600 करोड़ का अमेरिकी मिलिट्री एयरक्राफ्ट कुल्हाड़ी से तोड़ दिया

आयरलैंड के शैनन एयरपोर्ट पर अमेरिकी वायुसेना के करीब 600 करोड़ रुपये के सी-130 हरक्युलिस विमान को कुल्हाड़ी और दूसरे औजारों से नुकसान पहुंचाया गया। अमेरिकी वकीलों का दावा है कि विमान अब दोबारा उड़ान नहीं भर सकेगा।

अमेरिका का करीब 600 करोड़ रुपये का सैन्य विमान, एक कुल्हाड़ी और कुछ दूसरे औजारों से इतना तोड़ दिया गया कि अब वह दोबारा उड़ान नहीं भर सकेगा। यह मामला आयरलैंड के शैनन एयरपोर्ट का है, जहां एक शख्स ने अमेरिकी वायुसेना के सी-130 हरक्युलिस विमान में घुसकर उसके अहम हिस्सों को नुकसान पहुंचाया। अब अमेरिका ने इस मामले में 48 साल के आयरिश नागरिक डैथी ओ'कोरेन (Daithi O’Corrain) के खिलाफ आरोप तय किए हैं।

अमेरिकी वकील के मुताबिक, यह घटना अप्रैल में हुई थी। ओ'कोरेन कथित तौर पर एयरपोर्ट की सुरक्षा तोड़कर अमेरिकी एयर नेशनल गार्ड के सी-130 हरक्युलिस विमान तक पहुंच गया था। इसके बाद उसने कुल्हाड़ी और दूसरे औजारों से विमान के अहम उपकरणों को तोड़ दिया।

विमान के फ्यूल टैंक तक पहुंचाया नुकसान

आरोपों के मुताबिक, उसने प्लेन के फ्यूल टैंकों को भी नुकसान पहुंचाया और प्लेन के कई हिस्सों पर ऐसे केमिकल डाल दिए, जिनसे उनमें जंग लग सकती है और वे खराब हो सकते हैं। अमेरिकी वकीलों का कहना है कि नुकसान इतना ज्यादा था कि विमान अब इस्तेमाल के लायक नहीं बचा है। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, करीब 6 करोड़ डॉलर (लगभग 600 करोड़ रुपये) कीमत का यह विमान अब दोबारा सक्रिय उड़ान सेवा में नहीं लौटेगा। यानी मरम्मत के बाद भी इसके उड़ान भरने की संभावना नहीं है।

अमेरिका में 10 साल तक की जेल हो सकती है

48 वर्षीय ओ'कोरेन फिलहाल आयरलैंड में ही है। अमेरिका में सरकारी संपत्ति को नष्ट करने के आरोप में दोषी साबित होने पर उसे 10 साल तक की जेल हो सकती है। हालांकि, उसे अमेरिका लाने की राह आसान नहीं है।

दरअसल, आयरलैंड की पुलिस भी अप्रैल में विमान और एयरपोर्ट की बाड़ को नुकसान पहुंचाने के आरोप में उसके खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है। अमेरिका और आयरलैंड के बीच प्रत्यर्पण संधि के तहत डबलिन ऐसे मामलों में किसी व्यक्ति को अमेरिका भेजने से इनकार कर सकता है, जो आयरलैंड की जमीन पर हुए हों। इसके अलावा, अगर उसी मामले में आयरलैंड में कानूनी कार्रवाई चल रही है तो भी प्रत्यर्पण पर रोक लग सकती है।

अमेरिकी सैन्य विमानों के लिए अहम है यह एयरपोर्ट

आयरलैंड का शैनन एयरपोर्ट अमेरिकी सैन्य विमानों के लिए अहम पड़ाव रहा है। यहां अमेरिकी सैन्य विमानों को ईंधन भरने और आगे की यात्रा के दौरान ठहरने की सुविधा मिलती है। ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजरायल के संघर्ष के दौरान भी इस एयरपोर्ट का इस्तेमाल किया गया था।

इससे पहले सितंबर में ब्रिटेन में भी अमेरिकी सैन्य विमानों से जुड़ी एक सुरक्षा घटना सामने आई थी। अमेरिका के बी-1 बॉम्बर विमान ब्रिटेन के RAF फेयरफोर्ड एयरबेस पर तैनात रहते हैं। यहां संदिग्ध गाड़ियों की सूचना के बाद 20 से 29 साल की उम्र के पांच ब्रिटिश नागरिकों को गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, इस घटना में किसी विमान को नुकसान नहीं पहुंचा था और कोई विस्फोटक भी नहीं मिला था। पांचों को अगले दिन जमानत पर रिहा कर दिया गया। बाद में इनमें से एक पर ब्रिटेन के राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत आरोप लगा, जबकि दूसरे पर विदेशी खुफिया एजेंसी की मदद करने का आरोप लगाया गया।

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बर्नहैम ने इस घटना में ईरान की भूमिका के संकेत मिलने की बात कही थी। हालांकि, तेहरान ने इन आरोपों को खारिज किया था।