इंसान से पहले जब स्पेस पहुंची एक नन्ही जान, कहानी रूस की ऐतिहासिक उड़ान की

इंसान से पहले जब स्पेस पहुंची एक नन्ही जान, कहानी रूस की ऐतिहासिक उड़ान की

इंसान से पहले अंतरिक्ष की अनजान दुनिया में कौन पहुंचा था? रूस के एक ऐतिहासिक मिशन ने इस सवाल का जवाब दिया, लेकिन इसके पीछे की कहानी सिर्फ तकनीक और ताकत की नहीं, एक बेजुबान जान की भी है।
अपर्णा रांगड़अपर्णा रांगड़ Published

सोचिए... एक छोटी-सी जान को एक ऐसे केबिन में बिठाया जा रहा है, जिसके चारों ओर मेटल की दीवारें हैं। उसके शरीर पर तार और सेंसर लगाए जा रहे हैं। बाहर वैज्ञानिकों की एक पूरी टीम है, जो उसकी हर धड़कन पर नजर रखे हुए है। कुछ ही देर में एक बड़ा रॉकेट आसमान की ओर उड़ान भरने वाला है। लेकिन इस बार रॉकेट में कोई इंसान नहीं, बल्कि एक डॉग सवार है। नाम है लाइका (Laika)। मॉस्को की गलियों में घूमने वाली यह डॉग कुछ ही देर में पृथ्वी की कक्षा यानी ऑर्बिट में पहुंचने वाली पहली जीवित प्राणी बनने जा रही है।

आज ही के दिन, 3 नवंबर 1957 को सोवियत संघ (USSR) ने Sputnik-2 लॉन्च किया था। यह मिशन अंतरिक्ष विज्ञान के इतिहास में एक बड़ी उपलब्धि बन गया। पहली बार किसी जीवित प्राणी को पृथ्वी की ऑर्बिट में पहुंचाया गया था। वैज्ञानिकों के लिए यह सिर्फ एक डॉग को स्पेस में भेजने का प्रयोग नहीं था, बल्कि उस अनजान दुनिया को समझने की कोशिश थी, जहां हवा नहीं थी, सामान्य गुरुत्वाकर्षण (Gravitation) नहीं था और तापमान भी इंसानी जीवन के अनुकूल नहीं था। लाइका के इस सफर ने आगे चलकर इंसानों के अंतरिक्ष में जाने की तैयारियों को भी नई दिशा दी।

Sputnik-2 में भेजे जाने से कुछ समय पहले अपने केबिन में लाइका।Gettyimages.ru

Sputnik-1 के बाद सोवियत संघ का बड़ा दांव

साल 1957। दुनिया दो महाशक्तियों- अमेरिका और सोवियत संघ (USSR) के बीच शीत युद्ध (Cold War) की खींचतान देख रही थी। दोनों के बीच मुकाबला सिर्फ हथियारों या सैन्य ताकत तक सीमित नहीं था। अब आसमान और अंतरिक्ष भी इस प्रतिस्पर्धा का मैदान बन चुके थे। इसे ही Space Race कहा गया।

4 अक्टूबर 1957 को सोवियत संघ ने Sputnik-1 लॉन्च कर दुनिया को चौंका दिया। यह दुनिया का पहला कृत्रिम उपग्रह (Artificial Satellite) था। 

दिलचस्प बात है कि Sputnik नाम का मतलब ही ‘सफर का साथी’ (Fellow Traveller) होता है। रूसी भाषा के इस शब्द को सोवियत संघ ने 1957 में अपने पहले आर्टिफिशियल सैटेलाइट का नाम बनाया। धीरे-धीरे Sputnik शब्द दुनियाभर में सैटेलाइट के लिए इस्तेमाल होने लगा और अंतरिक्ष विज्ञान के इतिहास में हमेशा के लिए दर्ज हो गया। 

धातु से बना एक गोलाकार सैटेलाइट, जिसके चार एंटीना अंतरिक्ष में फैले हुए थे। यह पृथ्वी की कक्षा में घूमते हुए रेडियो सिग्नल भेज रहा था। दुनिया के रेडियो सेट पर इसकी ‘बीप-बीप’ सुनाई दे रही थी।

दुनिया के पहले आर्टिफिशियल सैटेलाइट Sputnik-1 का लॉन्च। (फोटो- Roscosmos Corporation)

अमेरिका, रूस की इस उपलब्धि से मिले सदमे से अभी उबर भी नहीं पाया था कि सोवियत संघ ने अगली तैयारी शुरू कर दी। इस बार उसका इरादा और बड़ा था। वैज्ञानिक जानना चाहते थे कि अगर किसी जीवित प्राणी को अंतरिक्ष में भेजा जाए, तो उसका शरीर वहां कैसे प्रतिक्रिया करेगा। क्या बिना गुरुत्वाकर्षण के उसका शरीर सामान्य तरीके से काम कर पाएगा? क्या उसका दिल उसी तरह धड़केगा? क्या वह सांस ले पाएगा?

इन सवालों के जवाब तलाशने के लिए Sputnik-2 तैयार किया गया। करीब 508 किलोग्राम वजन वाला यह सैटेलाइट Sputnik-1 से कई गुना भारी था। इसकी वजह थी इसमें लगाया गया वैज्ञानिक उपकरणों और लाइफ सपोर्ट सिस्टम का पूरा इंतजाम।

मॉस्को की गलियों में मिली अंतरिक्ष की पहली यात्री

अब सवाल था कि इस मिशन के लिए किसे चुना जाए? वैज्ञानिकों ने इंसान के बजाय कुत्ते को चुना। उस समय सोवियत संघ पहले भी कुत्ते को रॉकेट के जरिए अंतरिक्ष की सीमांत परिस्थितियों में भेजने के प्रयोग कर चुका था। कुत्ते को सीमित जगह में ट्रेन करना और उनके शरीर की हरकतों पर नजर रखना अपेक्षाकृत आसान माना जाता था।

इसी तलाश में मॉस्को की सड़कों पर घूमने वाली एक छोटी-सी आवारा डॉग वैज्ञानिकों की नजर में आई। उसका शुरुआती नाम कुड्रियावका (Kudryavka) था। बाद में उसे लाइका नाम दिया गया। शायद किसी ने नहीं सोचा होगा कि सड़कों पर घूमने वाली यह डॉग एक दिन दुनिया के सबसे चर्चित अंतरिक्ष अभियानों में शामिल हो जाएगी।

Sputnik-2 अंतरिक्ष यान के केबिन में रखे जाने से पहले लाइका (फोटो- RIA Novosti)

लाइका को चुनने के बाद उसकी ट्रेनिंग शुरू हुई। उसे धीरे-धीरे छोटे और बंद केबिनों में रहने की आदत डलवाई गई। पहले कुछ समय तक उसे अपेक्षाकृत बड़ी जगहों पर रखा गया, फिर जगह लगातार कम की गई, ताकि वह अंतरिक्ष यान के बेहद छोटे केबिन में रह सके। उसे तेज आवाजों, रॉकेट के कंपन और लॉन्च के दौरान लगने वाले तेज दबाव को सहने की ट्रेनिंग भी दी गई।

सोचिए, एक ऐसी डॉग जो अब तक खुली सड़कों पर घूमती थी, उसे अचानक एक छोटे से बंद केबिन में घंटों रहने के लिए तैयार किया जा रहा था। वैज्ञानिकों के लिए यह जरूरी था, क्योंकि अंतरिक्ष में उसके पास इधर-उधर घूमने की जगह नहीं होने वाली थी।

एक छोटे से केबिन में कैसे की गई थी पूरी दुनिया बसाने की तैयारी?

अंतरिक्ष में इंसान हो या जानवर, सबसे पहले जरूरत होती है सांस लेने लायक हवा की। इसके बाद तापमान, भोजन, पानी और शरीर की गतिविधियों पर नजर रखने की व्यवस्था। Sputnik-2 में लाइका के लिए बनाया गया केबिन आकार में छोटा जरूर था, लेकिन उसमें कई तरह के वैज्ञानिक इंतजाम किए गए थे।

एक सीलबंद केबिन (Sealed Cabin) के भीतर लाइका को रखा गया। वहां ऑक्सीजन पहुंचाने के लिए विशेष सिस्टम था। सांस छोड़ने पर बनने वाली कार्बन डाइऑक्साइड (CO2) को हटाने और हवा में नमी कंट्रोल करने के लिए केमिकल पदार्थ लगाए गए थे। केबिन का तापमान बढ़ने पर वेंटिलेशन फैन चालू होने की व्यवस्था भी थी।

लाइका के भोजन की तैयारी भी किसी आम डॉग फूड जैसी नहीं थी। उसके लिए जेली जैसा खास खाना बनाया गया था। इसमें पानी, सूखे ब्रेड का पाउडर, मीट पाउडर और फैट मिलाया गया था। इसे एक डिस्पेंसर के जरिए तय ब्रेक पर उपलब्ध कराया जाना था।

फिजियोलॉजिस्ट अंतरिक्ष उड़ान के लिए लाइका को तैयार करती हुईं। (फोटो- RIA Novosti)

अब जरा लाइका की कल्पना कीजिए। एक छोटे से केबिन में वह बंधी हुई है। शरीर पर हार्नेस (Harness) यानी शरीर पर बांधा जाने वाला खास पट्टा या बेल्ट लगा है। अलग-अलग जगहों पर सेंसर और इलेक्ट्रोड लगाए गए हैं। ये डिवाइस उसकी धड़कन, सांस लेने की रफ्तार और ब्लड प्रेशर जैसी चीजों को रिकॉर्ड कर रहे हैं। यहां तक कि उसके मल-मूत्र को इकट्ठा करने के लिए भी अलग व्यवस्था थी।

वैज्ञानिकों को लाइका की हर अहम शारीरिक गतिविधि का रिकॉर्ड चाहिए था। इसके लिए रेडियो टेलीमेट्री (Radio Telemetry) का इस्तेमाल किया गया, जिससे सेंसर से मिलने वाले आंकड़े धरती पर भेजे जा सकते थे। यानी अंतरिक्ष में लाइका अकेली थी, लेकिन धरती पर बैठे वैज्ञानिक लगातार उसकी सेहत पर नजर रखने की तैयारी में थे।

3 नवंबर 1957: आसमान की ओर बढ़ा रॉकेट

आखिरकार वह दिन आ गया। 3 नवंबर 1957 को सोवियत संघ के बैकोनूर कॉस्मोड्रोम (Baikonur Cosmodrome) से R-7 रॉकेट के जरिए Sputnik-2 को लॉन्च किया गया। रॉकेट ने जमीन छोड़ी और कुछ ही देर में आसमान में आग और धुएं की लकीर बनाता हुआ ऊपर बढ़ने लगा। उसके भीतर लाइका भी थी।

जैसे-जैसे रॉकेट ऊपर जा रहा था, लाइका के शरीर पर लगे सेंसर वैज्ञानिकों को आंकड़े भेज रहे थे। लॉन्च के दौरान उसकी धड़कन सामान्य से करीब तीन गुना तक बढ़ गई थी। यह वैज्ञानिकों के लिए भी एक खास मौका था। कुछ देर बाद Sputnik-2 ने अर्थ की ऑर्बिट में एंट्री कर ली।

4 अक्टूबर, 1957 को बैकोनूर कॉस्मोड्रोम से स्पुतनिक 1 का प्रक्षेपण। (फोटो- Roscosmos Corporation)

अब लाइका धरती से हजारों किलोमीटर दूर नहीं, बल्कि उसके चारों ओर चक्कर लगा रही थी। उसका अंतरिक्ष यान करीब 225 से 1,671 किलोमीटर की ऊंचाई वाली ऑर्बिट में था। एक चक्कर पूरा करने में उसे लगभग 103.7 मिनट लग रहे थे।

लेकिन Sputnik-2 सिर्फ लाइका को लेकर नहीं गया था। उसमें सूर्य से आने वाली किरणों और कॉस्मिक किरणों (Cosmic Rays) की स्टडी करने वाले डिवाइस भी लगाए गए थे। वैज्ञानिक यह भी समझना चाहते थे कि स्पेस का वातावरण किस तरह बदलता है और वहां मौजूद रेडिएशन (Radiation) का क्या प्रभाव पड़ता है।

लाइका के मिशन से क्या वैज्ञानिक संकेत मिले? 

लाइका के शरीर से मिलने वाले शुरुआती आंकड़ों से पता चला कि लॉन्च के दौरान उसकी हार्ट बीट और सांस लेने की रफ्तार में बदलाव आया था। बाद में कुछ समय के लिए ये सामान्य होने लगी थीं। इससे वैज्ञानिकों को पहली बार पृथ्वी की कक्षा में किसी जीवित प्राणी के शरीर की प्रतिक्रिया को समझने का मौका मिला।

इस मिशन की एक बड़ी सीमा यह थी कि उस समय सोवियत वैज्ञानिकों के पास अंतरिक्ष यान को सुरक्षित पृथ्वी पर वापस लाने की तकनीक नहीं थी। Sputnik-2 में भी वापसी की कोई व्यवस्था नहीं की गई थी। केबिन में तापमान बढ़ने के कारण लॉन्च के कुछ घंटों के भीतर लाइका की मौत हो गई। बाद में सामने आए आंकड़ों और वैज्ञानिकों की जांच से इस बात की पुष्टि हुई। 

Sputnik-2 हालांकि अपनी कक्षा में चक्कर लगाता रहा। करीब 162 दिनों बाद, 14 अप्रैल 1958 को यह पृथ्वी के वायुमंडल में प्रवेश करते हुए नष्ट हो गया।

लॉन्च के दौरान लाइका पर सामान्य गुरुत्वाकर्षण बल (Gravity) से पांच गुना तक ज्यादा दबाव पड़ा।(फोटो- National Air and Space Museum, NASM)

लाइका के बाद दो और डॉग्स ने लिखी नई कहानी

Sputnik-2 के बाद वैज्ञानिकों के सामने अगली चुनौती थी- क्या किसी जीव को अंतरिक्ष में भेजने के साथ सुरक्षित वापस भी लाया जा सकता है?

सोवियत वैज्ञानिकों ने इस दिशा में प्रयोग जारी रखे। अगस्त 1960 में बेल्का (Belka) और स्ट्रेल्का (Strelka) नाम की दो डॉग्स को Sputnik-5 के जरिए अंतरिक्ष में भेजा गया। इस बार उनके साथ खरगोश, चूहे और कुछ दूसरे छोटे जीव भी थे। खास बात यह थी कि ये सभी सुरक्षित पृथ्वी पर लौट आए। यह अंतरिक्ष विज्ञान के लिए एक और बड़ी उपलब्धि थी।

इसके करीब आठ महीने बाद, 12 अप्रैल 1961 को यूरी गागरिन (Yuri Gagarin) ने Vostok-1 से अंतरिक्ष की उड़ान भरी। वह पृथ्वी की कक्षा में पहुंचने वाले पहले इंसान बने। जानवरों पर किए गए शुरुआती प्रयोगों से मिले अनुभव ने मानव अंतरिक्ष उड़ान की तैयारियों में अहम भूमिका निभाई।

अंतरिक्ष में भेजी गई डॉग लाइका की तस्वीर, 4 नवंबर 1957।Gettyimages.ru

अमेरिका तक पहुंची लाइका की उड़ान की गूंज

Sputnik-2 की लॉन्चिंग ने सिर्फ सोवियत संघ में ही उत्साह नहीं पैदा किया बल्कि अमेरिका में भी हलचल मचा दी थी। Sputnik-1 के बाद अब सोवियत संघ ने एक जीवित प्राणी को पृथ्वी की कक्षा में पहुंचा दिया था। इससे अमेरिका को अंदाजा हो गया कि अंतरिक्ष में बढ़त हासिल करने की यह दौड़ अब और तेज होने वाली है।

NASA के ऐतिहासिक लेख में अमेरिकी अंतरिक्ष कार्यक्रम से जुड़े वैज्ञानिक रॉबर्ट गिलरथ (Robert Gilruth) का एक बयान दर्ज है। लाइका के अंतरिक्ष में जाने के बाद उन्होंने कहा था, “My God, we better get going because it’s going to be a legitimate program to put man in space.”

यानी, हमें भी तेजी से आगे बढ़ना होगा, क्योंकि अब इंसान को अंतरिक्ष में भेजने का कार्यक्रम हकीकत बनने जा रहा है।

यह बयान उस दौर की प्रतिस्पर्धा को समझने के लिए काफी है। 

मॉस्को में लाइका की याद में बना स्मारक (बाएं) और रोमानिया के डाक टिकट पर उसकी तस्वीर (दाएं) (फोटो- RIA Novosti / डाक टिकट संग्रह)

अंतरिक्ष की पहली जीवित यात्री, जिसे दुनिया नहीं भूली

आज अंतरिक्ष की तस्वीर बदल चुकी है। इंसान इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) में महीनों बिता रहा है। निजी कंपनियां भी अंतरिक्ष में उड़ान भर रही हैं और चंद्रमा से लेकर मंगल तक पहुंचने की योजनाएं बन रही हैं।

लेकिन इस सफर के शुरुआती पन्नों में एक छोटी-सी डॉग का नाम हमेशा दर्ज रहेगा। 3 नवंबर 1957 को लाइका ने उस अनजान दुनिया में कदम रखा था, जिसके बारे में वैज्ञानिकों को तब बहुत कम जानकारी थी। 

मॉस्को की गलियों से निकलकर पृथ्वी की कक्षा तक पहुंचने वाली लाइका भले ही वापस नहीं लौट सकी, लेकिन उसने अंतरिक्ष विज्ञान के इतिहास में अपनी जगह हमेशा के लिए बना ली। आज भी जब दुनिया अंतरिक्ष में इंसान की पहली उड़ान और उसके बाद की उपलब्धियों को याद करती है, तो उस कहानी में लाइका का नाम भी उतनी ही अहमियत से लिया जाता है।