ईरान में लगा है सबसे खतरनाक मिसाइलों का मेला, तेहरान से RT की ग्राउंड रिपोर्ट

तेहरान में IRGC की एयरोस्पेस प्रदर्शनी में एक से बढ़कर एक मिसाइलों और ड्रोन्स का प्रदर्शन किया गया है। मार गिराए गए अमेरिकी, इजरायली और अमीराती ड्रोन की भी प्रदर्शनी लगी है। देखिए RT की ग्राउंड रिपोर्ट

तेहरान के एक प्रदर्शनी हॉल में कदम रखते ही नजर सबसे पहले उन मिसाइलों पर जाती है, जिन्हें ईरान अपनी सैन्य ताकत का अहम हिस्सा मानता है। कहीं बैलिस्टिक मिसाइलें रखी हैं तो कहीं लड़ाकू ड्रोन और एयर डिफेंस सिस्टम। एक तरफ शाहेद-136 (Shahed-136) जैसे चर्चित ड्रोन हैं तो दूसरी तरफ अमेरिका, इजरायल और UAE के बताए जा रहे वे ड्रोन भी हैं, जिन्हें ईरान ने मार गिराने का दावा किया है।

यह इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की एयरोस्पेस प्रदर्शनी है। RT के रिपोर्टर समन कुजूरी (Saman Kajouri) ने प्रदर्शनी में जाकर न सिर्फ ईरान के खतरनाक सैन्य उपकरणों को करीब से देखा बल्कि दुनिया को भी दिखाया।

यहां रखे गए हथियारों के जरिए ईरान यह मैसेज देना चाहता है कि उसकी रक्षा तैयारियां और सैन्य तकनीक कितनी आगे बढ़ चुकी हैं। यह प्रदर्शनी ऐसे समय में आयोजित की गई है, जब ईरान अमेरिका और इजरायल के साथ 40 दिनों के संघर्ष के बाद अपनी सैन्य क्षमताओं का प्रदर्शन कर रहा है। 

यह भी पढ़ें- मिडटर्म में हार के बाद रूस-यूक्रेन मोर्चे पर इतना एक्टिव क्यों हो गए ट्रंप? RT के शो पर एक्सपर्ट ने समझाया

ईरान का शक्ति प्रदर्शन

प्रदर्शनी में सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाली चीजों में से कुछ ईरान की बैलिस्टिक मिसाइलें हैं। यहां सेज्जिल, इमाद और फतेह मिसाइलों को प्रदर्शित किया गया है। ये ईरान के रणनीतिक मिसाइल भंडार के अहम सिस्टम हैं। ईरान का कहना है कि हाल ही में अमेरिका और इजरायल के साथ हुए 40 दिनों के संघर्ष के दौरान इन मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया था।

लेकिन इस प्रदर्शनी में मौजूद अधिकारियों का कहना है कि यहां दिखाई जा रही मिसाइलें भी ईरान की सबसे आधुनिक मिसाइलें नहीं हैं। उनके मुताबिक, ये सिस्टम IRGC के पास मौजूद नई पीढ़ी की मिसाइलों से करीब पांच साल पुराने हैं। यानी ईरान इस प्रदर्शनी के जरिए जो सैन्य ताकत दिखा रहा है, उसकी असली क्षमताएं इससे भी आगे हैं।

तेजी से बढ़ रहा तेहरान का ड्रोन प्रोग्राम

मिसाइलों के अलावा प्रदर्शनी में ईरान के कई तरह के ड्रोन भी रखे गए हैं। इनमें सबसे चर्चित शाहेद-136 ड्रोन है। पिछले कुछ सालों में इस ड्रोन की दुनिया भर में चर्चा हुई है। इसे बनाने में कम खर्च आता है और यह लंबी दूरी तक उड़ सकता है। यही वजह है कि ईरान की सैन्य रणनीति में इसे अहम माना जाता है।

ईरान इन ड्रोनों को अपनी सुरक्षा और दुश्मन के हमलों को रोकने की क्षमता का अहम हिस्सा मानता है। प्रदर्शनी में इनकी बड़ी मौजूदगी से यह भी पता चलता है कि ईरान अपने यहां ड्रोन बनाने और उनकी तकनीक को बेहतर करने पर कितना जोर दे रहा है।

यह भी पढ़ें- RT Exclusive: रूस के उप विदेश मंत्री ने बताई अबू धाबी वार्ता की पूरी कहानी

ये ड्रोन किसके हैं, जिन्हें ईरान ने यहां रखा है?

प्रदर्शनी में एक और दिलचस्प नजारा देखने को मिलता है। यहां कुछ ऐसे ड्रोन भी रखे गए हैं, जो कि अमेरिका, इजरायल और UAE के सैन्य उपकरण हैं। इनमें अमेरिका का LUCAS, इजरायल का Orbiter और UAE द्वारा इस्तेमाल किया जाने वाला Wing Loong ड्रोन शामिल है।

ईरानी सैन्य अधिकारियों का कहना है कि इन ड्रोनों को 40 दिनों के अमेरिका-इजरायल संघर्ष के दौरान ईरान की एयर डिफेंस यानी वायु रक्षा प्रणालियों ने इंटरसेप्ट करके मार गिराया था। इन्हें प्रदर्शनी में रखकर ईरान अपनी वायु रक्षा क्षमताओं का प्रदर्शन कर रहा है।

'हम वेनेजुएला नहीं हैं'

इस प्रदर्शनी में सिर्फ हथियारों की नुमाइश नहीं हो रही, बल्कि ईरान अपनी राजनीतिक और सैन्य सोच का मैसेज भी दुनिया को दे रहा है। प्रदर्शनी में मौजूद एक ईरानी शख्स ने अमेरिका को लेकर कहा कि हमारे पास मिसाइलें हों या न हों, आखिर में जीत हमारी ही होगी। एक अन्य शख्स ने अमेरिका की ताकत पर सवाल उठाते हुए कहा, 'हम वेनेजुएला नहीं हैं। अमेरिका ऐसे ही आकर 24 घंटे में ईरान पर कब्जा नहीं कर सकता।'

IRGC ने कहा कि अगर ईरान पर दोबारा हमला होता है तो उसकी सेना जवाब देने के लिए तैयार है। ईरान अपने देश में ही हथियार बनाने और सैन्य तकनीक को बेहतर करने पर काम कर रहा है। इसमें इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर की तकनीक भी शामिल है।

तेहरान की इस प्रदर्शनी के जरिए ईरान दुनिया को अपनी सैन्य ताकत दिखाने की कोशिश कर रहा है। ईरान का मैसेज साफ है कि 40 दिनों के संघर्ष के बाद भी उसकी सैन्य क्षमता बनी हुई है और वह अपने दम पर हथियार बनाने और रक्षा तकनीक विकसित करने में जुटा है।