अमेरिका के दक्षिण-पूर्वी राज्य फ्लोरिडा के तटीय शहर मियामी के एयरपोर्ट पर दो विमानों की टक्कर के बाद पायलटों के बीच हुई बातचीत का एक ऑडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक पायलट को यह कहते हुए सुना जा सकता है, “किसी ने हमें टक्कर मार दी...”
एयर ट्रैफिक कंट्रोल के ऑडियो से क्या पता चला?
मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दो विमानों की टक्कर के बाद पायलटों से हुई बातचीत का एक ऑडियो वायरल हो रहा है। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के ऑडियो के अनुसार, शनिवार की रात मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रन-वे पर एक यूपीएस (UPS) बोइंग 767 और एक कोपा एयरलाइंस के बोइंग 737 विमान आपस में टकरा गए थे। इस ऑडियो में पायलट को यह जानकारी देते हुए सुना जा सकता है कि किसी ने हमें टक्कर मार दी है।
बातचीत का अंश-
कोपा एयरलाइंस के पायलट ने रेडियो पर कहा: “किसी ने हमें टक्कर मार दी है।”
ग्राउंड कंट्रोल ने यूपीएस से गुस्से में कहा: “आपको वहां 737 को रास्ता देना था... क्या आपने उस विमान को टक्कर मारी है?”
यूपीएस: “हां, हम बहुत आगे निकल गए थे।”
कैसे हुआ हादसा?
रिपोर्ट के अनुसार मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रन-वे पर दौड़ते समय यूपीएस (UPS) का मालवाहक विमान और 172 लोगों को ले जा रहे कोपा एयरलाइंस के यात्री विमान की आपस में टक्कर हो गई। मियामी-डेड फायर रेस्क्यू के अनुसार, इस टक्कर में यूपीएस का बोइंग 767 और कोपा एयरलाइंस का बोइंग 737-800NG विमान शामिल थे।
कोपा एयरलाइंस ने बताया कि पनामा सिटी (पनामा) से आई उनकी फ्लाइट रात करीब 9 बजे मियामी एयरपोर्ट पर उतरी थी और टर्मिनल की ओर जा रही थी, तभी यह टक्कर हुई। एयरलाइन के मुताबिक शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि दोनों विमानों के रनवे से टर्मिनल की ओर बढ़ते समय कार्गो विमान यात्री विमान के बाएं पंख के सिरे (विंगटिप) से टकरा गया।
मियामी एयरपोर्ट के कम्युनिकेशन डायरेक्टर ग्रेग चिन के अनुसार किसी यात्री को चोट नहीं आई और न ही उनमें से किसी को अस्पताल ले जाने की जरूरत पड़ी।
एयरलाइन ने कहा कि विमान सुरक्षित टर्मिनल तक पहुंच गया और सभी यात्रियों को नीचे उतार लिया गया है। बाकी सभी यात्री और क्रू मेंबर्स पूरी तरह ठीक बताए जा रहे हैं।
कहां जाने थे विमान
जिन विमानों के बीच टक्कर हुई उनमें से यूपीएस की फ्लाइट 358 मियामी से कोलंबिया के बोगोटा के लिए उड़ान भरने वाला था, जबकि कोपा एयरलाइंस की फ्लाइट 427 पनामा सिटी से यहां पहुंची थी। कोपा एयरलाइंस ने एक बयान में कहा, “हमारे यात्रियों और क्रू की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है, और हम इस घटना की जांच कर रहे अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग करेंगे।
बता दें कि यह टक्कर ऐसे समय में हुई है, जब शुक्रवार को फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) द्वारा पूरे देश में उड़ानों पर रोक लगाई गई थी। इससे पूरे देश में उड़ाने लगभग ठप हो गईं थीं। रविवार की रात से धीरे-धीरे उड़ानें फिर से शुरू हो रही हैं। इससे मियामी एयरपोर्ट पर लगातार उड़ानों में देरी हो रही है और फ्लाइट्स रद्द की जा रही हैं।
परिवहन सचिव सीन डफी ने शुक्रवार रात चेतावनी दी थी कि उड़ानों के संचालन को सामान्य होने में समय लगेगा क्योंकि एयरलाइंस अपने विमानों और क्रू को फिर से व्यवस्थित करने में जुटी हैं।
अमेरिका में ठप क्यों हुईं उड़ानें
संघीय अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को हुई तकनीकी खराबी पुराने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) सिस्टम की समस्याओं से जुड़ी थी, जिसमें स्विच और राउटर पर डेटा का बहुत अधिक लोड बढ़ गया था, जिससे रडार और कम्युनिकेशन सिस्टम में गड़बड़ी पैदा हो गई थी।