पहली बार एक मेज पर पुतिन, शी और ट्रंप... दुनिया की नजरें शेनझेन पर क्यों टिकीं?

एक तरफ दुनिया के कई मोर्चों पर तनाव है, तो दूसरी तरफ कूटनीति की एक नई तस्वीर उभरने वाली है। रूस, चीन और अमेरिका के राष्ट्राध्यक्षों के बीच 19 नवंबर को होने वाली पहली औपचारिक मुलाकात ने अभी से दुनिया का ध्यान खींच लिया है।

दुनिया की तीन बड़ी परमाणु ताकतों के नेता एक ही मेज पर बैठने जा रहे हैं। रूस, चीन और अमेरिका के राष्ट्राध्यक्षों की ऐसी औपचारिक त्रिपक्षीय बैठक पहली बार हो रही है। लंबे समय से चल रही अटकलों के बीच अब क्रेमलिन ने इस मुलाकात की पुष्टि कर दी है। 19 नवंबर को चीन के शेनझेन (Shenzhen) में होने वाली यह बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब दुनिया ईरान, यूक्रेन संकट, ऊर्जा अस्थिरता और अमेरिका से देशों के व्यापारिक तनाव जैसी चुनौतियों से जूझ रही है।

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एशिया-पैसिफिक इकोनॉमिक कोऑपरेशन (APEC) शिखर सम्मेलन के इतर मुलाकात करेंगे। APEC सम्मेलन 18 और 19 नवंबर को शेनझेन में आयोजित होना है।

क्रेमलिन ने क्या कहा?

रूसी राष्ट्रपति के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव (Dmitry Peskov) ने समाचार एजेंसी TASS से बातचीत में बैठक की पुष्टि की। उन्होंने कहा, “19 तारीख को राष्ट्रपति पुतिन, चेयरमैन शी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच त्रिपक्षीय बैठक करने पर सहमति बन गई है। यह बैठक APEC सम्मेलन के इतर शेनझेन में होगी।”

इससे पहले पुतिन के विदेश नीति सलाहकार यूरी उशाकोव (Yury Ushakov) ने बताया था कि रूसी राष्ट्रपति ने ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ (Steve Witkoff) और जेरेड कुशनर (Jared Kushner) के साथ आगामी बैठक पर चर्चा की थी। उशाकोव ने उम्मीद जताई थी कि इस प्रारूप में पहली बैठक का अंतरराष्ट्रीय स्थिति पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

अमेरिकी वाइट हाउस ने भी बैठक की योजना की पुष्टि की है। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, ट्रंप परमाणु हथियारों में कटौती और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा करना चाहते हैं। हालांकि, एक अमेरिकी अधिकारी ने साफ किया कि बैठक से किसी समझौते की उम्मीद नहीं है।

वाइट हाउस का क्या कहना है?

वाइट हाउस की सहायक प्रेस सचिव ओलिविया वेल्स (Olivia Wales) ने कहा कि ट्रंप दुनिया में परमाणु हथियारों की संख्या कम करने पर चर्चा करेंगे। उनके मुताबिक, ट्रंप का मानना है कि परमाणु हथियारों का प्रसार बेहद खतरनाक है।

एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने हालांकि कहा, “हम इस बैठक से किसी समझौते की उम्मीद नहीं कर रहे हैं।” उन्होंने इसे तीनों देशों के नेताओं के स्तर पर बातचीत की शुरुआत बताया। अधिकारी की मानें तो ट्रंप इस बैठक में यूक्रेन का मुद्दा नहीं उठाएंगे। पुतिन और ट्रंप के बीच अलग से द्विपक्षीय बैठक भी प्रस्तावित नहीं है।

रूस और चीन के लिए नया मौका

रूस के लिए यह बैठक अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी स्थिति मजबूत करने का मौका है।मॉस्को की कोशिश है कि यूक्रेन संघर्ष खत्म करने के लिए ऐसी बातचीत आगे बढ़े, जिसमें उसकी शर्तों को जगह मिले।

इससे पहले 10-11 नवंबर को अबू धाबी में अमेरिकी मध्यस्थता में रूसी और यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडलों के बीच बातचीत हुई थी। नौ महीने के अंतराल के बाद शुरू हुई इन त्रिपक्षीय वार्ताओं में कोई बड़ा समझौता तो नहीं हुआ, लेकिन ट्रंप के विशेष दूत जेरेड कुशनर ने कैदियों की अदला-बदली पर सहमति की बात कही थी।

चीन के लिए यह बैठक अपनी वैश्विक कूटनीति दिखाने का अवसर है। चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग (Mao Ning) ने पहले कहा था कि चीन तीनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों की संभावित बैठक को लेकर संबंधित पक्षों के साथ संपर्क में है।

ट्रंप के लिए इस बैठक के क्या मायने?

चीन के पब्लिकेशन साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट (South China Morning Post) की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका के मिडटर्म चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी को मिले झटके और ईरान युद्ध, टैरिफ व ऊर्जा संकट से पैदा हुए दबाव के बीच ट्रंप की शेनझेन यात्रा पर खास नजर रहेगी।

रिपोर्ट में जहां कुछ विश्लेषकों का मानना है कि चुनावी झटकों के बाद इस यात्रा के दौरान ट्रंप के व्यवहार में थकान और नरमी दिख सकती है। वहीं, दूसरे विशेषज्ञों का मानना है कि उनकी बॉडी लैंग्वेज पहले जैसी ही रह सकती है। 

वहीं रॉयटर्स की रिपोर्ट में पूर्व अमेरिकी राजनयिक कर्ट टोंग का आकलन है कि ट्रंप इस यात्रा का इस्तेमाल वैश्विक मंच पर अपनी कूटनीतिक क्षमता दिखाने के लिए कर सकते हैं।

1945 के याल्टा सम्मेलन से क्यों हो रही तुलना?

इस बैठक की तुलना 1945 के याल्टा सम्मेलन (Yalta Conference) से भी की जा रही है, जहां सोवियत संघ, अमेरिका और ब्रिटेन के नेताओं ने द्वितीय विश्व युद्ध के बाद की व्यवस्था पर चर्चा की थी।

हालांकि, पेस्कोव ने इस तुलना को खारिज करते हुए कहा है कि किसी को भी वैश्विक व्यवस्था पर अपनी सोच दूसरों पर थोपने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। उनके मुताबिक, व्यवस्था आपसी सम्मान और फायदे पर आधारित होनी चाहिए।

फिलहाल तीनों देशों के नेताओं का एक साथ बैठना ही बड़ी कूटनीतिक घटना है। अब सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि इस बैठक से क्या संदेश निकलता है। 

यह भी पढ़ें: ईरान संकट में फंसे ट्रंप को याद आए पुतिन, बातचीत के लिए पहुंचाया पैगाम