहा है।
सपा चाहती है कि कांग्रेस ऐसी सीटों पर दावा करे जहां उसका अपना संगठन मजबूत हो और वह चुनावी मुकाबले में गंभीर चुनौती दे सके।
प्रमोद तिवारी के आवास पर बैठक होने का राजनीतिक संदेश भी महत्वपूर्ण है। प्रमोद तिवारी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और सपा नेतृत्व के साथ उनके अच्छे संबंध रहे हैं।
राजनीतिक विश्लेषक बिलाल शब्जवारी के मुताबिक, सपा ने प्रमोद तिवारी के माध्यम से कांग्रेस के सामने अपना एजेंडा काफी हद तक स्पष्ट कर दिया है। उनके आकलन में पहली बैठक के बाद ही कांग्रेस नंबरों की जिद से हटकर Winnability पर चर्चा करने को तैयार हुई है। इसे सपा की बातचीत की रणनीति की सफलता के रूप में देखा जा सकता है।
हालांकि, कांग्रेस के भीतर इस मुद्दे पर एक अलग सोच भी है। कांग्रेस के एक वरिष्ठ प्रदेश स्तरीय नेता ने नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर कहा कि उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने के लिए समाजवादी पार्टी को भी कांग्रेस की जरूरत है। ऐसे में कांग्रेस इस राजनीतिक परिस्थिति का लाभ उठाकर ज्यादा से ज्यादा सीटें हासिल करने की कोशिश कर रही है।
यानी कांग्रेस की रणनीति भी साफ है। वह गठबंधन चाहती है, लेकिन अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता और भविष्य की संभावनाओं को कम करके नहीं।
इमरान मसूद का 'भीख नहीं मांग रहे' वाला बयान क्या बताता है?
Delhi: Congress leader Imran Masood, reacting to reports that the Samajwadi Party has offered 26 Assembly seats to the Congress for the 2027 Uttar Pradesh elections, says, "I don't know when they are making this offer; perhaps you know. I am not begging anyone for anything..." https://t.co/QD4TAM6nMN
— IANS (@ians_india) November 24, 2026
सपा की ओर से 26 सीटों का प्रस्ताव सार्वजनिक किए जाने के बाद कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि कांग्रेस किसी से भीख नहीं मांग रही है। उनका यह बयान बताता है कि कांग्रेस के लिए सीटों की संख्या के साथ-साथ गठबंधन में सम्मान का सवाल भी महत्वपूर्ण है। कांग्रेस इसलिए बहुत कम सीटों पर समझौता करने को तैयार नहीं है जिससे इसका असर प्रदेश में उसके संगठन और कार्यकर्ताओं के मनोबल पर पड़े।
दूसरी ओर, सपा भी अपने मौजूदा विधायकों और मजबूत राजनीतिक क्षेत्रों में कांग्रेस के लिए जगह बनाने को लेकर सहज नहीं है।
यही वजह है कि बातचीत अब केवल सीटों की संख्या तक सीमित नहीं रह गई है। असली विवाद उन विधानसभा क्षेत्रों को लेकर है, जहां दोनों दल अपना दावा मजबूत मानते हैं।
रायबरेली-अमेठी से लेकर सहारनपुर और सीतापुर तक, कहां फंसा है पेच?
कांग्रेस के लिए अब सम्मानजनक सीटों का सवाल भी बेहद महत्वपूर्ण हो गया है। रायबरेली और अमेठी कांग्रेस की परंपरागत राजनीतिक पहचान से जुड़े क्षेत्र हैं। कांग्रेस इन जिलों में अपनी राजनीतिक उपस्थिति बनाए रखना चाहती है। इसके अलावा सहारनपुर और सीतापुर जैसे क्षेत्रों में भी पार्टी की दिलचस्पी है। लेकिन समस्या यह है कि इन इलाकों में समाजवादी पार्टी के भी मजबूत नेता और मौजूदा विधायक हैं।
सपा के लिए अपने जीते हुए विधायकों की सीटें छोड़ना आसान नहीं है। दूसरी ओर कांग्रेस का तर्क है कि उसे केवल उन्हीं सीटों तक सीमित नहीं किया जा सकता जहां उसने 2022 में जीत हासिल की थी।
2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजों ने कांग्रेस को कुछ नए राजनीतिक आधार दिए हैं ऐसा कांग्रेस मानती है। इसलिए पार्टी चाहती है कि विधानसभा सीटों का निर्धारण करते समय लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन को भी महत्व दिया जाना चाहिए।
यही वजह है कि कांग्रेस की मांग और सपा के प्रस्ताव के बीच अभी भी बड़ी दूरी बनी हुई है।
क्या राहुल Winnability के नाम पर अखिलेश की शर्तें मानेंगे?

राहुल गांधी और अखिलेश यादव लोकसभा चुनाव में एक साथ चुनाव लड़ चुके हैं। 2024 में दोनों दलों के गठबंधन ने उत्तर प्रदेश में बीजेपी को बड़ा झटका दिया था। सपा ने 37 और कांग्रेस ने छह लोकसभा सीटें जीती थीं। इस सफलता ने दोनों नेताओं के बीच गठबंधन की राजनीतिक उपयोगिता को मजबूत किया है।
लेकिन लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव की परिस्थितियां अलग होती हैं। विधानसभा चुनाव में स्थानीय संगठन, उम्मीदवार की व्यक्तिगत पकड़, जातीय समीकरण और बूथ स्तर की मजबूती कहीं ज्यादा निर्णायक होती है। कांग्रेस के सामने दोहरी चुनौती है। उसे एक तरफ गठबंधन में सम्मानजनक हिस्सेदारी चाहिए, दूसरी तरफ प्रदेश में अपना संगठन भी मजबूत करना है।
वहीं अखिलेश यादव के सामने चुनौती यह है कि वह कांग्रेस को पर्याप्त सीटें देकर गठबंधन को मजबूत करें, लेकिन अपने मजबूत उम्मीदवारों और विधानसभा में अपनी राजनीतिक स्थिति से समझौता न करें।
राजनीतिक विश्लेषक डॉ. रमेश ठाकुर के आकलन में दोनों दलों के बीच गठबंधन की संभावना मजबूत है, क्योंकि दोनों एक-दूसरे के लिए राजनीतिक रूप से जरूरी हैं। हालांकि, सीटों की संख्या और उनके चयन पर सहमति बनाना आसान नहीं होगा।
क्या कांग्रेस और सपा के पास गठबंधन के अलावा कोई विकल्प नहीं?
मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में दोनों दलों के सामने गठबंधन बनाए रखने के ठोस कारण हैं। कांग्रेस को उत्तर प्रदेश में अपना संगठन और चुनावी आधार मजबूत करने के लिए एक बड़े सहयोगी की जरूरत है। दूसरी ओर समाजवादी पार्टी भी बीजेपी के खिलाफ विपक्षी वोटों के बिखराव को रोकना चाहती है।
कांग्रेस 2024 के लोकसभा चुनाव में अपने प्रदर्शन के बाद अपनी राजनीतिक हैसियत बड़ी देख रही है। वहीं सपा विधानसभा चुनाव में अपनी ताकत कांग्रेस से कहीं ज्यादा देख रही है और इसलिए सीटों का बंटवारा उसी आधार पर करना चाह रही है। यही दो अलग-अलग राजनीतिक दृष्टिकोण गठबंधन की राह में सबसे बड़ी चुनौती हैं।
फिलहाल सवाल यह नहीं है कि कांग्रेस 181 सीटों पर चुनाव लड़ेगी या 26 पर। असली सवाल यह है कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव गठबंधन की राजनीति में एक-दूसरे को कितनी जगह देने के लिए तैयार हैं।
उत्तर प्रदेश में बीजेपी को चुनौती देने के लिए विपक्षी एकता जरूरी है ऐसा दोनों दलों का मानना है।इसलिए सीटों का ऐसा बंटवारा जरूरी है, जिसमें दोनों दलों को सम्मान भी मिले और जीतने की वास्तविक संभावना भी बन सके।
181 और 26 के बीच की यह दूरी दरअसल कांग्रेस और सपा के बीच राजनीतिक ताकत, भरोसे और भविष्य की हिस्सेदारी की लड़ाई है। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि राहुल गांधी अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षा के अनुरूप सीटों की मांग पर कायम रहते हैं या अखिलेश यादव के Winnability वाले फॉर्मूले को स्वीकार करते हैं।







