अमेरिका दुनिया की सबसे बड़ी आर्थिक और सैन्य ताकत होने का दावा करता है। उसकी तकनीक, वित्तीय व्यवस्था और वैश्विक प्रभाव को उसकी ताकत का आधार माना जाता है। लेकिन नवंबर का महीना अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके प्रशासन के लिए कई मोर्चों पर मुश्किलें लेकर आया है।
3 नवंबर को हुए मिडटर्म चुनाव में डेमोक्रेट्स ने प्रतिनिधि सभा और सीनेट, दोनों में बहुमत हासिल किया। यह ट्रंप के लिए बड़ा राजनीतिक झटका था। इसके बाद अमेरिकी टेक इंडस्ट्री में उठा विवाद, माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में रुकावट आई, विमानन व्यवस्था में गड़बड़ी हुई और अब बैंकिंग सेवाओं में आई तकनीकी समस्या ने अमेरिका की अंदरूनी व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
दूसरी तरफ ईरान के साथ टकराव, होर्मुज में तनाव और इजरायल में राजनीतिक अनिश्चितता ने विदेश नीति के मोर्चे पर भी ट्रंप की मुश्किलें बढ़ाई हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या दुनिया पर अपना दबदबा बनाए रखने का दावा करने वाला अमेरिका खुद कई चुनौतियों से घिरता जा रहा है?
1. अमेरिका के भीतर एक के बाद एक झटके
नवंबर में अमेरिका की कई महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं में तकनीकी गड़बड़ियां सामने आईं। इन घटनाओं ने दिखाया कि आधुनिक तकनीक और मजबूत संस्थानों के दावों के बावजूद जरूरी सेवाएं कितनी जल्दी प्रभावित हो सकती हैं।
Nvidia में विवाद: दुनिया की प्रमुख चिप निर्माता कंपनी Nvidia के प्रमुख जेनसन हुआंग का एक चीनी कारोबारी महिला एलिस हुआंग के साथ संबंध विवादों में आ गया। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को एलिस पर चीन के लिए जासूसी करने का संदेह है। विवाद बढ़ा तो कंपनी ने जांच शुरू की और 12 नवंबर को जेनसन हुआंग ने CEO पद छोड़ दिया। इस बीच, हुआंग के और भी अफेयर्स का खुलासा होने लगा। इस मामले ने अमेरिकी टेक इंडस्ट्री में राष्ट्रीय सुरक्षा और संवेदनशील तकनीक की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Microsoft का आउटेज: 12-13 नवंबर को माइक्रोसॉफ्ट की क्लाउड सेवाओं में बड़ी तकनीकी गड़बड़ी आई। इससे Outlook, Teams, Copilot और Microsoft 365 जैसी सेवाएं प्रभावित हुईं। दुनियाभर के यूजर्स और संस्थानों को कामकाज में परेशानी हुई।
उड़ानों पर लगा ब्रेक: 13 नवंबर को अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के कम्यूनिकेशन और रडार सिस्टम से जुड़ी तकनीकी समस्या के कारण देशभर में उड़ानों को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। FAA के मुताबिक, इस दौरान करीब 12,462 उड़ानें रद्द हुईं। एजेंसी ने इसकी वजह दूरसंचार व्यवस्था में आई गड़बड़ी और पुराने उपकरणों की अस्थिरता बताई।
ट्रंप ने पुरानी सरकार पर फोड़ा ठीकरा
अमेरिका के एविएशन सिस्टम में आई गड़बड़ी को लेकर ट्रंप ने पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन के प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है। 16 नवंबर को वाइट हाउस के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि बाइडेन प्रशासन ने पुराने तांबे के तारों को फाइबर ऑप्टिक सिस्टम से जोड़ने में गड़बड़ी की, जिससे काफी पैसा बर्बाद हुआ। उन्होंने कांग्रेस से इस व्यवस्था को पूरी तरह बदलने के लिए फंड देने की मांग की।
कांग्रेस में बढ़ सकता है टकराव
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है, जब मिडटर्म चुनाव में डेमोक्रेट्स को जीत मिली है और जनवरी से वे कांग्रेस का नियंत्रण संभालेंगे। ऐसे में विमानन व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए अरबों डॉलर के बजट की मांग पर राजनीतिक टकराव बढ़ सकता है। परिवहन मंत्री सीन डफी ने भी कांग्रेस से एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम को अपग्रेड करने के लिए अतिरिक्त फंड मांगा है। यानी अमेरिका की पुरानी होती तकनीकी व्यवस्था को सुधारना अब सिर्फ तकनीकी नहीं, बल्कि राजनीतिक चुनौती भी बनता दिख रहा है।
बैंकिंग सेवाओं में परेशानी: 16 नवंबर को अमेरिका के कई बड़े बैंकों के ग्राहकों को ऑनलाइन बैंकिंग और ट्रांजेक्शन सेवाओं में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आउटेज ट्रैकर ‘डाउनडिटेक्टर’ (Downdetector) के मुताबिक, सबसे पहले JPMorgan Chase के ग्राहकों ने परेशानी की शिकायत की। इसके बाद Bank of America, Wells Fargo, U.S. Bank और Truist के ग्राहकों ने भी ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं बाधित होने और पेमेंट नहीं कर पाने की शिकायतें कीं। कुछ ग्राहक अपने बैंक अकाउंट तक नहीं खोल पा रहे थे।
JPMorgan Chase ने बताया कि उसके आंतरिक हार्डवेयर सिस्टम में सॉफ्टवेयर की गड़बड़ी आई थी, जिससे लेनदेन में देरी हुई। बैंक ने यह भी स्पष्ट किया कि यह साइबर हमला नहीं था और न ही पूरे बैंकिंग सिस्टम में कोई समस्या थी। हालांकि, एक के बाद एक कई बड़े बैंकों के ग्राहकों की शिकायतों ने अमेरिका की बैंकिंग सेवाओं में तकनीकी व्यवधान को चर्चा में ला दिया।
सुरंग में फंसी ट्रेनें: अमेरिका में परिवहन व्यवस्था से जुड़ी परेशानियां भी लगातार सामने आईं। न्यूयॉर्क के पेन स्टेशन के पास पानी के नीचे बनी सुरंग में दो ट्रेनें फंस गईं, जिससे रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ और यात्रियों को लंबी देरी का सामना करना पड़ा। यह घटना ऐसे समय हुई है, जब अमेरिका के बड़े बैंकों में तकनीकी गड़बड़ियां, FAA के सिस्टम में खराबी के कारण उड़ानों का रुकना और दूसरी जरूरी सेवाओं में व्यवधान की खबरें सामने आ रही हैं। इन घटनाओं ने अमेरिका की बुनियादी व्यवस्थाओं की क्षमता और विश्वसनीयता को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
लगातार सामने आई इन गड़बड़ियों ने अमेरिकी तकनीकी और संस्थागत व्यवस्थाओं की तैयारियों पर बहस जरूर छेड़ दी है।
2. चीन का साया: Nvidia विवाद ने बढ़ाई चिंता
Nvidia का मामला केवल एक कंपनी के CEO के निजी जीवन तक सीमित नहीं है। इसके तार अमेरिका और चीन के बीच चल रही तकनीकी प्रतिस्पर्धा से भी जुड़ते हैं। Nvidia आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के लिए जरूरी चिप बनाने वाली दुनिया की सबसे अहम कंपनियों में शामिल है। उसके चिप का इस्तेमाल डेटा सेंटर, सुपरकंप्यूटर और AI सिस्टम बनाने में होता है। ऐसे में कंपनी के शीर्ष नेतृत्व से जुड़ा कोई भी सुरक्षा विवाद अमेरिका के लिए महत्वपूर्ण हो जाता है।
यह भी पढ़ें- ‘मैं बहुत घटिया इंसान हूं’... इस्तीफे से पहले जेन्सेन हुआंग के साथ क्या-क्या हुआ?
अमेरिका लंबे समय से चीन को अत्याधुनिक चिप और तकनीक तक पहुंच सीमित करने की कोशिश करता रहा है। उसे आशंका है कि इन तकनीकों का इस्तेमाल चीन अपनी सैन्य और खुफिया क्षमताएं बढ़ाने में कर सकता है। ऐसे में Nvidia के शीर्ष नेतृत्व से जुड़ा जासूसी का संदेह अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों के लिए गंभीर मामला बन गया है। हालांकि, अभी तक यह साबित नहीं हुआ है कि कंपनी की संवेदनशील तकनीक या गोपनीय जानकारी चीन तक पहुंची है।
3. ईरान और होर्मुज: ट्रंप के दावों की परीक्षा
अमेरिका के सामने सबसे बड़ी बाहरी चुनौतियों में से एक ईरान है। अमेरिका और इजरायल के साथ फरवरी 2026 में शुरू हुए संघर्ष के बाद होर्मुज वैश्विक तनाव का बड़ा केंद्र बन गया है। होर्मुज दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री रास्तों में से एक है। दुनिया में इस्तेमाल होने वाले कुल तेल का करीब पांचवां हिस्सा इसी रास्ते से गुजरता है। इसलिए यहां किसी भी तरह की रुकावट का असर वैश्विक ऊर्जा बाजार पर पड़ता है।
ट्रंप लगातार दावा करते रहे हैं कि अमेरिका के पास इस समुद्री रास्ते पर नियंत्रण और ईरान पर दबाव बनाने की पर्याप्त क्षमता है। 12 नवंबर को उन्होंने कहा था कि अमेरिका को अब ईरान के साथ समझौते की जरूरत नहीं है और होर्मुज उसके कंट्रोल में है। लेकिन जमीनी स्थिति इन दावों से अलग तस्वीर दिखा रही है। 17 नवंबर को सामने आई खबरों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में होर्मुज और उसके आसपास कम से कम चार तेल टैंकर क्षतिग्रस्त हुए हैं। ईरानी नौसेना ने दावा किया कि चौथा टैंकर होर्मुज के पूर्वी हिस्से में समुद्री बारूदी सुरंग से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गया। ईरानी नौसेना के मुताबिक, जहाज प्रतिबंधित समुद्री क्षेत्र में बिना नेविगेशन सिस्टम चालू किए आगे बढ़ रहा था।
इसी दौरान ब्रिटेन की समुद्री निगरानी एजेंसी UKMTO ने ओमान के तट के पास एक और टैंकर पर हमले की जानकारी दी। एजेंसी के मुताबिक, यह हमला ओमान के खासाब तट से करीब सात नॉटिकल मील दूर हुआ। जहाज के सभी चालक दल के सदस्य सुरक्षित बताए गए, लेकिन उसे कितना नुकसान पहुंचा, यह स्पष्ट नहीं था।
इससे पहले ईरानी नौसेना ने शनिवार को तीन तेल टैंकरों के समुद्री बारूदी सुरंगों से टकराने और उनमें आग लगने की जानकारी दी थी। यानी होर्मुज में जहाजों की सुरक्षित आवाजाही को लेकर खतरा लगातार बढ़ रहा है। 16 नवंबर से अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों से आने-जाने वाले जहाजों पर नाकेबंदी भी लागू की है। इसके जवाब में ईरान ने क्षेत्र के बंदरगाहों को निशाना बनाने की चेतावनी दी है। ऐसे में ट्रंप के सामने चुनौती सिर्फ ईरान पर दबाव बनाने की नहीं, बल्कि दुनिया के इस अहम समुद्री रास्ते पर सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने की भी है।
4. इजरायल में नेतन्याहू की मुश्किलें
वेस्ट एशिया में अमेरिका की रणनीति का एक बड़ा आधार इजरायल है। ट्रंप और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच करीबी संबंध रहे हैं। लेकिन अब नेतन्याहू खुद राजनीतिक अनिश्चितता का सामना कर रहे हैं। 27 अक्टूबर को हुए इजरायली चुनाव में नेतन्याहू की लिकुड पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, लेकिन उसे सरकार बनाने के लिए जरूरी बहुमत नहीं मिला। उनकी सहयोगी पार्टियों को मिलाकर भी गठबंधन 120 सदस्यीय संसद में 61 सीटों के बहुमत से पीछे है।
विपक्षी गठबंधन भी बहुमत से दूर है। ऐसे में सरकार गठन को लेकर बातचीत और राजनीतिक जोड़-तोड़ जारी है। नेतन्याहू की राजनीतिक स्थिति का असर पश्चिम एशिया में अमेरिकी रणनीति पर भी पड़ सकता है। खासकर तब, जब अमेरिका पहले से ही ईरान के साथ तनाव और क्षेत्रीय सुरक्षा की चुनौतियों से जूझ रहा है।
5. मिडटर्म चुनाव के बाद बदले ट्रंप के तेवर?
इन तमाम चुनौतियों के बीच ट्रंप के लिए सबसे बड़ा राजनीतिक झटका मिडटर्म चुनाव के नतीजे रहे। 3 नवंबर को हुए चुनाव में डेमोक्रेट्स ने अमेरिकी संसद के दोनों सदनों में बहुमत हासिल कर लिया। इसका मतलब है कि ट्रंप को अपने कार्यकाल के बाकी दो साल में कानून और बजट से जुड़े फैसले लेने के लिए विपक्ष का सामना करना पड़ेगा। प्रतिनिधि सभा और सेनेट में डेमोक्रेट्स का बहुमत उनकी नीतियों को रोकने या उनमें बदलाव कराने की ताकत रखेगा।
चुनाव के बाद ट्रंप के तेवर में कुछ नरमी भी दिखाई दी। उन्होंने डेमोक्रेट्स को जीत की बधाई दी और उनके साथ काम करने की बात कही। उन्होंने यह भी माना कि ईरान के साथ संघर्ष और तेल की बढ़ती कीमतों ने चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को नुकसान पहुंचाया हो सकता है।
क्या अमेरिका के दबदबे पर सवाल उठ रहे हैं?
अमेरिका की ताकत सिर्फ उसकी सेना या अर्थव्यवस्था तक सीमित नहीं है। उसकी तकनीक, बैंकिंग व्यवस्था, संस्थानों की विश्वसनीयता और दुनिया भर में उसके सहयोगी भी उसकी वैश्विक ताकत का हिस्सा हैं। लेकिन एक तरफ उसकी बड़ी टेक कंपनियों में सुरक्षा और नेतृत्व से जुड़े विवाद सामने आ रहे हैं, तो दूसरी तरफ एयरलाइन और बैंकिंग जैसी जरूरी सेवाओं में तकनीकी गड़बड़ियां हो रही हैं। विदेश नीति के मोर्चे पर ईरान के साथ टकराव और इजरायल की राजनीतिक अनिश्चितता अलग चुनौती है।
इस पूरे प्रकरण से इतना तो साफ है कि ट्रंप के सामने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय, दोनों मोर्चों पर चुनौतियां बढ़ी हैं। बड़ा सवाल यही है कि क्या अमेरिका इन चुनौतियों से निपटकर अपना पुराना दबदबा बनाए रख पाएगा या फिर उसकी ताकत और उसकी वास्तविक क्षमता के बीच का अंतर और साफ होता जाएगा?