अमेरिका के 25% टैरिफ प्रपोजल पर भी क्यों बेफिक्र है भारत? 17% वाला एंगल समझिए

अमेरिका ने भारत समेत 14 देशों पर 25 फीसदी तक टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया है। ट्रंप प्रशासन का आरोप है कि इन देशों में जरूरत से ज्यादा उत्पादन और सरकारी सब्सिडी जैसी नीतियों से अमेरिकी इंडस्ट्री को नुकसान हो रहा है। पढ़िए 25 प्रतिशत के सामने 17% वाला एंगल क्या है?

अमेरिका की ओर से भारतीय सामानों पर 25 फीसदी तक टैरिफ लगाने के प्रस्ताव के बावजूद भारत फिलहाल ज्यादा चिंतित है। इसकी वजह है 17 फीसदी वाला विकल्प। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमिसन ग्रीर ने भी कहा है कि अगर भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौता (BTA) हो जाता है, तो भारतीय सामानों पर टैरिफ 17 फीसदी तक सीमित रखा जाएगा। लेकिन समझौता नहीं हुआ तो यह दर 25 फीसदी तक जा सकती है। भारत सरकार भी इसे अपनी बातचीत की सफलता के तौर पर देख रही है।

विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने गुरुवार को साफ कहा कि भारत ने अमेरिका के साथ टैरिफ को लेकर शानदार व्यापार समझौता किया है। समाचार एजेंसी एएनआई से उन्होंने कहा, 'अमेरिका फिलहाल भारत पर 25 फीसदी टैरिफ लगा रहा है। हालांकि, आगे बातचीत के बाद इसे घटाकर 17 फीसदी कर दिया जाएगा। यह दर वियतनाम, बांग्लादेश और दक्षिण एशिया के कई दूसरे देशों पर लागू टैरिफ से भी एक फीसदी कम होगी। इसका श्रेय हमारी सरकार को जाना चाहिए, जिसने अमेरिका के साथ टैरिफ को लेकर शानदार व्यापार समझौता किया है। यह हमारे लिए एक बड़ी उपलब्धि है।'

14 देश, 25% तक टैरिफ

ट्रंप प्रशासन ने भारत समेत 14 देशों पर नए टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया है। इसके तहत भारतीय सामान पर 25 फीसदी तक अतिरिक्त टैरिफ लगाने की बात कही गई है। अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि (USTR) ने 25 नवंबर को अपनी जांच के बाद भारत समेत 14 अर्थव्यवस्थाओं की नीतियों को अमेरिकी व्यापार के लिए अनुचित और नुकसानदेह बताया।

USTR का आरोप है कि इन देशों में जरूरत से ज्यादा उत्पादन क्षमता विकसित की जा रही है, जिससे अमेरिकी कंपनियों और वहां के कामगारों को नुकसान हो रहा है। इस जांच में चीन, यूरोपीय संघ, जापान, दक्षिण कोरिया, बांग्लादेश, वियतनाम और भारत समेत 14 अर्थव्यवस्थाएं शामिल हैं।

प्रस्तावित टैरिफ कार्ड देखिए

भारत पर प्रस्तावित टैरिफ को लेकर अमेरिका का कहना है कि भारत की औद्योगिक नीतियां, श्रमिकों के अधिकारों से जुड़ी व्यवस्थाएं, बाजार तक पहुंच में बाधाएं और कुछ दूसरे देशों से आने वाले इनपुट पर निर्भरता अमेरिकी कारोबार को प्रभावित कर रही हैं। खास तौर पर दवा, मेडिकल उपकरण, स्टील, सोलर और सूचना एवं संचार तकनीक (ICT) जैसे क्षेत्रों का जिक्र किया गया है।

भारत की पहली प्रतिक्रिया

अमेरिका के इस प्रस्ताव पर भारत सरकार ने पहली प्रतिक्रिया दी है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने कहा कि सरकार ने अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) की ओर से जारी नोटिस पर संज्ञान लिया है और फिलहाल इसकी जांच की जा रही है। भारत ने साफ किया कि देश के किसी भी सेक्टर में जरूरत से ज्यादा उत्पादन नहीं है।

सरकार ने कहा कि भारत ने पूरी जांच प्रक्रिया के दौरान अमेरिका के साथ रचनात्मक तरीके से बातचीत की है।

बयान में कहा गया, ‘भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) को लेकर बातचीत चल रही है। भारत का हमेशा से यह रुख रहा है कि व्यापार से जुड़ी किसी भी तरह की चिंता या विवाद का समाधान इसी बातचीत के दायरे में किया जाना चाहिए। सरकार ने कहा कि वह भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को जल्द पूरा करने के लिए अमेरिका के साथ मिलकर काम करने को प्रतिबद्ध है। इस समझौते की घोषणा 2 फरवरी 2026 को की गई थी और 7 फरवरी 2026 को जारी संयुक्त बयान में भी इसका जिक्र था।’

भारत पर ट्रंप प्रशासन ने कब और कितना टैरिफ लगाया, देखिए

FICCI ने कहा, छोटे कारोबार को मुश्किल

इस प्रस्ताव पर कारोबारी जगत की ओर से भी चिंता जताई गई है। फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FICCI) के MSME अध्यक्ष हरजिंदर कौर तलवार ने कहा कि भारत और अमेरिका रणनीतिक और कारोबारी लिहाज से अहम साझेदार हैं। दोनों देशों के बीच बड़े स्तर पर व्यापार होता है और भारत भी ट्रेड डील चाहता है, लेकिन किसी भी कीमत पर नहीं। यह समझौता दोनों देशों के लिए उचित और बराबरी की शर्तों पर होना चाहिए।

ANI से बातचीत में तलवार ने कहा कि 'अगर 25 फीसदी टैरिफ लागू रहता है तो भारतीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों (MSME) के लिए कारोबार जारी रखना बेहद मुश्किल हो जाएगा। ये उद्योग पहले से ही कम मुनाफे पर काम करते हैं। ऐसे में इतना ज्यादा शुल्क उनके कारोबार पर भारी दबाव डाल सकता है।'

टैरिफ के पीछे अमेरिका की दलील क्या है?

अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) का कहना है कि कई दशकों से विदेशी सरकारें अपने घरेलू उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए सरकारी सब्सिडी, मजदूरी को कम रखने की नीतियों, निर्यात बढ़ाने की योजनाओं और ऐसे दूसरे तरीकों का इस्तेमाल करती रही हैं, जो बाजार की सामान्य मांग और प्रतिस्पर्धा को प्रभावित करते हैं। इससे इन देशों में जरूरत से ज्यादा उत्पादन होता है और अमेरिकी कंपनियों को बराबरी से मुकाबला करने का मौका नहीं मिलता।

अमेरिकी पक्ष के मुताबिक, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ऐसे अनुचित तरीकों को रोकने और अमेरिकी कामगारों को बराबरी का मौका देने के लिए चुनिंदा टैरिफ लगाने का प्रस्ताव कर रहे हैं। USTR का दावा है कि इससे अमेरिकी उद्योगों को सुरक्षा मिलेगी और वैश्विक व्यापार में प्रतिस्पर्धा का माहौल बेहतर होगा।

ये भी पढ़ें- फिर टैरिफ बढ़ाएंगे ट्रंप? आखिर भारत और चीन से अमेरिका को क्या परेशानी है